झारखंड

View All
Published / 2021-07-21 13:27:34
पलामू : हत्या, दुष्कर्म मामलों के आरोपी तीन नाबालिग ग्रील काटकर रिमांड होम से फरार

मेदिनीनगर। रिमांड होम से एक बार फिर तीन बाल कैदी फरार हो गये। तीनों नाबालिग हत्या, दुष्कर्म जैसे आपराधिक मामलों के आरोपी हैं। रिमांड होम के कमरे की खिड़की में लगी ग्रिल को काटकर नाली के रास्ते तीनों भाग निकले। बुधवार की सुबह गिनती के दौरान यह पता चला कि तीन बाल कैदी कैंपस में नहीं हैं। बाल कैदियों के भागने की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीओ राजेश साह और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चैहान ने रिमांड होम पहुंचकर घटना की जानकारी ली । उनके भागने का पता लगाया जा रहा है। पहचान के बाद उनके परिजनों से संपर्क साधा गया है। जानकारी के अनुसार रिमांड होम से भाग जाने की घटना मंगलवार की रात 11:09 बजे की है। फरार होने वाले बाल कैदी चैनपुर, रेहला और धनबाद के रहने वाले हैं। चैनपुर का बाल कैदी पूर्व में भी भागा था, लेकिन बाद में उसने सरेंडर कर दिया था। रिमांड होम का संचालन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जाता है।

Published / 2021-07-21 12:36:43
टीएमसी ने मनाया शहीद दिवस

रांची। चेशायर होम स्थित तृणमूल कांग्रेस झारखंड कार्यालय में बुधवार को शहीद दिवस मनाया गया। जिसमें 1993 में कोलकता स्थित राइटर्स बिल्डिंग के समीप मारे गये 13 कार्यकर्ताओं का श्रद्धांजलि दी गयी। मौके पर वरिष्ठ टीएमसी नेता कुमुद रंजन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 21 जुलाई को हम सभी शहीद दिवस मनाते हैं। मारे गये कार्यकर्ताओं के सम्मान में पार्टी कार्यालय का झंडा 24 घंटे के लिए झुका दिया गया। मौके पर दयानंद सिंह, संजय पांडे, सुधांशु साहा, उदय भानु सिंह, फिल्मोन टोप्पो, अरविंद गुप्ता, अशोक शर्मा, किशोर मिंज, हिमांशु सिंह, सतेंद्र साहू, नसीम अंसारी, अर्जुन लोहार, मिथलेश ठाकुर, सुरेश महतो आदि कई लोग उपस्थित थे।

Published / 2021-07-21 12:33:10
महुआडांड़ : मिनी गन फैक्टरी का उद्भेदन, एक महीने से अपहृत लड़की भी बरामद

महुआडांड़। महुआडांड़ एसडीपीओ राजेश कुजूर के नेतृत्व में महुआडांड़ थाना पुलिस ने मंगलवार को अहले सुबह अक्सी जंगल से छापामारी कर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के एरिया कमाण्डर समेत दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों में नसीम अंसारी पिता कयूम अंसारी, ग्राम लुरगुमी, वर्तमान पता फुलवार बगीचा एवं राम प्रसाद लोहरा पिता सुरेन्द्र लोहरा, ग्राम बासकरचा, दोनों थाना महुआडांड जिला लातेहार का नाम शामिल हैं। इस संबंध में महुआडांड एसडीपीओ राजेश कुजूर ने बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के दो उग्रवादी महुआडांड थाना क्षेत्र स्थित अक्सी जंगल में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी दल का गठन कर अभियान चलाकर उक्त दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही इस दरम्यान नेतरहाट थाना क्षेत्र स्थित ग्राम छगराही से नसीम अंसारी के द्वारा एक माह पूर्व अपहृत की गई एक लड़की को भी महुआडांड़ थाना पुलिस ने बरामद करने में सफलता हासिल की। वही दोनों की तलाशी के दरम्यान उनके पास से एक पिस्टल, प्रतिबंधित बोर 7.65 एम.एम. का 7 गोली, पीठु जिसमें वर्दी एवं अन्य समान रखा हुआ, टीभीएस मोटरसाइकल एवं देशी पिस्तौल बनाने का सामग्री एवं अर्धनिर्मित देशी पिस्तौल, मोबाइल सेट बरामद हुए। साथ ही गिरफ्तार उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के दोनों उग्रवादियों पर कई थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के महुआडांड क्षेत्र के एरिया कमाण्डर नसीम अंसारी लातेहार जिले के चार थाना क्षेत्र महुआडांड, गारू, नेतरहाट एवं बारेंसाढ़ में आतंक मचा रखा था। इसकी गिरफ्तारी होने से जंहा एक और आम नागरिकों को राहत मिली है तो वहीं प्रशासन का सिरदर्द भी कम हुआ। एसडीपीओ राजेश कुजूर ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों के द्वारा कई अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया गया है। जिसमें वर्तमान में मुख्य रूप जंगसी चैनपूर में बन रहे 132/33 के.वी. का पावर ग्रिड में गाड़ी जलाने एवं फायरिंग करने, ग्राम तम्बोली के नाबालिक के साथ बलात्कार करने के अलावे विकास योजनाओं का कार्य कर रहे ठीकेदारों एवं ईंट भट्टा मालिकों से जबरन लेवी वसुली करने का कार्य शामिल है। एसडीपीओ राजेश कुजूर ने बताया कि नेतरहाट थाना क्षेत्र स्थित ग्राम छगराही की रहने वाली एक युवती का एरिया कमाण्डर नसीम अंसारी के द्वारा एक माह पूर्व अपहृरण कर लिया गया था तथा जबरन साथ रख कर उसके साथ दु:कर्म कर रहा था। लड़की के परिजनों के द्वारा डर से इसकी सूचना थाने तक को नही दिया गया। गिरफ्तार उग्रवादी राम प्रसाद लोहरा के निशान देही पर महुआडांड थाना पुलिस ने मिनी गन फैक्टरी का भी उद्भेदन किया है। इसकी जानकारी देते हुए महुआडांड एसडीपीओ राजेश कुजूर ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी राम प्रसाद लोहरा अपने घर पर ही मिनी गन फैक्टरी लगा रखा था। जंहा कई हथियार भी मिले। एसडीपीओ राजेश कुजूर ने बताया कि महुआडांड़ थाना में कांड संख्या 52/21 एवं 53/21 धारा 25 (1बी)/26/35 आर्म्स एक्ट, धारा 366/ 376 भादवि एवं 17 सी. एल.ए. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। छापेमारी दल में एसडीपीओ राजेश कुजूर, महुआडांड थाना प्रभारी असीम रजक, पुअनि करण कुमार यादव समेत जिला पुलिस बल के जवान एवं सैफ के जवान शामिल थे।

Published / 2021-07-21 12:27:42
ऊपरघाट : सिंचाई का कुआं बना नहीं और निकल गये पैसे...

बेरमो /बोकारो थर्मल। नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित गोनियांटो पंचायत में मनरेगा योजना के तहत नव सिंचाई कूप का निर्माण कार्य में काफी अनियमितता समाने आयी है। लाभुक अघनु मांझी के खेत में बन रह कूप मात्र 15 से 20 फीट की कटिंग हुई है, लेकिन मेटेरियल का पैसा एक लाख 28 हजार की निकासी भी हो गयी है। इसी तरह अख्तर अंसारी का कूप लगभग 40 फीट की कटाई हो गयी थी, लेकिन मेटरियल के अभाव में काम नहीं हुआ। मगर इसका भी मेटरियल के पैसे एक लाख 28 हजार निकासी हो गयी है और गणेश मांझी की भी यही हाल है, इसका भी मेटरियल का पैसा निकासी हो गया है। लेकिन किसी लाभुक को पैसा नहीं मिलने से कूप का काम बंद हो गया, जिससे बरसात के कारण अख्तर अंसारी का कूप पूरी तरह से नेस्तनाबूद हो गया। लाभुकों के संबंधित अधिकारियों से पैसे मांगने पर कहते हैं कि विभाग में फंड नहीं है, ये बात कहते हैं। इस मामले में निवर्तमान मुखिया गणेश सोरेन मानते हैं कि लाभुकों के पैसे की निकासी कर ली गयी है। जेई राजीव रंजन भी मानते हैं कि पैसे की निकासी हो गयी है। बरसात के बाद नंवबर में कूप का निर्माण किया जायेगा।

Published / 2021-07-21 12:12:36
त्याग और बलिदान का प्रतीक है बकरीद : मिथिलेश

गढ़वा। गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बकरीद के मौके पर इस्लाम धर्मावलंबियों को मुबारकबाद दी है। उन्होंने बुधवार को गढ़वा विस क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर कई लोगों के घर पहुंचकर गढ़वावासियों सहित झारखंड वासियों को ईद-उल-अजहा की बधाई दी। मौके पर मंत्री ने कहा कि बकरीद का त्यौहार त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह लोगों को समाज के हित में त्याग करने एवं अपने प्यारे से प्यारे वस्तु की कुबार्नी देने का संदेश देता है। समाज के लोग एक दूसरे के सहयोग के लिए इसी तरह त्याग की भावना रखेंगे, तो यह समाज काफी बेहतर बनेगा। सभी लोगों को हमेशा समाजहित में अपने निजी स्वार्थ का त्याग करना चाहिए। एक-दूसरे के सहयोग से ही समाज का विकास होता है। इस दौरान मंत्री ने शहर के मदरसा रोड, उंचरी मुहल्ला सहित प्रतापपुर, चमरही, पतसा आदि गांवों में भ्रमण कर लोगों से मिलकर उन्हें बधाई दी। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, धीरज दुबे, मासूम खान, डॉ यासिन अंसारी, फुजैल अहमद, नसीम अंसारी आदि लोग उपस्थित थे।

Published / 2021-07-21 12:05:26
सावन में बंद रहेगा देवघर का बाबा मंदिर, भक्तों को रोकने के लिए बनेगा चेक पोस्ट

देवघर। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार संभावित तीसरी लहर को लेकर केंद्र सरकार एव राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के आदेशानुसार श्रावण मास में की जाने वाली व्यवस्था को लेकर बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान कोरोना संक्रमण के रोकथाम और संभावित तीसरी लहर के साथ श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए अन्य धार्मिक स्थलों के साथ-साथ बाबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं के प्रवेश निषेध किया है। इसके अलावे संक्रमण मुक्त वातावरण के अलावा बाबा मंदिर के आस-पास के क्षेत्रों में विधि व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिंदुओ पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता द्वारा जानकारी दी गई कि देवघर जिला में किसी भी प्रकार के श्रद्धालुओं का आगमन जो जलापर्ण के उद्देश्य से आ रहे हैं का प्रवेश ना होने पाए इस हेतु पांच जगहों यथा- अंधरीगादर, दर्दमारा, खोरीपानन, जयपुर मोड़ एव जमुआ को चिन्हित करते हूए चेक पोस्ट का निर्माण किया गया है। इसके अलावे वैसे जगह जहां से लोग जलार्पण हेतु देवघर आ सकते हैं उन जगहों को भी चिन्हित करते हुए ड्राप गेट का भी निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी चेक पोस्ट पर दंडाधिकारी, पुलिस बल के साथ-साथ कोरोना जांच हेतु डॉक्टर्स एव स्वास्थ्यकर्मी की भी प्रतिनियुक्ति रहेगी। देवघर आने वाले लोगो का कोविड जांच किया जाएगा एव रिपोर्ट के आधार पर जिन लोगों में कोविड के लक्षण पाए जाएंगे सभी को जिला क्वारंटाइन सेंटर ले जाया जायेगा। अपर समाहर्ता द्वारा रेलवे के अधिकारियों को निदेश देते हुए कहा गया कि "कोविड के गाइडलाइंस एव बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं का जलार्पण पूर्णत: बंद है" आदि बातों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाय। साथ ही अन्य राज्यो के जिलों के स्टेशनों के अधिकारियों से संपर्क करते हुए उक्त बातों का प्रचार-प्रसार कराया जाय। साथ ही प्रचार-प्रसार हेतु पि०ए० साउंड सिस्टम, हैंड बिल्स, पम्पलेट्स आदि का प्रयोग किया जाय, ताकि अधिक से अधिक लोगो को जागरूक किया जा सके। इसके अलावे अपर समाहर्ता द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि सभी चेक पोस्टों एव ड्राप गेट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाय ताकि चेक पोस्टों एव ड्राप गेट पर विधि व्यवस्था की समस्या ना होने पाए। साथ ही शहर के अंदर भी विभिन्न चिन्हित जगहो पर पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की जाय जिससे की यातायात व्यवस्था एव विधि व्यवस्था का संधारण सुगमतापूर्वक किया जा सके। साथ ही अपर समाहर्ता द्वारा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को निदेश दिया कि पीआरडी के माधयम से भी बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स आदि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाय ताकि अधिक से अधिक लोगो को जागरूक किया जा सके एव लोगो को श्रावण मास में जलार्पण हेतु देवघर आने से रोका जा सके। इसके अलावे नगर निगम के अधिकारियों को निदेश देते हुए कहा गया कि शहर के अंदर एव मंदिर के आस-पास के क्षेत्रों में जगहों को चिन्हित कर बैरिकेटिंग का कार्य कराया जाय किसी भी परिस्थिति में मंदिर के क्षेत्रों में भीड़ इकठ्ठा ना होने पाए। अपर समाहर्ता द्वारा निगम के अधिकारियों को निदेशित किया गया कि श्रावण मास के दौरान साफ-सफाई की भी समुचित व्यवस्था रखे। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मंगल सिंह जामुदा, जसीडीह एव बैद्यनाथधाम के रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक, नगर निगम से वैदेही शरण, गोपनीय प्रभारी विवेक कुमार एवं संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।

Published / 2021-07-20 15:01:45
दूसरे राज्य से आ रहे सरायकेला, तो सीमा पर कोविड टेस्ट अनिवार्य

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में कोविड की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए दूसरे राज्यों से आने वाले हर व्यक्ति का जिले के सीमा पर ही कोविड टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। यह जानकारी जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त (डीसी) अरवा राजकमल ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सभी बीडीओ एमओआईसी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी के साथ आयोजित बैठक में दी। बैठक में डीसी ने कोविड सैंपल टेस्टिंग एवं कोविड टीकाकरण कार्य का समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कोविड समापले टेस्टिंग एवं कोविड टीकाकरण का प्रखंडवार समीक्षा करते हुए प्रखंड स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रखंड स्तर पर टीकाकरण एवं सैंपल टेस्टिंग कार्य में प्रगति लाने हेतु ब्लाक लेवल टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर रणनीति बनाएं। उपायुक्त ने कहा कोविड के तीसरे वेव को देखते हुए सुरक्षा के माध्यम से दूसरे जिला या राज्य से आने वाले सीमा पर मजिस्ट्रेट- फोर्स की टीम प्रतिनियुक्त कर सैंपल टेस्टिंग करें। साथ ही सप्ताह में 3 दिन स्पेशल टेस्टिंग अभियान चलाकर टेस्टिंग कार्य में प्रगति लाएं। उपायुक्त ने कहा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी क्षेत्र अंतर्गत कोविसील्ड के दूसरे टीका के लंबित लाभार्थियों को टीका से आच्छादित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा स्वास्थ्य विभाग से टीका प्राप्त होते ही पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर टीका से वंचित लाभार्थियों का कोविड-19 करण एवं दूसरे टीका हेतु प्रतीक्षारत लाभार्थियों का टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित करते हुए कहा- सभी एमओआईसी को प्रतिदिन टेस्टिंग कार्य एवं टीकाकरण के लक्ष्य निर्धारित करते हुए टीकाकरण एवं सैंपल टेस्टिंग कार्यों में प्रगति लाना सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई, डाक्टर जुझार मांझी, निर्मल दास सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी एमआईसी एवं अन्य उपस्थित रहे।

Published / 2021-07-20 15:00:18
एमजीएम में प्रसूता की मौत के जिम्मेदार लोगों पर हो कार्रवाई : गूंजन यादव

जमशेदपुर। कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में सोमवार को उचित इलाज के आभाव में जच्चा-बच्चा की मौत पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने शोक व्यक्त किया है। मंगलवार को महानगर अध्यक्ष गूंजन यादव ने मृतक गुड्डी मुखी के भालूबासा हरिजन बस्ती स्थित आवास पर उनके परिवारजनों से मुलाकात किया। इस दौरान उन्होंने मृतक के पति बिमल मुखी को सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया। जिलाध्यक्ष गूंजन यादव ने सिविल सर्जन से बात कर घटना को डा और स्वास्थ्यकर्मियों की घोर लापरवाही का नतीजा बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच करने एवं दोषी डाक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मी पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एमजीएम अस्पताल की ध्वस्त स्वास्थ्य व्यवस्था ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। एक परिवार ने अपनी बहू को खो दिया। परिवारजनों के ऊपर जो दुखों का पहाड़ टूटा है, उसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। उन्होंने इस मामले में पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय देने और प्रसूता के परिजन को दु:ख की इस घड़ी में उचित मुआवजा देने की मांग की है। कहा कि एक सप्ताह पूर्व ही एमजीएम का निरीक्षण करने आए स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने अस्पताल की व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया था। पर अफसोस है कि स्वास्थ्य मंत्री, विधायक और स्वास्थ्य अधिकारियों के दौरे एवं निर्देश केवल अखबार की सुर्खियों तक ही सीमित रहते हैं। इस दौरान भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष सुरेश शर्मा, रमेश नाग, अजीत कालिंदी व अन्य ने भी शोक-संवेदना व्यक्त किया।

Page 1532 of 1564

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse