टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस (15 नवंबर) के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए, रांची पुलिस ने 15 और 16 नवंबर को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किये हैं।
गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, इन दो दिनों में कई मार्गों पर बड़े और छोटे वाहनों के प्रवेश एवं परिचालन पर पूरी तरह से रोक रहेगी, जिससे आम जनता को पहले से ही योजना बनाने की सलाह दी गयी है।
15 और 16 नवंबर को दिन के 11 बजे से रात के 8 बजे तक निम्नलिखित मुख्य मार्गों पर आकस्मिक वाहनों और कार्यक्रम में भाग लेने वाले वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश एवं परिचालन पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
रांची पुलिस ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इन दो दिनों में यातायात प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनायें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
टीम एबीएन, रांची। राज्य स्थापना दिवस (15 नवंबर) के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों के लिए प्रभारी मंत्री घोषित कर दिये गये हैं। इसका आदेश मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, मंत्री दीपक बिरूवा को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), मंत्री चमरा लिंडा को गुमला, मंत्री इरफान अंसारी को जामताड़ा, मंत्री हफीजूल हसन को देवघर, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को गोड्डा मंत्री योगेन्द्र प्रसाद को बोकारो मंत्री सुदिव्य कुमार को गिरिडीह और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को लोहरदगा का प्रभारी मंत्री घोषित किया गया है।
टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के साथ संपन्न हुआ। शाम 5 बजे तक कुल 74.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अब लोगों का कल का इंतजार है क्योंकि कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और यह साफ हो जायेगा कि सीट किसके नाम जायेगी।
सूत्रों के मुताबिक को-आपरेटिव कॉलेज में कुल 15 टेबल पर 20 राउंड में मतगणना की जायेगी। सर्विस वोट सुबह 8 बजे से पहले आने वाले मतों में शामिल किये जायेंगे। इसके चलते मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गयी है। प्रवेश केवल अधिकृत पासधारी व्यक्तियों को ही मिलेगा और संपूर्ण प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन की विश्वसनीयता का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। प्रत्येक कर्मी को आयोग के निर्देशों का हूबहू पालन करना होगा। निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही नहीं हो।
बता दें कि घाटशिला विधानसभा सीट पर कुल 73.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के औसत से अधिक है। इस उपचुनाव में कुल 2,55,823 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें महिलाओं की संख्या 1,30,921 और पुरुष मतदाता 1,24,899 रही। यानी इस बार महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान कर लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया।
इस उपचुनाव में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत अब ईवीएम में कैद हो चुकी है। अब सभी की निगाहें मतगणना के दिन पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि घाटशिला की जनता ने किसे अपना जनप्रतिनिधि चुना है। मतगणना 14 नवंबर को होगी।
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन से खाली हुई इस सीट पर अब उनके बेटे सोमेश चंद्र सोरेन मैदान में हैं और भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन ताल ठोक रहे हैं। वैसे तो 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला फिलहाल सत्तारूढ़ झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन और भाजपा के बाबूलाल सोरेन के बीच बताया जा रहा है।
टीम एबीएन, रांची। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) की बैठक आज हरमू स्थित आजसू केंद्रीय कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने की। बैठक में महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2024 से लंबित छात्रवृत्ति राशि के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर छात्र संघ अब भिक्षा आंदोलन शिक्षा के लिए भिक्षा नामक राज्यव्यापी जनजागरण अभियान प्रारंभ करेगा।
इस अभियान के तहत आगामी दिनों में झारखंड के सभी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में छात्रों के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा। आंदोलन के क्रम में छात्र संघ के कार्यकर्ता और छात्र समुदाय प्रतीकात्मक रूप से कटोरा लेकर सड़कों पर उतरेंगे और सरकार से यह प्रश्न करेंगे कि जब छात्रवृत्ति के लिए छात्रों को भिक्षा मांगनी पड़े, तो विकास और शिक्षा के दावे का क्या अर्थ रह जाता है?
आजसू छात्र संघ ने स्पष्ट किया कि यदि राज्य सरकार ने शीघ्र ही छात्रवृत्ति की राशि जारी नहीं की, तो आंदोलन को चरणबद्ध रूप से तेज किया जाएगा और इसका अंतिम चरण मुख्यमंत्री के समक्ष भिक्षा आंदोलन के रूप में प्रदर्शित किया जायेगा, जिसमें प्रदेश भर के छात्र एकजुट होकर शिक्षा के अधिकार की मांग करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा की शिक्षा हमारा अधिकार है, भीख नहीं। अगर झारखंड सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती रही, तो हम कटोरा लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने कहा कि झारखंड के छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाती, तब आंदोलन ही आखिरी रास्ता बचता है। आजसू छात्रों की इस न्यायपूर्ण लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।
वहीं आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव ने कहा कि भिक्षा आंदोलन छात्रों की मजबूरी नहीं, बल्कि सरकार की असंवेदनशीलता के खिलाफ आवाज है। जब सरकार बहाने बनाती है, तब छात्र सड़कों पर उतर कर सच्चाई दिखाते हैं। यह आंदोलन सरकार को छात्रों की पीड़ा का आईना दिखायेगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, जमाल गद्दी, प्रताप सिंह, रवि रोशन, प्रशांत महतो, शिवम सिंह, राज मजूमदार, योगेश, आरंभ गुप्ता आदि उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 12 से 28 नवंबर 2025 तक पलामू जिले में आयोजित रक्तदान शिविर की श्रंखला में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चैनपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यहां आयोजित दो दिवसीय रक्तदान शिविर के दौरान उपायुक्त समीरा एस एवं सीएचओ सहित 15 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया। इस क्रम में 15 यूनिट से ज्यादा रक्त संग्रह हुए।
उपायुक्त समीरा एस. आज स्वयं रक्तदान कर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान जीवनदान है। यह एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे हम जरूरतमंदों की जान बचा सकते हैं। स्वस्थ नागरिक को रक्तदान करनी चाहिए। उपायुक्त की प्रेरक संदेश और सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम में विशेष उत्साह का वातावरण रहा।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने स्वस्थ व्यक्तियों से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तकोष में रक्त रहने से जरूरतमंद व्यक्तियों को खतरे से बचाया जा सकता है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी चमन कुमार ने रक्तदान शिविर के मौके पर कहा कि रक्तदान सभी स्वस्थ नागरिकों को आदत में शामिल करनी चाहिए। रक्त संग्रह के उपरांत विभिन्न बीमारियों की जांच की जाती है। इसके बाद रक्तकोष में जमा रहता है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को त्वरित रक्त की आवश्यकता पड़ने पर उसे तत्काल दे पाना संभव हो पाता है। रक्तदान करने में कोई झिझक नहीं रहनी चाहिए। स्वस्थ नागरिक रक्तदान कर दूसरों की जीवन बचा सकते हैं।
दो दिवसीय रक्तदान शिविर में प्रभारी अंचलाधिकारी जागो महतो, मुकेश विश्वकर्मा, सहदेव सिंह, सीएचओ सोनू कुमार, अशोक कुमार, अभिषेक कुमार बंटी सहित 15 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपने योगदान पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप दास सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे। रक्तदान शिविर की श्रृंखला में 14 नवंबर 2025 को एलसीएमसीएच, विश्रामपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच, कुशल नेतृत्व और सार्थक प्रयासों से झारखंड राज्य आज हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय - डीपीआईआईटी द्वारा आयोजित बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान सर्वे में झारखंड को टॉप अचीवर का सम्मान प्राप्त हुआ है।
उद्योग सचिव अरवा राजकमल, उद्योग निदेशक विशाल सागर एवं प्रबंध निदेशक, जियाडा वरुण रंजन ने यह अवार्ड प्राप्त करने के उपरांत आज झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि झारखंड को यह सम्मान बिजनेस एंट्री, कंस्ट्रक्शन परमिट, लेबर रेगुलेशन और सर्विस सेक्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है। मुख्यमंत्री ने इस सम्मान के लिए अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि ये उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। ऐसे सम्मान से और बेहतर करने की हमें प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों का नतीजा है कि झारखंड विकास के मामले में नित्य नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, सरकार उससे पीछे नहीं हटेगी।
राज्य हित में हमारी सरकार लगातार योजनाएं बना रही है । इन योजनाओं को बेहतर क्रियान्वयन हो, इसमें हर अधिकारी की अहम भूमिका है। सभी के प्रयासों से हम एक नया और विकसित झारखंड बनाने में निश्चित तौर पर कामयाब होंगे।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय- डीपीआईआईटी के इज आफ डूइंग बिजनेस के तहत बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान का उद्देश्य प्रमुख नियामक और शासन संकेतकों पर राज्यों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करना है। इसके जरिए राज्यों में प्रतिस्पर्धी और सुधार-उन्मुख कारोबारी माहौल को बढ़ावा देना है।
झारखंड को यह सम्मान प्राप्त होना औद्योगिक निवेश के प्रति राज्य की मजबूत प्रतिबद्धता, नीतिगत नवाचार, डिजिटल और संस्थागत दक्षता को दर्शाता है। झारखंड आज पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यापार करने में सहूलियत को बढ़ावा देने वाली पहलों के माध्यम से देश के सबसे प्रगतिशील और निवेश अनुकूल राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। सुखदेव भगत, माननीय सांसद लोहरदगा संसदीय क्षेत्र, डॉ रामेश्वर उरांव लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र और उपायुक्त डॉ ताराचंद द्वारा आज जिला के कुडू प्रखंड के कुडू पंचायत के नवाटोली गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभुकों एवं अबुआ आवास योजना के एक लाभुक का सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश कराया गया।
इसमें अबुआ आवास योजना की लाभुक अनिता उरांव, प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभुक रामी उरांव व प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभुक मंगला उरांव शामिल हैं। जिला में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 127, अबुआ आवास योजना के 892, पीएम जनमन के 21 और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 05 लाभुकों का गृह प्रवेश समेत कुल 1045 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर यह जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुल 323 स्थानों पर ग्राम संकल्प सभा का आयोजन कराया गया।
कार्यक्रम में माननीय सांसद ने कहा कि गांव में हमेशा आप एक-दूसरे के संपर्क में रहें और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों को दूर भगायें। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत एक बड़ी राशि मिल रही है जिसका इस्तेमाल आप बेहतर कार्य के लिए करें। बच्चों को पढ़ायें। अगर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं तो उसमें व्यवसाय को आगे बढ़ाने में इस राशि का इस्तेमाल करें। गांव में कोई भी खुला शौच न करें। नशा से सभी दूर रहें।
सांसद ने कहा कि सरकार कई आवश्यकताएं पूरी कर रही हैं। दशकों पहले ऐसी सुविधा नहीं थी कि सरकार आवास बनाने के लिए आर्थिक सहायता दे। अब दे रही है तो इसका बेहतर इस्तेमाल करें। अपने घरों की हमेशा साफ-सफाई करें।
आज आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में माननीय विधायक ने कहा कि सरकार ने आवास योजना से लाभान्वित किया है। यह मनुष्य की मूलभूत आवश्यकताओं में से एक है। आपको इसे संभाल कर रखना है। हमेशा साफ-सफाई रखना है। आवश्यकता पड़े तो मरम्मती भी स्वयं करा लेना है।
विधायक ने कहा कि सरकार व्यक्ति के जन्म से ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करती है। आंगनवाड़ी केंद्र में पोषक तत्वों से भरपूर आहार मिलता है। जनवितरण प्रणाली की दुकानों से खाद्यान्न, पढ़ने के छात्रवृत्ति, छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, विद्यालय जाने के लिए साईकिल वितरण की योजना, विवाह के लिए लड़कियों को कन्यादान योजना, गर्भावस्था से प्रसव तक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, बीमारी के लिए भी कई योजनाओं से लाभान्वित किया जाता है।
स्वरोजगार करने के लिए भी मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत भी ऋ़ण उपलब्ध कराया जाता है। ऐसी ही कई महत्वकांक्षी योजनाएं हैं जिसका लाभ लिया जा सकता है। तन ढंकने के लिए सरकार धोती/लुंगी-साड़ी वितरण योजना का लाभ दे रही है। महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना का लाभ, सभी वर्ग को सर्वजन पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है।
उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा कि वर्ष 2016 से अब लोहरदगा जिला में अब तक 38430 लोगों को विभिन्न आवास योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। नये लोगों का भी सर्वे किया गया है जिनके पास अपना पक्का मकान नहीं है। उन्हें भी लाभान्वित किया जायेगा।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं जिसमें ये सभी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इतने वर्षों में राज्य ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। हम सभी को मिलकर राज्य को आगे बढ़ाना है, एक बेहतर माहौल तैयार करना है।
राज्य सरकार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभुक को 2500 रुपए प्रतिमाह दे रही है। इस राशि का इस्तेमाल महिलाएं अपने बच्चों की पढ़ाई, व्यवसाय में करें। नशापान से ग्रामीण दूर रहें।
आज के कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, कुडू अंचल अधिकारी संतोष उरांव, सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी, मुखिया सुषमा देवी, प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक केके गुप्ता समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें साथियों के साथ सीएम हेमंत सोरेन भी शामिल हुए तथा रक्त दान कर स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि समस्त राज्य वासियों से अपील है कि वे बढ़-चढ़कर इस महाअभियान का हिस्सा बनें, जोहार।
मुख्यमंत्री ने रक्तदान महादान का संदेश देते हुए कहा कि आपका दिया रक्त जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के काम आ सकता है। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से स्वैच्छिक रक्तदान महा अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
सीएम ने कहा कि झारखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ एक नए संकल्प के साथ हमारा राज्य आगे बढ़ाने को तैयार है। अब पूरा राज्य जीवनदान का केंद्र बनेगा। इस बाबत स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के द्वारा 12 से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत अलग-अलग स्थान पर विशेष रक्त दान शिविर लगाये जायेंगे, जहां लोग स्वैच्छिक रक्तदान कर सकेंगे। इस अभियान का उद्देश्य राज्य में रक्त की कमी को पूरा करना और हर जरूरतमंद तक सुरक्षित रक्त पहुंचाना है।
अस्पताल में रक्त की कमी से किसी की जिंदगी की सांसे थमे नहीं, इसे सुनिश्चित करना हम सभी का परम उत्तरदायित्व है। ऐसे में हम सभी मिलकर झारखंड को जीवनदायिनी राज्य बनाने का संकल्प लें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse