रांची। राज्य के वित्त और खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। जनता को दिग्भ्रमित करने के लिए इस बात का दुष्प्रचार कर रही है कि राज्य सरकार आदिवासियों, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्गा के विकास के लिए योजनाएं बना कर नहीं दे रही है। जबकि सच्चाई इसके विपरीत है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार की ओर से आदिवासियों, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्गाे के विकास के लिए योजनाएं बनाकर बार-बार केंद्र सरकार से राशि मांग रही है, बल्कि पुरानी योजनाओं में ना सिर्फ राज्यांश उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि खर्च से संबंधित उपयोगिता प्रमाण पत्र भी सौंप दिया गया है। इसके बवजूद केंद्र सरकार से सहायता नहीं मिल रही है। डॉ उरांव ने कहा कि आदिवासियों के जल,जंगल,जमीन का रक्षा कवच भूमि अधिग्रहण कानून को भी भाजपा सरकार बदलकर अडानी और अंबानी के हवाले करना चाहती थी लेकिन संभव नहीं हो सका। यही कारण है कि झारखंड के सभी आदिवासी क्षेत्रों से भाजपा का सफाया हो गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बीजेपी के नेता और उनके केंद्रीय मंत्री एक झूठ को सौ बार बोल कर उसे सच साबित करने में जुटे है, लेकिन कोरोना काल में झारखंड की जनता ने देखा है कि किस तरह से राज्य सरकार के खाते से आरबीआई के माध्यम से डीवीसी के बकाया भुगतान के नाम पर हजारों करोड़ रुपये की राशि जबरन काट ली गयी। वरिष्ठ नेता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड की जनता ने यह भी देखा है कि कोरोना संक्रमण काल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर केंद्र से कितनी सहायता मिली, राज्य सरकार ने अपने बलबूते पर सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का काम किया। वहीं पंचायत में रोजगार भी उपलब्ध कराने का काम किया। वरिष्ठ नेता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि यह केंद्रीय मंत्री अनर्गल बयानबाजी छोड़ कर आदिवासियों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशिक्षण के लिए झारखंड सरकार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
रांची। भाजपा एसटी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बहाने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा जा रहा है। बैठक का उद्घाटनकर्ता केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार पर जनजातियों के विकास के लिए केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही राशि खर्च नहीं करने का आरोप लगाया है। यह आयोजन डिबडीह स्थित कार्निवाल हॉल में किया गया था। उन्होंने राज्य सरकार पर जनजातियों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासी समाज के लिए कार्य नहीं हो रहा है। यह सरकार जनजातियों के लिए संवेदनहीन है। केन्द्र सरकार पैसा राज्य को भेजती है लेकिन राज्य सरकार खर्च नहीं कर पाती है। इस संबंध में कई बार मुख्यमंत्री को आग्रह किया जा चुका है। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति के लिए जारी की गई योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की बात की गई। उन्होंने कहा कि पहली बार हमारी केंद्र सरकार ने हमारे आदिवासी समाज से लोगों को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना है और मंत्रिमंडल में कुल 8 अनुसूचित जनजाति से आने वाले मंत्रियों को जगह दी है। प्रधानमंत्री की जन धन योजना उज्जवला तथा आयुष्मान योजना का लाभ पूरा देश उठा रहा है और अनुसूचित जनजाति का इससे काफी उद्धार हुआ है। उन्होंने जनजातियों के लिए मिनिमम सपोर्ट प्राइस के 400 करोड़ होने के संबंध में मुख्यमंत्री को कई बार पत्र लिखे जाने के बाबजूद उसपर कोई पहल नहीं किये जाने पर दुख जताया।झारखंड में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पहली बार हम आदिवासियों को देश का नेतृत्व करने का मौका दिया है।केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने झारखंड में भ्रष्टाचार का बोलबाला होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ की तरह झारखंड में भी जनता से किये वादे को यूपीए भूल गई है। भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करने पहुंची रेणुका सिंह ने झारखंड में जनजातियों की समस्या पर दुख जताते हुए कहा कि जिस राज्य में आदिवासी मुख्यमंत्री हों उस राज्य में अनुसूचित जनजाति आयोग तक ना हो इससे दुखद स्थिति क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि बिहार में एक प्रतिशत जनजाति हैं तो वहां अनुसूचित जनजाति आयोग है। वहीं, झारखंड में 22 प्रतिशत आदिवासियों की आबादी है तो यहां अनुसूचित जनजाति आयोग नहीं है इससे साफ है कि मुख्यमंत्री आदिवासी के प्रति चिंतित नहीं है।
रांची। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। कुछ दिनों से लग रहा था कि कोरोना से लोगों को राहत मिलेगी और धीरे-धीरे सभी चीजें सामान्य हो जायेगी। लेकिन एक के बाद एक नए मामले सामने आ रहे हैं जिससे प्रशासन और राज्य सरकार की नींद उड़ गई है। शनिवार को हटिया स्टेशन पर एक साथ 55 पैसेंजर कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। सभी यात्री तपस्विनी एक्सप्रेस और राउरकेला एक्सप्रेस से रांची पहुंचे थे। पॉजिटिव मिले यात्रियों में एक मरीज को रिम्स में भर्ती कराया गया है। बाकी कोरोना संक्रमित यात्रियों को आइसोलेट किया गया है। बता दें कि रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए विशेष जांच की व्यवस्था की गई थी। लेकिन, कोरोना की रफ्तार कम होने के कारण सारी व्यवस्थाएं सुस्त हो गई और प्रशासन के साथ-साथ रेल प्रबंधन की तरफ से भी इस ओर कम ध्यान दिया जाने लगा। लेकिन थोड़ी लापरवाही के कारण कोरोना महामारी का प्रकोप एक बार फिर राजधानी रांची में दिखना शुरू हो गया है। ट्रेन से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है।
सतबरवा। सतबरवा थाना क्षेत्र के रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पिपरा मरघटिया आईटीआई कॉलेज के समीप शनिवार को करीब दो बजे अनियंत्रित होकर ट्रक पेड़ से टकरा गई जिसमें सवार करीब दो दर्जन मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल 10 मजदूरों को रांची रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद चारों तरफ कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायल लालदेव भुइयां ने बताया कि हमलोग करीब 30 मजदूर काम करने के लिए निकले थे। रांची - मेदिनीनगर मुख्य मार्ग कसियाडीह मोड़ से एक 407 ट्रक पर बैठकर मेदिनीनगर स्टेशन ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी बीच करीब 1 किमी दूर जाकर गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय समाजिक कार्यकर्ता भोलाराम घटनास्थल पर पहुंचे और सभी को लेकर नवजीवन अस्पताल में इलाज करवाया तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को रांची भेजवाया। सभी मजदूर कमारू गांव के थे। घटना की सूचना पाकर सतबरवा पुलिस दल बल के साथ अस्पताल पहुंची और घायलों के विषय में जानकारी ली। थाना प्रभारी करमपाल नाग ने ट्रक दुर्घटना होने की पुष्टि की है। वही घायल मजदूरों की स्थिति की जानकारी लेने पुअनि डांगुर कोंडा पुलिस बल के जवान के साथ अस्पताल पहुंचे। मजदूरों ने बताया कि ट्रक एकाएक हिचकोले खाते हुए अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 10 फीट नीचे उतर गई और एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक (जेएव 03 जी 4333) के परखच्चे उड़ गये। जो हुए घायल : गुलटेन भुइयां (25), राजन भुइयां (20), प्रमिला देवी (40), गणेश राम (50), संतोष भुइयां, लालदेव भुइयां, तेजू भुइयां, चतुर गुण राम, गणेश राम, बसंती देवी संगीता कुमारी (8), रितेश कुमार (5) उदेश उरांव, संतोष, सत्यनारायण भुइयां, बसंती देवी, गीता कुमारी समेत दो दर्जन लोग घायल हैं।
रांची। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने राजभवन जाकर राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की। मुलाकात कर बाहर निकले स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक औपचारिकता के तहत उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने बहुत सारी चीजों पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात के दौरान उन्हें राज्य में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों और कोरोना की तैयारियों से अवगत कराया। इस साथ ही उन्होंने राज्यपाल से राज्य के मेडिकल कॉलेज में स्टूडेंट्स के एडमिशन समेत अन्य विषयों पर सहयोग मांगा, जिसपर उन्होंने मदद करने के लिए आश्वत किया है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेक्टर में कई किस प्रकार सुधार हो और क्या इनोवेशन किया जाए इस पर भी कई दिशा निर्देश मिले हैं। बन्ना गुप्ता ने कहा कि उन्होंने राजपाल से कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश में वे लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार कर रहे हैं और आपके भी जो सुझाव हैं या दिशानिर्देश हैं वह उपयोगी होंगे इस संदर्भ में वे मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे। बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्यपाल रमेश बैस ने उन्हें अस्पतालों से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल को कैसे सही तरीके से खत्म किया जाए इस पर भी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मेडिकल के छात्रों के नामांकन में जो दिक्कतें आ रही है उस संदर्भ में भी राज्यपाल से प्रार्थना की है कि केंद्र सरकार से बात की जाए। जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया है। वहीं, उन्होंने कहा निजी अस्पतालों में जिस तरह से शुल्क वसूलने को लेकर लगातार शिकायतें आती हैं, उस संदर्भ में भी राज्यपाल से बातें हुई हैं और उनसे दिशा निर्देश मिले हैं।
धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले के जज उत्तम आनंद हत्याकांड की जांच को लेकर रांची हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। मामले की जांच प्रगति पर उच्च न्यायालय ने असंतोष व्यक्त किया है। कोर्ट ने सीबीआई निदेशक को 29 अक्टूबर को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अगली सुनवाई में पेश होने का निर्देश दिया है। सीबीआई के वकील ने इस निर्देश पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया जिस पर अदालत ने मौखिक रूप से कहा कि वह इसे अगले सप्ताह देखेगी। बता दें कि सीबीआई ने बुधवार को धनबाद के जज उत्तम आनंद की कथित हत्या में चार्जशीट दाखिल कर दिया है। सीबीआई ने कहा यह एक पूर्व नियोजित हत्या थी। जांच एजेंसी कथित हत्या के पीछे की बड़ी साजिश की जांच कर रही है। ऑटो-रिक्शा चालक लखन वर्मा और उसके साथी राहुल वर्मा के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई थी, जो दोनों न्यायिक हिरासत में हैं। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद की कथित तौर पर 29 जुलाई को झारखंड में हत्या कर दी गई थी। दोनों आरोपियों को झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसमें दावा किया गया था कि वे ऑटो-रिक्शा चला रहे थे, जो लगता है कि जज के बाहर जाने के दौरान जानबूझकर पीछे से चला गया था। सुबह की सैर पर। सीबीआई ने पिछले महीने ऑटो-रिक्शा की चोरी और कथित हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन के संबंध में दो मामले दर्ज किए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीबीआई ने 7 सितंबर को दो प्राथमिकी दर्ज की थी और प्राथमिकी की सामग्री से संकेत मिलता है कि इस मामले में एक साजिश है।
मेदिनीनगर। रांची में आयोजित चौथे झारखंड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पलामू के तीन निर्देशकों की दो फिल्में दिखाई जाएगी। यह जानकारी आयोजन समिति के संस्थापक अध्यक्ष ऋषि प्रकाश मिश्र ने दी। उन्होंने कहा कि पलामू के युवा निर्देशक राहुल शुक्ला की फिल्म उपन्यास फेस्टिवल की ओपनिंग फिल्म होगी, जबकि सैकत चट्टोपाध्याय व विनीत चौधरी के निर्देशन में बनी मासूम आर्ट ग्रुप की शार्ट फिल्म थर्ड एंगल की भी स्क्रीनिंग इसी दिन की जाएगी। 29 अक्टूबर के सुबह 11 बजे से उपन्यास फिल्म रांची के आर्यभट्ट आॅडिटोरियम में दिखाई जायेगी। जबकि फिल्म थर्ड एंगल प्रदर्शन दोपहर एक बजे से होगी। श्री मिश्र ने कहा कि पलामू की दो फिल्में एक ही दिन प्रदर्शित होना गौरव की बात है। फिल्म के निर्देशक राहुल शुक्ला तथा सिनेमेटोग्राफर बादल मणि दोनो ही झारखंड के निवासी हैं। इस फिल्म की शूटिंग मुंबई में तथा पलामू में की गई है। फिल्म की मुख्य भूमिका में नदीम खां है, जो पहले मिमी और शूरमा जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वहीं लगान और शूट आउट एट लोखंडवाला जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके आदित्य लखिया ने भी इस फिल्म में अपनी अहम भूमिका निभाई है। पूजा दीक्षित तथा अनुरेखा भगत ने भी इस फिल्म में अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय करती नजर आएंगी। इनके साथ पलामू के सैकत चटर्जी तथा भोजपुरी शॉर्ट फिल्म कोहबर से चर्चा में आए राजू उपाध्याय ने भी इस फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका में दिखेंगे। इसके अलावे जमशेदपुर के कलाकार सौरभ समीर, संजय दत्ता, ज्योति गुप्ता, पलामू के संजीव सिंह, संजीव मिश्र, अविनाश तिवारी आदि भी मौजूद है। श्री शुक्ला ने बताया की फिल्म की पटकथा थ्रिलर उपन्यासकार के जीवन में घटने वाली घटनाओं के इर्द गिर्द घूमती हुई है। उपन्यास फिल्म एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। मासूम आर्ट ग्रुप के अध्यक्ष विनोद पांडेय ने बताया कि शॉर्ट फिल्म थर्ड एंगल एक सस्पेंस फिल्म है जिसके माध्यम से समाज को एक संदेश देने की कोशिश की गयी है। इसके निर्देशक सैकत चट्टोपाध्याय व विनीत चौधरी है, पटकथा, कैमरा व संवाद सैकत का ही है। इस फिल्म की शूटिंग पलामू किला में की गयी है। श्री पांडेय ने बताया की इससे पहले फिल्म थर्ड एंगल की स्क्रीनिंग देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी की गयी थी। छह व सात नवंबर को बेंगलुरु में आयोजित इंडियन शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में भी थर्ड एंगल की स्क्रीनिंग की जाएगी।
सिमडेगा। 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता का आगाज हो गया। इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। आयोजन स्थल को फूलों से सजाया गया है। प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान झारखंड और तमिलनाडु के बीच मैच खेला गया। झारखंड ने पहला मैच जीत लिया है। झारखंड की शानदार जीत झारखंड की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है। फर्स्ट क्वार्टर में झारखंड की टीम तमिलनाडु से 3-1 से आगे थी। झारखंड की टीम की ओर से बैक टू बैक दो गोल किए गए। झारखंड की ओर से दो गोल होने के बाद तमिलनाडु की टीम ने वापसी की कोशिश की ओर एक गोल दाग दिया। तमिलनाडु की ओर पहला गोल करने के कुछ ही देर बाद झारखंड ने एक और गोल कर दिया और 3-1 से बढ़त बना लिया, जिसे फर्स्ट क्वार्टर तक बरकरार रखा। सेकंड क्वार्टर में भी झारखंड का बेहतरीन प्रदर्शन जारी रहा। सेकंड क्वार्टर शुरू होने के कुछ देर बाद ही झारखंड की टीम ने चौथा गोल कर दिया। थोड़े-थोड़े अंतराल पर झारखंड की टीम ने दो और गोल किए और टीम को सेकंड हाफ के खत्म होने तक 6-1 से आगे कर दिया। थर्ड क्वार्टर में भी झारखंड ने बढ़त बनाए रखा। थर्ड क्वार्टर में झारखंड की ओर से एक गोल किया गया और तमिलनाडु की ओर कोई गोल नहीं दागे गए। इस तरह थर्ड क्वार्टर में भी झारखंड की टीम 7-1 से आगे रही। चौथे क्वार्टर में भी तमिलनाडु की टीम वापसी की कोशिश करती रही लेकिन उसे सफलता हाथ नहीं लगी। चौथे क्वार्टर में भी झारखंड की टीन ने गोल कर विरोधी टीम पर दबाव बढ़ाते हुए एक और गोल दाग दिया। इस तरह से झारखंड की बढ़त 8-1 हो गई। इस चैंपियनशिप में कुल 26 राज्यों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनके आगमन से लेकर रहने और खाने-पीने तक की बेहतर व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने किया है। इससे पहले उपायुक्त सुशांत ने कहा कि सीएम के आगमन तथा कार्यक्रम के पूरी तैयारी कर ली गई है। सुरक्षा से लेकर विधि व्यवस्था की सारी चीजों का ध्यान रखा गया है। सिमडेगा में दूसरी बार नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन होना काफी गौरव की बात है और इससे यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिल सकेहै। प्रतियोगिता 29 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस खेल प्रतियोगिता का सीएम ने उद्घाटन किया। इसके समापन समारोह में में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ सह भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा के शामिल होने की संभावना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse