रांची। कोरोना संक्रमित लोगों की पहचान के लिए डोर टू डोर सर्वे कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर रैपिड एंटीजन टेस्ट भी कर रही है। इस दौरान गुरुवार को 317 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि की गयी। पॉजिटिव पाये गये लोगों में 17 बच्चे भी हैं। जाहिर है, बच्चे भी अब कोरोना से अछूते नहीं हैं। 52 लाख घरों के सर्वे का है लक्ष्य : यह देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट ने भी कमर कस ली है। कोविड पॉजिटिव पाये गये बच्चों को तत्काल कोविड केयर सेंटर में इलाज के लिए एडमिट करा दिया गया है। बाकी लोगों को होम आइसोलेशन किट लेकर घरों में रहने की सलाह दी गयी है। कोरोना का थर्ड वेव के आने पहले डिपार्टमेंट अलर्ट हो गया है। कोरोना के गांव कनेक्शन को लेकर भी सतर्कता बढ़ती जा रही है। इसी के तहत 52 लाख घरों का सर्वे किया जा रहा है। 3 जिलों में मिले 50 से ज्यादा मरीज : कोरोना के नये मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। राहत की बात यह है कि 3 जिलों को छोड़कर बाकी अन्य जिलों में कहीं भी 50 से ज्यादा मरीज नहीं मिले हैं। रांची में 89, धनबाद 76 और ईस्ट सिंहभूम में 67 मरीज मिले हैं। बाकी जिलों मे 12 से लेकर 43 तक कोरोना के मरीज सामने आये हैं।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 27 मई को यास चक्रवर्ती तूफान झारखंड में प्रवेश कर गया है जिसके कारण राज्य के पलामू, गढ़वा दो जिलों में ज्यादा बारिश होने की संभावना है. वही मध्य भाग गुमला, लोहरदगा, चतरा, रामगढ़, लातेहार और खूंटी के कई इलाको में तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं चक्रवाती तूफान के रांची में प्रवेश होने के बाद कई इलाको में तेज बारिश हो रही है. वहीं बोकारो और हजारीबाग में भी कहीं- कहीं पर भारी बारिश होने की संभावना है. यास साइक्लोन की वजह से राजधानी में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार तेज बारिश से धुर्वा इलाके में एक घर की दीवार गिर गई. जिसमें दबने से एक मासूम समेत 2 लोगों की मौत हो गई. मामले की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची. जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि धुर्वा के सेक्टर 5 स्थित बांग्ला स्कूल के पास एक घर की दीवार गिर गई, जिसकी वजह से कमरे में सोए हुए दो लोग जिनमें एक साल का बच्चा और एक वयस्क आदमी हैं दोनों दब गए, जिसकी वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है. मृतक बाप-बेटे थे. पिता का नाम शंकर पांडे था जबकि एक साल के बच्चे का नाम ऋषभ पांडे था. पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची हुई है और दोनों शवों को निकालने का काम किया जा रहा है.
रांची। झारखंड में लॉकडाउन एक सप्ताह यानी (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) 3 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए झारखंड सरकार ने पूरे राज्य में पाबंदियां लगायी हैं। मंगलवार को आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसकी अध्यक्षता सीएम हेमंत सोरेन ने की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सचिवालय अब दोपहर 2:00 बजे तक खुले रहेंगे। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों को खोला जायेगा। किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक लाने के लिए ई-पास की जरूरत नहीं रहेगी। बाजार दोपहर दो बजे तक ही खुलेंगे।
मनातू पलामू। पुलिस वाहन और टेंपो की टक्कर में दो बारातियों की मौत सोमवार की की रात करीब 10 हो गयी। समाचार के अनुसार पाटन प्रखंड के ग्राम महुलिया से अरुण भुईया के घर से बारात टेंपो से मनातू प्रखंड के ग्राम रहेया शिवनंदन भुईयां के यहां आ रही थी। टेंपो में सवार बराती सेमरी ग्राम के साहू भट्ठा के पास शौच के लिए रुका था। कुछ बराती शौच के लिए गए थे कुछ टेंपो में ही बैठे थे। इसी दौरान पेट्रोलिंग कर रही पुलिस की स्कॉर्पियो से टेंपो में अनियंत्रित होकर रोड पर खड़े बारातियों को बचाने में टेंपो में जोरदार टक्कर हुई। टेंपो में बैठे दीपन भुइयां 52 वर्ष की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि उमेश भुइयां की मौत इलाज के दौरान हो गई। दीपन भुइयां पाटन प्रखंड के सिरमा और उमेश भुईयां पाटन प्रखंड के मोहनिया गांव के निवासी थे। इस घटना में पुलिस स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं एक जवान घायल हो गये। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस स्कार्पियो गश्ती के लिये निकली थी। इस दौरान पुलिस स्कार्पियो सड़क पर खड़े कुछ व्यक्तियों को देखकर अनियंत्रित होकर टेंपो में टकरा गया। मृतक दीपन भूईया और उमेश भुईयां को अंत्य परीक्षण के लिए मेदिनीनगर भेजा गया है एवं मृतक के परिवारों को बॉडी सौंपी गई है। पुलिस इस घटना में मृतको को 10 हजार व घायलों को तीन-तीन हजार प्रदान किया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी पलामू अनूप कुमार बढ़ाईक ने भी घटनास्थल की जानकारी ली। मृतक के परिजन से मिले पाटन बीडीओ और थाना प्रभारी : पुलिस वाहन की चपेट में आने से दीपन भुईयां तथा उमेश भुईया की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पाटन बीडीओ प्रभाकर मिर्धा और थाना प्रभारी प्रकाश कुमार मृतकों के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया । पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा जो भी सहायता होगी परिजनों को हर हाल में दिलाया जायेगा। पाटन बीडीओ प्रभाकर मिर्धा ने बताया कि मृतक के परिजनों को एक लाख , विधवा पेंशन व अंबेडकर आवास दिया जायेगा। बीधवा पेंशन एवं अम्बेडकर आवास दिया जायेगा।
मेदिनीनगर। चतरा सांसद सुनील सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्द्धन को पत्र भेजकर चतरा, पलामू व गढ़वा जिले में प्राथमिकता के आधार आक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति देने का आग्रह किया है। सांसद ने कहा कि चतरा लोकसभा क्षेत्र में लातेहार व पलामू जिला का एक विधानसभा क्षेत्र पांकी आता है। स्वास्थ्य व यातायात सेवाओं की दृष्टि से अत्यंत पिछड़ा व उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र है। उक्त तीनों जिले को आकांक्षी जिले में भी शामिल किया गया है। स्वास्थ्य और यातायात दोनों सुविधाओं के अभाव के कारण जिले में कोविड 19 से निपटने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य रूप से तीनों जिले के अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति की समस्या है। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देश में प्रथम चरण में 52 और दूसरे चरण में 200 पीएसए आॅक्सीजन प्लांट स्थापित किये जा रहे हैं, परंतु इन दोनों सूची में चतरा लोकसभा के चतरा, लातेहार व पलामू जिले में से एक भी शामिल नहीं किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा पलामू व चतरा के प्रस्ताव डीआरडीओ को भेजा गया था और एनएचएआइ को जमीन का भी निरीक्षण करवाया जा चुका है। सांसद श्री सिंह ने पलामू, लातेहार व चतरा जिले में पीएसए आक्सीजन प्लांट स्थापित कराने की मांग केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से की है। ताकि कोविड के संकट के समय में इन पिछड़े जिलों में नागरिकों को आॅक्सीजन की कमी के कारण जान बचायी जा सके।
पाटन पलामू। सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह शुक्रवार को पाटन के किशनपुर बाजार पहुंचे। उन्होंने बाजार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि सरकार द्वारा प्रतिबंधित करने के बावजूद कई दुकानों को खोला गया है। ऐसे कुल छह दुकानों को एसडीओ ने सील कर दिया। वहीं कोरोना के गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर विभिन्न दुकानदारों से बतौर जुमार्ने के रूप में 1700 रुपये की वसूली भी की गयी। इस दौरान एसडीओ व टीओपी 3 के प्रभारी बिनोद राम ने सड़क पर ई पास की भी जांच की। एसडीओ ने सभी दुकानदारों को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया। साथ ही संक्रमण के इस दौर में व्यवसायियों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए प्रतिबंधित दुकानें नहीं खोलने,संक्रमण से खुद को बचाने एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने बिना ई-पास एवं अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
गढ़वा। गढ़वा-शाहपुर मुख्य मार्ग पर भीखही मोड़ के समीप ई पास व ट्रिपल लोडिंग वाहन की जांच कर रहे एक पुलिस की जवान को मोटरसाइकिल सवार ने जोरदार धक्का मार दिया। पुलिस जवान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मोटरसाइकिल सवार एक युवक की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। साथ ही मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में मृतक जवान पलामू जिला के छतरपुर के रसीदा गांव निवासी (मूल निवासी भोजपुर बिहार) प्रमोद राय 40 वर्ष बताया गया है। जबकि मोटरसाइकिल सवार मृतक पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी सुभाष कुमार 26 वर्ष है। घायलों में पथरा गांव निवासी क्रांति कुमार 22 वर्ष व छोटू कुमार 20 वर्ष का नाम शामिल है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार डंडा पुलिस भीखही मोड़ पर ई पास व ट्रिपल लोडिंग वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पथरा की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल सवार को आरक्षी प्रमोद राय ने रोकने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल तेज रफ्तार के कारण प्रमोद राय को धक्का मारते हुए कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे जवान प्रमोद राय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान सुभाष कुमार की मौत हो गई। घायल दो अन्य मोटरसाइकिल सवारों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी श्रीकांत एस खोटरे, एसडीपीओ अवध कुमार यादव, गढ़वा थाना प्रभारी संजय कुमार ने अस्पताल पहुंचकर दुख प्रकट किया। एसपी ने बताया कि पुलिस भिखही मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच जवान को एक मोटरसाइकिल सवार ने धक्का मार दिया। जिससे जवान की मौत हो गई। यह बहुत ही दुखद घटना है। एसपी ने लोगों से अपील किया है कि पुलिस आपकी सेवा में है। मदद करें । ताकि इस तरह की घटना दोबारा ना हो। मृत आरक्षी के शव का पोस्टमार्टम कराकर घर भेज दिया गया है। पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुमार कुशवाहा ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि पुलिस कप्तान द्वारा अगर पहले से तैयारी कर बैरिकेटिंग व ब्रीफिंग जवानों के साथ किया जाता तो शायद इस तरह की घटना नहीं घटती। उन्होंने कहा घटना की सूचना महासंघ को दे दी गई है।
हजारीबाग। सदर विधायक मनीष जायसवाल ने गुरुवार को वर्चुअल प्रेस-कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने हजारीबाग में सिलिंडर चोरी के मुद्दे व कोरोना काल में खुद के सेवा कार्यों के बारे में बताया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आॅक्सीजन सिलिंडर और रेगुलेटर चोरी के मामले पर विधायक ने कहा कि या मामला पुलिस अनुसंधान के क्रम में है। हाईकोर्ट ने भी इस पर स्वत: संज्ञान लिया है। अस्पताल प्रबंधन का एफआईआर प्रीमेच्योर था। अस्पताल प्रबंधन को पहले अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए था फिर एफआईआर। पुलिस इस गंभीर और संवेदनशील मामले पर निष्पक्ष जांच कर और इसमें शामिल असंवेदनशील लोगों को समाज के समक्ष लाकर पूरे मामले को उजागर करे एवं उन्हें कठोर दंड दे। शिकायत के बावजूद नहीं लिया कोई एक्शन : उन्होंने एचएमसीएच में पदस्थापित डॉक्टरों के इस आपदा काल में कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा किया। कहा कि एचएमसीएच में करीब 100 डॉक्टर हैं। यहां 200 से अधिक मरीज एक बार में इलाज नहीं कराते होंगे। ऐसे में प्रति 2 मरीज एक डॉक्टर पदस्थापित होने के बावजूद भी यहां कोरोना पीड़ित मरीजों को दो-तीन दिन बाद किसी डॉक्टर ने जाकर देखा। यहां पदस्थापित अनेकों स्पेशलाइजेशन चिकित्सक हैं जिन्होंने एमबीबीएस किया है। वे चाहते तो एक बेसिक डॉक्टर की सेवा देते हुए यहां मची अफरा-तफरी को समाप्त कर सकते थे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मैंने इस संबंध में हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से जब शिकायत किया तो उन्होंने स्पष्ट कहा की हम इन्हें कुछ नहीं कर सकते। सदर विधायक ने कहा कि दरअसल यहां पोस्टेड डाक्टर्स उच्च व रसूखदार हैं। उन्हें एचएमसीएच में आकर सेवा नहीं करने का भय नहीं रहता है। वे अपने मन के मालिक हैं। उनकी लॉबिंग काफी मजबूत है। वे राजधानी या अन्य जगहों पर रहते हैं। श्मसान घाट से होगा सीधा प्रसारण : श्री जायसवाल ने बताया कि जिले के दो बड़े श्मशान घाट खीरगांव अवस्थित मुक्तिधाम और कोनार पुल श्मशान घाट से सीधा प्रसारण की पूरी तैयारी कर ली गई है। दोनों जगहों पर 4- 4 कैमरा इंस्टॉल किया गया है। कहा कि इससे लोग अपनों के शव को अंतिम नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। श्री जायसवाल ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत ढाई लाख मास्क का वितरण विभिन्न माध्यमों से किया जा रहा है। 1850 कोविड मेडिसिन किट स्थानीय चिकित्सकों की राय - सुमारी के बाद जरूरतमंदों के बीच बांटा जा रहा है। 76 आॅक्सीजन सिलेण्डर और सैकडों आॅक्सीजन फ्लो मीटर के माध्यम से अब तक करीब 212 लोगों को लाभान्वित किया गया है। एक आॅक्सीजन युक्त एंबुलेंस हजारीबाग और आसपास के मरीजों के लिए मुफ्त में शुरू किया गया। गरीब लोग भूखे न रहें इसलिए 50,000 का कच्चा राशन युक्त फूड पैकेट्स का निर्माण और वितरण रोज बेसिस पर शुरू किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse