एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कड़ाके की ठंड और लगातार पड़ रहे घने कुहासे को देखते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए गरीब, बुजुर्ग एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शीतलहर और ठंड के इस दौर में सबसे अधिक परेशानी समाज के कमजोर तबके को उठानी पड़ती है, जिन्हें रात के समय खुले आसमान या असुरक्षित स्थानों पर गुजर-बसर करनी पड़ती है। ऐसे में उनकी सहायता करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग उपस्थित रहे। पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से बुजुर्गों, महिलाओं और असहाय लोगों को कंबल प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची राजनीति है और कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों, मजदूरों एवं वंचित वर्गों के साथ खड़ी रही है। ठंड के मौसम में किसी को भी असहाय छोड़ना उचित नहीं है, इसलिए इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
उन्होंने प्रशासन और समाजसेवी संगठनों से भी अपील की कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण बीमार न पड़े या अपनी जान न गंवाए। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने कंबल वितरण में सहयोग किया।
कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और संतोष दिखाई दिया। बुजुर्गों ने पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज में एक-दूसरे के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता ही सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाती है। इस तरह के कार्यक्रम न केवल जरूरतमंदों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सेवा और इंसानियत का संदेश भी देते हैं।
मौके पर हाजी जबारुल अंसारी, हातिम अंसारी, अब्दुर कादिर, अख्तर अंसारी, अब्दुल मुतलिफ़ अंसारी, सीतन, आमीन, बिट्टू, रवि वर्मा, अर्श अली, फारुख अंसारी, हारून, बकरा इंतियाज, फ़ियाद अंसारी, फरीद अंसारी सहित सैकड़ों की संख्या में आमजन लोग मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लोगों का ठंड से हाल बेहाल हो गया है। सुबह और देर रात घना कोहरा छा रहा है, वहीं तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के 14 जिलों में कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इनमें रांची, गुमला, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं।
विभाग का कहना है कि यह स्थिति 22 दिसंबर तक बनी रह सकती है। कोहरे और बादलों की वजह से दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट देखी जा रही है और कई इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। ठंड का असर जानलेवा भी साबित हो रहा है। हजारीबाग में ठंड से दो लोगों की मौत की खबर है।
प्रदेश के पलामू सहित 9 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है। रांची का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में सबसे अधिक ठंड रांची के कांके में महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
टीम एबीएन, रांची। नीतीश कुमार के हिजाब विवाद के बीच झारखंड में भाजपा नेता सीपी सिंह का विवादित बयान सामने आया है। जिस महिला डॉक्टर का सीएम ने हिजाब खींचा था अब सीपी सिंह ने उस डॉक्टर का दिल्ली ब्लास्ट से कनेक्शन होने का शक जताया है। उन्होंने कहा कि मुझे तो ये लगता है कि इस डॉक्टर का कनेक्शन दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम ब्लास्ट से तो नहीं है।
झारखंड के पूर्व मंत्री और रांची विधायक सीपी सिंह ने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा कि डॉ नुसरत परवीन के बुर्के को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हटाया क्योंकि वो महिला डॉक्टर को एक बेटी के नजर से देख रहे थे। कोई गलत भावना से नकाब नहीं हटाया गया है।
इस प्रकरण को कुछ लोगों ने ऐसा तुल दे दिया कि मामला पाकिस्तान तक पहुंच गया। महिला डॉ नुसरत की पूरी तरह जांच करनी चाहिए कि कही उसके तार दिल्ली लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से तो नहीं जुड़े हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं केंद्र सरकार से मांग करता हूं कि इनकी पूरी जन्मकुंडली निकालिये और देखिये कि वाकई में ये डॉक्टर भी है या ये सारे के सारे बांग्लादेश, यूक्रेन से पढ़कर आयी है, या इंडिया में पढ़ी है। इस बारे में मुझे नहीं पता है। ये जांच में ही पता चलेगा क्योंकि जिस प्रकार यूपी से लेकर अल-फलाह यूनिवर्सिटी का तार जुड़ा है। हो सकता है कि ऐसे लोगों का तार इससे भी जुड़ा हुआ हो। ये जांच का विषय है।
बीजेपी नेता सीपी सिंह ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को भी घेरा। सीपी सिंह ने कहा, स्वास्थ्य मंत्री कह रहे हैं कि उसको झारखंड में लायेंगे और तीन लाख रुपये की सैलरी देंगे। भाई आप सभी बुर्का वाली डॉक्टर को यहां ले आइये, आपको कौन रोकता है? जिसको इलाज कराना होगा, वो उससे करायेगा जिसे नहीं कराना होगा वो नहीं करायेगा।
उन्होंने आगे कहा, मैं समझता हूं कि इस प्रकार से एक स्वास्थ्य मंत्री का बयान देना उचित नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री इतना फड़फड़ा रहे हैं जैसे कि सभी इन्हीं के हाथ में है। यहां के डॉक्टर पढ़ लिखकर बाहर जा रहे हैं, उन्हें तो आप रोक नहीं पा रहे हैं। सुविधा दे नहीं रहे हैं। मैं यही कहूंगा कि ये बड़बोले आदमी है, इन्हें बोलने से होता क्या है?
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिमी सिंहभूम। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के बालजोड़ी गांव निवासी डिंबा चतोम्बा को चाईबासा सदर अस्पताल में एंबुलेंस नहीं मिलने की वजह से अपने बेटे का शव थैले में भरकर अपने गांव लाना पड़ा। अब इस मामले में राज्य स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने संज्ञान में लिया है और संबंधित प्राधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है तथा सिविल सर्जन से इस पूरे मामले पर विस्तृत और तथ्यात्मक जवाब तलब किया गया है।
डॉ अंसारी ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि चाईबासा से जुड़ी एक घटना कुछ तथाकथित मीडिया माध्यमों में दिखायी गयी है, जिसमें एक परिवार के बच्चों को झोले में ले जाने का दृश्य दिखाया गया। यह मामला मेरे संज्ञान में आते ही मैंने तत्काल संज्ञान लिया है।
संबंधित प्राधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है तथा सिविल सर्जन से इस पूरे मामले पर विस्तृत और तथ्यात्मक जवाब तलब किया गया है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। दोषी पाये जाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
लेकिन इसके साथ-साथ यह भी गंभीर चिंता का विषय है कि चाईबासा और पलामू जैसे जिलों में आये दिन इस तरह की नकारात्मक और भ्रामक खबरें लगातार फैलायी जा रही हैं। इससे न केवल सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि ईमानदारी से काम कर रहे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल भी तोड़ा जा रहा है।
चाईबासा जैसे दुर्गम क्षेत्रों में डॉक्टर पहले ही जाना नहीं चाहते, और इस प्रकार का नकारात्मक माहौल स्थिति को और कठिन बना देता है। मैं जनता और मीडिया से अपील करता हूं कि यदि कहीं खामियां हैं तो उन्हें सीधे हमारे संज्ञान में लाया जाये। जांच होगी, सुधार होगा और दोषियों पर कार्रवाई भी होगी। लेकिन बिना पूरी जांच के किसी डॉक्टर या पूरे विभाग की छवि को मीडिया ट्रायल के जरिए खराब करना उचित नहीं है।
साथ ही यह भी जांच का विषय है कि कहीं संगठित रूप से कुछ राजनीतिक और वैचारिक ताकतें सरकार और स्वास्थ्य विभाग की छवि को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास तो नहीं कर रही हैं। इस तरह की साजिशों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। हमारी सरकार जनता के स्वास्थ्य, सम्मान और व्यवस्था सुधार के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। सच सामने आयेगा और न्याय होगा यह मैं विश्वास दिलाता हूं।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज पतरातु विद्युत निगम लिमिटेड (पीवीएनएल) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार सहगल, ह्यूमन रिसोर्स प्रमुख जेड रहमान, वरीय प्रबंधक पंकज कुमार सिंह एवं डीजीएम जे. महापात्र ने शिष्टाचार मुलाकात की।
मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि 5 नवंबर 2025 से पीवीएनएल के 800 मेगावाट की क्षमता वाली एक यूनिट से बिजली का व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो चुका है। उन्होंने इस यूनिट के चालू होने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा हर स्तर पर मिले सहयोग का परिणाम है कि इस यूनिट से बिजली का व्यवसायिक उत्पादन तय समय पर शुरू हो सका है। वहीं, इस यूनिट के चालू हो जाने से झारखंड अब बिजली के मामले में आत्मनिर्भर हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पतरातु विद्युत निगम लिमिटेड का भ्रमण करने के लिए भी आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र सरकार की प्राथमिकता में है। इस दिशा में बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक और सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पीवीवीएनएल से कहा कि वह युवाओं के कौशल विकास के लिए भी ठोस पहल करे।
टीम एबीएन, रांची। रबी मौसम मे भारतीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बरही, हज़ारीबाग के मदद से अनुसूचित जनजातिय उपयोजना अंतर्गत 4 जिला के 300 आदिवासी किसानों को बाँटे गए पूसा के चना, मसूर, सरसो और सब्जी के बीज. बीज वितरण कार्यक्रम राँची के पसंद फाउंडेशन के सहयोग से सुनियोजित ढंग से संपन्न हो सका।
इस वर्ष रबी मौसम मे संस्था द्वारा परियोजना अंतर्गत रांची, खूंटी, सिमडेगा और गुमला के जनजातिय किसानो के बीच दलहन/ तिलहन की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पूसा के उन्नत किस्म के दल्हन, तिलहन के बीज पा कर सभी किसानो मे उत्साह है।
पसंद फाउंडेशन के कार्यकारी प्रबंधक कीर्तिमान नाथ ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बरही, हज़ारीबाग की कृषि वैज्ञानिक डॉ. शिल्पी केरकेट्टा का विशेष सहयोग मिला और किसानो को निःशुल्क बीज के साथ खेती की विधी भी बताई गई जिस्से की किसानो को खेती से अधिकतम लाभ मिल सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने मे तारुप पंचायत रातू के उप मुखिया बंधु महतो, कर्रा के प्रेम प्रकाश हेरेंज, सिसई के बुचनु ओराउन, सिमडेगा के जगन्नाथ बड़ाइक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टीम एबीएन, रांची। आज देबूका नर्सिंग होम राँची में क्रिसमस गैदरिंग मनाया गया। इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद भी उपस्थित रहे जिन्होंने चरनी का अनावरण एवं आशीष किया।
क्रिसमस का माहौल चारों ओर फैला हुआ है। चारों ओर क्रिसमस के धुन सुनाई दे रहे हैं। ऐसा ही माहौल आज राँची में स्थित देबूका नर्सिंग होम में रहा, जहां सभी डॉक्टर, नर्सेस और स्टाफ सभी ने मिल कर क्रिसमस गैदरिंग मनाया। इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद भी उपस्थित रहे जिन्होंने चरनी का अनावरण एवं आशीष किया।
उन्होंने अपने संबोधन में क्रिसमस का संदेश देते हुए कहा कि उन्होंने देबुका नर्सिंग होम में हमेशा प्रेम का अनुभव किया है और जो भी रोगी इस नर्सिंग होम में आते हैं वे सिर्फ़ दवाई से सुस्वास्थ्य नहीं होते बल्कि प्रेम, सेवा और सहानुभूति के भाव के कारण ही शीघ्र स्वस्थ होते हैं।
इसीलिए नर्सों एवं सभी स्टाफ सदस्यों को ऐसी ही आत्मीयता रखने का संदेश उन्होंने दिया। राँची येसु धर्म संघ के प्रोविंशियल फ़ाo अजित कुमार खेस मानव भी उपस्थित रहे जिन्होंने क्रिसमस का संदेश देते हुए कमज़ोर और बीमार लोगों में ईश्वर को देखने और उनकी सेवा में आनंद और संतुष्टि ढूंढने का आह्वान किया।
देबूका नर्सिंग होम के प्रमुख डॉक्टर श्री प्रसाद देबूका जी ने सभी का धन्यवाद किया एवं आशीर्वाद बनाए रखने और प्रार्थना का आह्वान किया। डॉ श्री एकांश देबूका ने महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद को क्रिसमस उपहार दे कर क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
देबूका नर्सिंग होम के इस क्रिसमस गैदरिंग में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, रांची येसु धर्म संघ के प्रोविंशियल फाo अजित कुमार खेस, देबूका नर्सिंग होम के प्रमुख डॉक्टर श्री प्रसाद देबूका जी, डॉo श्री एकांश देबूका जी, डॉo श्री ठाकुर जी, श्री क्रिस्टोफर, नर्सिंग होम के नर्सेस एवं सभी स्टाफ शामिल रहे।
टीम एबीएन, रांची। रांची रेल मंडल अंतर्गत हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया है, जबकि एक संदिग्ध व्यक्ति मोहम्मद मुस्तफा अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
रांची रेल मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ मानव तस्करी के विरुद्ध लगातार सक्रिय अभियान चला रही है। इसी क्रम में 16 दिसंबर को आपरेशन आहट के तहत आरपीएफ पोस्ट हटिया की एएचटीयू टीम एवं डीएनएफटी टीम, रांची मंडल द्वारा स्टेशन परिसर में सघन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर वीआईपी गेट के पास दो नाबालिग बच्चियों के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में बच्चियों की उम्र क्रमश: 12 और 13 वर्ष पायी गयी।
जांच में सामने आया कि आरोपी उन्हें काम दिलाने के बहाने चेन्नई ले जा रहा था। आरोपी ने बच्चियों से घरेलू काम कराने के बदले प्रति माह 10 हजार रुपये दिलाने का लालच दिया था। साथ ही उसने बच्चियों की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सएप पर भेजी थीं और चेन्नई जाने के लिए टिकट भी खरीदे थे।
आरपीएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया और आरोपी मोहम्मद मुस्तफा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आज एएचटीयू/ कोतवाली थाना, रांची में मामला दर्ज कर आरोपी को आगे की कानूनी कारर्वाई के लिए सौंप दिया गया है। बचाई गई दोनों नाबालिग बच्चियों को संरक्षण एवं देखभाल के लिए प्रेमाश्रय, रांची भेजा गया है।
इस सफल अभियान में निरीक्षक रूपेश कुमार (आरपीएफ पोस्ट हटिया), महिला निरीक्षक एसआर कुजूर, उपनिरीक्षक सूरज राजबंशी, सुनीता तिर्की सहित स्टाफ पी पान, निधि, सुभालक्ष्मी स्वायन और रेनू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ ने आमजन से अपील की है कि मानव तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या पुलिस को दें, ताकि नाबालिगों को सुरक्षित बचाया जा सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse