भवनाथपुर। थाना क्षेत्र में बढ़े चोरी के घटना का स्थानीय पुलिस ने उद्भेदन करते हुए इसमें संलिप्त छह लोगों को चोरी के सामानों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के मझगावां टोला अकड़हवा के निवासी छोटन मुसहर, भवनाथपुर थाना के चपरी गांव मुस्कैनी टोला निवासी कुकू मुसहर उर्फ अनिल मुसहर, उपेंद्र मुसहर, कांडी थाना निवासी अवनीश सोनी उर्फ दीपक सोनी, भवनाथपुर थाना के सिंघीताली गांव भदेरा टोला निवासी राजन सोनी, विष्णु सोनी उर्फ सोनू सोनी का नाम शामिल है। इसकी जानकारी एसडीपीओ प्रमोद कुमार केशरी ने मंगलवार को भवनाथपुर थाना ने प्रेस वार्ता कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि भवनाथपुर, खरौंधी तथा केतार क्षेत्र में लगातार घट रही चोरी की घटना पर एसपी के निर्देश पर श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने भवनाथपुर प्रभारी पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में भवनाथपुर थाना प्रभारी, केतार थाना प्रभारी तथा खरौंधी थाना प्रभारी के साथ एक टीम गठित की थी। जिसके बाद गुप्त सूचना के अधार पर तीनों चोर छोटन मुसहर, कुकू मुसहर, उपेंद्र मुसहर को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों ने चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए कहा कि वे लोग भवनाथपुर, केतार, खरौंधी थाना क्षेत्र में चोरी करते थे। चोरी के बाद भवनाथपुर और कांडी के सोनार के पास बेच देते थे और पैसे को आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार अभियुक्त के निसानदेही पर विष्णु सोनी, राजन सोनी एवं अवनीश कुमार उर्फ दीपक सोनी के आभूषण दुकान से चुराए गए चांदी और सोना बरामद किया गया। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि सोना के आभूषण गढ़वा में बेच दिया गया है। छोटन मुसहर के घर से मोबाइल एवं आभूषण, कुकू मुसहर के घर से दो मोबाइल, एक तलवार एवं उपेंद्र मुसहर के घर से एक मोबाइल और आभूषण बरामद किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाऊनशिप, भवनाथपुर, मकरी ढेकुलिया, बुका, चपरी, सरैया और खरौंधी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनी, बैतरि, अमरोरा, चैरिया तथा केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर, बांसडीह, बकसीपुर गांव में चोरी किया करते थे। भवनाथपुर थाना में 10 केतार में 4 खरौंधी में 5 कांड में दर्ज किया है। बरामद समान में सोना का मंगलसूत्र, चांदी का बाली, चांदी का पायल 6, चांदी का सिकड़ी, सोना का टप, सोना का छुछिया, 5 जोड़ा चांदी का बिछिया, 5 स्मार्ट फोन, 1 स्टील का तलवार बरामद किया गया है। प्रेसवार्ता में प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, भवनाथपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार महतो, खरौंधी थाना प्रभारी अभय कुमार, केतार थाना प्रभारी संतोष कुमार, एसआई सहदेव साह, रामप्रसाद इंद्रावर, एएसआई फिलिप टोपनो, मानिक कुमार उपस्थित थे।
भंडरिया/बड़गड़। उग्रवादी संगठन के नाम पर लेवी मांगने सहित कई अपराधिक मामलों में भंडरिया पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन देशी रिवाल्वर, दो कारतूस सहित दो मोबाईल बरामद किया गया है। मंगलवार को भंडरिया पुलिस ने प्रेसवार्ता आयोजित कर यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि भंडरिया थाना अन्तर्गत बड़गड़ ओपी स्थित टेहरी पंचायत के मुखिया पति को टीपीसी उग्रवादी संगठन के नाम पर फोन से लेवी मांगने, पर्चा साटने सहित अन्य घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा द्वारा रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन की गई थी। जिससे इस प्रकार की अपराधिक मामलों में लगाम लगाई जा सके। गठित विशेष टीम द्वारा की गई कारवाई में चार अभियुक्त गिरफ्तार किये गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में परसवार निवासी मोहन यादव का पुत्र जितेंद्र यादव, शौकत अंसारी का पुत्र आजाद अंसारी, बरकोल निवासी स्व. प्रभु पनिका का पुत्र माधव पनिका तथा पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के माधवखाड़ निवासी स्व. नन्हक यादव का पुत्र अनिल यादव का नाम शामिल है। सभी आरोपियों पर भंडरिया थाना में दर्ज कांड संख्या 114/21 जिसमें कई धाराओं सहित 17 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इन लोगों के द्वारा अपराधिक गुट बनाकर उग्रवादी संगठन टीपीसी के नाम पर लेवी मांगा जा रहा था। जिससे आमलोगों में भय एवं परेशानी बढ़ रहा था। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के पश्चात पुलिस को गिरफ्तार चारों व्यक्तियों के स्वीकारोक्ति बयान में मार्च माह में परसवार में हुए गृह भेदन एवं मई माह में बाड़ी खजूरी चर्च के बगल में ग्राहक सेवा केंद्र में हुए लूट कांड का भी उद्भेदन में सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से तीन देषी रिवाल्वर, दो कारतूस एवं दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। छापामारी दल में रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुदर्शन कुमार आस्तिक, पुनि सह थाना प्रभारी भंडरिया लक्ष्मीकांत, पुअनि सह बड़गड़ ओपी प्रभारी कुंदन कुमार सिंह, पुअनि सह मदगड़ी(च) ओपी प्रभारी चंद्रदेव कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
कोडरमा। भाकपा जिला परिषद कोडरमा ने कोडरमा समाहरणालय के समक्ष धरना दिया। इसके पूर्व कोडरमा थाना निकट से सैकड़ों की संख्या में जुलूस निकालकर अपनी मांगों के सवाल को लेकर नारा लगाते हुए कोडरमा जिला समाहरणालय पहुंचा, जहां यह धरना में तब्दील हो गया। दिसंबर 2021 के अंतिम सप्ताह तक पंचायत चुनाव करा लेने, मनरेगा योजना में सामग्री का पैसा भुगतान करने, चंदवारा प्रखंड के अंतर्गत कांटी एवं मझगवां के बीच को गोखाने नदी एवं पोकडंडा एवं जमकटी के बीच दूधी नदी में डीपीआर तैयार पुल का टेंडर करने, कोडरमा प्रखंड के लरियाडीह पंचायत को पंचायत चुनाव आरक्षण कोटा में सामान्य करने, चंदवारा अतिरिक्त पीएचसी को को एचपी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तब्दील करने, कृषि कार्य हेतु किसानों को किरासन तेल देने, गैरमजरूआ जमीन का रसीद निर्गत करने, जयनगर प्रखंड में अंचलाधिकारी का पदस्थापन करने आदि सवालों को लेकर धरना दिया। इस दौरान युवा नेता पुरुषोत्तम यादव की अध्यक्षता में सभा की गई। अपने अध्यक्षीय भाषण में पुरुषोत्तम यादव ने कहा कि झारखंड में पंचायत चुनाव आवश्यक है। इसे टालना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। धरना को संबोधित करते हुए महादेव राम ने कहा कि लोकतंत्र में प्रतिनिधि 5 वर्ष के लिए ही चुने जाते हैं। 5 वर्ष से अधिक कोई प्रतिनिधि अगर काम करता है या अपने पद पर बन रहता है, तो यह लोकतंत्र का दुर्भाग्य है। 2015 दिसंबर में पंचायत चुनाव हुआ था। कार्यकाल के अनुसार दिसंबर 2020 तक पंचायत चुनाव करा लेना था, लेकिन दुर्भाग्यवश कोरोनावायरस का बहाना बनाकर पंचायत चुनाव टाला गया एवं छह माह का विस्तार दिया गया। इतना ही नहीं, जून 2021 में पुनः 6 माह का विस्तार दिया गया। यह लोकतंत्र की हत्या है। पंचायत चुनाव की सारी तैयारी हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तैयारी कर चुका है। बावजूद पंचायत चुनाव टालना लोकतंत्र के गला घुटने घुटने का समान है। धरना को संबोधित करते हुए सीपीआई जिला मंत्री प्रकाश रजक ने कहा कि कोडरमा जिले में पंचायत चुनाव की सारी तैयारी हो गई थी। मतदाता का बिखंडीकरन हो चुका था, फिर भी पंचायत चुनाव टालना जिले का दुर्भाग्य है। जिन उम्मीदवारों ने अपना प्रचार शुरू कर दिया था, गांव में लोगों से मिल रहे थे। चुनाव नहीं होने से उन उम्मीदवारों के आशा पर भी पानी फिर गया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी संघर्ष पर विश्वास करती है। अगर चुनाव दिसंबर के अंत तक कराया नहीं गया, तो पार्टी जन आंदोलन तीव्र करेगी। उन्होंने कहा कि संघर्ष के सामने किसी का नहीं चलता है। किसानों के आंदोलन के सामने जिन्होंने 1 साल तक लगातार आंदोलन किया। आंदोलन को कुचलने के लिए मोदी सरकार एक से एक उपाय लगाया, फिर भी किसान डंटे रहे। किसानों के आंदोलन के समक्ष मोदी को झुकना पड़ा। इसी तरह झारखंड में पार्टी चुनाव को लेकर जन आंदोलन करेगी। सरकार को झुकना होगा। धरना को संबोधित करते हुए महिला नेत्री सोनिया देवी ने कहा कि किसान आंदोलन देश के लोगों को आंदोलन करने की प्रेरणा दी है। इससे अब जन समस्याओं को लेकर लोग आंदोलन करेंगे। जन समस्याओं का आंदोलन में उर्जा रहेगा, क्योंकि किसान आंदोलन ने लोगों को प्रेरित किया है। धरना को प्रमुख विरेंद्र यादव कहा कि पंचायत चुनाव कराना झारखंड के आवाम की मांग है। अगर पंचायत चुनाव सरकार नहीं कराती है, तो राज्य सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन के खिलाफ आक्रोश बढ़ेगा। धरना को अंचल मंत्री अर्जुन यादव, काली सिंह, समीम खान उर्फ बुलबुल खान, रामेश्वर चौधरी, सहदेव चौधरी, रामेश्वर यादव, बसमतिया देवी, बलवा देवी, गीता देवी, सिकंदर कुमार ने भी संबोधित किया। धरना के पश्चात 9 सूत्री मांग पत्र कोडरमा उपायुक्त आदित्य रंजन को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान सभी बिंदुओं पर संतोषजनक आश्वासन मिला। धरना में चुरामन दास, ब्रह्मदेव दास, गौतम दास, भुनेश्वर राणा, कैलाश रजक, कामेश्वर पंडित, धनपत यादव, ब्रह्मदेव राणा, अंचल मंत्री सच्चिदानंद पांडेय, मनोज,ल रविदास, सरयू दास, कामेश्वर राणा, हरि पासवान, भोला पासवान, शांति देवी, सुदामा देवी, रेखा देवी, किरण देवी, सुमित्रा देवी, मुसम्मत लक्ष्मी, गिरिजा देवी, सरस्वती देवी आदि मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन समीम खान उर्फ बुलबुल खान ने किया।
टीम एबीएन, रांची। 7वीं-10वीं जेपीएससी की पीटी परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया, जिसमें छात्रों को कई बीजेपी विधायकों का साथ मिला। छात्रों के साथ बीजेपी के विधायक नवीन जायसवाल, भानु प्रताप शाही, लंबोदर महतो समेत कई लोग मौजूद रहे। बता दें कि अभ्यर्थी जेपीएससी कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन सब पर लाठी बरसायी। हजारीबाग से पहुंचे आंदोलनरत अभ्यर्थी ने कहा कि गांधीवादी तरीके से हमलोग आंदोलन कर रहे हैं। लाठीचार्ज करने वाले को गुलाब का फूल भेंट कर रहे, जिसमें कई छात्र घायल हो गये। बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि आज 23 तारीख को जेपीएससी के अभ्यर्थियों से मिलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उनसे नहीं मिलने दिया जा रहा है। इसके विरोध में नौजवान आज छात्र विरोध स्वरूप सड़क पर है। लंबोदर महतो ने कहा है कि जेपीएससी को लेकर जो गड़बड़ी हुई है, उसे लेकर सरकार को आगे आना चाहिए और निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। जो पदाधिकारी इस गड़बड़ी में शामिल है इस पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। भानु प्रताप शाही ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि जब छात्र शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे थे। किसी ने भी पथराव नहीं किया था। आखिर उन पर लाठीचार्ज किसके आदेश पर किया गया। इससे सरकार के तानाशाही रवैया साफ जाहिर हो रहा है।
टीम एबीएन, धनबाद। धनबाद से एक बड़ी खबर आ रही है। एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी है। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। घटना गोविंदपुर थाना इलाके के जीटी रोड कालाडीह मोड़ पुल के पास की है। जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ गाटोटाड घाटी से जेएच 02 एएम- 0996 स्विफ्ट डिजायर पर सवार होकर दो पुरुष, दो महिला एवं एक बच्ची आसनसोल के लिए जा रहे थे। कार में कुल 5 लोग सवार थे। गोविंदपुर थाना अंतर्गत का जीटी रोड कालाडीह मोड़ पुलिया के समीप उनकी कार अनियंत्रित हो गयी। तेज गति से गाड़ी एक जोरिया को पार करते हुए 50-60 मीटर दूर तक निकल गयी और एक चहारदीवारी के समीप पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी की कार के परखच्चे उड़ गये। और कार में सवार सभी लोग गाड़ी में ही फंस गये। इस घटना में पांचों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दो मृतकों की अभी पहचान हुई है, जिन्हें वसीम अकरम एवं शकील अख़्तर बताया गया है। घटना मंगलवार सुबह 6:15 बजे की है। घटना की सूचना पाकर गोविंदपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृत व्यक्ति के शव को बाहर निकाला गया। क्रेन के सहारे स्विफ्ट कार को पुलिया से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमसीएच धनबाद भेज दिया है। यह लोग घाटोटांड़ घाटी रामगढ़ के बताए जाते हैं। गोविंदपुर पुलिस ने बताया कि मृतक परिवार को सूचना दे दी गई है।
एबीएन डेस्क। चारा घोटाले मामले में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने आज लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में एक बार फिर से सशरीर पेश होने के लिए कहा है। राजद सुप्रीमो की यह पेशी भागलपुर और बांका कोषागार से ₹46 लाख रुपए की अवैध निकासी करने के मामले में है। अदालत में पेश होने के लिए लालू यादव सोमवार को ही दिल्ली से पटना पहुंच गए थे। लालू समेत 28 आरोपियों को होना है आज पेश : सीबीआई की विशेष अदालत न्यायधीश प्रजेश कुमार ने लालू प्रसाद समेत मामले से जुड़े 28 आरोपियों को 23 नवंबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। डोरंडा ट्रेजरी मामले में 29 नवंबर को सुनवाई : बता दें कि राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद के खिलाफ चारा घोटाले के कुल छह मामले चल रहे हैं जिसमें से पांच मामले झारखंड की रांची विशेष सीबीआई अदालत में और एक मामला पटना सीबीआई कोर्ट में चल रहा है। डोरंडा ट्रेजरी से 139 करोड़ रुपए की अवैध निकासी मामले में 29 नवंबर को बहस होगी।
देवघर। सोमवार की सुबह अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दी। घटना सांरवां थाना क्षेत्र के बलिया चौकी दलीरायडीह वन विभाग के पुराने नर्सरी के समीप हुई। इसमें मोहनपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी अफजल की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं चांदडीह निवासी मुजीबउर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों एक शादी समारोह में शिरकत कर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने इन्हें गोली मार दी। दो दिन बाद अफजल की शादी होने वाली थी। घर में खुशी का आलम था। घटना के बाद सारी खुशी मातम में बदल गई। जिसकी बारात निकलने की तैयारी थी। उसका जनाजा निकला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। घायल युवक से मामले की पूरी जानकारी ली।पुलिस अधीक्षक धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के बारे में जानकारी मिल गई है। जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा। पुलिस जांच कर रही है। इलाके में गोली चलने की जानकारी मिलते ही सारवां एवं कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से हमले का शिकार हुए युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने अफजल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की पूछताछ में घायल युवक ने बताया कि दोनों शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर चांदडीह जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने गोली चला दी। कारणों की छानबीन की जा रही है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार घटना लगभग सुबह आठ बजे की है। हमले का शिकार हुए युवक आपस में करीबी रिश्तेदार हैं। दोनों के बीच काफी दोस्ती थी। यह दोनों अक्सर एक साथ ही कहीं जाने आते रहते थे।
रांची। झारखंड में आने वाले तीन से चार दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। अभी कायम तापमान में दो से चार डिग्री सेसि की गिरावट आएगी। अभी राज्य के विभिन्न जिले में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेसि के बीच चल रहा है। मंगलवार से पूरब दिशा से आ रही हवा का बहाव थोड़ा कम होगा। वहीं आसमान से बादल छंटने के बाद रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इसके बाद राज्य में न्यूनततम तापमान 12 से 14 डिग्री सेसि के बीच तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि पहाड़ी इलाके में बर्फबारी या फिर बारिश होने के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद पारा दस डिग्री या फिर इससे नीचे जा सकता है। ऐसा होने पर ही झारखंड में लोग कनकनी महसूस करेंगे। उन्होंने बताया कि अभी दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसकी वजह से पूरबईया हवा का बहाव झारखंड की ओर हो रहा है। वहीं, पश्चिमी दिशा से भी हवा का बहाव हो रहा है। पूरबईया और पश्चिम दिशा से आ रही हवा के एक साथ प्रभावी होने की वजह से सोमवार को आसमान में निम्न से मध्यम स्तर के बादल छाए हुए थे। मंगलवार से आसमान से बादल छंटने लगेंगे। आसमान साफ होने के बाद दिन का मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, राज्य में वन क्षेत्र और जल जमाव समेत नमी वाले स्थान और इलाके में सुबह में कोहरा या फिर धुंध छायी रहेगी। हालांकि सूर्योदय के बाद धीरे-धीरे ऐसे इलाके से धुंध छंट जाएगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse