एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। जिला में डुमरी थाना क्षेत्र के बासा नदी पुल के समीप शनिवार शाम तीन से चार बजे के करीब एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
इस हादसे में मारे गये लोगों में रूपेश एक्का (28) पिता- जेनेरियूस एक्का ग्राम कठगांव और लुईस मिंज (65) पिता- स्व लुकास मिंज ग्राम शेखपुर शामिल हैं। वहीं घायल नवीन तिग्गा (25) पिता- जेराल तिग्गा ग्राम शेखपुर का ही रहने वाला है।
इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी तो मौके पर डुमरी पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से फौरन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचाया गया। जहां मौजूद चिकित्सकों ने घायल व्यक्ति का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया।
वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। इस घटना को लेकर डुमरी थाना प्रभारी शशि प्रकाश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त कर लिया गया है और दोनों शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद रविवार को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेजा जायेगा। इसके साथ ही अज्ञात वाहन की जांच की जा रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। जिले में शनिवार को एक स्कूल बस पलटकर 25 फीट गहरी खाई में गिर गयी, जिससे कम से कम 31 छात्राएं घायल हो गयींं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।यह हादसा रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी में कोडरमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उस समय हुआ, जब जवाहर नवोदय विद्यालय, पुतो (चंदवारा) की छात्राओं को ले जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गयी।
सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर 31 छात्राओं को भर्ती किया गया था, जिनमें से 10 को छुट्टी दे दी गयी है। वर्तमान में 21 छात्राएं निगरानी में हैं। तीन से चार छात्राओं को गहरी चोटें आयी हैं, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर नहीं है।
अधिकांश छात्राओं को शाम तक डिस्चार्ज कर दिया जायेगा। डिप्टी कमिश्नर ऋतुराज भी अस्पताल पहुंचे और घायल छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को हादसे की जांच के निर्देश दिये हैं।
स्कूल के प्राचार्य अभिताभ कुमार ने बताया कि कुल 71 छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण पर राजगीर और नालंदा जा रही थीं। वे दो बसों से रवाना हुई थीं। इनमें से 31 छात्राओं वाली एक बस हादसे का शिकार हो गयी, जिससे छात्राएं घायल हुईं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुभकामनाएं दी। बता दें कि झारखंड 2000 में बिहार से अलग करके बनाया गया था। 15 नवंबर को राज्य का स्थापना दिवस होने के साथ ही आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जयंती भी है।
झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा, समस्त झारखंड वासी अपने वीर सपूत उलगुलान के महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को उनकी 150वीं जयंती पर नमन करते हैं। धरती आबा के आदर्शों पर चलकर ही वीर शहीदों ने अलग झारखंड राज्य की परिकल्पना को साकार किया, जिसका प्रतिफल है आज 25 वर्ष का युवा झारखण्ड धरती आबा को जोहार कर रहा है।
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राज भवन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और झारखण्ड स्थापना दिवस पर सभी राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। श्री गंगवार ने लिखा महान स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन।
भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही मातृभूमि और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए जो अद्भुत संघर्ष किया, वह सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। समस्त देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। झारखंड आज अपने स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर रहा है, यह विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रतीक है। मैं आप सभी की सुख-समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति की कामना करता हूं।
टीम एबीएन, रांची। जिलांतर्गत नवगठित प्रखंड समन्वय समिति समन्वय के तहत गायत्री परिवार कांके प्रखंड गायत्री प्रज्ञा केंद्र में महिला मंडल संचालित 60 वें सप्ताह में 45 बच्चों की भागीदारी रही। इसकी संचालिका सुलोचना शाहदेव, कृति शाहदेव, सुरुचि रंजन सहित टीम सदस्यों ने बाल दिवस खूबसूरत ढंग से मनाया।
बाल दिवस अवसर पर बहुत से कार्यक्रम हुए, जिसमें संगीत, नृत्य, खेल, प्रज्ञा योग जैसे कार्यक्रम में बच्चों ने भाग लिया और उनके प्रोत्साहन के लिए उन्हें पुरस्कार और उपहार देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया। इस अवसर पर अखंड दीप प्रज्ज्वलित कर गुरुसत्ता, मातृ सत्ता का ध्यान, गायत्री महामंत्र का सस्वर पाठ व वंदना सहित बच्चों में सुसंस्कारिता संवर्धन प्रकरण पर प्रकाश डाला गया।
सुलोचना शाहदेव ने बताया की कुसंस्कारों का हटाकर नये संस्कार स्थापित करना दूने परिश्रम के बराबर है। युग परिवर्तन की इस पवित्र बेला में यह अति आवश्यक हो गया है कि हमारी नयी पीढ़ी सुसंस्कारवान बने। बताया गया कि सही संस्कार व परामर्श सही समय पर मिले तो उसका परिणाम श्रेष्ठ निकलता है। इसके लिए यह संजीवनी विद्यायुक्त संस्कार विभूति सबके लिए है। इसका लाभ सबको मिले, यही हमारे बाल संस्कार का लक्ष्य है।
समाज में अनगढ़ लोग बहुत रहते हैं और सुयोग्यों की कमी पाई जाती है। विचार क्रांति अभियान अंतर्गत शिशु, बालक, माता-पिता, कुल परिवार तथा समाज के लिए बिडम्बना न बने, बल्कि सौभाग्य व गौरव का कारण बने। आज उनके शारीरिक, बौद्धिक, नैतिक तथा भावनात्मक नव-निर्माण व विकास के लिए शिशुओं में संस्कार प्रकरण व संस्कारवान बनना आवश्यक है। उक्त जानकारी गायत्री परिवार के वरिष्ठ साधक सह प्रचार-प्रसार प्रमुख जय नारायण प्रसाद ने दी।
टीम एबीएन, रांची। बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर सक्षम झारखंड द्वारा न्यू मोशन व्हील चेयर परीक्षण शिविर का सफल आयोजन झारखंड की पवित्र धरती पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती तथा झारखंड स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर सक्षम झारखंड द्वारा न्यू मोशन व्हीलचेयर परीक्षण शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।
यह आयोजन दिव्यांगजन सशक्तिकरण, समानता और आत्मनिर्भरता के मूल मंत्र को समर्पित था। कार्यक्रम का संचालन सक्षम झारखंड प्रांत के कला समन्वयक डॉ. दीपक प्रसाद ने गरिमामयी और आत्मीय शैली में किया। प्रारंभ में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय अस्मिता के प्रति उनके अमर योगदान को स्मरण किया गया।
केंद्रीय समिति के प्रतिनिधि एवं मध्य भारत प्रांत सक्षम के समन्वयक रविंद्र कांपगांकर एवं इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ एचपी नारायण, जो भारत के ख्याति न्यूरो चिकित्सक एवं वनवासी कल्याण केंद्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपस्थित रहे। सक्षम झारखंड प्रांत अध्यक्ष अजीत कुमार, सचिव प्रमोद कुमार झा, कार्यक्रम संयोजक अनिल कुमार लाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का सम्मान श्यामा तुलसी पौधा प्रदान कर किया गया।
इसके उपरांत दीप प्रज्ज्वलन कर भारत माता, अष्टावक्र और सूरदास जी के कर-कमलों में पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिसके साथ वंदे मातरम् की मंगल धुन ने वातावरण को ऊजार्वान बना दिया। कार्यक्रम के दौरान सक्षम झारखंड की विचारधारा सामर्थ्य, स्वावलंबन और सम्मान को विस्तारपूर्वक रखा गया। संगठन के सचिव प्रमोद कुमार झा ने संगठन की दिशा और गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए दिव्यांगजन सशक्तिकरण हेतु चल रही योजनाओं की जानकारी दी।
प्रांत अध्यक्ष अजीत कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि समाज तभी समरस बनता है जब हर व्यक्ति को समान अवसर मिले और दिव्यांगजन राष्ट्र निर्माण की शक्तिशाली धुरी बनकर उभरें। संयोजक श्री अनिल कुमार लाल ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा बतायी। मौके पर ई-मोनेटाइजेशन टीम के सदस्य अविनाश कुमार राजपूत द्वारा मोनेटाइजेशन संबंधी कार्य भी प्रारंभ किया गया।
इस अभिनव पहल के अंतर्गत दिव्यांग कैंडिडेट्स को आधुनिक न्यू मोशन व्हीलचेयर के संचालन, देखभाल और दैनिक उपयोग के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में लगभग 70 दिव्यांग प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया और उनका सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। प्रतिभागियों ने इस पहल को अत्यधिक उपयोगी और जीवन परिवर्तक बताया।
सक्षम परिवार के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रेरक कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि शरीर सीमित हो सकता है, पर आत्मा की क्षमता असीमित है। कार्यक्रम के अंत में सक्षम की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उक्त जानकारी सक्षम झारखंड के डॉ दीपक प्रसाद (8935984266) ने दी।
सक्षम झारखंड ने अजीत कुमार, प्रमोद कुमार झा, अनिल कुमार लाल, विशाल कुमार, संतोष कुमार जायसवाल, डॉ अनुराधा वात्स, सीमा जयसवाल, मुक्ताजी, रीमा साहू, विद्या प्रसाद, बीना शर्मा, श्रवण कुमार, टुकेश्वर, दीपशिखा के स्वयंसेवक तथा सभी दिव्यांगजन भाई-बहनों का आभार व्यक्त किया, जिनकी उपस्थिति ने आयोजन को सार्थक बनाया। कार्यक्रम का समापन इन प्रेरक पंक्तियों के साथ हुआ, जो उम्मीद से चलते हैं वो थक कर रूकते नहीं, जिनकी रगों में जज्बा हो कुछ कर दिखाने का, उन्हें कोई मंजिल रोक सकती नहीं। सक्षम झारखंड ने संकल्प लिया कि समाज के प्रत्येक दिव्यांगजन को आत्मनिर्भर, समर्थ और सम्मानपूर्ण जीवन प्रदान करने की दिशा में उसका प्रयास सतत जारी रहेगा।
टीम एबीएन, रांची। जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर विश्व हिंदू परिषद ने बिरसा चौक एवं नामकुम चौक पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किया। श्री राम मंदिर चुटिया में भी रामनगर के कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बिरसा चौक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र ने कहा भगवान बिरसा मुंडा एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे जिन्होंने झारखंड के जल, जंगल, जमीन, धर्म संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा के लिए अंग्रेजों से आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने जनजाति समाज को अपने अधिकारों और स्वधर्म की रक्षा के लिए प्रेरित किया, सामाजिक चेतना जगायी।
मातृभूमि के प्रति उनके त्याग और बलिदान ने उन्हें भगवान बना दिया। आज संपूर्ण देश उनकी पावन जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। भगवान बिरसा मुंडा के दिखाये मार्ग पर चलते हुए सामाजिक सद्भाव एवं जनजाति परंपराओं की रक्षा करते हुए झारखंड के विकास में हम सभी सहभागी बने यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रमों में प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, महंत गोकुल दास, प्रांत मातृशक्ति प्रमुख दीपा रानी, प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख किशुन झा, विभाग मंत्री रवि शंकर राय, महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी, पारसनाथ मिश्र, सुरेंद्र तिवारी, सुमन सिंह, विक्रम साहू, चंदा सिंह अमरनाथ ठाकुर, त्रिलोक सिंह, अभय सिंह, पंकज तिवारी, अरविंद सिंह, राकेश सिंह, आरती कुजूर, आशा जी, बबीता जी, बिरसा पाहन, अंकित सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद, झारखंड के प्रचार प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं उलगुलान के महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन (टाउन हॉल) में जिलास्तरीय समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। टाउन हॉल परिसर में लोग मांदर की थाप पर थिरकते नजर आये। वहीं छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से समा बांधा।
पलामू उपायुक्त समीरा एस. ने झारखंड के रजत पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस हमारी संस्कृति, अस्मिता और संघर्ष की पहचान है। धरती आबा बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता और स्वाभिमान की जो राह दिखाई, वह आज भी हमसबों को प्रेरित करती है। जिला प्रशासन जनजातीय समाज के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है। आज वितरित परिसंपत्तियां इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि सकल्प का दिन भी है। हम सभी आज धरती आबा के जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने शौर्य और उलगुलान से जल, जंगल जमीन की पहचान दी।
उपायुक्त ने झारखंड आदोलन के सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन की, जिनके बलिदान से यह राज्य अस्तित्व में आया। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, कर्मचारियों, शिक्षकों, चिकित्सकों और सुरक्षा कर्मियों को भी धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग और मेहनत से पिछले 25 वर्षो में विकास के हर पड़ाव को पार किया गया। इसका उदाहरण है कि आज हमलोग उन्नति दूरस्थ आदिवासी योजना के तहत सफलता अर्जित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का भी यही संकल्प था कि आदिवासी, जनजाति के हर सदस्य को अपना पहचान और अधिकार प्राप्त हो।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आज हमसबों को संकल्प लेने की आवश्यकता है कि सभी पलामू एवं झारखंड के विकास यात्रा को और आगे बढ़ायेंगे। उपायुक्त ने रजत पर्व के अवसर पर राज्य व जिला के विकास में प्रशासनिक टीम के साथ सभी की सहयोग और जनभागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि रजत पर्व समृद्ध पलामू व झारखंड निर्माण की संकल्प लेने का दिन है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सभी को राज्य स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पलामू जिला व राज्य विकास व सुरक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। जिले में शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाये रखने के लिए पुलिस विभाग सतत कार्य कर रही है। बेहतर पुलिसिंग से समाज सुरक्षित महसूस कर रहा है। यह सब जवानों की कुबार्नी व बलिदान और सभी के योगदान से संभव हो सका है। उन्होंने उदय योजना की सफलता के लिए जिला प्रशासन व जमीनी स्तर पर लगे सभी कर्मियों को बधाई देते हुए हौसला बढ़ाया।
उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में सभी का स्वागत और शुभकामनाएं दी। साथ ही रजत पर्व के दौरान हुए विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने युवाओं को एकजुट कर उलगुलान किया और सफलता प्राप्त की। वर्तमान युवा पीढ़ी को उनसे सीख लेने की आवश्यकता है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस/रजत पर्व के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि झारखंड को जनजातीय जीवनशैली के लिए जाना जाता है। उन्होंने सभी से प्रकृति के बीच रहकर जनसहभागिता से पलामू व राज्य का विकास करने की अपील की।
अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने उन्नति दूरस्थ आदिवासी योजना (उदय) से संबंधित विस्तृत विवरण एवं उपलब्धियां प्रस्तुत की। उन्होंने सामूहिक भागीदारी से पलामू जिला एवं झारखंड राज्य का सतत विकास की उम्मीद जतायी।
कार्यक्रम के दौरान उदय योजना के विजन, उद्देश्य, कार्यप्रणाली, गतिविधियों एवं प्रगति से संबंधित बुकलेट का विमोचन किया गया।
समारोह के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियां वितरित की गयीं। कार्यक्रम के दौरान 24 लाभुकों को सामुदायिक वन पट्टा प्रदान किया गया। वहीं मुद्रा लोन एवं अन्य योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, ताकि आजीविका उन्नयन और सामाजिक- आर्थिक सशक्तिकरण को गति मिले। वहीं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पिछले कुछ दिनों से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन-संघर्ष, उलगुलान की गौरवगाथा तथा झारखंडी जनजातीय संस्कृति पर आधारित गीत, नृत्य व नाटक प्रस्तुत किये। इसके अलावा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, भ्रूण हत्या अभिषाप, बेटियां बोझ नहीं, देश की शान हैं, से संबंधित रोंगटे खड़े करने वाले नाटक प्रस्तुत कर न केवल लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि दर्शक नाटक से जुड़े रहें। विद्यार्थियों की एक-से-बढ़कर-एक अद्भुत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया और टाउन हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम स्थल को विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स से सजाया गया था। पेंटिंग मे मुख्य रूप से झारखंड एवं पलामू का नक्शा, झारखंड सरकार का लोगो, झारखंड मईया सम्मान,पलामू किला, बेतला नेशनल पार्क, भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणादायक झांकियां और उलगुलान के ऐतिहासिक दृश्य को अत्यंत आकर्षक और जीवंत रूप में उकेरा गया था। यह पेटिंग का आगंतुकों ने विशेष सराहना की।
टाउन हॉल परिसर में झारखंड लाइवलीहुड प्रमोशन समिति की ओर से विभिन्न उत्पादों का क्लास ब्रांड का स्टॉल लगाया गया। इस प्रदर्शनी-सह वितरण स्टॉल का उपायुक्त समीरा एस., पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन सहित अन्य पदाधिकारियों ने निरीक्षण कर वहां रखे उत्पादों का अवलोकन किया। साथ ही उत्पाद की खरीदारी कर आनलाइन भुगतान किया। वहीं सखी मंडल की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्री की सराहना की।
कार्यक्रम में डीआरडीए निदेशक रतन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। संचालन शालिनी श्रीवास्तव ने की। मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता हिमांशु लाल, सदर, छतरपुर और हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद झारखंड भाजपा कार्यालय से लेकर जिलों और मंडलों तक जश्न का माहौल रहा। प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाए और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। कार्यालय भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर कर्मवीर सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को लड्डू खिलाकर शुभकामनाएं दीं। बाबूलाल मरांडी ने बिहार और झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम के लिए आभार जताया और बिहार की जनता को एनडीए पर प्रचंड भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए नेताओं को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse