झारखंड

View All
Published / 2025-11-18 18:17:57
लातेहार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए जागरूकता शिविर

जागरूकता शिविर : वरिष्ठ नागरिकों एवं माता-पिता भरण-पोषण अधिनियम 2007 पर कार्यशाला का आयोजन 

टीम एबीएन, लातेहार। झालसा रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार मनोज कुमार सिंह के आदेशानुसार लातेहार जिला के स्कूलों एवं पंचायत भवनों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007 के बारे में जानकारी दी गयी। 

बताया गया कि यह अधिनियम वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करता है तथा उन्हें अपने बच्चों या कानूनी उत्तराधिकारियों से भरण-पोषण मांगने का अधिकार देता है। कार्यक्रम के दौरान अधिनियम के उद्देश्य और लाभों पर विस्तार से चर्चा की गयी और लोगों को कानूनी जानकारी से अवगत कराया गया। 

कार्यक्रम में उपस्थितजनों को यह भी बताया गया कि बदलते सामाजिक ढांचे में माता-पिता की उपेक्षा एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। कई बुजुर्ग भावनात्मक, शारीरिक और आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं। बच्चे सफल होने के बाद अक्सर अपने माता-पिता को उचित समय और देखभाल नहीं दे पाते, जबकि बुजुर्गों को इसी उम्र में सबसे अधिक सहारे की आवश्यकता होती है। 

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सरकार ने 2007 में ऐसा कानून बनाया है जिसके तहत माता-पिता की उपेक्षा, परित्याग और प्रताड़ना को दंडनीय अपराध माना गया है। बच्चों में कानूनी रूप से भरण पोषण की जिम्मेवारी तय की गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला के पारा लीगल वोलंटियरस को महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Published / 2025-11-18 18:15:33
आजसू ने छात्रवृत्ति लंबित राशि की मांग के लिए विभिन्न कॉलेजों और विवि में चला संपर्क अभियान

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 18/11/2025 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के द्वारा विभिन्न कॉलेजों एवं विश्विद्यालयों में लंबित छात्रवृत्ति की मांग को लेकर आगामी 27/11/2025 को शिक्षा के लिए भिक्षा आंदोलन हेतु जनसंपर्क अभियान आज रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्विद्यालय में किया गया। 

जनसंपर्क में सभी छात्र-छात्राओं का अपार  जनसमर्थन लगातार आजसू को मिल रहा है। आजसू से जनसंपर्क अभियान के माध्यम से सभी छात्र-छात्राओं से आग्रह कर रहा है। सभी कोई इस जनांदोलन में अपना बहुमूल्य योगदान देकर इस अभियान को सफल बनाने का काम करे। 

इस आंदोलन के क्रम में छात्र संघ एवं सभी छात्र-छात्राओं प्रतिकात्मक रूप से कटोरा लेकर सड़कों पर उतरेंगे और सरकार से ये प्रश्न करेंगे कि जब तक छात्रवृत्ति के लिए छात्रों को भिक्षा मांगनी पड़े तो विकास और शिक्षा के दावे का क्या अर्थ रह जाता है। आजसू ने स्पष्ट कहा है कि छात्रवृत्ति की राशि जारी अविलंब की जाय अन्यथा प्रदेश भर के छात्र एकजुट होकर शिक्षा के अधिकार की मांग करेंगे। 

इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, रवि रोशन, शिवम सिंह, मोहन दास, सोनू, बिट्टू इत्यादि लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।

Published / 2025-11-17 20:24:52
लालपुर पीस रोड के गुजराती पटेल भवन में पांचवें दिन भी जारी रहा अखंड श्री हनुमान चालीसा पाठ

भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मना, जय श्रीराम के जयकारे से गुंजायमान हुआ आयोजन स्थल 

टीम एबीएन, रांची। लालपुर पीस रोड स्थित गुजराती पटेल भवन में गुरुवार से शुरू हुआ अखंड सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। प्रात:कालीन आरती के मुख्य यजमान अनिल कुमार अग्रवाल, उनकी पत्नी शोभा अग्रवाल के साथ ही सलज व पिंकी अग्रवाल और अमन व तमन्ना पोद्दार ने  विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर पाठ का शुभारंभ किया। इसके बाद दिन भर श्रीहनुमान चालीसा पाठ के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बच्चे, युवा से लेकर बुजुर्गों तक में पाठ करने को लेकर उत्साह बना रहा। 

शाम को पीस रोड लालपुर के गुजराती पटेल भवन में अयोध्याधाम से पधारे गुरुवर दिलीप दास त्यागी ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कथा सुनायी। कथा के दौरान उन्होने मयार्दा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया। भजन के साथ श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुन कर श्रद्धालु भाव विभोर हो गये। इसके बाद भगवान का जन्मोत्सव केक काट कर मनाया गया। केक कटिंग के साथ ही जय श्रीराम के जयकारे से गुंजायमान हुआ आयोजन स्थल। 

गुरुवर दिलीप दास त्यागी ने मयार्दा पुरुषोत्तम श्रीराम की कथा करते हुए उनके जीवन आदर्शों पर अत्यंत दिव्य और भावपूर्ण प्रवचन दिया, जिसे उपस्थित  श्रद्धालुओं ने मनोयोग से सुना। भजन, कीर्तन के साथ भगवान श्री राम की कथा सुनने के लिए हर शाम आयोजन स्थल पर भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।  

उधर आयोजन स्थल गुजराती पटेल भवन में के पहले तल्ले पर भंडारा सह प्रसाद की व्यवस्था की गयी है। पाठ करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गयी है। पांचवें दिन दिन के भंडारे के लिए सारी व्यवस्था संजीव व स्नेहा कुमारी, श्रीश्याम प्रेमी परिवार व राजेश जलान की ओर से की गयी। वही बालाजी महाराज के सवामनी भोग प्रसाद की व्यवस्था भी एक भक्त की ओर से की गयी। 

उधर श्री नरसिंह बांध बालाजी धाम रांची शाखा के अनिल अग्रवाल, राजेश लड़या, पवन अग्रवाल, संदीप गोयल, अंकित अग्रवाल, विनोद कुमार पांडेय, शीतल प्रसाद पांडेय सहित अन्य सदस्य सपिरवार आयोजन को सफल में तन, मन, धन से दिन-रात जुटे हैं। दिन भर श्रद्धालु श्री नरसिंह बांध बालाजी धाम, बर्नपुर आसनसोल से पधारे संतोष भाई जी आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ रोजी-रोजगार सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए उनका मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं का कहना है कि संतोष भाई जी के मार्गदर्शन से उनमें उत्साह व नयी ऊर्जा का संचार होता है। गुरुवर संतोष भाई जी सभी भक्तों को ज्यादा से ज्यादा से श्री हनुमान चालीसा का पाठ करने को प्रेरित करते हैं। उनका कहना है कि हनुमान जी कृपा से सभी भक्तों के बिगड़े काम बनते हैं, बस हुनमान जी महाराज की सच्चे मन से आराधना करनी है। श्री हनुमान चालीसा का पाठ शांत और एकाग्रचित्त होकर करना है।

श्याम प्रेमी परिवार के अध्यक्ष ने गुरुवर को शॉल भेंट कर आशीर्वाद लिया 

श्री रामकथा वाचक गुरुवर दिलीप महाराज के साथ ही गुरुजी संतोष भाईजी को रांची के श्याम प्रेमी परिवार के अध्यक्ष पवन गोयनका  ने शाल भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। इससे पहले श्रीरामकथा के यजमान अशोक धानुका ने विधिवत पूजा-अर्चना कर गुरुवर का दिलीप महाराज का आशीर्वाद लिया।

Published / 2025-11-17 18:00:28
सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में मंदबुद्धि निराश्रितों की स्वास्थ्य की जांच

नर सेवा ही नारायण सेवा है : डॉ नारायण

टीम एबीएन, रांची। एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम ट्रस्ट की शाखा श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम दिव्यांग आश्रम पुंदाग में परमहंस स्वामी सदानंद जी महाराज के सान्निध्य से आज सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे मंदबुद्धि दिव्यांग निराश्रित प्रभु जी एवं आश्रम में सेवा करने वाले सभी सेवादार साथियों का शहर के जाने माने न्यूरो सर्जन डॉ एचपी नारायण ने सबों की स्वास्थ्य की संपूर्ण जांच की एवं आवश्यकतानुसार सबको अपनी ओर से नि:शुल्क दवाइयां दी। 

डॉ नारायण ने स्वास्थ्य की देखभाल एवं निरोग रहने के सभी को पूर्ण जानकारी दी। जांच के समय डॉ नारायण को श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश अग्रवाल, संजय सर्राफ ने सहयोग किया। 

डॉ एचपी नारायण ने आश्रम मे रह रहे लोगों से बातचीत कर संस्था के सेवा के इस महान कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह मे एक से दो बार अपना घर आश्रम आकर सभी के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। उन्होंने आश्रम की साफ सफाई की भी तारीफ की।

सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि परम पूज्य गुरुजी स्वामी सदानंद जी महाराज के सान्निध्य में पीड़ित मानव सेवा का पावन तीर्थ प्रारंभ होने वाला झारखंड का प्रथम आश्रम है। आश्रम में प्रारंभिक दौर मे ऐसे पुरुष जो अपने जीवनकाल में अपने रिश्तेदारो, परिवारजनों से बिछुड गये हो एवं अस्पतालों, सड़क किनारे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों के आसपास असहाय एवं लाचार स्थिति में पड़े रहते हैं। 

उनको स्थानीय प्रशासन और समाज के प्रबुद्धजनों के सहयोग से एक अच्छा जीवन देने की कोशिश की जा रही है। अभी अपना घर आश्रम में 42 मंदबुद्धि दिव्यांग निराश्रित लोगों की प्रभु सेवा की जा रही है। उक्त जानकारी सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-11-17 17:59:19
सिदो-कान्हू मुर्मू विवि : दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को दिया समाजसेवा का संदेश

टीम एबीएन, रांची। सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के 9वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों को समाजहित में काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि जनजातीय समाज की संस्कृति, विरासत और परंपराओं का संरक्षक भी है। 

राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाना और स्थानीय समस्याओं पर आधारित शोध को प्रोत्साहित करना विश्वविद्यालयों का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और सामाजिक चुनौतियों के समाधान खोजने में अग्रणी बनें। 

राज्यपाल ने सिदो और कान्हु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संथाल विद्रोह हूल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम अध्याय है, जिसने साहस, आत्मसम्मान और संगठन की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों को इन वीरों से सतत प्रेरणा लेने का आह्वान किया। 

राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बड़े उत्तरदायित्व की शुरुआत है। यह उपाधि विद्यार्थियों के परिश्रम, अभिभावकों के त्याग और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाजहित में करने का आह्वान किया।

Published / 2025-11-17 17:58:29
रामगढ़ : उत्पाती जंगली हाथियों ने महिला को कुचलकर मार डाला

झारखंड के रामगढ़ में हाथियों ने मचायी तबाही, 45 वर्षीय महिला को कुचल कर उतारा मौत के घाट 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। जिले के जगेश्वर ओपी क्षेत्र अंतर्गत खरकंडा गांव में रविवार देर रात हाथियों के एक बड़े झुंड ने भारी उत्पात मचा दिया। करीब आधी रात को अचानक गांव में घुसे इस झुंड ने न केवल कई घरों को तहस-नहस किया, बल्कि 45 वर्षीय सांझो देवी की कुचलकर हत्या भी कर दी। 
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोकारो सीमा से लगे इस गांव में देर रात हाथियों के झुंड के प्रवेश की भनक लगते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी। अपनी सुरक्षा के लिए अधिकांश ग्रामीण घरों की छतों पर चढ़कर छिप गये, लेकिन सांझो देवी समय पर सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंच सकीं और हाथियों के हमले का शिकार हो गयी। 

हाथियों ने कई कच्चे और पक्के मकानों को तोड़ दिया तथा घरों में रखे धान सहित अन्य खाद्यान्न भी खा लिये। ग्रामीणों का कहना है कि झुंड करीब दो घंटे तक गांव में डेरा जमाए रहा, जिसके चलते भारी नुकसान हुआ। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम देर रात गांव पहुंची, लेकिन तब तक हाथी काफी तबाही मचा चुके थे। 

विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सुबह तक झुंड को गांव से बाहर खदेड़ने की कोशिशें जारी रखीं। अधिकारियों के अनुसार झुंड अभी भी गांव के आसपास ही मौजूद है, जिससे सभी को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है। सोमवार सुबह घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने लालपनिया रोड को जाम कर दिया। 

प्रदर्शनकारी मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के लिए स्थायी सहायता और क्षतिग्रस्त घरों की भरपाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर समय पर कार्रवाई न करने और गांव में हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर रोक नहीं लगाने का आरोप भी लगाया है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग स्थिति को नियंत्रित करने और ग्रामीणों को राहत देने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

Published / 2025-11-17 17:56:28
...और जब सीएम हेमंत ने कर्नाटक के सीएम को कहा- पत्नी से बात करवाइये!

हेमंत सोरेन का नाम लेकर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को किया फोन, बोला- अपनी पत्नी से बात कराओ 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के रांची से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बताकर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को फोन कर परेशान किया। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय ने गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की गयी है। 

अपनी पत्नी से बात करायें 

जानकारी के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को कॉल कर कहा कि अपनी पत्नी से बात करायें। उस व्यक्ति ने खुद को झारखंड का मुख्यमंत्री बताते हुए कॉल किया था। कॉल का आडियो रिकॉर्ड एक पेन ड्राइव में पुलिस को सौंप दिया गया है, जिसमें बातचीत स्पष्ट सुनाई दे रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और कॉल करने वाले की पहचान के लिए ट्रैकिंग की जा रही है। 

यह घटना मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास प्रतीत होती है 

शिकायत के अनुसार 15 नवंबर की रात 9:50 बजे एक व्यक्ति ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को फोन कर न केवल परेशान किया, बल्कि उनकी पत्नी से बात कराने की भी जिद की।

एफआईआर में कहा गया है कि यह घटना मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास प्रतीत होती है, जो गंभीर और निंदनीय है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय ने गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की गयी है।

Published / 2025-11-17 17:53:40
वर्ष 2024-25 सत्र की लंबित छात्रवृत्ति राशि का शीघ्र भुगतान हो : आजसू

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 17/11/2025 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लंबित छात्रवृत्ति की अभिलंब मांग किया गया। 

आजसू ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से को अवगत करवाते हुए कहा कि राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की वर्ष 2024-25 सत्र की छात्रवृत्ति राशि अब तक लंबित है। इस कारण आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राएं अपनी शिक्षा जारी रखने में  कठिनाई का सामना कर रहे हैं। 

आजसू छात्र संघ, विद्यार्थियों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए, आपसे विनम्र अनुरोध करता है कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए लंबित छात्रवृत्ति राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाये। साथ ही, भविष्य में छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुगम बनाने हेतु ठोस कदम उठाये जायें। 

मुख्यमंत्री से शीघ्र एवं सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा आजसू करती है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, रवि रोशन, राज, शिवम, बिट्टू, राज दुबे इत्यादि लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी आजसू छात्र संघ के अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।

Page 207 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse