झारखंड

View All
Published / 2026-02-12 18:40:56
स्वामी दयानंद के बताये रास्ते पर चलना सच्ची श्रद्धांजलि : प्राचार्य

टीम एबीएन, रांची। स्वामी दयानंद के बताये रास्ते पर चलना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्वामी दयानंद जी ने अछूत उद्धार, विधवा विवाह, पाखंड खंडन, महिला शिक्षा पर जोर दिया। प्रस्तुत बातें डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू के प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन बी के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी श्री एमके सिन्हा ने आज स्वामी दयानंद सरस्वती जी की 203वीं जयंती के अवसर पर कही। 

वे आज स्वामी दयानंद जी के जन्म दिवस पर छात्र छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। श्री सिन्हा ने कहा कि स्वामी दयानंद जी ने स्वतंत्रता आंदोलन में भी अपना योगदान दिया। स्वामी दयानंद जी से जब अंग्रेजों ने उनके कार्यों की प्रशंसा करने को कहा तो स्वामी दयानंद जी ने कहा कि उनकी इच्छा है कि अंग्रेज भारत छोड़कर जायें। भारत केवल भारतीयों का है। इसी प्रकार स्वामी दयानंद जी ने कुंभ के मेले में हरिद्वार में पाखंड खंडिनी पताका फहरायी थी। 

श्री सिन्हा ने बताया कि स्वामी जी इतने दयालु थे कि दूध में  जहर और शीशे का चूर्ण मिलाकर देने वाले रसोइये जगरनाथ को जीवन दान दिया और उसे नेपाल भाग जाने को कहा था। स्वामी जी ने कहा था- वेदों की ओर लौट चलो। प्राचार्य ने बताया कि स्वामी दयानंद जी के अवसान के बाद हंसराज जी और गुरुदत्त विद्यार्थी जैसे महापुरुषों के सहयोग से डीएवी की स्थापना हुई जिसमें वेद और अंग्रेजी दोनों का समन्वय है।

इस अवसर पर विद्यालय में एक विशेष हवन का आयोजन किया गया। हवन के बाद स्वामी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये गये। मौके पर एस के राणा, संजय कुमार सिंह के अलावा शिक्षक शिक्षिका तथा छात्र छात्रा मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू के आलोक इंद्र गुरु ने दी।

Published / 2026-02-12 18:39:50
महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर केतुंगा धाम न्यास समिति की बैठक

तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव पर व्यवस्थित रूप से लगेगी दुकानें, भक्तों को नहीं होगी असुविधा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिमडेगा/ बानो। केतुंगा धाम परिसर में आगामी महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को लेकर केतुंगा धाम न्यास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक में महोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने हेतु विभिन्न तकनीकी एवं व्यवस्थागत पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सूकरा केरकेट्टा ने की, जबकि संचालन सचिव ओमप्रकाश साहू द्वारा किया गया। 

इस दौरान मंदिर परिसर की विद्युत व्यवस्था, प्रकाश सज्जा, ध्वनि विस्तारक यंत्र, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल आपूर्ति, यातायात नियंत्रण तथा पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने तथा प्रशासन से समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति बनी। 

समिति के सदस्यों ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए मंच निर्माण, बैरिकेडिंग तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। 

बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव में लगने वाली दुकानें व्यवस्थित रूप से लगेंगी, मंदिर की सजावट का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जायेगा। साथ ही स्वयंसेवकों की तैनाती कर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जायेगा। वहीं श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। 

अंत में समिति ने सभी श्रद्धालुओं से महाशिवरात्रि महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की। समिति ने विश्वास जताया कि आपसी सहयोग और समन्वय से इस वर्ष का महोत्सव पूर्व वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य और अनुशासित रूप से संपन्न होगा। 

मौके पर न्यास समिति के अध्यक्ष सुकरा केरकेट्टा, महासचिव ओमप्रकाश साहू तथा कोषाध्यक्ष अजित साहू के अतिरिक्त मानव धर्म रक्षक संघ के बिलखु महतो, दिलमोहन साहू, राजेंद्र बराइक, उमेश साहू, रोहित साहू, करमबीर साहू, अयोध्या सोनार, रामचंद्र साहू, प्रमोद सोनार, दिलीप पांडा, मुकेश साहू एवं पियून सिंह उपस्थित थे, उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी रविकांत मिश्रा ने दी।

Published / 2026-02-12 18:38:31
सीएमएस वातावरण रांची ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण पर दिया गया विशेष बल

टीम एबीएन, रांची। आड्रे हाउस, रांची में सीएमएस वातावरण रांची ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ हुआ। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित इस फिल्म फेस्टिवल में विभिन्न फिल्मों के माध्यम से प्रकृति, जैव-विविधता, जलवायु परिवर्तन और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों पर केंद्रित संदेश प्रस्तुत किये जा रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। 

फेस्टिवल का इस वर्ष का विषय Roots & Renewal: Indigenous Knowledge, Youth Voices, Planetary Stewardship रखा गया है, जो पारंपरिक ज्ञान, युवाओं की भूमिका और पृथ्वी के संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करता है। 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही। फिल्मों के माध्यम से पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके समाधान पर सार्थक संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। 

इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि Roots & Renewal विषय अत्यंत सार्थक और समयानुकूल है। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए ही हम पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित रख सकते हैं तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है। 

उन्होंने कहा कि फिल्में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सशक्त साधन हैं। दृश्य-श्रव्य माध्यम का प्रभाव गहरा होता है और जब पर्यावरण जैसे गंभीर विषयों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया जाता है, तो वे समाज के मन-मस्तिष्क पर स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं। 

राज्यपाल ने झारखंड की जनजातीय परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की जीवन-पद्धति प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व का अद्भुत उदाहरण है। जैव-विविधता के संरक्षण की भावना हमारी सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा रही है। इन परंपरागत ज्ञान प्रणालियों का संरक्षण एवं प्रलेखन आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी उनसे प्रेरणा ले सकें।

Published / 2026-02-12 18:35:45
रांची : कार-आटो की टक्कर में पांच लोग गंभीर

कोकर में कार ने आटो को मारी टक्कर, पांच लोग घायल 

टीम एबीएन, रांची। रांची के कोकर इलाके में आज दोपहर को एक कार ने आटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गये हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  वहीं आटो से टक्कर के बाद कार डिवाइडर से टकरा गयी। 

लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया है। इस हादसे के बाद काफी लोग सड़क पर जमा हो गये।  जिससे वहीं अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने लोगों को हटाकर सड़क खाली कराया।

Published / 2026-02-12 18:34:41
एसआईआर : वोटरों के सत्यापन में तेजी की हिदायत

एसआईआर को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की अहम बैठक, मतदाताओं के सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश 

टीम एबीएन, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कार्य जारी है। इस क्रम में अन्य राज्यों से झारखंड से संबंधित मतदाताओं के सत्यापन हेतु दस्तावेज प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि इन दस्तावेजों का त्वरित निरीक्षण कर संबंधित राज्यों को समय पर प्रतिवेदन भेजा जाये। 

के रवि कुमार गुरुवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण से पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। 

उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाता सूची की पैतृक मैपिंग के साथ-साथ अनुपस्थित (एब्सेंट), स्थानांतरित (शिफ्टेड), विलोपित (डिलीट) एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सघन जांच कर सूची तैयार की जाए। 

साथ ही यह सुनिश्चित किया जाये कि मतदाता सूची में किसी भी मतदाता का धुंधला (ब्लर) फोटो लंबित न रहे। मतदाता पहचान पत्र में स्पष्ट एवं रंगीन तस्वीर अपलोड करने के लिए संबंधित बीएलओ बीएलओ ऐप के माध्यम से फोटो लेकर उसे अपलोड करें। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि ईसीआईएनईटी के माध्यम से बुक ए कॉल विद बीएलओ सुविधा का प्रभावी उपयोग कर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाये तथा ऐप पर प्राप्त कॉल रिक्वेस्ट का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। 

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी आॅनलाइन माध्यम से उपस्थित थे।

Published / 2026-02-12 18:31:29
रांची : डीसी आफिस को बम से उड़ाने की धमकी

ई-मेल मिलते ही अलर्ट पर पुलिस और बॉम्ब स्क्वॉड तैनात 

टीम एबीएन, रांची। रांची में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है। सिविल कोर्ट को धमकी मिलने के बाद अब समाहरणालय (डीसी आफिस) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गये हैं।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ायी 

रांची के समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गयी है। जैसे ही इसकी जानकारी प्रशासन को मिली, पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और सुरक्षा बढ़ा दी। मौके पर बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और पुलिस की टीम पहुंच गयी। समाहरणालय के हर कमरे, दफ्तर और आसपास के इलाके की सघन जांच की जा रही है।

किसी भी संदिग्ध वस्तु की तलाश में तलाशी अभियान जारी है। मुख्य गेट पर सख्त जांच की जा रही है। बिना जांच के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी गश्त बढ़ा दी गयी है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की

धमकी की खबर फैलते ही कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है और कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है। इधर, पुलिस की साइबर सेल टीम धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। 

यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।

Published / 2026-02-12 12:16:51
मजदूर नेता रत्नेश कुमार ने अवैध कोयला कारोबार पर कार्रवाई की मांग

  • रत्नेश कुमार ने कुसुण्डा एरिया नम्बर 6 के अंतर्गत हो रहे अवैध कोयला कारोबार की जांच एवं कार्रवाई कराने की मांग की

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने बिहार ऑब्जर्वर में प्रकाशित खबरों को सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कोयला मंत्रालय एवं झारखंड पुलिस को कई पत्र लिखा।

उन्होंने कहा कि कुसुण्डा एरिया नम्बर 6 के अंतर्गत गोधर रेलवे फाटक, काली मंदिर और हिलटॉप आउटसोर्सिंग में बड़े-पैमाने पर बीसीसीएल के अधिकारी और बीसीसीएल के मिलीभगत से आउटसोर्सिंग से कोयले का लूट और कोयला तस्करी बड़े पैमाने पर हो रहा है। 

सैकड़ों टन कोयला अवैध ढंग से लोडिंग होता है और वह कुसुण्डा रेलवे फाटक गोंदूडीह के रास्ते भूली फाटक होते हुए अवैध कोयला लोड दर्जनों हाईवा और ट्रक जीटी रोड के रास्ते यूपी और बिहार के कोयला मंडियों में फर्जी जीएसटी पेपर लगा कर भेजा जा रहा है जिससे बीसीसीएल को करोड़ों का घाटा हो रहा है। 

पिछले कई दिनों से बड़े पैमाने पर अवैध कोयले का धंधा धनबाद एसएसपी महोदय और क्षेत्रीय प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर चलाया जा रहा है जिससे धनबाद एसएसपी महोदय की छवि धूमिल हो रहा है। साथ ही 26 नंबर काली मंदिर के समीप अवैध कोयले का खेल लगातार जारी है। 

प्रतिदिन दर्जनों ट्रक अवैध कोयला निकालकर बिहार की मंडियों में भेजने का कर रही है काम जिस से राजस्व सहित बीसीसीएल को नुक़सान हो रहा है। उन्होंने लिखा कि झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखण्ड इससे सरकार सहित झारखण्ड पुलिस की छवि घुमिल हो रही है।

उन्होंने नरेंद्र मोदी और कोयला मंत्री, झारखंड सरकार से इस मामले की निष्पक्ष करवा कर दोषी व्यक्तियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाई जा सके और राष्ट्रीय संपत्ति को कोयला माफियाओं से बचाया जा सके।

Published / 2026-02-12 12:11:26
रांची : बेकाबू थार ने छह को कुचला, एक की मौत

  • बेकाबू थार का कहर! 6 लोगों को कुचला, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

टीम एबीएन, रांची। चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार और बेकाबू एसयूवी (थार) ने छह लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 40 साल के धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने थार चला रहे व्यक्ति की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए बुधवार रात से ही छापेमारी चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साउथ रेलवे कॉलोनी के दुर्गा मंदिर के पास एक गृह प्रवेश कार्यक्रम से खाना खाकर कुछ लोग बाहर निकले थे और सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी रेलवे स्टेशन की ओर से तेज रफ्तार में आई थार ने अपना संतुलन खो दिया और सामने खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके बेटे कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। 

लोगों का कहना है कि गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी दो घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।

गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। बताया गया है कि वह मोबाइल टावर लगाने से जुड़ी एक निजी कंपनी में काम करते थे।

Page 22 of 1566

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse