झारखंड

View All
Published / 2021-11-24 13:23:28
मतदाता सूची प्रेक्षक सह आयुक्त उत्तरी छोटानागपुर हजारीबाग ने की मतदाताओं के सुपर चेकिंग फॉर्म की जांच

कोडरमा। मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-आयुक्त उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग, कमल जॉन लकड़ा ने आज कोडरमा जिला का दौरा किया। कोडरमा परिसदन आगमन पर प्रमंडलीय आयुक्त का गार्ड आॅफ आॅनर से अभिवादन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन द्वारा पुष्प भेंट कर कोडरमा जिला आगमन पर आयुक्त का स्वागत किया गया। परिसदन सभागार में आयुक्त द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा किया गया। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने/हटाने/त्रुटियों की सुधार करने से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने से संबंधित आॅफलाइन व आॅनलाइन प्राप्त आवेदनों का निराकरण करते हुए मतदाता सूची में जोड़ने हेतु उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। अपने दौर के क्रम में आयुक्त ने कोडरमा प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र पर पहुंच मतदाताओं के सुपर चेकिंग फॉर्म का जांच किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने से संबंधित कार्यों का भी जायजा लिया एवं कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य रूप से प्रखंड कार्यालय कोडरमा उत्तरी मतदान केंद्र संख्या 70 और उत्क्रमित मध्य विद्यालय उर्दु पश्चिमी भाग मतदान केंद्र संख्या-98 पहुंच मतदाताओं का सुपर चेकिंग फॉर्म की जांच किया। इस क्रम मे आयुक्त द्वारा संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ से फॉर्म 6, 7, 8 को लेकर भी जानकारी ली गई एवं विभिन्न प्रकार के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेर्शानुसार मतदाताओं के फॉर्म का सुपर चेकिंग का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी श्री मनीष कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी जयपाल सोय, अंचल अधिकारी कोडरमा अनिल कुमार, अंचल अधिकारी चंदवारा राम रतन वर्णवाल व अन्य मौजूद थे।

Published / 2021-11-24 13:22:26
बाल श्रम, बाल विवाह और बाल शोषण की रोकथाम को लेकर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

कोडरमा। जयनगर प्रखंड अंतर्गत खारियोडीह स्थित नवसृजित प्राथमिक मध्य विद्यालय में जेएसएलपीएस के सक्रिय महिला सदस्यों के साथ बालश्रम, बालविवाह एवं बाल शोषण की रोकथाम हेतु जिला बाल संरक्षण इकाई कोडरमा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें एलपीओ दिनेश कुमार पाल द्वारा बालश्रम, बालविवाह, बाल शोषण की दुष्प्रभाव एवं इसकी रोकथाम के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी। जागरुकता कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों और ग्रामीणों से रोकथाम हेतु सहयोग करने की अपील किया गया। इसके अतिरिक्त डोमचांच प्रखंड स्थित फुलवरिया पंचायत भवन में भी जागरूकता कार्यक्रम सुश्री अर्चना ज्वाला द्वारा संचालित किया गया, जिसमें कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के सक्रिय महिला, सदस्य संतोष कुमार एवं कैलाश यादव उपस्थित रहे। विदित हो कि दिनांक 23-11-2021 को जयनगर प्रखंड अंतर्गत पिपचो पंचायत भवन में बालश्रम, बालविवाह एवं बाल शोषण की रोकथाम हेतु जिला बाल संरक्षण इकाई कोडरमा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

Published / 2021-11-24 13:20:52
दिसंबर से फरवरी तक कोडरमा और पारसनाथ से अजमेर और खाटू श्याम की यात्रा नहीं कर सकेंगे तीर्थ यात्री, आंदोलन की चेतावनी

कोडरमा। 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2022 तक कोहरे को लेकर झारखंड के धनबाद, पारसनाथ और कोडरमा के रास्ते होकर चलने वाली 12987 और 12988 अजमेर सियालदाह एक्सप्रेस को रेलवे ने रद्द करने की घोषणा कर दी है। पूर्व से ही 12307 और 12308 हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस का पारसनाथ और कोडरमा में 1 जून 2020 से ठहराव स्थगित कर रखा है। ऐसे में झारखंड के साथ-साथ बिहार के कई जिलों के यात्रियों का राजस्थान से सीधा संपर्क टूट जाएगा। ज्ञात हो कि अभ्रकांचल और कोयलांचल क्षेत्र से बड़ी संख्या में पर्यटन के साथ-साथ धार्मिक प्रयोजन और शिक्षा तथा व्यवसाय को लेकर हजारों की संख्या में लोग राजस्थान के विभिन्न इलाकों में आवागमन करते हैं। साथ ही दिसंबर महीने से जनवरी महीने तक काफी संख्या में पर्यटक मैथन, तिलैया डैम और पारसनाथ आते हैं। ऐसे में जबकि रेलवे में कोरोना काल के बाद सभी ट्रेनों का स्पेशल श्रेणी हटा कर पूर्व की भाति परिचालन शुरू कर दिया है, पर कोडरमा और पारसनाथ में जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव अभी तक शुरू नहीं हुआ और ऊपर से अजमेर सियालदाह को भी इन माह के लिए रद्द कर दिया गया है। इससे यहां रेलवे को राजस्व का नुकसान तो होगा ही, यात्रियों को भारतीय रेल से सफर करना मुश्किल हो जाएगा। बताते चलें कि जैन तीर्थ यात्रियों के अलावा लोग अजमेर शरीफ, राजस्थान के कोटा, खाटू श्यामजी लगातार जाते हैं और उत्तरी छोटानागपुर के हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, बिहार के रजौली, नवादा, बिहारशरीफ के लोग कोडरमा एवं हजारीबाग रोड, पारसनाथ से ट्रेन पकड़कर सफर करते हैं। रेलवे ने पहले से ही हजारीबाग रोड और चंद्रपुरा में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का ठहराव स्थगित किया हुआ है। ऐसे में झारखंड और बिहार के यात्री अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इधर जिला परिषद संघ की प्रदेश अध्यक्ष सह कोडरमा की प्रधान शालिनी गुप्ता ने रेल मंत्री, चेयरमन तथा मध्य पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को ट्वीट कर ट्रेनों के ठहराव की मांग की है पर अभी तक इस पर अमल नहीं किया गया है। जिला परिषद प्रधान शालिनी गुप्ता ने बताया कि 30 नवंबर तक इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ तो जन सहभागिता से आंदोलन करने का निर्णय लिया जाएगा।

Published / 2021-11-23 15:28:22
आदित्यपुर ननि के वार्ड तीन में हुआ आपका अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम

गम्हरिया। मंगलवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड तीन के सतवाहिनी, जमालपुर स्थित सामुदायिक भवन में आपका अधिकार- आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार, चलाए जा रहे इस कार्यक्रम के तहत जरूरतमंद लाभुकों के लिए स्टॉल लगाकर उनका आवेदन लिया जा रहा है। तत्पश्चात त्वरित कार्रवाई करते हुए आॅन द स्पॉट प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कर लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। मौके पर उपस्थित पार्षद पिंकी चौधरी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से वार्ड के लोगों में जागरूकता आएगी और उन्हें सरकारी कार्यालयों में होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी। इस मौके पर राशन कार्ड के लिए 23, पीएम आवास योजना के तीन, एमएसवाय के 55 आवेदन प्राप्त हुए। इसमें कई आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निष्पादन किया गया। इसके अलावा, शिविर में एक सौ ग्रामीणों का कोविड टीकाकरण किया गया जबकि कुल 31 लोगों की कोविड जांच की गई। इस मौके पर पार्षद प्रीति निधि, कुलदीप सिंह, बंकिम चौधरी, भगवान सिंह, शारदा देवी, बबिता देवी, अरविंद सिंह, ब्रजेशपति तिवारी, सुखदेव प्रसाद, रूपेश गोराई, अशोक सिंह, धनंजय स्वर्णकार, उत्पल चौधरी, शंभू कर्मकार समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Published / 2021-11-23 15:15:05
झारखंड पंचायत चुनाव : 27 नवंबर से राज्यभर में भाजपा का आंदोलन

रांची। राज्य सरकार के खिलाफ भाजपा जन आंदोलन चलायेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में आज यानी 23 नवंबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। भाजपा कार्यसमिति की बैठक रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में सेमी वर्चुअल तरीके से हुई। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश के प्रभारी सांसद दिलीप सैकिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यसमिति की बैठक में झारखंड बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश के अलावे क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, नेता विधायकदल बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास उपस्थित थे। इसके अलावे विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि अपने अपने-अपने जिलों से आॅनलाइन जुड़े। कार्यसमिति बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से राजनीतिक हालातों पर विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही राज्य सरकार की दो वर्षों की विफलता के खिलाफ आंदोलन छेड़ने का निर्णय लिया गया। भाजपा कार्यसमिति की बैठक में ये हुआ निर्णय भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर हो रही ज्यादती की निंदा की गई। 27 नवंबर से राज्यभर में आंदोलन का ऐलान भाजपा ने किया है। राज्यभर के सभी प्रखंडों में आंदोलन के माध्यम से भाजपा सरकार पर दवाब बनायेगी। पेट्रोल डीजल पर लगने वाले वैट कम करने की मांग को लेकर पेट्रोल पंपों पर 25 नवंबर को हस्ताक्षर अभियान चलायेगी। राज्य में गिरती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी। जेपीएससी छात्रों पर की गई लाठीचार्ज की पार्टी ने की निंदा। भाषाई विवाद पर भाजपा राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। दिनभर चली भाजपा कार्यसमिति की बैठक को झारखंड बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व सीएम रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश प्रभारी दिलीप सैकिया सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यसमिति की बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री बाल मुकुंद सहाय ने कहा कि पार्टी आदिवासी, दलित, महिला, युवा एवं किसान विरोधी इस सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। बैठक में नियोजन नीति, भाषा विवाद आदि मुद्दा पर चर्चा की गई और सरकार के निर्णय की निंदा की गई।

Published / 2021-11-23 15:03:14
सेंट जेवियर कॉलेज के छात्र ने लगा ली फांसी, मौत

रांची। सेंट जेवियर कॉलेज रांची में पढ़नेवाले इंटरमीडिएट के छात्र ने सोमवार की रात अपने घर में फांसी लगा ली। मृतक अभिषेक कच्छप (19) रामपुर गड़के का निवासी था। परिजनों के अनुसार वह रात में खाना खाकर सोया था। सुबह आवाज लगाने पर उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो अभिषेक एसबेस्टस में लगाए गए बांस में बेडशीट का फंदा बनाकर लटका था। सूचना मिलने पर नामकुम पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। हालांकि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Published / 2021-11-23 14:51:38
26वां राष्ट्रीय रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप को झारखंड की टीम हरियाणा रवाना

रांची। 26वां राष्ट्रीय सीनियर और जूनियर सब जूनियर रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए झारखंड के 26 सदस्यीय टीम मंगलवार को हरियाणा रवाना हुई। 25 से 28 नवंबर 2021 कुरुक्षेत्र हरियाणा में चैंपियनशिप होगा। 25 से 28 नवंबर 2021 तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 26वां नेशनल सीनियर, जूनियर और सब जूनियर रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में देश की सभी टीमें हिस्सा ले रही हैं। झारखंड की टीम भी इस प्रतियोगिता का हिस्सा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड साइकिलिंग संघ के तत्वावधान में 26 सदस्य टीम रांची से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुई।

Published / 2021-11-23 14:50:29
स्वच्छता अभियान : श्री जगन्नाथपुर मंदिर में की गयी साफ-सफाई

रांची। श्री जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में सोमवार को स्वच्छता जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर के संस्थापक ठाकुर ऐनी नाथ शाहदेव के उत्तराधिकारी लाल प्रवीर नाथ शाहदेव के नेतृत्व में सफाई अभियान चला। मंदिर परिसर में जहां-तहां बिखरे कचड़े को एकत्र कर डस्टबीन में डाला गया। श्रद्धालुओं से भी मंदिर में स्वच्छता का ध्यान रखने का आग्रह किया गया। अभियान के बाद मंदिर परिसर में बैठक हुई। बैठक में आगे भी स्वच्छता अभियान चलाने और पौधरोपण को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में लाल प्रवीर नाथ शाहदेव, पार्षद, आंनद मूर्ति, विनय कुमार, पप्पू चक्रवर्ती, अजय पोद्दार समेत अन्य की भागीदारी रही।

Page 1497 of 1570

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse