लातेहार। लातेहार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टीपीसी के एरिया कमांडर रमेश गंझू उर्फ़ बोड़ा जी सहित 7 उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। लातेहार एसपी प्रशांत आनंद को मिली गुप्त सूचना पर एएसपी अभियान विपुल शुक्ला के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने यह सफलता हासिल की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बालूमाथ थाना के शेरगढ़ा के पास टीपीसी के उग्रवादी किसी व्यवसाई से लेवी की राशि वसूलने पहुंचने वाले हैं। छापेमारी दल ने सबसे पहले टीपीसी के तीन उग्रवादियों को एक लोडेड देशी रिवाल्वर और तीन सेट वर्दी के साथ पकड़ा। फिर उनकी निशानदेही पर शेरगड़ा के झरी साव को लेवी के 20 हज़ार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। एएसपी विपुल पांडेय ने बताया कि झरी के बताये अनुसार कार्रवाई कर बालूमाथ के बकरु टोला भेलवाही से टीपीसी के एरिया कमांडर रमेश गंझू उर्फ़ बोड़ा जी को एक सेमी आटोमेटिक राइफल, 136 जिन्दा गोली और लेवी के रुपयों के साथ पकड़ा गया। इसी क्रम में तीन अन्य उग्रवादी भी पकड़े गये। उनके पास से 1 लाख 47 रुपये नकद, कपड़ा और सामग्री बरामद की गयी। मौके पर से चार अन्य उग्रवादी भागने में सफल रहे। एएसपी ने बताया कि एरिया कमांडर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है तथा उसके विरुद्ध ज़िले के बालूमाथ, चंदवा और हेरहंज, चतरा के टंडवा व अन्य सीमावर्ती थानों में एक दर्जन से ज्यादा रंगदारी, आगजनी और हत्या के मामले दर्ज हैं।
सतबरवा पलामू। ट्रेनिंग कॉलेज सतबरवा के मैदान में 20 हजार क्विंटल से अधिक धान बारिश के पानी में पूरी तरह से भीग गया है। राज्य सरकार के उदासीनता और लचर व्यवस्था के कारण यह स्थिति बनी है। किसानों से एफसीआई के द्वारा खरीदे गए हजारों क्विंटल धान भीग जाने से रखे गए मैदान में ही अंकुरित हो गया। जिस स्थान पर एफसीआई द्वारा धान क्रयकेंद्र बनाया गया है वहां पर खुले आसमान और शिक्षा विभाग के टूटे-फूटे छात्रावास है जिसमें धान को रखा गया था। एफसीआई का अपना गोदाम नहीं होने के चलते किसानों से क्रय किए गए धान को ट्रेनिंग कॉलेज के छात्रावास और खुले आसमान के नीचे खेल मैदान के मैदान में रखा गया था। मापतौल करने और हटाने के कार्य में लगे मोटिया मजदूरों ने बताया कि करीब 20 हजार क्विंटल धान बारिश में भीग जाने के कारण खराब हो गया है। भाजपा नेता सह पोंची के किसान अशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि धान क्रयकेंद्र का धान खुले आसमान के नीचे पांच माह से रखा गया है। सैकड़ों भीगे धान बोरा में ही अंकुरित हो गया है और अंकुरित होकर जमीन से बाहर निकल आया है। वहां पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। राज्य सरकार का अपना गोदाम होता तो करोड़ों रुपए का नुकसान होने से बचाया जा सकता था। एफसीआई के गोदाम प्रबंधक श्यामलाल उरांव ने धान भींग जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अनाज रखने का अपना गोदाम होता तब धान को भीगने से बचाया जा सकता था। धान उठाव में देर होना भी धान भीगने का कारण बना है। बताया जाता है कि धान भीग जाने के चलते कई सौ करोड़ रुपये का नुकसान राज्य सरकार को हुआ है।
लोहरदगा। वनवासी कल्याण केंद्र का 51 वॉ स्थापना दिवस सम्पन्न हुआ। अस्पताल समिति के वैजनाथ मिश्र ने वैदिक रीति से हवन पूजन कार्यक्रम सम्पन्न कराया। हवन कार्यक्रम के पश्चात समिति के अध्यक्ष वैजनाथ मिश्र ने कहा कि 1970 में जब चिकित्सा कार्य प्रारंभ किया गया तो जिलावासियों के लिए अद्वितीय था। प्रारंभ के दिनों में नागपुर (महाराष्ट्र) से डा. एसटी सिलेदार एवं उनकी धर्म पत्नी डॉक्टर शिल्पा सिलेदार दोनों ने वनवासी वन्धुओं का सेवा व्रत लेकर कठिन परिस्थितियों में कार्य किया, वे लोहरदगा के लिए चिकित्सा कार्य के लिए वरदान सावित हुए। श्री मिश्रा ने उध्दारण दिया कि एक संघ के कार्यक्रम में जाना था लेकिन जाने के पूर्व एक गम्भीर मरीज के आ जाने से संघ कार्यक्रम में न जाकर मरीज का जान बचाया। आज पुन: उसी प्रकार का चिकित्सालय प्रारंभ करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उपस्थित कृपा प्रसाद सिंह ने संबोधन में कहा कि देश में फैले कोरोना काल में 17 राज्यों में वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा राहत कार्य किये जा रहे हैं। झारखंड में भी कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कार्यकतार्ओं को प्रशिक्षण देकर थनबाद, लोहरदगा गुमला एवं लातेहार जिला में कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मार्क्स वितरण, 5 प्रकार के दवाओं की कीट्स वितरण किये जा रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रमेश उपाध्यक्ष, राघव राणा, डॉ नन्दा सिंह, सुधीर अग्रवाल, ब्रजमनी पाठक, राजेश्वर उरांव, नवनीत कुमार सिंह, अमरनाथ वर्मा, वंशी बड़ाईक आदि ने कार्यक्रम में भाग लिए।
बालूमाथ। थाना क्षेत्र के हेरनहोपा ग्राम में बालूमाथ पुलिस ने छापामारी अभियान चलाकर 39 बोरा में 814 किलो अवैध डोडा बरामद किया है। बालूमाथ एसडीपीओ अजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ डीएसपी अजित कुमार के नेतृत्व में बारियातू टीओपी प्रभारी कुबेर साव एवं सब इंस्पेक्टर सुरेश मरांडी की गठित टीम ने शुक्रवार की सुबह लगभग 5:00 बजे राजू भुईया उर्फ राजू भारती पिता ननकू भुईया ग्राम हेरनहोपा के घर से 39 बोरा अवैध डोडा बरामद किया है। वहीं पुलिस ने राजू भुईया को गिरफ्तार कर लातेहार जेल भेज दिया है। वही बालूमाथ एसडीपीओ ने बताया कि जब्त डोडा की कीमत लगभग 5 लाख आंकी गई है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में जो भी लोग संलिप्त होंगे उसकी जांच की जा रही है उनके ऊपर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बालूमाथ पुलिस इंस्पेक्टर बबलू कुमार, थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार महतो शामिल थे।
गुमला। गुमला पुलिस एक लाख के इनामी भाकपा माओवादी नक्सली को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस संबंध में शुक्रवार को एसपी हार्दिक पी जनार्दन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि चैनपुर क्षेत्र में लगातार पुलिस द्वारा उग्रवादी संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली की कि भाजपा मोदी का एक नक्सली क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना के आधार पर अभियान एसपी के नेतृत्व में एक दल का गठन किया गया। गठित दल के द्वारा उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र चैनपुर थाना क्षेत्र के कटका ही गौरहाटी में छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। युवक ने पूछताछ में अपना नाम माधव भगत बताया। वह वर्ष 2013 से ही चैनपुर थाना के कई कांडों में फरार चल रहा था। चैनपुर थाना में उसके खिलाफ कांड दर्ज है।
रांची। कोरोना संक्रमित लोगों की पहचान के लिए डोर टू डोर सर्वे कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर रैपिड एंटीजन टेस्ट भी कर रही है। इस दौरान गुरुवार को 317 लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि की गयी। पॉजिटिव पाये गये लोगों में 17 बच्चे भी हैं। जाहिर है, बच्चे भी अब कोरोना से अछूते नहीं हैं। 52 लाख घरों के सर्वे का है लक्ष्य : यह देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट ने भी कमर कस ली है। कोविड पॉजिटिव पाये गये बच्चों को तत्काल कोविड केयर सेंटर में इलाज के लिए एडमिट करा दिया गया है। बाकी लोगों को होम आइसोलेशन किट लेकर घरों में रहने की सलाह दी गयी है। कोरोना का थर्ड वेव के आने पहले डिपार्टमेंट अलर्ट हो गया है। कोरोना के गांव कनेक्शन को लेकर भी सतर्कता बढ़ती जा रही है। इसी के तहत 52 लाख घरों का सर्वे किया जा रहा है। 3 जिलों में मिले 50 से ज्यादा मरीज : कोरोना के नये मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। राहत की बात यह है कि 3 जिलों को छोड़कर बाकी अन्य जिलों में कहीं भी 50 से ज्यादा मरीज नहीं मिले हैं। रांची में 89, धनबाद 76 और ईस्ट सिंहभूम में 67 मरीज मिले हैं। बाकी जिलों मे 12 से लेकर 43 तक कोरोना के मरीज सामने आये हैं।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 27 मई को यास चक्रवर्ती तूफान झारखंड में प्रवेश कर गया है जिसके कारण राज्य के पलामू, गढ़वा दो जिलों में ज्यादा बारिश होने की संभावना है. वही मध्य भाग गुमला, लोहरदगा, चतरा, रामगढ़, लातेहार और खूंटी के कई इलाको में तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं चक्रवाती तूफान के रांची में प्रवेश होने के बाद कई इलाको में तेज बारिश हो रही है. वहीं बोकारो और हजारीबाग में भी कहीं- कहीं पर भारी बारिश होने की संभावना है. यास साइक्लोन की वजह से राजधानी में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार तेज बारिश से धुर्वा इलाके में एक घर की दीवार गिर गई. जिसमें दबने से एक मासूम समेत 2 लोगों की मौत हो गई. मामले की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची. जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि धुर्वा के सेक्टर 5 स्थित बांग्ला स्कूल के पास एक घर की दीवार गिर गई, जिसकी वजह से कमरे में सोए हुए दो लोग जिनमें एक साल का बच्चा और एक वयस्क आदमी हैं दोनों दब गए, जिसकी वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है. मृतक बाप-बेटे थे. पिता का नाम शंकर पांडे था जबकि एक साल के बच्चे का नाम ऋषभ पांडे था. पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची हुई है और दोनों शवों को निकालने का काम किया जा रहा है.
रांची। झारखंड में लॉकडाउन एक सप्ताह यानी (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) 3 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए झारखंड सरकार ने पूरे राज्य में पाबंदियां लगायी हैं। मंगलवार को आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसकी अध्यक्षता सीएम हेमंत सोरेन ने की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सचिवालय अब दोपहर 2:00 बजे तक खुले रहेंगे। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों को खोला जायेगा। किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक लाने के लिए ई-पास की जरूरत नहीं रहेगी। बाजार दोपहर दो बजे तक ही खुलेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse