रांची। नामकुम थाना क्षेत्र के दुर्गा सोरेन चौक पर सोमवार की सुबह अवैध रूप से बालू लदा हाइवा पलट गया, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय हम्बू कुजूर उर्फ हंबू उरांव (पिता लेदवा उरांव) लोवाडीह निवासी के रूप में हुई है। मृतक रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है एवं हाइवा को थाना ले आई। हाइवा का चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार वर्तमान में राज्य में बालू के खनन एवं डंप पर रोक है। इसके बावजूद बालू तस्कर नदी से बालू निकालकर चोरी छिपे ऊंचे दामों पर बालू सप्लाई करते हैं। रात के अंधेरे में बालू माफिया बालू का काला कारोबार करते हैं। ज्यादा ट्रीप लगाने के चक्कर में बालू ट्रक चालक अत्यधिक रफ्तार से वाहन चलाते हैं। तेज रफ्तार एवं घुमावदार सड़क होने की वजह से चालक का नियंत्रण नहीं रहा, जिससे हाइवा पलट गया। जिसमें मॉर्निंग वॉक करने निकले हम्बू एवं एक अन्य दब गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झामुमो नेता पप्पू सिंह एवं स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया । वहीं क्रेन की सहायता से हाइवा को हटाकर हम्बू के शव को बाहर निकाला। हाइवा के नीचे दबने से शव क्षत-विक्षत हो गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है एवं हाइवा को थाना ले आई। हाइवा का चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद बालू माफियाओं ने हाइवा का नंबर मिटा दिया ताकि नंबर पता ना चले। हाइवा का मालिक बुंडू का बताया जा रहा है।
गढ़वा। जिले के बड़गड़ में तीन दिन पूर्व हिंसक आदमखोर भालू के हमले में तीन मृतकों व घायलों के अनाथ बच्चों के पालन पोषण, देखरेख एवं संरक्षण के लिए न्याय पीठ बाल कल्याण समिति गढ़वा ने प्रभावित परिवारों की बच्चों प्रवर्तकता (स्पॉन्सरशिप) के तहत चयन करते हुए सरकारी सहायता दिलाने की अनुशंसा की है। प्रत्येक परिवार से तीन बच्चों को चयन किया गया है। इस संबंध में सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन उपेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि समिति द्वारा स्वत: संज्ञान लेते हुए सामाजिक जांच प्रतिवेदन जिला समन्वयक-डीसीपीओ अशोक नायक एवं उपायुक्त सह अध्यक्ष डीसीपीयू सदस्य डीजेजे कमेटी राजेश कुमार पाठक को समर्पित किया गया है। जांच प्रतिवेदन में कहा गया है कि तीन मृतकों के परिवार की स्थिति दयनीय है। अनाथ बच्चों की निर्भरता एक मात्र विधवा माता पर हो गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति जर्जर है। परिवार को तत्काल राहत के लिए मुआवजा एवं सहायता की जरूरत है। समिति द्वारा प्रभावित परिवार के प्रति चिंता प्रकट करते हुए तीन बच्चों को प्रति परिवार से प्रवर्तकता (स्पॉन्सरशिप) के लिए चयन करने, बालिकाओं को तत्काल कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तथा बच्चों को आवासीय विद्यालय में नामांकन कराते हुए पुनर्वासन कराने तथा विधवाओं को मुख्यमंत्री सम्मान विधवा पेंशन योजना से तत्काल जोड़ते हुए पारिवारिक लाभ, आपदा प्रभावितों के लिए देय मुआवजा एवं बालिकाओं को सुकन्या योजना का लाभ दिलाने की अनुशंसा की गई है। जांच प्रतिवेदन की प्रतिलिपि उप विकास आयुक्त सह नोडल पदाधिकारी जिला परिषद, सचिव डीएलएसए, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास पदाधिकारी, लीगल एड क्लीनिक भंडरिया, चाइल्डलाइन एसएस रंका को देकर अपने-अपने स्तर से प्रभावित परिवारों को सहायता दिलाने का आग्रह किया गया है।
हुसैनाबाद पलामू। मनरेगा के तहत कूप निर्माण में अनियमित्तता व भ्रष्टाचार के खिलाफ हुसैनाबाद प्रखंड के ग्रामीणों ने विधायक कमलेश कुमार सिंह से लिखित शिकायत की थी। विधायक ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल उप विकास आयुक्त पलामू को पत्र लिखकर सिंचाई कूप मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। विधायक के पत्र के आलोक में पलामू डीडीसी ने पत्र माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी हुसैनाबाद से छह बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। जिसमें किस परिस्थिति में बारिश के मौसम में भी कूप की पुरानी लंबित योजना रहने के बावजूद नई योजनाएं चालू कर दी गई, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी हुसैनाबाद द्वारा बारिश के आगमन पर भी नई सिंचाई कूप की योजना कैसे चालू की गई व पूर्ण कूप की भौतिक स्थिति वर्तमान में क्या है। इस कृत्य के लिए चालू योजनाओं की समीक्षा कर बीडीओ के द्वारा क्या कार्रवाई की गई। स्पष्टीकरण में कहा गया है कि सिंचाई कूप निर्माण योजना में भ्रष्टाचार की प्राप्त शिकायत से प्रतित होता है कि मनरेगा योजनाओं का निरीक्षण और समीक्षा बीडीओ नहीं करते हैं। इस कारण बीपीओ, पंचायत सचिव व मुखिया द्वारा मनमानी कर बारिश के आगमन पर भी नई योजनाएं चालु कर दी जा रही है। जिससे कूप धंसने व श्रमिकों के हताहत होने की संभावना बनी रहती है। पथरा पंचायत में बरती गई अनियमित्तता के मामले में निर्गत आदेश में बीडीओ द्वारा कृत कार्रवाई यथावत है। पंचायत डंडीला एवं झरगड़ा में सामाजिक अंकेक्षण में उभरे अनियमित्तता के मामले में भी बीडीओ द्वारा किसी प्रकार की विधि सम्मत कार्रवाई नहीं किया जाना लापरवाही का परिचायक है। उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना को भी दशार्ता है। डीडीसी ने पत्र में लिखा है कि हुसैनाबाद के विधायक कमलेश सिंह के पत्र के आलोक में दोषी कर्मी को चिन्हित करते हुए कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन 24 घंटे के अंदर जिला को भेजें। उक्त कार्रवाई नहीं करने के आरोप में बीडीओ के विरुद्ध कार्रवाई के लिए ग्रामीण विकास विभाग झारखंड सरकार को भेजी जायेगी।
हजारीबाग। बड़कागांव से 19 मजदूरों की गिरफ्तारी की गयी है। 19 मजदूरों को जेल भेजने का विरोध करते हुए बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद बस पर ही धरने पर बैठ गयी। विधायक के इस विरोध की सूचना पर सीओ सदर, डीएसपी समेत विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ ने विधायक से वार्ता कर मामले को शांत करने का प्रयास किया। वहीं विधायक अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि पुलिस गलत तरीके से मजदूरों को जेल भेजने का काम कर रही है। बताते चलें कि शनिवार को बड़कागांव प्रखंड के बरवाडीह कोल माइंस त्रिवेणी सैनिक में कार्य कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों ने तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। तीन सूत्री मांगों में बोनस का भुगतान, नया वेज बोर्ड लागू करने और निकाले गए मजदूरों को बहाल करने की मांग शामिल है। अनिश्चितकालीन हड़ताल को खत्म करने को लेकर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज कर 20 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया था। इस लाठीचार्ज से दो लोग घायल भी हुए थे। गिरफ्तार मजदूर अवधेश सिंह और धनुष कुमार महतो कह रहे हैं कि उनकी गिरफ्तारी गलत ढंग से की गयी है। वे शांति से आंदोलन कर रहे थे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि मामला अभी देख रहे हैं। सरकार उनकी है और अगर पुलिस ने गलत कार्य करेगी तो उनपर भी कार्रवाई की जायेगी।
भंडरिया (गढ़वा)। गढ़वा जिले के बड़गढ़ प्रखंड के बरकोल गांव में शुक्रवार की शाम एक जंगली भालू ने एक परिवार के छह लोगों पर हमला कर दिया। इसमें दो सगे भाई और उनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई। जबकि इसी परिवार के दो लोग और एक अन्य महिला किसी तरह से जान बचाकर भाग निकले। घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश जताया है। ग्रामीणों ने डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर लाश नहीं उठाने दी। जानकारी के मुताबिक गढ़वा मुख्यालय से काफी दूर बड़गढ़ प्रखंड में बरकोल गांव स्थित है। गांव का अनित गिद्ध लाइट चार्ज कराने के लिए गांव के बाजार में गया था। ग्रामीणों ने बताया कि वहां से लौटने के दौरान शाम सात बजे के करीब गांव से कुछ दूरी पर उस पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान अनित मदद के लिए जोर से चिल्लाया। चीख पुकार सुनने के बाद उसका भाई सुजीत गिद्ध और रिश्तेदार राजू उरांव वहां पहुंच गए। इस दौरान भालू ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। वे सभी भालू से किसी तरह बचने की कोशिश कर रहे थे कि इसी दौरान अनित के अन्य दो भाई कमलेश गिद्ध और छोटू गिद्ध और छोटू की पत्नी मरियम गिद्ध भी वहां पहुंच गई। इस बीच भालू ने किसी के सिर का मांस नोच लिया तो किसी की हड्डियां तोड़ दी। भालू ने अनित, सुजीत और राजू को बुरी तरह जख्मी कर दिया। भालू ने उनके सिर और शरीर के अन्य भागों से मांस नोच डाला। इसमें तीनों की मौत हो गई, शेष तीन लोग बुरी तरह घायल होने के बाद किसी तरह जान बचाकर भागे। शनिवार सुबह परिजनों को पूरी जानकारी मिली। इस घटना के बाद गांव में खौफ का माहौल है। साथ ही जंगली जानवरों से ग्रामीणों की रक्षा के लिए कोई उपाय न करने को लेकर वन विभाग पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध शुरू कर दिया। वे वन विभाग के डीएफओ को बुलाने की मांग कर रहे थे। घायल छोटू गिद्ध ने कहा कि उनके सामने ही उनके दो भाइयों को भालू ने मार डाला। वह किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा।
पाकुड़। स्थानीय काली भषाण पोखर के निकट नगर अध्यक्ष पंकज कुमार शाह एवं पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ नगर ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के विरोध में भाजपा ने काला दिवस के रूप में मनाया। 1974 के आंदोलन के दौरान जेल गए पाकुड़ कोर्ट के पूर्व वरिष्ठ अधिवक्ता बद्री प्रसाद तिवारी को भाजपा नेत्री मीरा प्रवीण सिंह ने अंगवस्त्र देकर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के संयोजक प्रभारी विवेकानंद तिवारी, पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता एवं भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज कुमार साह ने सच्चिदानंद जी का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यसमिति सदस्य व पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता ने भी संबोधित किया और कहा कि आपातकाल के समय हमारे जैसे कार्यकर्ताओं को भूमिगत होना पड़ा और भूमिगत होकर पार्टी के प्रति काम को और भी आगे बढ़ाने में मदद मिला। जिसका परिणामस्वरूप कार्यकर्ताओं को जीत मिली। 46 साल बीत चुके हैं जब भारतीय लोकतंत्र ने काला दिन देखा था। बद्री प्रसाद तिवारी ने कहा कि 1971 में भारत पर पाकिस्तानी आक्रमण से उत्पन्न संकट का मुकाबला करने के लिए धारा 352 के तहत देश में पहले से एक इमरजेंसी लागू थी फिर 25 दिन 1975 को देश की सुरक्षा पर संकट के नाम पर एक और इमरजेंसी थोपने का काम कांग्रेस ने किया था। क्या वास्तव में आंतरिक अराजकता के कारण देश की सुरक्षा खतरे में थी, यह सोचने का विषय है। कार्यक्रम में भाजपा की जिला नेत्री मीरा, प्रवीण सिंह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अमृत पांडे, दिलीप सिंह, हिसाबी राय, भाजपा के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ भगत, जिला मंत्री पार्वती पासवान, महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष रूपाली सरकार, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शबरी पाल, नगर उपाध्यक्ष पिंका पटेल, संजय सरकार, नगर महामंत्री पार्थ रक्षित आदि भी उपस्थित थे।
लोहरदगा। उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त द्वारा निदेश दिया गया कि एनजीटी के आदेशानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदी के बालू घाटों से बालू उठाव की मनाही है। इस आदेश का पालन सभी संबंधित घाट में कराया जाय। साथ ही, अगर कोई चोरी-छिपे भी नदी से बालू निकालते हुए पकड़ा जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाय। ऐसी सूचना मिलती है तो कई पुलों के नीचे से बालू उठाव की जा रही है जिससे पुल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। ऐसे लोगों पर भी विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई किये जाने का निदेश दिया गया। उपायुक्त द्वारा इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक खनन पदाधिकारी को संयुक्त रूप से लगातार छापेमारी अभियान चलाये जाने का निदेश दिया गया। साथ ही, खनन विभाग को इस संबंध में जरूरी साइनेज लगाने का निदेश दिया गया। बैठक में हिंडाल्को प्रबंधन को लोहरदगा जिला में खनन से संबंधित लीज के आवश्यक कागजात उपलब्ध कराये जाने का निदेश दिया गया। साथ ही, जिला में बॉक्साइट की ढुलाई के लिए इस्तेमाल हो रहे रोपवे की उंचाई से राष्ट्रीय उच्च पथ के चैड़ीकरण में कोई प्रभाव ना पड़े, इसके लिए राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, रांची के पदाधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक कर समस्या का समाधान करने का निदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त जिन रैयतों की जमीन पर रोपवे के लिए जरूरी पोल का अधिष्ठापन किया गया है, वैसे छूटे हुए रैयतों को नियमानुसार मुआवजा और आरएनआर पॉलिसी के अंतर्गत आवश्यक लाभ दिये जाये का निदेश दिया गया। हिंडाल्को को साइडिंग शिफ्ट करने,ग्रामीणों को फलदार, महोगनी के पौधे उपलब्ध कराने, प्रदूषण इंडेक्स बोर्ड लगाने का पुन: निर्देश दिया गया। खदानों के ढुलाई कार्य मे लगे वाहनों सहित ओभर लोडिंग गाडियो की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से क्रशरों की अनियमितता पर स्पष्टीकरण पूछे जाने का निर्देश दिया गया। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार, अनुमंडल दंडाधिकारी अरविंद कुमार लाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीएन सिंह, वाणिज्य कर उपायुक्त कुमादिनी सिंकु, जिला परिवहन पदाधिकारी केके राजहंस, सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय, पर्यावरण कंसल्टेंट चंदन कुमार, हिंडाल्को की ओर से नीरज, अभिषेक, प्रकाश समेत अन्य उपस्थित थे।
गढ़वा। स्वास्थ्य विभाग के विधायक प्रतिनिधि कंचन साहू ने गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को गढ़वा नगर परिषद एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याआें से अवगत कराया। इस संबंध में श्री साहू ने मंत्री श्री ठाकुर से रांची स्थित आवास पर समस्याआें की सूची सौंपते हुए निदान कराने की मांग की है। मंत्री को सौंपे गये मांग पत्र में गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के टंडवा स्थित भगलपुर दानरो नदी तट पर छठ घाट का निर्माण कराने, अस्तित्व खो चुके शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाली सरस्वतिया नदी का तटबंध निर्माण कराने, सड़क की चैड़ीकरण करने के लिए मुख्य सड़क से टेलीफोन के खंभों को हटवाने, प्रदूषित हो चुके नदियों की सफाई एवं कचड़ा मुक्त करने, टंडवा स्थित भगलपुर के पास दानरो नदी तट पर श्मशान घाट का निर्माण कराने, मझिआंव मोड़ का सुंदरीकरण कराने, श्री बांके बिहारी मंदिर के सामने सामुदायिक धर्मशाला का निर्माण कराने, लंबे समय से फुटपाथ पर आजीविका चलाने वाले रेहड़ी एवं ठेला दुकानदारों के लिए वेंडर मार्केट का निर्माण कराने, टंडवा स्थित चिलिंग प्लांट के सामने श्मशान शेड का निर्माण कराने, ऊंचरी स्थिर कब्रिस्तान की चहारदीवारी का जीर्णोद्धार कराने, स्टेशन रोड स्थित रामलला मन्दिर के बगल में कपिल ठाकुर के घर के पास चापाकल का अधिष्ठापन कराने, लगमा स्थित ब्रह्मस्थान की चहारदीवारी कराने, दलेली स्थित चिड़ी धाम (महताम) के पास चैपाल एवं पीसीसी पथ का निर्माण कराने तथा कल्याणपुर स्थित डैम को पर्यटन स्थल बनाने की मांग शामिल है। मंत्री श्री ठाकुर ने संज्ञान लेते हुए तत्काल आवेदन को संबंधित पदाधिकारियों को प्रेषित कर दिया। साथ ही कुछ योजनाएं विधाया मद से पूर्ण करने की बात कही। मौके पर असजद अंसारी, हेमंत गुप्ता, धीरज दुबे, चंदन पासवान, मासूम माही, अरुण सोनी आदि उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse