टीम एबीएन, रांची। अनुसूचित जनजाति आरक्षित विधानसभा क्षेत्र घाटशिला उप चुनाव इस बार बेहद ही चर्चा में रहा। राज्य सरकार व विपक्ष के सभी नेताओं ने अपनी दमखम कर दिखाया। उपचुनाव में इंडिया एवं एनडीए महा गठबंधन सहित कुल 13 उम्मीदवार मैदान में डटे रहे हैं। निर्वाचन पदाधिकारी की मीडिया कोशांक द्वारा जारी अपडेट पर सभी मीडिया व जनसाधारण का नजर आज दिनभर टिका रहा।
सभी 20 राउंड की काउंटिंग रिजल्ट पर पैनी नजर बनी रही। मुख्य रूप से इंडिया गठबंधन एवं एनडीए गठबंधन के बीच नयी नवेली पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने भी अपना जोरदार परफॉर्मेंस दिया। जेएलकेएम अपने पिछले विधानसभा के मतदान के रिकॉर्ड को तोड़कर आगे बढ़ा।
अपने पार्टी संगठन की ओर से सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष व चुनाव संयोजक देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि हमारा पार्टी का परफॉर्मेंस सकारात्मक रहा है। अपने कार्यकतार्ओं की हौसला को अफजाई करते हुए उन्होंने कहा कि हम लोग निरंतर अपने प्रयास को जारी रखेंगे। जन समाधान को लेकर हमारे संगठन की तत्परता निरंतर जारी रहेगा। हमें जनता का जनमत स्वीकार है।
बताते चलें कि इंडिया महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन इस बार कुल 104794 मतों से विजय रहा। एनडीए गठबंधन प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन कुल 66270 मतों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे। जबकि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रत्याशी रामदास मुर्मू स्वतंत्र रूप से लड़ते हुए कुल 11542 मतों के साथ तीसरे स्थान पर डंटे रहे हैं।
पिछले बार झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रत्याशी रामदास मुर्मू को 8093 मत प्राप्त हुए थे। जबकि इस बार 3449 मतों के बढ़ोतरी के साथ कुल मत हासिल किया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मारवाड़ी समाज से विजयी हुए पूर्णिया सदर से विजय कुमार खेमका, दरभंगा से संजय सरावगी तथा ठाकुरगंज से गोपाल अग्रवाल की ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए सबों को बधाई देते हुए कहा है कि यह विजय न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे मारवाड़ी समाज के समर्पण, विश्वास और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
समाज को आप सभी पर गर्व है और आशा है कि आपका अनुभव, सरलता और जनसेवा के प्रति समर्पण आगे भी प्रदेश के विकास में नई दिशा प्रदान करेगा। हम विश्वास करते हैं कि आपकी जनहितैषी सोच बिहार की प्रगति को और गति देगी तथा समाज के हर वर्ग के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
आप सबों की विजयी ने पूरे मारवाड़ी समाज को गौरवान्वित करते हुए समाज के गौरव को बढ़ाया है। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। थाना रोड स्थित साहू सदन में पूर्व राज्यसभा सांसद सह ट्रक आनर एसोसिएशन के संरक्षक धीरज प्रसाद साहू के नेतृत्व में ट्रक आनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की एक संयुक्त बैठक संपन्न हुई। जिसमें तीनों एसोसिएशन लोहरदगा गुमला ट्रक आनर एसोसिएशन, पाखर लोहरदगा ट्रक ओनर एसोसिएशन, पाखर रिचूघूटा ट्रक आनर एसोसिएशन (आदर्श मोटर समिति) के पदाधिकारी शामिल हुए।
सभी ने संरक्षक से कहा कि पिछले कई दिनों से हिंडाल्को कंपनी के द्वारा सभी माइंसों में जबरदस्ती नये नंबर लगाने के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों को दबाव दिया जा रहा है और किसी न किसी बहाने से हिंडाल्को कंपनी चाहती है कि माइंसों में ट्रकों का नया नंबर लगना शुरू हो। पिछले दिनों पाखर रिचुघूटा में दो नये ट्रकों को कंपनी के द्वारा लोडिंग के लिए भेज दिया गया था।
जब सभी ट्रक मालिकों ने इसका विरोध किया, तो दो दिनों बाद उन खाली ट्रकों को नीचे मंगाया गया। जिसे लेकर तीनों संगठन ने धीरज प्रसाद साहू से कहा कि जब आपके नेतृत्व में 2022 के बाद कोई भी नया नंबर नहीं लगेगा। यह तय किया गया तो उस पर संगठन कायम है और किसी भी स्थिति में हम लोग नया नंबर नहीं चाहते हैं क्योंकि सभी माइंसों में जरूरत से ज्यादा ट्रकों की भरमार होने के कारण महीने में 2,4,8 ट्रिप में ट्रक चल रहे हैं।
अगर हिंडाल्को कंपनी अपनी मनमानी करेगी और हिंडाल्को कंपनी फूट डालो शासन करो की नीति अपना रही है, तो कहीं न कहीं कंपनी एसोसिएशन के विरोध में कार्य कर रही है। जिसको एसोसिएशन बर्दाश्त नहीं करेगी। माइंस में आ रही सभी समस्याओं से धीरज प्रसाद साहू को अवगत कराया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि हिंडाल्को कंपनी अगर अपनी मनमानी करती है तो उस पर कठोर कार्रवाई की जायेगी। यह सुनिश्चित है कि एसोसिएशन जो चाहेगी, ओनर जो चाहेंगे, वही होगा। श्री साहू ने हिंडाल्को कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा है कि अब फूट डालो और राज करो की नीति नहीं चलेगी, हिंडाल्को अपनी हरकतों से बाज आ जाये वरना ऐसी बंदी करायी जायेगी कि सभी माइंस और सभी ट्रक एक साथ बंद हो जायेंगे।
वहीं प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी आ रही परेशानियों से धीरज प्रसाद साहू को अवगत कराया गया। इस पर श्री साहू ने कहा कि मैं प्रशासनिक आला अधिकारी से बात कर रहा हूं क्योंकि ट्रक यहां की लाइफ लाइन है और इस व्यवसाय से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से तीन जिलों के लगभग एक लाख लोग जुड़े हुए हैं। इसलिए इस लाइफ लाइन को बचाने के लिए मैं आपके साथ हूं।
आज की बैठक में लोहरदगा गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सलाहकार समिति के वरिष्ठ सदस्य संतोष साहू, सचिव मुद्रिका यादव, सचिव रोहित अग्रवाल, सचिव रहमान अंसारी, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष बरज सिंह, रहमत अंसारी, मोहम्मद बबलू, राजेश शर्मा, संजीव शर्मा, तारीक खान, मोहम्मद अमानुल्लाह, जतरू मुंडा, तारकेश्वर महतो, वासिफ क्यूम, संदेश कुमार, सुमित विश्वकर्मा, बिट्टू विश्वकर्मा, मनीष सिंह, मनोज कुमार, फिरोज राही, बबलू कोयला, राजेश विश्वकर्मा, मोहम्मद गुड्डू, मुन्ना खान, प्रदीप कुमार, शंकर प्रजापति, शशि कुमार वर्मा, मुख्तार अंसारी, महेंद्र कुमार, लोहरदगा पाखर ट्रक आनर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद बबलू उर्फ मोहम्मद आरिफ, पाखर रिचूघूटा ट्रक ओनर एसोसिएशन (आदर्श मोटर समिति) के अध्यक्ष कुदूस अंसारी, जफर इमाम, युनुस अंसारी, अजमल कुरेशी, साकिर अंसारी, अकबर अंसारी, बिट्टू विश्वकर्मा, संतोष गुप्ता एवं विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना की 16वीं किस्त का भुगतान जल्द ही लाभार्थियों के बैंक खातों में शुरू होने की उम्मीद है।
विभाग ने नवंबर महीने की यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजने की तैयारी पूरी कर ली है। यह योजना 18 से 50 वर्ष की आयु की आर्थिक रूप से कमजोर महिला निवासियों को वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें समाज में एक सम्मानजनक स्थान दिलाना है। विभाग के अनुसार, लाभार्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्हें बिना किसी रुकावट के राशि मिले।
टीम एबीएन, रांची। हर वर्ष की तरह आज फिर बाल दिवस के अवसर पर झारखंड के मेरे नौनिहालों और युवा साथियों से मुलाकात हुई। यूनिसेफ के सदस्यों के साथ आज बच्चों से मुलाकात हुई। आप सभी की प्रतिभा और जोश, बेहद ऊर्जा देने वाला है।
बच्चों और युवा साथियों ने जब बताया कि उन्हें सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री सारथी योजना, कन्यादान एवं विभिन्न स्कॉलरशिप आदि से लाभ मिला है, तो सुनकर प्रसन्नता हुई।
साथ ही खुशी है कि यूनिसेफ बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए काम कर रहा है। आप सभी बच्चों और युवा साथियों को भविष्य के लिए बहुत-बहुत बधाई शुभकामनाएं और जोहार।
आप और आपका परिवार सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से मजबूत हों, यही मेरा संकल्प है। झारखंड के मेरे नौनिहाल और युवा साथी आगे बढ़ते रहें, आपका हेमंत भैया आपके साथ है।
टीम एबीएन, रांची। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के रांची समेत 11 जिलों के लिए 17 नवंबर तक शीतलहर की चेतावनी जारी की। आईएमडी ने गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, रांची और हजारीबाग के लिए 14 नवंबर सुबह 8:30 बजे से 17 नवंबर सुबह 8:30 बजे तक येलो अलर्ट जारी किया।
आईएमडी के रांची स्थित कार्यालय के उप-निदेशक और मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इन 11 जिलों में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है, जिससे तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा जैसे उत्तर-पश्चिमी भागों के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। खूंटी में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और इसके साथ ही राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं डाल्टनगंज में 9.3 डिग्री सेल्सियस और रांची में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बुलेटिन में बताया गया कि जमशेदपुर में 12.6 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा में 9.7 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में दृश्यता प्रभावित होगी। आईएमडी ने साथ ही लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य के गौरवपूर्ण 25वें स्थापना दिवस समारोह के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड राज्य जलछाजन मिशन एवं भूमि संरक्षण विभाग द्वारा रेवारातू गांव स्थित तालाब के किनारे पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सभी ने आम, अमरूद, संतरा, कटहल आदि फलदार पौधे लगाये। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को पौधरोपण करने के बाद पौधों की नियमित सुरक्षा सुनिश्चित करने की शपथ दिलायी गयी।
कार्यक्रम में डीडीसी जावेद हुसैन ने कहा कि झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जा रहा है और इस अवसर पर जिलेभर में कई जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जलछाजन योजनाएं ग्रामीण झारखंड की भूमि, आजीविका और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं तथा एक समृद्ध और टिकाऊ भविष्य का निर्माण कर रही है। कार्यक्रम में स्टेट नोडल आफिसर अरूण कुमार बोस ने भी जलछाजन के तालाबों के किनारे पौधरोपण के महत्व पर प्रकाश डाला।
परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी भूमि संरक्षण पदाधिकारी श्याम बिंद ने बताया कि जिले के जलछाजन से निर्मित तालाबों/ जलस्रोतों के किनारे नियमित रूप से पौधरोपण किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आय सृजन के अवसर बढ़ेंगे और मिट्टी कटाव में भी कमी आयेगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मौके पर स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक रंगोली बनाकर पौधरोपण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आये प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मौके पर सतबरवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्थानीय स्कूली विद्यार्थी, तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इधर, वन विभाग की ओर से पांकी के जोटांग गांव में भी कार्यक्रम आयोजित की गयी।
टीम एबीएन, रांची। आदिवासी समाज को मुख्यधारा में लाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आदिवासी समाज स्वयं देश की मुख्यधारा है। देश की आजादी की लड़ाई हो, समाज निर्माण का प्रश्न हो या जनजागरण का आंदोलन हर दौर में आदिवासी समाज ने देश को दिशा दी है।
उक्त विचार झारखंड राज्य जनजातीय आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने व्यक्त किये। वे आज विश्व संवाद केंद्र, रांची और प्रभात प्रकाशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रही थीं। कार्यक्रम प्रभात प्रकाशन के कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया।
सुश्री लकड़ा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज और देश के जागरण के लिए अविस्मरणीय कार्य किये। आज भारत ही नहीं, विदेशों में भी उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर कालखंड में जनजातीय समाज में वीर और वीरांगनाओं ने समाज का नेतृत्व किया चाहे वीर बुद्ध हों, तेलंगा खड़िया, या फूलो-झानो जैसी वीरांगनाएं। जब हम भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हैं, तब डोम्बारी बुरू के बलिदान को भी नहीं भूल सकते।
उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी समाज को मुख्यधारा में लाने की नहीं, बल्कि उनके साथ चलने की आवश्यकता है। भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 24 वर्ष की आयु में समाज और देश को जागृत किया हिंदुत्व को सुरक्षित रखा- यह अपने आप में अद्भुत उदाहरण है। जैसे उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान किया, वैसे ही आज हमें सामाजिक अवरोधों के विरुद्ध अपने भीतर के बिरसा को जागृत करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष रामावतार नारसरिया ने कहा कि इतिहास में जनजातीय आंदोलनों को अपेक्षित स्थान नहीं दिया गया। जनजातीय समाज ने अंग्रेजों के खिलाफ जो संगठित आंदोलन चलाया, वह भारत के स्वतंत्रता इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। दुर्भाग्यवश, अंग्रेजों की नीतियों ने इन आंदोलनों को विभाजित कर दिया।
मंच संचालन कर रहे चिंतक एवं लेखक डा. मयंक मुरारी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने केवल राजनीतिक संघर्ष नहीं किया, बल्कि सामाजिक और धार्मिक जागरण का भी अभियान चलाया। 24 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने जो कार्य किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रभात प्रकाशन, झारखंड के हेड राजेश कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन स्निग्ध रंजन ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में डा. अंजनी कुमार श्रीवास्तव (पूर्व कुलपति), विजय कुमार- प्रांत सह प्रचार प्रमुख, विजय कुमार सिंह, राजेंद्र मिश्र, संजय जैन, सुषमा कुमारी, पिंकी खोया, शिवेंदु सागर, शंकर सिंह, महानगर कार्यवाह दीपक पांडेय, देवेश अजमानी, अवनिंद्र कुमार, असीत कुमार सहित समाज के अनेक सज्जन शक्ति उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse