टीम एबीएन, रांची। स्वर्णिम कला कुंज एवं साहित्योदय मंच के संयुक्त तत्वाधान में काव्य गोष्ठी का आयोजन वाई बी एन स्कूल ,धुर्वा, रांची में किया गया। कार्यक्रम में मंच संस्थापक डॉ रजनी शर्मा चंदा ने आए हुए साहित्यकारों का स्वागत अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरिन्दर कौर नीलम ने किया। मंच पर रेनू झा रेणुका, राकेश रमन रार, नेहाल हुसैन सरैयावी, रिंकू बनर्जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के पश्चात सुमधुर सरस्वती वंदना रिंकू बनर्जी के द्वारा प्रस्तुत किया गया। मंत्रोच्चारण रेनू झा रेणुका के द्वारा किया गया।
सचिन शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ कृष्ण भजन से किया जिसे सुनकर उपस्थित सभी श्रोता भाव विभोर हो गए। कार्यक्रम का संचालन पुष्पा सहाय गिन्नी एवं रुचिका रुद्राणी ने किया। विशेष अतिथि रामजी यादव ने उपस्थित सभी साहित्यकारों को साहित्य के इस समागम के लिए शुभकामनाएं दी। रामजी यादव एवं अंजू यादव के वैवाहिक वर्षगांठ की सभी साहित्यकारों ने शुभकामनाएं दी।
ऋतुराज वर्षा, आस्था शर्मा, रंजना वर्मा उन्मुक्त, रेनू बाला धार, डॉ आशीष प्रसाद, राजेश कुमार, सीमा सिन्हा मैत्री, मधुमिता साहा, रंगोली सिन्हा, सरोज गर्ग रत्न प्रभा, खुशबू बरनवाल सीपी, निर्मला सिंह, संगीता वर्मा, विभा वर्मा वाची, निर्मला कर्ण, राजश्री राज, रश्मि सिन्हा, अजित कुमार प्रसाद, सिम्मी नाथ, सुखेन्द्र यादव स्वदेशी, तारा कुमारी, मीणा बंधन आदि ने काव्य पाठ किया। अमन कुमार, चंदन कुमार ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी। रश्मि शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, संगीता शर्मा, कार्तिक अमन शर्मा, लावण्या शर्मा, यश शर्मा आदि इस सम्मेलन में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सारगर्भित अध्यक्षीय उद्बोधन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ सुरिन्दर कौर नीलम ने किया। स्वर्णिम कला कुंज की संस्थापक एवं साहित्योदय मंच की रांची प्रभारी डॉ रजनी शर्मा चंदा ने इस मंच के माध्यम से सृजन, संवाद, संस्कृत और सेवा हेतु सदैव समर्पित रहने के लिए समाज के प्रबुद्ध लोगों में चेतना जागृत किया।
कहा कि साहित्य समाज की धारा को पवित्र करने की क्षमता रखती है। अतः साहित्य सेवा के प्रति सजगता को अधिक से अधिक बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने युवाओं को कला, सृजन, संस्कृति और साहित्य के प्रति अपनी रुचि को जागृत करने के लिए आवाह्न किया। उपस्थित सभी वरिष्ठ साहित्यकारों को शुभकामनाएं दीं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा गुमला ट्रक आँनर एसोसिएशन की एक बैठक बक्शी डीपा कार्यालय में कल संपन्न हुई। सर्वप्रथम एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू को अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत होने पर बधाई दी गई और हर्ष व्यक्त किया गया।
कहा गया कि अब श्री साहू केवल झारखंड ही नहीं पूरे राष्ट्र के मजदूरों के हित का कार्य करेंगे। इसको लेकर हम सभी उत्साहित हैं। इसके पश्चात बैठक में विमरला माइंस के मुद्दे पर चर्चा की गयी कि विमरला माइंस में आये दिन ट्रक खड़े हो जा रहे हैं। परिवहन सुचारू रूप से नहीं चल रहा है। सड़क की स्थिति भी खराब है। इस पर कंपनी से फोन पर ही बैठक के दौरान वार्ता की गयी।
कंपनी को स्पष्ट कहा गया कि आए दिन ट्रकों को खड़ा कर दिया जाता है, रोज ट्रक माइंस में फँस रहे हैं या तो आप सुधार करें अन्यथा एसोसिएशन आंदोलन पर उतारू होगी। इस पर कंपनी ने कहा कि हमें दो से चार दिन समय दीजिए, हम स्थिति को सुधार रहे हैं और तब तक ट्रकों का परिचालन बंद कर रहे हैं।
इस पर एसोसिएशन ने कंपनी को स्पष्ट कहा कि फिलहाल तो आप ट्रक बंद कर रहे हैं लेकिन शुरू करने से पहले एसोसिएशन के लोग माइंस जाँएगे और माइंस की स्थिति को देखेगे और तभी ट्रकों का परिचालन शुरू होगा।
आज की बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, सचिव रहमान अंसारी, कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष इम्तियाज उर्फ बबलू, अजमल कुरैशी, प्रेम उरांव, महेंद्र प्रसाद साहू, मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा प्रदीप कुमार कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद इकबाल, अनिल उरांव, मोहम्मद आदिल, शकील खान, विदुल महतो, बंटू साहू, मोहम्मद बबलू, जीतू सिंह, अनिल साहू, संजय अग्रवाल, संतोष साहू, मोहम्मद गुड्डू, गंगा प्रसाद सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद जिले के तीसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदकुईया इलाके में कथित रूप से चल रहे अवैध कोयला खनन के मामले को लेकर झारखंड सरकार, विधायक सरयू राय, विधायक रागिनी सिंह, झारखंड पुलिस एवं धनबाद पुलिस को ट्वीट कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
रत्नेश कुमार ने अपने ट्वीट में कहा है कि चांदकुईया क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सुरंग बनाकर अवैध कोयला खनन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित तौर पर कमल नामक व्यक्ति द्वारा अवैध खनन कराया जा रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि जिन भूमिगत सुरंगों से कोयला निकाला जा रहा है, उनके ठीक ऊपर लोगों के घर बने हुए हैं।
ऐसे में किसी भी समय जमीन धंसने और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। इस कारण पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रहे खनन के कारण जमीन कमजोर होती जा रही है।
रत्नेश कुमार ने यह भी कहा कि अवैध कोयला कारोबार के कारण थाना प्रभारी की छवि भी धूमिल हो रही है तथा कोयला माफिया प्रशासन की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
रत्नेश कुमार ने संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कर आवश्यक एवं सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि संभावित हादसे को रोका जा सके और क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोकसभा के माननीय सांसद सुखदेव भगत गुमला जिला के बसिया एवं कमडारा प्रखंड मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लेने हेतु बसिया एवं कमडारा प्रखंड के लिए रवाना हो गये हैं।
सांसद समीक्षा बैठक के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम ग्रामीणों से मिलेंगे उनकी समस्याओं से अवगत होंगे और उसका निदान करने का प्रयास करेंगे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद, पलामू। सोमवार सुबह करीब 8 बजे जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर गम्हरिया गांव के पास सवारियों से भरे ऑटो और बोरवेल मशीन ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। घटना इतनी भीषण थी कि ऑटो ट्रक में फंस गया और करीब 20 मीटर तक घिसटता हुआ आगे जाकर रुका।
वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह ऑटो को ट्रक से अलग कर सभी को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद दो घायलों समसुन बीबी और पीर मोहम्मद की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद अंचल पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चन्दन कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया।
बोरवेल मशीन ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल पर ऑटो की स्थिति देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक चन्द्रिका यादव का पैर कटकर ट्रक में फंस गया था, जिसे अथक प्रयास के बाद निकाला गया।
इस घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें समसुन बीबी (65), पति चांद मोहम्मद; समीरा खातून (30), पति पीर मोहम्मद; एवं पीर मोहम्मद (35), पिता चांद मोहम्मद, सभी हैदरनगर बंसी के निवासी हैं। जबकि लालदेव (36), पिता सुखदेव, कचनपुर एवं सरिता देवी (54), पति मिथलेश ठाकुर, नावाडीह की निवासी बताई गई हैं।
इस घटना में 10 वर्षीय अभिषेक कुमार समेत दो बच्चे भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। बताया जाता है कि हादसे का कारण जपला से छतरपुर तक पाइपलाइन बिछाने वाले संवेदक द्वारा सड़क किनारे मिट्टी खोदने के बाद उसकी ड्रेसिंग नहीं करना है, जिसके कारण सड़क संकरी हो गई है और आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को घटनास्थल पर बीच सड़क पर रखकर जाम कर दिया, जिससे जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों ने ट्रक मालिक को बुलाने, 5 लाख मुआवजे एवं सभी घायलों के उचित इलाज की मांग को लेकर घंटों सड़क जाम रखा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद-हरिहरगंज विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने अंचलाधिकारी पंकज कुमार व थाना प्रभारी को भीड़ को शांत करने तथा मृतक को सभी सरकारी लाभ दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही अपनी अनुपस्थिति में अपने पुत्र व युवा राजद नेता रवि यादव के माध्यम से दाह-संस्कार व अन्य कार्यों के लिए 50 हजार रुपये नकद राशि दिलवाई। इसके बाद सीओ, थाना प्रभारी एवं रवि यादव के समझाने पर जाम हटाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक चालक पर बिना कागजात व फिटनेस के दूसरे राज्यों के परमिट पर गाड़ी चलाने तथा यहां संचालन कर रहे बिपिन सिंह नामक व्यक्ति पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि मृतक चन्द्रिका यादव अपने 10 वर्षीय पौत्र का इलाज कराने डेहरी ऑन सोन, रोहतास जा रहे थे। घटना के बाद उनकी पत्नी, बेटा, पतोहू समेत पूरे परिवार की चीख-पुकार ने सबको झकझोर दिया। वहीं अन्य घायलों के परिजन भी घटनास्थल पहुंचे और अपनों के लिए दुआ मांगी।
मौके पर हुसैनाबाद थाना के पुअनि रमन यादव, रविशंकर सिंह, अजय कुमार बैठा, बिमल कुमार के अलावा हुसैनाबाद चेयरमैन अजय कुमार भारती, दक्षिणी क्षेत्र के पूर्व जिप सदस्य मदन पासवान, भाजपा नेता विनय पासवान, व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा बैठा आदि गणमान्य व समाज के कई नेता मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। आज पुलिस कार्यालय, रांची के कक्ष संख्या-307 में अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय), झारखंड-सह- पुलिस महानिरीक्षक, रांची प्रक्षेत्र महोदय द्वारा विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची, पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली), सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की प्रगति तथा विभिन्न विशेष अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों को चिन्हित करें, जहाँ अपराध नियंत्रण एवं निगरानी के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता है। साथ ही, पूर्व से स्थापित सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त आवश्यक स्थलों का चयन कर वहाँ उपयुक्त तकनीक के सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले में कार्यरत पीसीआर, टाइगर मोबाइल, शक्ति कमांडो, हाईवे पेट्रोलिंग एवं अन्य गश्ती दलों के कार्यों की समीक्षा की गई। गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
अनुसंधान संबंधी मामलों की समीक्षा के क्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित कांडों के अनुसंधान, पीड़ितों को विधिसम्मत सहायता उपलब्ध कराने, समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कांडों के निष्पादन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्यों के उपयोग तथा आरोप-पत्रों के समय पर समर्पण पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में गुमशुदा बच्चों (Missing Child) से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। इस संबंध में मानक कार्यप्रणाली (SOP) के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने, प्रत्येक मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने तथा बच्चों की शीघ्र बरामदगी हेतु समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया गया।
NDPS अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए मादक पदार्थों के अवैध व्यापार एवं तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन एवं वितरण से संबंधित सूचनाओं का व्यवस्थित संकलन कर उसके आधार पर प्रभावी छापामारी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। विशेष रूप से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार विशेष अभियान एवं छापामारी चलाने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त दिनांक 10 जून 2026 से 25 जून 2026 तक जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया, ताकि युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।
बैठक में संगठित अपराध, रंगदारी, आपराधिक गिरोहों एवं अन्य आपराधिक गैंगों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सक्रिय अपराधियों की पहचान, उनके आर्थिक एवं आपराधिक नेटवर्क का विश्लेषण तथा विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
भूमि संबंधी अपराधों एवं भू-माफियाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए ऐसे मामलों में त्वरित अनुसंधान एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था संधारण हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु सभी पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के अंत में अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, संगठित अपराधियों एवं आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची एवं पुलिस अधीक्षक (नगर), रांची को अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के उन अनुसंधानकर्ताओं को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया, जिनके द्वारा महत्वपूर्ण कांडों का सफल उद्भेदन किया गया, अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई तथा अनुसंधान पूर्ण कर समयबद्ध रूप से आरोप-पत्र समर्पित किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक महोदय ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह एवं पेशेवर दृष्टिकोण अपनाते हुए अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने हेतु सतत प्रयासरत रहने का निर्देश दिया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को सुवेंदु अधिकारी को देश का सबसे मजबूत और सबसे समझदार मुख्यमंत्री बताया। जमशेदपुर दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मरांडी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह से अधिकारी फैसले ले रहे हैं, मैं कह सकता हूं कि वह देश के सबसे मजबूत और सबसे समझदार मुख्यमंत्री हैं।
तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए हमलों के सवाल पर मरांडी ने कहा कि अभिषेक बनर्जी से जुड़ी घटना उन्हें नाटकीय लगी। उन्होंने कहा, जिस तरह अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंके गए और फिर उन्होंने हेलमेट पहन लिया, वह मुझे नाटक जैसा लगा।
हालांकि मैं वहां मौजूद नहीं था, इसलिए घटना पर ज्यादा टिप्पणी नहीं कर सकता। मरांडी ने कहा कि टीएमसी सांसदों पर हमला कानून-व्यवस्था का मामला है और राज्य सरकार इसकी जांच करेगी। झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति ने इस पर चर्चा कर अपनी राय केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवार पर अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति करेगी। इसकी आधिकारिक घोषणा पार्टी करेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जैसे अर्जुन मुंडा, रघुबर दास, मधु कोड़ा या चंपई सोरेन को उम्मीदवार बनाया जा सकता है, तो उन्होंने कहा कि यह निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से उसकी जीत सुनिश्चित करने में जुटेंगे। भाजपा ने घोषणा की है कि वह 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में झारखंड की दो सीटों में से एक पर अपना उम्मीदवार उतारेगी।
इनमें एक सीट शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई है, जबकि भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा हो रहा है। 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में एनडीए के पास 24 विधायक हैं, जबकि इंडिया गठबंधन के पास 56 सदस्य हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है।
टीम एबीएन, रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन छह जून से दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगे, जिस दौरान वह पार्टी के कई कार्यक्रमों और संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का झारखंड का यह पहला दौरा होगा।
भाजपा की झारखंड इकाई के महासचिव अमर बाउरी ने कहा, भाजपा अध्यक्ष छह जून को पूर्वाह्न 11:30 बजे रांची हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। हवाई अड्डे के आसपास एक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
उसी दिन वह पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि सात जून को नितिन नवीन युवाओं के साथ संवाद करेंगे और विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे।
नितिन नवीन का यह दौरा झारखंड में राज्यसभा की दो सीट के लिए चुनाव से पहले हो रहा है। इस चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है, जबकि मतदान 18 जून को होगा।
इनमें से एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई है, जबकि दूसरी सीट पर भाजपा के दीपक प्रकाश सदस्य हैं, जिनका छह वर्षीय कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse