झारखंड

View All
Published / 2025-11-01 20:00:58
गुमला : बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत

मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत, 2 लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है जिसमें 2 लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गये। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। 

दो लोगों की मौके पर ही मौत 

मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र के टोटो गांव के पास का है। बताया जा रहा है कि यहां दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने टक्कर हो गयी, जिसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। आनन-फानन में 4 अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। मरने वालों की पहचान बसुआ गांव के रमेश उरांव और पसंगा गांव के संतोष गोप के रूप में हुई है। वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। 

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज 

गुमला सदर पुलिस थाने के प्रभारी महेंद्र करमाली ने बताया कि टोटो गांव के पास दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने टक्कर हो गयी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल चार अन्य लोगों का गुमला के सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Published / 2025-11-01 20:00:10
गिरफ्तार आदिवासी रिहा नहीं हुए, तो अनिश्चितकाल के लिए होगा कोल्हान बंद : चंपई सोरेन

गिरफ्तार आदिवासियों की रिहाई न होने पर कोल्हान बंद किया जायेगा, चंपई सोरेन की चेतावनी 

टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चाईबासा में हाल ही में हुए लाठीचार्ज के सिलसिले में आदिवासियों के खिलाफ दर्ज मामले तुरंत वापस नहीं लिये गये तो झारखंड के खनिज समृद्ध कोल्हान क्षेत्र में अनिश्चितकालीन बंद किया जायेगा। 

कोल्हान प्रमंडल से एक भी पत्थर की ढुलाई नहीं होने देंगे 

पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, अगर गिरफ्तार लोगों को तुरंत रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मामले वापस नहीं लिये गये, तो हम अनिश्चित काल तक झारखंड के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों से बने कोल्हान प्रमंडल से एक भी पत्थर की ढुलाई नहीं होने देंगे। 

हेमंत सोरेन सरकार का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए सोरेन ने कहा कि जब भी आदिवासी समुदाय ने अपने अधिकारों और हकों के लिए आवाज उठायी है, इस आदिवासी विरोधी सरकार ने बार-बार उसे कुचलने की कोशिश की है। 

भारी वाहनों की नो एंट्री की मांग 

चंपई सोरेन पिछले रविवार को आदिवासियों पर हुए लाठीचार्ज पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। ये आदिवासी लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर एनएच 220 और एनएच 75ई पर भारी वाहनों के लिए प्रवेश निषेध लागू करने की मांग कर रहे थे। 

चाईबासा घटना के संबंध में महिलाओं सहित सोलह आदिवासियों को गिरफ्तार किया गया तथा 75 नामजद तथा 500 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामले दर्ज किये गये। सोरेन ने झारखंड उच्च न्यायालय को चाईबासा की घटना का स्वत: संज्ञान लेने और एसटी/ एससी (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) अधिनियम के प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

Published / 2025-11-01 19:53:19
तुलसी विवाह और देवउठनी एकादशी पर्व उत्सवपूर्वक संपन्न

टीम एबीएन, रांची। रांची कांके रोड स्थित तिरुपति अपार्टमेंट में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री संजय सर्राफ के आवास पर देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मौके पर सर्राफ परिवार के सदस्यों सहित अपार्टमेंट के कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। 

इस पावन अवसर पर अनुराधा सर्राफ ने पूर्ण श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ एकादशी का व्रत रखा। दिनभर व्रत उपवास कर उन्होंने संध्या के समय पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना, आरती और भोग अर्पित किया। तुलसी माता के पौधे को चुनरी, नारियल, फूल-मालाओं, दीपक और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया।

वातावरण में भक्ति और उत्साह का अद्भुत समावेश देखने को मिला।पूजन के पश्चात श्री विष्णु भगवान की आरती की गयी और तुलसी विवाह का शुभ आयोजन सम्पन्न हुआ। तुलसी माता का विवाह शालिग्राम रूपी भगवान विष्णु से वैदिक  मंत्रोच्चारण के बीच कराया गया। पूजा के दौरान शंख, घंटी और जय जय तुलसी माता और ओम नमो भगवते वासुदेवाय की गूंज से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक बना रहा। 

इस अवसर पर संजय सर्राफ ने कहा कि देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी दिन से शुभ कार्यों, विवाह समारोहों और धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ माना जाता है। तुलसी विवाह का आयोजन वैवाहिक जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और मंगल का प्रतीक है। यह विवाह भगवान विष्णु और माता तुलसी के पवित्र मिलन का प्रतीक होता है, जो भक्ति, प्रेम और धर्म के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाता है।

Published / 2025-10-31 23:03:16
शहर की स्वच्छता के लिए हर नागरिक करें कचरे का पृथक्करण

  • रांची नगर निगम का निर्देश, शहर को स्वच्छ रखने के लिए नागरिक करें कचरे का पृथक्करण

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम लगातार कदम उठा रहा है। 

निगम ने आज शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों, अपार्टमेंट, संस्थानों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखें। 

निगम के अनुसार, प्रत्येक नागरिक को गीला और सूखा कचरा अलग रखना अनिवार्य है। गीला कचरा हरे डस्टबिन में और सूखा कचरा नीले डस्टबिन में डालना होगा।

Published / 2025-10-31 23:02:09
रांची : सीसीएल ने 115 सेवानिवृत्त कर्मियों को दी विदाई

टीम एबीएन, रांची। रांची के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में आज एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 

इस अवसर पर अक्टूबर 2025 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 12 कर्मियों को विदाई दी गयी। 

साथ ही सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त साथियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में ससम्मान विदा किया गया। कुल मिलाकर आज 115 कर्मियों को विदाई दी गयी।

Published / 2025-10-31 19:37:01
देवेन्द्र नाथ के नेतृत्व में घाटशिला उपचुनावी पदयात्रा में उमड़ा जन सैलाब

नेता और अधिकारी झारखंड को कैंसर बना दिया है कैंची से आॅपरेशन करना होगा : देवेंद्रनाथ महतो 

टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। घाटशिला उपचुनाव का तिथि सामने आते आते माहौल गर्म होता जा रहा है। जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू के चुनाव प्रचार का कमान संभाले हुए हैं। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में देवेन्द्र नाथ महतो का तूफानी चुनावी दौरा जारी है। 

आज घाटशिला प्रखंड के कामारीगोड़ा, खड़ियाडीह, चोंडिंदा, जोड़िसा, बड़बिल, धमकगोड़ा के अलावा इत्यादि गांवों में देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गयी, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए। पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों में रुझान देखा गया। 

मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि एनडीए और आईएनडीआईए गठबंधन हमेशा वादा करके धोखा दिया है, घाटशिला में कानून व्यवस्था चौपट है। गैर कानूनी तरीके से घाटशिला क्षेत्र के महंगे खनिज संपदा तांबा, यूरेनियम, अभ्रक, मैग्नीज, सोना, चांदी, पन्ना इत्यादि कीमती धातुओं को बेचा रहा है। घाटशिला के जमीन में मौजूद महंगी धातु से बाहर के लोग मालामाल हो रहे हैं और घाटशिला के लोग गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं।

अधिकारी और नेता मिलकर झारखंड को कैंसर बना दिया है कैंची से आॅपरेशन करने की आवश्यकता है। घाटशिला की जनता 11 नवम्बर को घाटशिला की महंगी धातु को बचाने, परिवारवाद से मुक्ति, बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी, पलायन को रोकने के लिए मतदान करेगी। 

14 नवंबर को जब वोटों की गिनती होगी तब सभी बूथों में सिर्फ जेएलकेएम ही नजर आयेगा। लोगों का समर्थन बता रहा है घाटशिला में जेएलकेएम का ही लहर है। घाटशिला उपचुनाव विधायक बनने या बनाने का उपचुनाव नहीं है बल्कि घाटशिला सजाने संवारने का उपचुनाव है, सम्पूर्ण झारखंड का नजर इस वक्त घाटशिला में है, अगर हम घाटशिला जीतते हैं तो आगे संपूर्ण झारखंड जीतेंगे तथा आगे झारखंड को लूटखंड बनाने वाला एनडीए और आईएनडीआईए गठबंधन का रास्ता साफ हो जायेगा। 

पदयात्रा में देवेन्द्र नाथ महतो के साथ प्रत्याशी रामदास मुर्मू, प्रभारी प्रेम मार्डी, फनी भूषण, पूनम, सबिता, लक्ष्मी, सुगा, सुलोचना, नवीन, विजय सिंह, सूरज सिंह, दिनेश साहू, बिनोद स्वांसी, सानिया प्रवीण, तपन कुमार, सुनीता, बिल्टू हंसदा, बिमल, मिंटू के अलावा हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए।

Published / 2025-10-31 19:36:07
झारखंड : रांची से छह नयी वंदे भारत ट्रेन चलाने की सलाह

रांची से चलेंगी 6 नयी वंदे भारत, क्या होगा रूट और किन लोगों को होगा फायदा? 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के रांची के लोगों के लिए खुशखबरी है। रांची के यात्रियों को रेलवे की ओर से तोहफा मिल सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने छह नये रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलाने की सलाह और प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। यह प्रस्ताव दक्षिण पूर्व रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति की मांग के आधार पर तैयार किया गया है। रेलवे जोन ने फरवरी और अक्टूबर में दो बार रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर यात्रियों की इन मांगों की जानकारी दी। 

इन वंदे भारत के रूट में रांची से रायपुर और राउरकेला के बीच वंदे भारत, रांची से बेंगलुरु, रांची से पुणे (वाया पणवेल), रांची से नई दिल्ली और रांची से एलटीटी, मुंबई शामिल हैं। इनमें से कई मार्गों पर स्लीपर वंदे भारत ट्रेन चलाने की भी मांग की गयी है। इसके साथ ही, रांची से पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस की घोषणा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पहले ही कर चुके हैं, लेकिन अभी उसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। 

कुछ रूट पर जल्द शुरू हो सकती ट्रेनें 

अब नई वंदे भारत ट्रेनों के प्रस्ताव से यात्रियों में उम्मीद बढ़ गयी है कि रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद इनमें से कुछ रूट पर ट्रेनें जल्द शुरू हो सकती हैं। रेलवे की ओर से कहा गया कि रांची से वाराणसी वंदे भारत के रूट का निर्धारण हो चुका है और इसका प्रस्ताव भी बोर्ड को भेजा जा चुका है। वहीं, हावड़ा से राउरकेला और हटिया से रायपुर मार्ग पर भी सुझाव भेजे गए हैं। रांची से बेंगलुरु, हटिया से पुणे और नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों का संचालन नीतिगत फैसला होने के चलते ये मामला लंबित है। 

अमृत भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव 

पिछले साल 2024 में भारतीय रेलवे की समय सारणी सम्मेलन में रांची-एसएमवीबी, बेंगलुरु के बीच अमृत भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन इसे बोर्ड से मंजूरी नहीं पायी थी। हालांकि इस प्रस्ताव को दो बार भेजा गया है। त्योहारों के सीजन में रांची से पटना और रांची से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में सीटें पूरी तरह भर जाती हैं और यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। हालांकि अब पटना वाली ट्रेन में सीटें खाली चल रही हैं और वाराणसी वाली में 10 नवंबर तक वेटिंग है। इसके अलावा रांची-हावड़ा वंदे भारत में तीन नवंबर तक सभी बर्थ बुक हैं। 

पहले से रांची से चल रहीं ये ट्रेनें 

अभी रांची से देश के कई हिस्सों के लिए कई लंबी दूरी की ट्रेनें संचालित होती हैं। इनमें गया-मुंबई एलटीटी (वाया रांची) हफ्ते में एक दिन चलती है, जबकि हटियाएलटीटी एक्सप्रेस हफ्ते में दो दिन और रांचीएलटीटी एक्सप्रेस हफ्ते में एक दिन चलती है। इसके अलावा हटियापुणे स्पेशल ट्रेन हफ्ते में दो दिन, हटियाएसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस हफ्ते में एक दिन और बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन हफ्ते में दो दिन चलती है। इनके साथ ही और भी कई ट्रेनें चलायी जायेंगी।

Published / 2025-10-31 19:32:58
श्री श्याम मंदिर में कल मनेगा श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव

टीम एबीएन, रांची। अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मन्दिर में दिनांक 1 नवम्बर 2025 को श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव अत्यन्त धूम धाम के साथ आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर पूरे मन्दिर परिसर को अत्यन्त सुचारीपूर्ण ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्री श्याम प्रभु सहित शिव परिवार एवम बजरंगबली का विशेष श्रृंगार किया जायेगा। ज्ञातव है की कार्तिक शुक्ला एकादशी को श्री श्याम प्रभु का जन्म हुआ था।  

मुख्य कार्यक्रम रात्रि 9 बजे से प्रारंभ होगा। श्री श्याम प्रभु के दिव्य शीश के सन्मुख अखण्ड ज्योत प्रज्वलित कर श्री श्याम मण्डल के सदस्यों द्वारा श्री श्याम प्रभु की सेवा में संगीतमय संकीर्तन किया जायेगा साथ ही इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को खीर चूरमा, छप्पन भोग एवम विभिन्न प्रकार के मिष्ठान का भोग अर्पित किया जायेगा।

साथ ही प्रात: 10:30 बजे से श्री लक्ष्मी वेंटश्वर अन्नपूर्णा सेवा तिरुपति मंदिर द्वारा संचालित अन्नपूर्णा सेवा की जाएगी। उक्त जानकारी श्री श्याम मंडल श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने दी।

Page 221 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse