झारखंड

View All
Published / 2021-04-10 14:59:29
विद्यालय में नहीं हो सुविधाओं का अभाव : सुदेश महतो

सिल्ली। एसएस प्लस टू विद्यालय सिल्ली में नये भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को स्थानीय विधायक सुदेश कुमार महतो ने किया। अतिरिक्त 10 कमरे के भवन निर्माण कार्य समग्र शिक्षा विभाग से कुल 60 लाख रुपये से किया जाएगा। इस मौके पर विधायक ने कहा कि प्रखंड के इस बुनियादी विद्यालय में सुविधाओं की अभाव नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इस विद्यालय के स्थापना पढ़ाई के क्षेत्र में स्थानीय लोगों के सपनों को साकार के लिए हुई थी। हम उनकी अनदेखी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सुविधा भी छात्र-छात्राओें की संख्या के हिसाब से होनी चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि विद्यालय की जमीनों पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है जिसका जांच कर अतिक्रमण से रोका जाएगा और क्षेत्र की पहचान इस विद्यालय का अस्तित्व को मिटने नहीं दिया जाएगा। प्रधानाध्यापक आदित्य नाथ झा ने कहा कि विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ने से विद्यालय के संसाधन कम पड़ रहे हैं। कमरे के अभाव में छात्र-छात्राओं की नामांकन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है अब यह भवन विद्यालय के लिए कारगर होगा। वहीं उन्होंने भवन निर्माण में विधायक के प्रयास की सराहना करते हुए आभार जताया। कार्यक्रम से पूर्व विधायक एवं अन्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ने पुष्प गुच्छ एवं छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर किया। मौके पर गूंज परिवार के अध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चितरंजन महतो, पंचायत समिति सदस्य मोती मुंडा, शिक्षक पवन कुमार पांडे, ओम प्रकाश, भारती महतो, मोना कुमारी, पूजा प्रिया, उषा कुमारी, सरिता कुमारी, आनंद प्रसाद, रामानुज प्रसाद, अनुज, रामानंद प्रसाद सिंह, आनंद प्रसाद, रविंद्र कुमार महतो, कृष्णा उरांव समेत अभिभावक व छात्र गण उपस्थित थे।

Published / 2021-04-10 11:44:01
माओवादी कमांडर बुद्धेश्‍वर को लेवी के पैसे पहुंचाने जा रहे तीन गिरफ्तार

गुमला। लेवी के एक लाख 90 हजार रुपये के साथ पुलिस ने तीन लोगों को धर दबोचा। तीनों लेवी की राशि माओवादी कमांडर बुद्धेश्‍वर के पास पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने चैनपुर ब्‍लॉक मोड़ के पास बाइक सवार दो लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक लाख 85 हजार रुपये बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सुरेश व रवि सिंह बताया। बताया कि गाई डैम के पास नहर मरम्मत करवा रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से माओवादी कमांडर बुधेश्वर ने दो लाख रुपये लेवी मांगी थी। कंपनी के मुंशी ने एक लाख 90 हजार रुपये दिया। फिल्‍मोंन कुजूर ने राशि बुद्धेश्‍वर के पास पहुंचाने के लिए दिया था। दोनों की निशानदेही पर फिल्‍मोन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उसके पास रखे 5 हजार रुपये भी जब्‍त कर लिया। गिरफ्तार नक्सलियों में रायडीह थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के सुरेश साहू, जारी थाना क्षेत्र के पुलुंग गांव निवासी रवि सिंह व डुमरी थाना क्षेत्र के फिल्मोंन कुजूर शामिल है। एसपी को सूचना मिली थी कि नव गाई डैम के पास नहर मरम्मत का कार्य करवा रहे एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से माओवादी कमांडर बुधेश्वर द्वारा दो लाख रुपए लेवी की मांग की गई है। लेवी की राशि 9 अप्रैल को किया जाना है। सूचना के आधार पर चैनपुर सर्किल के SDPO के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने प्‍लानिंग के तहत जैसे ही ये लोग लेवी की राशि लेकर निकले चैनपुर ब्लॉक मोड़ के पास एक चेकनाका लगाकर दोनों को धर दबोचा।

Published / 2021-04-10 11:24:44
कोरोना : गंभीर मरीजों को भी नहीं मिल रहा बेड, प्राइवेट हॉस्पिटल्स ने खड़े किये हाथ

एबीएन डेस्क रांची। झारखण्ड की राजधानी रांची में कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में काफी संख्या में लोग आ रहे हैं। राजधानी में हर दिन कोराना संक्रमण के लगभग 800 नये मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को स्थिति यह है कि सीरियस मरीजों को भी हॉस्पिटल में बेड नहीं मिल रहा है। वहीं प्राइवेट हॉस्पिटल्स ने तो हाथ खड़े कर दिये हैं। चूंकि वहां पर कोविड के अलावा अन्य मरीजों का भी इलाज किया जा रहा है। सरकारी हॉस्पिटल्स की भी स्थिति खराब है. कुछ सेंटरों में तो मैनपावर की कमी के कारण मरीज भाग जा रहे हैं। एक ऐसा ही मामला सदर हॉस्पिटल में सामने आया। जहां स्टाफ नहीं होने के कारण कोरोना का मरीज परेशान हो गया और हॉस्पिटल से भाग खड़ा हुआ। सिटी के सभी बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल्स ने पिछले साल कोरोना के कहर को देखते हुए होटलों के साथ टाईअप किया था। लॉकडाउन में होटल पूरी तरह से बंद थे। तब होटलों को ही कोविड सेंटर में तब्दील कर दिया गया था। लेकिन इस बार हॉस्पिटल प्रबंधन ने होटल संचालकों से संपर्क किया। पर इस बार सभी होटल खुले हैं और वहां पर कस्टमर आ रहे हैं। जिससे होटल संचालकों ने साफ मना कर दिया है। उनका कहना है कि अगर होटल खाली होता तो हॉस्पिटल के साथ जुड़ जाते। केस 1 : अपर बाजार के महावीर चौक का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे तत्काल सदर हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। इलाज के दौरान उसने जब ड्यूटी स्टाफ से पानी मांगा, तो उसे खुद से ग्राउंड फ्लोर से लाने को कह दिया गया। इसके बाद मरीज ने स्थिति को भांपा और वहां से भाग कर अपने घर आ गया। फिलहाल वह घर पर ही इलाज करा रहा है। केस 2 : अरगोड़ा के ट्विन टावर की एक महिला कोविड पॉजिटिव पायी गयी। पिछले दो दिनों से वह बेड के लिए परेशान है, लेकिन किसी हॉस्पिटल में उन्हें बेड नहीं मिल पा रहा है। प्राइवेट के अलावा गवर्नमेंट में भी जब बेड नहीं मिला तो अब वह सेल्फ आइसोलेशन में रह कर इलाज करा रही हैं। उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। क्या कहते हैं हॉस्पिटल के अधिकारी : भगवान महावीर मेडिका हॉस्पिटल के मेडिकल एडवाइजर आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि होटल के साथ टाईअप के लिए अप्रोच किया था लेकिन उन्होंने मना कर दिया। अब हमारे बेड पैक्ड हैं और नया पेशेंट नहीं ले सकते। पिछली बार हमने होटलों में भी मरीजों का इलाज किया था। आर्किड हॉस्पिटल के पीआरओ हृदय कुमार ने बताया कि हमारे हॉस्पिटल में कोविड पेशेंट के लिए बेड फुल हो चुके हैं। होटलों से बात हो रही है, लेकिन जब खाली होंगे तभी वे देने को तैयार हैं। अभी तो नये मरीज को एडमिट नहीं ले सकते। जब होटल खाली होंगे तो टाईअप कर मरीजों का वहां पर इलाज करेंगे।

Published / 2021-04-10 09:07:04
रांची डीसी ने किया अफवाह का खंडन, रविवार को खुला रहेगा बाजार

एबीएन डेस्क, रांची। राज्य सरकार के आदेशानुसार 8 से 30 अप्रैल 2021 तक रात 8 बजे के बाद दुकानों/ प्रतिष्ठानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। दिन भर बाजार बंद करने संबंधी कोई भी आदेश/ निर्देश जारी नहीं किया गया है।सभी जिम और पार्क 8 से 30 अप्रैल 2021 तक पूर्णतः बन्द रहेंगे। परन्तु बाजार रात्रि 8 बजे तक खुले रह सकते हैं। रात्रि 8 बजे के बाद ही दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। रांची वासियों से यह अपील है कि ऐसे किसी भी पूर्णतः बाजार बंदी की भ्रामक खबर पर ध्यान न दें। शनिवार या रविवार के दिन भी बाजार यथावत 8 बजे रात्रि तक खुले रहेंगे। राज्य सरकार के द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।

Published / 2021-04-09 15:27:33
हजारीबाग : कोरोना-वोरोना से नहीं है डर, हमें पढ़ने दीजिये सर

हजारीबाग। देश में मौजूदा समय में कोरोना वायरस की दूसरी लहर चल रही है और ये लहर पहली वाली से ज्यादा खतरनाक बताई जा रही है। शुक्रवार को देश में कोरोना के एक लाख 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जो कि अबतक का सर्वाधिक आंकड़ा है। राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी शैक्षणिक संस्थान, स्कूल और कॉलेज बंद करने का फैसला किया है। इसी को लेकर छात्रों के बीच खासा गुस्सा देखा जा रहा है। शुक्रवार को कोचिंग हब माने जाने वाले कोर्रा,मटवारी में प्रशासन द्वारा कोचिंग बंद करा दिया गया। जिसके बाद कोचिंग संस्थान के सैकड़ो छात्र सड़क पर उतर गए और हंगामा करने लगे। कोरोना को लेकर जारी नई गाइडलाइंस के खिलाफ छात्र सड़कों पर उतर गये। हंगामा करते व नारा लगाते हुए छात्र कोर्रा चौक पहुंचे और सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना के बाद सदर एसडीपीओ महेश प्रजापति, बीडीओ अमिताभ भगत, सीसीआर डीएसपी अमिता लकड़ा घटनास्थल पर पहुंची और छात्रों को समझाने की कोशिश की। लेकिन छात्र नहीं माने। अंतत: पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा जिसके बाद छात्र दो गुटो में बट गये। कुछ छात्र कोर्रा चौक में रूके रहे और कुछ हजारीबाग के डिस्ट्रिक्ट मोड़ जाकर सड़क जाम कर दिया। खबर लिखे जाने तक छात्र सड़क जाम कर नारे लगा रहे थे। कई कोचिंग संस्थानों में सरकारी गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। एक ही कमरे में 50/50 छात्रों को ढूस-ढूस कर बैठाया जा रहा था। छात्र बिना मास्क के कोचिंग क्लासेस में आ रहे थे। इधर हजारीबाग में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढती जा रही है। प्रशासन को जब ये सूचना मिली कि कोचिंग संस्थानों में ऐसा हो रहा है तो प्रशासन ने मजबूरन ऐसे कोचिंग संस्थानों को बंद करने को कहा जिसके बाद ये सारा खेल हुआ। सुत्रों की माने तो इन छात्रों को कोचिंग संचालकों द्वारा भड़काने का काम किया गया है। आॅनलाइन क्लासेस लें कोचिंग संस्थान के संचालक : स्थानीय निवासी वहीं कोर्रा व मटवारी के स्थानीय निवासियों ने कहा कि सुबह व शाम में जुलूस के शक्ल में छात्रों की भीड़ हो जाती है। सरकारी गाइडलाइन के चलते रामनवमी जैसे पर्व में जुलूस नहीं निकाला जा रहा। संचालकों को छात्रों को समझाना चाहिए। जैसे स्कूल आॅनलाइन क्लासेस ले रहे हैं। क्या कोचिंग संस्थान के संचालक आॅनलाइन क्लासेस नहीं ले सकते। आजकल किस छात्र के पास मोबाइल की सुविधा नहीं है। छात्र मास्क उपयोग नहीं करते। हमलोग को भी डर लगता है कि कहीं इन लोगों के कारण हमलोग संक्रमण का शिकार ना हो जाय। सरकार ने जो भी निर्णय लिया है वो स्वागत योग्य है। अगर एक बार संक्रमण फैल गया तो क्या इसकी जिम्मेवारी कोचिंग संस्थान के संचालक लेंगे।

Published / 2021-04-09 11:02:09
चारा घोटाला : लालू यादव को नहीं मिली जमानत, अगली सुनवाई 16 को

रांची। चारा घोटोला मामले में सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू यादव को जमानत नहीं मिली। शुक्रवार, यानी 9 अप्रैल 2021 को लालू यादव की सजा की अवधि आधी पूरी हो रही थी। ऐसे में उनके वकील ने झारखंड हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी। जस्टिस अपरेश सिंह की अदालत में मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान CBI के अधिवक्ता ने अदालत से काउंटर एफिडेविट दायर करने के लिए 3 दिन का वक्त मांगा। अदालत ने CBI को 3 दिन का समय देते हुए एफिडेविट दायर करने को कहा। मामले की अगली सुनवाई अब 16 अप्रैल को निर्धारित की गई है। लालू के वकील ने बताया कि 9 अप्रैल को चारा घोटाले के दुमका कोषागार मामले में राजद सुप्रीमो की सजा की आधी अवधि पूरी हो रही है। इससे पहले भी 19 फरवरी 2021 को हाईकोर्ट ने लालू यादव को जमानत देने से इंकार कर दिया था। तब लालू की याचिका कोर्ट ने यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि उन्‍होंने कुल सजा की आधी अवधि पूरी नहीं की है। फिलहाल, गंभीर बीमारियों से ग्रसित लालू दिल्ली के एम्स में इलाजरत है।

Published / 2021-04-08 13:24:14
हर घर को मिलेगा शुद्ध पेयजल : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने रंका प्रखंड के तमगे कला में 11 करोड रुपए की लागत से बनने वाले ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस योजना से तमगे कला पंचायत के सात गांव का 1234 घर लाभान्वित होगा। मंत्री ने कहा कि गढ़वा के सभी गांव के प्रत्येक घर को शुद्ध पेय जल उपलब्ध कराया जाएगा। इस दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य की जनता को घर घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। रंका के तमगे कला में 10 करोड़, 93 लाख, 94 हजार, 337 रुपए की लागत से इस जलापूर्ति योजना का निर्माण किया जाएगा। इस योजना से तमगेकला, जोगीखुरा, मुंगदह, केदाल, उल्का, पिंडरा तथा जोलंगा गांव के 1234 घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। सरपदहा जोलंगा डैम से जलापूर्ति की जाएगी। इस योजना की डब्ल्यूटीपी की क्षमता 1.40 एमएलडी, जल मीनार की क्षमता 3.60 लाख लीटर तथा वितरण प्रणाली की लंबाई 42452 मीटर है। मंत्री ने कहा कि 31 जनवरी 2023 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने की तिथि निर्धारित है, परंतु इसका काम समय अवधि पहले ही पूर्ण हो, इस बात का ध्यान संवेदक रखेंगे। मंत्री ने कहा कि कार्य किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी हर हाल में कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य गुणवत्ता पूर्ण हो यह संवेदक सुनिश्चित करें तथा संवेदक को कार्य करने में कोई परेशानी ना हो यह हमारे कार्यकर्ता सुनिश्चित करेंगे। समय से पहले ही कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए ताकि जल्द से जल्द लोगों के घर शुद्ध पेयजल पहुंच सके। मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता प्रदीप सिंह, आशीष गुप्ता, कार्तिक पांडे, दीपक सोनी, इरफान अंसारी, मुमताज रंगसाज आदि लोग उपस्थित थे।

Published / 2021-04-08 13:16:59
डीपीएस बोकारो की प्रतिष्ठा ने लिखा अंग्रेजी उपन्यास

बोकारो। दिल्ली पब्लिक सकूल, बोकारो की 12वीं कक्षा की छात्रा प्रतिष्ठा मिश्रा ने पौराणिक कथाओं पर आधारित अंग्रेजी उपन्यास ‘धर्म ट्रांसपायर्ड’ लिखकर होनहार बिरवान के होत चिकने पात वाली कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। प्रतिष्ठा जब सातवीं में थी, तभी उसने रचनात्मक लेखन की शुरुआत कर दी थी। कोविड-19 के दौरान हुए लॉकडाउन का सदुपयोग करते हुए उसने अपनी लेखनी प्रतिभा को निखारने पर ध्यान केंद्रित किया और उसी का नतीजा है कि उसने यह उपन्यास लिखकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा को एक मुकाम देने में सफलता हासिल की है। प्रतिष्ठा मिश्रा की पुस्तक मार्च, 2021 के तीसरे सप्ताह में प्रकाशित हुई जो आॅनलाइन भी उपलब्ध है। यह उपन्यास भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है। यह पुस्तक पौराणिक शिक्षाओं में एक अंतर्दृष्टि देती है। पुस्तक में प्रस्तुत दृष्टांत भारतीय पौराणिक कथाओं के बारे में लेखिका की कल्पना को दर्शाता है। अपने विद्यालय के प्राचार्य को पुस्तक भेंट करते हुए प्रतिष्ठा ने कहा कि उसके लिए डीपीएस बोकारो हमेशा एक प्रेरक कारक रहा है और शिक्षकों ने उसे लिखने के लिए सदैव प्रोत्साहित किया है। अंग्रेजी विभाग में सभी शिक्षकों का मानना था कि वह एक किताब लिख सकती हैं, शिक्षकों की इसी प्रेरणा व प्रोत्साहन की बदौलत वह पुस्तक लेखन की ओर अग्रसर हुई और सफल रही। प्रतिष्ठा के लेखन कौशल की सराहना करते हुए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य एएस गंगवार ने उसे इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Page 1550 of 1564

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse