झारखंड

View All
Published / 2025-10-27 13:12:21
हादसे के बाद धनबाद और पलामू में शोक व्याप्त

  • झारखंड : धनबाद की खदान में मलबा गिरने से एक की मौत
  • पलामू में छठ पर्व पर नदी में नहाते समय दो डूबे, एक लापता

टीम एबीएन, रांची। धनबाद और पलामू में दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल है। धनबाद जिले में रविवार (26 अक्तूबर) को एक खुली कोयला खदान में हादसा हो गया। जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं।

खदान में हादसा, एक की मौत, दो गंभीर

दुर्घटना पुटकी थाना इलाके के अंतर्गत खनन क्षेत्र में उस वक्त हुआ, ओबी स्लाइडिंग के बाद एक बड़ी चट्टान खदान के नीचे आ गिरी। इस दौरान माइंस में तेल टैंकर से डीजल आपूर्ति कर रहे एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दो कर्मचारी घायल है।

टैंकर के पास खड़े कर्मंचारी की मौत

पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने हादसे की जानकारी देते हुएबताया, तेल टैंकर अर्थमूवर मशीनों में तेल भरने के लिए खुली खदान में गया था। इस दौरान मलबा टैंकर पर गिरा और वो पलट गया। उन्होंने बताया कि खनन गतिविधियों में लगी निजी कंपनी के एक कर्मचारी, जो तेल टैंकर के पास खड़ा था, उसकी मौत हो गई, जबकि वाहन के चालक और क्लीनर को इलाके के एक नर्सिंग होम में घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है।

कंपनी ने मृतक परिवार को दी सहायता राशि

मृतक की पहचान केंदुआ के राजपूत बस्ती निवासी दीपक पांडे (25) के रूप में हुई है, जबकि घायलों में गणेश महतो और किशोर महतो शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। 

उन्होंने बताया कि निजी कंपनी ने मृतक के परिवार को अंतिम संस्कार के लिए 5 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये का चेक जारी किया है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की पेशकश भी की है।

पलामू में सोन नदी में नहाते समय हादसा, दो लोग डूबे

पलामू जिले में रविवार (26 अक्तूबर) को छठ पर्व के अवसर पर सोन नदी में नहाते समय लापता हुए दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।  एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नदी में बहकर लापता हुए एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। मृतक बिहार के रहने वाले थे।

6 लोगों में 3 तेज बहाव में बहे

उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पोखराही गांव के पास चार दिवसीय छठ पर्व के खरना के अवसर पर कुल छह लोग नदी में स्नान करने गए थे और उनमें से तीन गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में बह गए। हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि तीन अन्य तैरकर किनारे पहुंच गए।

पूरे इलाके में शोक की लहर

उप-मंडल पुलिस अधिकारी (हुसैनाबाद) मोहम्मद एस याकूब ने बताया, गोताखोरों ने बिहार निवासी अंकुश पासवान (22) और आदर्श चंद्रवंशी (22) के शव निकाल लिए हैं, जबकि पलामू जिले के पोखराही गांव के रहने वाले रजनीश चंद्रवंशी की तलाश जारी है। पासवान औरंगाबाद और और आदर्श चंद्रवंशी गया जिले के रहने वाले थे। वे छठ पर्व मनाने के लिए पलामू स्थित अपने ससुराल आए थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Published / 2025-10-27 13:06:05
हजारीबाग : तालाब में नहाने गयी दो बच्चियां डूबी, मौत

  • हजारीबाग : मातम में बदली खुशियां! तालाब में नहाने गई दो बच्चियों की डूबने से मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। केरेडारी थाना अंतर्गत दिल दहलाने वाली घटना घटी है। छठ पूजा की तैयारी में गई दो बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। पर्व की खुशी मातम में बदल गई है।

हजारीबाग में केरेडारी थाना क्षेत्र के बेला गांव में छठ पूजा की पूर्व संध्या पर रविवार को तालाब में नहाने के लिए गई दो बच्चियों की पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों के द्वारा बताया जाता है कि छठ पर्व की तैयारी के क्रम में दोनों बच्चियां गांव के तालाब में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान पैर फिसल जाने से दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

इस बीच तालाब के आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। परिजन तत्काल दोनों बच्चियों को तालाब से निकालकर केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बाद में परिजनों ने दोनों बच्चियों को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. अविनाश कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

इन बच्चियों की पहचान रूपा तिवारी (12 वर्ष), पिता रवि तिवारी और गुनगुन कुमारी (11 वर्ष), पिता अनिल तिवारी, निवासी बेला गांव के रूप में की गई है। परिजन रवि और अनिल तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर केरेडारी अस्पताल में डॉक्टर समय पर मौजूद होते तो दोनों बच्चियों की जान बच सकती थी।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे बेला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में छठ की खुशियां मातम में बदल गईं हैं। इस हादसे के बाद दोनों बच्चियों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Published / 2025-10-27 12:33:20
माओवादी रविंद्र गंझू की पत्नी गिरफ्तार, जेल

  • माओवादी रविंद्र गंझू की पत्नी गिरफ्तार, भेजी गयी जेल

टीम एबीएन, रांची। माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में एसपी कुमार गौरव के निर्देशानुसार विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस क्रम में चंदवा पुलिस ने 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर रविंद्र गंझू की पत्नी ललिता देवी को गिरफ्तार कर लिया। उसे मंडल कारा लातेहार भेज दिया गया है।

पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई लोहरदगा जिले के जोबांग थाना कांड संख्या 33/18 के आलोक में की गयी है। उक्त मामले में ललिता देवी पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था। ललिता देवी पूर्व में भी जेल जा चुकी है।

रवींद्र गंझू पर झारखंड के कई थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। उस पर पूर्व में कई घटनाओं में शामिल रहने का आरोप है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार झारखंड पुलिस और एनआइए की ओर से उस पर 15 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।

Published / 2025-10-27 12:21:32
घाटशिला उपचुनाव : बॉलीवुड स्टार मिथुन दा करेंगे रोड शो

  • भाजपा स्टार प्रचारकों की सूची में बॉलीवुड नेता का नाम भी शामिल, घाटशिला में करेंगे रोड शो

एबीएन न्यूज नेटवर्क, घाटशिला। घाटशिला उपचुनाव नजदीक है। इसके चलते भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा ने घाटशिला उपचुनाव के लिए आक्रामक अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा सीमावर्ती निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं को लुभाने के लिए फिल्म स्टार मिथुन चक्रवर्ती और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी समेत पश्चिम बंगाल के अपने कई दिग्गजों को मैदान में उतारने की तैयारी में है।

भाजपा ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची

भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिनमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा और चंपई सोरेन, सांसद विद्युत बरन महतो, प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू और कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक मिथुन चक्रवर्ती घाटशिला शहर में एक रोड शो करेंगे, जबकि नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी कुछ चुनावी रैलियां करेंगे। 

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और जी किशन रेड्डी भी घाटशिला में रैलियों को संबोधित करेंगे जहां तांबे और यूरेनियम की खदानें हैं। विधायक अग्निमित्र पॉल, लॉकेट चटर्जी और बंगाल के कुछ अन्य नेता घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में रैलियों को संबोधित करेंगे, जिसकी सीमा पश्चिम बंगाल से लगती है।

Published / 2025-10-27 12:18:53
धनबाद : धमाके के बाद अफरातफरी, एक की मौत, दो अन्य घायल

  • धनबाद में दर्दनाक हादसा: तेल भरने पहुंचे थे, तभी गूंजा धमाका...
  • पलभर में यूं खींच ले गई मौत अपने साथ; मचा हाहाकार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद जिले में रविवार को एक कोयला खदान की दीवार ढहकर तेल टैंकर पर गिर गई, जिससे निजी कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

तेल टैंकर पर गिरा मलबा

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना पुटकी थाना क्षेत्र के खनन क्षेत्र में उस समय हुई, जब खदान की एक तरफ की दीवार ढह गई और मलबा टैंकर पर गिर गया। पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया, तेल टैंकर खनन मशीनों में तेल भरने के लिए खदान में गया था, तभी खदान की एक तरफ की दीवार ढह गई और मलबा वाहन पर गिर गया, जिससे वह पलट गया। 

उन्होंने बताया कि खनन गतिविधियों में शामिल निजी कंपनी का एक कर्मचारी तेल टैंकर के पास खड़ा था, जिसकी इस घटना में मौत हो गई, जबकि वाहन के चालक और क्लीनर को इलाके के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। 

कंपनी ने परिजनों को मुआवजा दिया
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान केंदुआ के राजपूत बस्ती निवासी दीपक पांडे (25) के रूप में हुई है, जबकि घायलों में गणेश महतो और किशोर महतो शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। 

उन्होंने बताया कि निजी कंपनी ने घटना में मारे गए व्यक्ति के परिवार को पांच लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये का चेक जारी किया है, साथ ही परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की पेशकश भी की है।

Published / 2025-10-26 17:24:22
घाटशिला उपचुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधन का सूपड़ा साफ होगा : देवेंद्रनाथ महतो

देवेंद्रनाथ महतो का घाटशिला पहुंचते ही चुनावी बाजार हुआ गर्म 

टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। घाटशिला उपचुनाव 11 नवंबर 2025 को होना है। चुनावी मैदान में कुल 13 प्रत्याशी हैं। जेएमएम, बीजेपी और जेएलकेएम के बीच जबरदस्त त्रिकोणीय मुकाबला है। चुनाव नजदीक आते-आते जेएलकेएम ने अपना प्रचार-प्रसार अभियान तेज कर दिया है।

जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह घाटशिला उपचुनाव के मुख्य संयोजक देवेंद्रनाथ महतो चुनाव प्रचार अभियान तेज करने और जीत की रणनीति बनाने के लिए घाटशिला में जमे हुए हैं। श्री महतो का घाटशिला पहुंचते ही चुनावी बाजार गर्म हो गया है। 

प्रचार अभियान के दौरान देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में दवाई, कमाई और पढ़ाई चौपट है। लोग भ्रष्टाचार, अपराध और अफसरशाही से परेशान हैं। जनता जागरूक हो गयी है। 11 नवंबर को जेएलकेएम के पक्ष में वोट कर एनडीए और इंडिया गठबंधन को सूपड़ा साफ कर देंगे।

साथ ही मौके पर घाटशिला की जनता से अपील की है कि 14 नवंबर को जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू के जीतने के बाद क्षेत्र के सभी ब्लॉक, अस्पताल, स्कूल, थाना को सुधारा जायेगा। स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। 

घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के कालचीती, बांधड़ीह, रघुनाथडीह, दलकी, खुकड़ाखुपी, योगीसोन, मनका बेड़ा, रावताड़ा, नरसिंहगड़, तिलाबोनी, जनबोनी, सोनाखून,  बधुवा के अलावा अन्य गांवों में जनसंपर्क कर जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू के पक्ष वोट करने की अपील की गयी। 

प्रचार अभियान में मौके पर केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो, प्रत्याशी रामदास मुर्मू, फनी भूषण महतो, भगीरथ हांसदा, विद्यापति महतो, विभास भगत, अमियो रंजन भगत, समित, मिंटू, रतन के अलावा अन्य सैकड़ों ग्रामीणों का सहयोग मिला।

Published / 2025-10-26 14:28:19
संक्रमित खून चढ़ाने के बाद बच्ची मिली HIV पॉजिटिव, हड़कंप

  • झारखंड में सात वर्षीय मासूम को चढ़ा दिया संक्रमित रक्त
  • HIV पॉजिटिव आने के बाद मचा हड़कंप

एबीएन न्यूज नेटवर्क चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में स्थानीय ब्लड बैंक द्वारा थैलेसीमिया से पीड़ित सात वर्षीय बच्चे को एचआईवी से संक्रमित व्यक्ति का खून चढ़ाए जाने के आरोपों की जांच के लिए रांची से पांच सदस्यीय टीम शनिवार को वहां पहुंची। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जिला सिविल सर्जन डॉ. सुशांतो माझी ने बताया कि पीड़ित बच्चे की एक हफ्ते पहले एचआईवी जांच की गई थी, जिसमें उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा गठित जांच दल ने अपनी जांच के तहत चाईबासा के सदर अस्पताल और ब्लड बैंक का दौरा किया। 

हालांकि, माझी ने विस्तृत जानकारी नहीं दी, क्योंकि जांच अभी भी जारी है। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि जांच दल का नेतृत्व कौन कर रहा था। यह मामला शुक्रवार को तब सामने आया, जब बच्चे के परिवार ने ब्लड बैंक पर उसे संक्रमित खून चढ़ाने का आरोप लगाया।

उन्होंने बताया कि बच्चे को जब से ब्लड बैंक ले जाया जा रहा है, तब से उसे लगभग 25 यूनिट खून चढ़ाया जा चुका है। आरोप के बाद, मामले की जांच के लिए जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य (डीआरसीएच) अधिकारी डॉ. मीनू की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय स्थानीय समिति का गठन किया गया। माझी ने कहा कि समिति के विस्तृत जांच के बाद जल्द ही अपनी रिपोर्ट पेश करने की संभावना है। 

सिविल सर्जन ने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उन रक्तदाताओं की जांच की जाएगी, जिनके नमूनों का इस्तेमाल बच्चे को खून चढ़ाने के लिए किया गया था। माझी ने बताया, मंझरी थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला यह बच्चा एचआईवी से संक्रमित पाया गया है।

हालांकि, यह कहना अभी जल्दबाजी होगा कि संक्रमण ब्लड बैंक द्वारा चढ़ाए गए खून के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमण अन्य कारणों से भी हो सकता है, जिसमें इस्तेमाल की गई सुइयों से इंजेक्शन लगाना या खून चढ़ाना भी शामिल है।

Published / 2025-10-26 14:22:54
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामावतार पोद्दार के निधन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने जताया शोक

टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष‌ वरिष्ठ समाजसेवी रामावतार पोद्दार के आकस्मिक निधन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरा शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। 

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने शोक व्यक्त करते हुए कहा की स्वर्गीय पोद्दार का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उनके निधन से समाज ने एक ऐसे नेतृत्वकर्ता को खो दिया जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा संगठन निर्माण और मानवीय मूल्यों के प्रसार हेतु समर्पित कर दिया। 

उनका योगदान न केवल मारवाड़ी समाज बल्कि संपूर्ण समाज के उत्थान में अविस्मरणीय रहेगा। उनका सादगीपूर्ण जीवन कर्म निष्ठा, दूरदृष्टि और समाज के प्रति समर्पण आने वाली  पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके निधन से समाज ने एक सच्चे मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और करुणामय व्यक्तित्व को खो दिया है।

शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में-भागचंद पोद्दार, गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, ओम प्रकाश अग्रवाल, ललित कुमार पोद्दार, पवन कुमार पोद्दार, डॉ ओम प्रकाश, राजेंद्र केडिया, मनोज चौधरी, पवन शर्मा, कौशल राजगढ़िया, अनिल अग्रवाल, प्रमोद सारस्वत, सुभाष पटवारी, सज्जन पाड़िया, निर्मल कुमार बुधिया, कमलेश संचेती, आदि शामिल है। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Page 225 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse