कोडरमा। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान चेचाई में बैंक आॅफ इंडिया के जिले के बीस शाखाओं के प्रबंधकों के साथ आंचलिक प्रबंधक वीवी किशोर ने बैठक की। जिसमें उप आंचलिक प्रबंधक अनिल झा, एलडीएम महेश प्रसाद, एरिया मैनेजर विमलकांत झा, आरसीटी के निर्देशक अमरदीप केशरी, बीओआई झुमरी तिलैया के मुख्य प्रबंधक संतोष सिन्हा उपस्थित थे। मौके पर आंचलिक प्रबंधक का कोडरमा पहुंचने पर बैंक के अधिकारियों ने स्वागत किया। मौके पर आंचलिक प्रबंधक हजारीबाग वी वी किशोर ने शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि खुदरा एवं लघु उद्योग को बढावा देने के लिए समय सीमा पर ऋण उपलब्ध कराये ताकि लाभुकों को बैंकिंग व्यवस्था का लाभ मिल सके। इस अवसर पर उन्होनें कहा कि बैंक का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पैदान तक के लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोडना है तथा सरकार के योजनाओं को त्वरित गति से बैंक विभिन्न तरह के ऋण को शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होनें यह भी कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण के उपरांत 60 की योजनाओं से जोडे और उन्हें जिस चीज में दक्षता हासिल की है। उसके बाद उन्हें उसके ट्रेड का बढाने के लिए ऋण उपलब्ध कराये ताकि वे अपने हुनर के साथ-साथ अपना भविष्य भी सुधार सके। आंचलिक प्रबंधक ने ग्राहको और लाभुकों से यह भी अपील की जो ऋण आप ले रहे हैं उसका शत उपयोग करते हुए उसका समय पर भुगतान करें ताकि नये लोगों को भी इसका लाभ मिल सके। बैठक में यह भी बताया गया कि कोडरमा एरिया आॅफिस के अंतर्गत कोडरमा हजारीबाग एवं चतरा जिले के 28 शाखाएॅ आते हैं। इसमें 24528 उपभोक्ताओं पर बीओअई का 185 करोड रूपये बकाया है। वैसे उपभोक्ता खाता एनपीए हो गया वो बैंक के शाखाओं में पहुॅचकर एनपीए खाता को सुधार करवायें। इसके लिए उन्होनें सभी खाता प्रबंधकों 150 ग्राहक सेवा केन्द्र के संचालकों एवं अधिकारियों से राशि के भुगतान के लिए लगाया गया है। इसके लिए उपभोक्ताओं से सीधा संपर्क के साथ-साथ उन्हें मोबाइल के संपर्क कर उन्हें भुगतान करने की अपील की जा रही है। वहीं आगामी 11 दिसम्बर को लगने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कोडरमा जिले के 20शााखाआं लगभग 15 सौ ग्राहकों से राशि जमा करने की अपील की गई है। इन उपभोक्ताओं पर लगभग 11 करोड रूपये बकाया है। बैठक में शाखा प्रंबंधकों में मनीष कुमार, अजीत चैरसिया, बलवंत कुमार, पंकज कुमार, संदीप कुमार, कौलेश्वर कुमार, रश्मिी रूचि, कुमारी आर्या आदि उपस्थित थे।
कोडरमा। केडीसीए के तत्वावधान में झुमरियाटांड़ मैदान में ट्रायल के बाद शुक्रवार को अंडर 16 कोडरमा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टीम का चयन कर लिया गया है। शुक्रवार को चयनित इस टीम में अंकित कुमार, आदित्य झा, हिमांशु कुमार, पीयूष कुमार सिंह, मोहम्मद साजिद अंसारी, दीपक कुमार, विकास कुमार रजक, प्रियेश कुमार, नारायण चौधरी, अभय कुमार सिंह, दीपू कुमार, शिवम कुमार, लक्ष्य सूद और कृष कुमार के नाम शामिल हैं। जबकि स्टैंड बाय में 4 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिसमें यश गुप्ता, अमित कुमार, शौर्य वैभव और सौरभ कुमार के नाम शामिल हैं। खिलाड़ियों का चयन केडीसीए के सचिव दिनेश सिंह के निर्देशानुसार किया गया है। जेएससीए द्वारा धनबाद में आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में भग लेने के लिए कोडरमा की टीम एक दिसंबर को धनबाद के लिए रवाना होगी। यहां कोडरमा का मैच जमशेदपुर, गढ़वा और चतरा के बीच होगा। खिलाड़ियों के चयन के मौके पर केडीसीए के ऑफिसियल्स में आलोक कुमार पांडेय, अनिल सिंह, सुमन कुमार सुधांशु, सुरेंद्र प्रसाद, धीरज पांडेय, धर्मेंद्र कौशिक के अलावा प्रभाकर पांडेय मौजूद थे।
कोडरमा। बिरसा सांस्कृतिक भवन में अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु दिनांक 27 नवंबर एवं 28 नवंबर 2021 को कैंप का आयोजन किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के कार्यों में अभी तक कोडरमा जिला प्रथम स्थान पर चल रहा है, लोगों को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिनका मतदाता सूची में नाम जुड़ने से छूट गया है, वे अपने बीएलओ के माध्यम से फार्म 06 भरकर कर आवेदन कर सकते हैं। एसडीएम ने सुपरवाइजर व बीएलओ को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि डोर-टू-डोर भ्रमण कर फॉर्म-6 एकत्रित करते हुए छुटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना सुनिश्चित करेंगे। सभी सुपरवाइजर व बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं का पहचान पत्र में सादा फोटो है, उसे हटाते हुए नया रंगीन फोटो लगायें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने से संबंधित कार्यों में जनवितरण प्रणाली विक्रेता, जेएसएलपीएस की दीदी, बैंक कर्मी, प्रज्ञा केंद्र संचालक, शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका के साथ मिलकर अधिक से अधिक लोगों का मतदाता पहचान पत्र बनायें। उन्होंने कहा कि कोडरमा जिला अभी तक बीस हजार जमा फॉर्म हो चुका है, जो अन्य जिला के अपेक्षा बहुत बेहतर है। कोडरमा जिला अभी नंबर वन पर है। उन्होंने कहा कि नंबर वन पर कोडरमा जिला को बनाए रखने में हमारा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से भी फार्म 6,7,8 भर सकते हैं। इस मौके पर अंचल अधिकारी राम सुमन प्रसाद, नगर प्रशासक जितेंद्र कुमार जैसल व सुपरवाइजर मौजूद थे।
मेदिनीनगर। धान खरीद मामले में पांच सौ करोड़ क्या पांच अन्ना का भी घोटाला नहीं हुआ है। उक्त बातें पांकी विधानसभा क्षेत्र के नेता सह समाजसेवी रामदास साहू ने कही। वे अपने ऊपर लगे घोटाले के आरोपों को लेकर प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रख रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरी पारदर्शिता के धान खरीद में घोटाला नहीं भ्रम फैलाया जा रहा है। भारतीय खाद्य निगम धान की खरीदारी करती है। जिसका प्रति वर्ष औडिट भी सरकार कराती है। जहां तक हमारा मामला है तो मेरा राईस मिल है जिसका सरकार के साथ अनुबंध है। अनुबंध के अनुसार एफसीआई का 30% धान की कुटाई कर चावल लौटाना पड़ता है। साथ ही राईस मिल चलाने के लिये करार के मुताबिक एफसीआई से धान खरीदी करना पड़ता है। इसलिए किसानों से धान क्रय में मेरा कोई संबंध दूर- दूर तक नहीं है। जहां तक धान बिक्री का मामला है तो व्यवसायी होने के साथ-साथ मैं एक किसान भी हूं और धान सहित सभी फसल पैदा करता हूं। हमारे जमीन का सारा विवरण सरकारी रिकॉर्ड में है। तो जब हम धान पैदा करते हैं, तो सरकार के पास बेचते भी हैं। धान बेचना गुनाह कैसे हो सकता है? जहां तक दूसरे प्रखंड के विक्रय केन्द्र पर धान बेचने की बात है तो यह एफसीआई तय करती है और एफसीआई का गोदाम जहां खाली रहता है एफसीआई संबंधित किसानों को उक्त केंद्र पर अपनी उपज धान बेचने के लिए बुलाती है। साथ ही सरकारी निर्देशानुसार अपना धान कुटाई के लिए राइस मिल में भेजती है। एक क्विंटल धान के बदले 68 kg चावल हम एफसीआई को देते हैं। एफसीआई धान एवम चावल लाने ले जाने के लिए भाड़ा देती है फिर घोटाला कहां हुआ? पांकी विधानसभा में हमारी बढ़ती लोकप्रियता से कुछ लोगों को ईर्ष्या होने लगी है। ऐसे ही लोग घबराकर कुछ लोगों के साथ मिलकर साजिश कर हमारी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। मौके कामेश यादव, नौशाद खान, भोला पांडेय, जगदीश पांडेय, राजा गुप्ता, राजेन्द्र दूबे, ललन साहू, अजय साहू व कमलेश सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
रांची। राजधानी रांची में भीषण सड़क हादसा हुआ है। नामकुम रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को कुचल दिया है। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। कहा जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत था इसी दौरान उसने सड़क पर से गुजर रहे चार लोगों को कुचल दिया। गुरुवार की देर रात नामकुम रेलवे क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार कार की वजह से पचिया देवी (45) असमय काल की गाल में समा गई। गुरुवार की देर रात पचिया देवी अपने एक परिचित के साथ घर लौट रही थी। इसी बीच सिल्ली की तरफ से आ रही एक कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। कार सवार इस कदर नशे में चूर था कि उसने महिला को कुचलने के बाद दो बाइक सवार को भी अपने चपेट में ले लिया। कार की स्पीड इतनी अधिक थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 लोग सड़क पर ही खून से लथपथ पड़े हुए थे। मामले की जानकारी मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। नामकुम थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि घायलों में दो की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।वहीं, चार लोगों को कुचलने के बाद भाग रहे कार चालक थोड़े ही दूर आगे जाकर एक पोल से टकरा गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार चालक मनोरंजन कुमार और कार में बैठी उसकी प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे बचा कर थाने ले आई। हिट एंड रन केस में कार चालक मनोरंजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मनोरंजन ने बताया है कि वह और उसकी प्रेमिका दोनों रांची से शादी की खरीदारी कर सिल्ली लौट रहे थे। रास्ते में उसने शराब भी पी थी। शराब के नशे में ही बस खाली सड़क देखकर अपनी प्रेमिका को कार की स्पीड दिखा रहा था, उसी दौरान हादसा हो गया।
कोडरमा। सेक्रेड हार्ट स्कूल में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। मौके पर विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने संविधान की शपथ ली और संविधान द्वारा प्राप्त दिशा निर्देश के अनुसार जीवन पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। विद्यालय के प्राचार्य नवीन कुमार ने छात्रों को संविधान की शपथ दिलाई। विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव प्रमोद कुमार और प्राचार्य नवीन कुमार ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है। हमें इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें असंवैधानिक भाषा तथा कार्यों से स्वयं को मुक्त रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सब संविधान के नियमों से किसी न किसी रूप में बंधे हुए हैं। हमें संविधान के नियमों का अनुपालन करते हुए जीवन पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम सीसीए इंचार्ज प्रवीण कुमार की देखरेख में हुआ। इसमें वर्ग 6 से 9 के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम कोविड-19 के निर्देशानुसार हुआ। मौके पर शिक्षकों में राजन कुमार, किशोर कुणाल, सुभय कुमार, प्रवीण कुमार, संजय तिवारी, जेपी सिंह, सुनील सिंह, रमेश कुंज, फैयाज कैसर, शंकर कुमार, राशिद हुसैन, पीटीआई शिक्षक राहुल कुमार, संजय सिन्हा, संजय मिश्रा, कविता झा, पायल सिंह, विशाल आनंद समेत अन्य शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।
गुमला। गुमला जिला के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र में एक नवनिर्मित भवन को नक्सलियों ने बम लगा कर उड़ाते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। घटना को छोटू खेरवार के दस्ते ने अहले सुबह अंजाम दिया है। करीब 150 से 200 की संख्या में आये नक्सलियों ने पूरे घटना को अंजाम दिया है।नक्सलियों ने घटना को अंजाम देने के बाद थाना के बाउंड्री पर एक पर्चा छोड़ा है। सूचना मिलने के बाद एसपी एहतेशाम वकारीब घटनास्थल के लिए रवाना हो गए है। इस घटना में थाना का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद से पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। आसपास इलाके में पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।सूत्रों के अनुसार छोटू खेरवार का दस्ता पिछले दो दिन से इलाके में घूम रहा है। इस बात की सूचना कुछ वरीय अधिकारियों को भी थी। छोटू अपने कुछ साथियों के साथ इलाके में आया था। सबसे पहले उसने इलाके के कुछ लोगों को अपने दस्ते में लिया, फिर घटना को अंजाम दिया है। छोटू खेरवार के इलाके में प्रवेश करने की पुष्टि नहीं रहने के कारण अधिकारी ने मामले को हल्के में लिया। जिसके बाद छोटू खेरवार के दस्ते ने थाना भवन उड़ा कर अपनी उपस्थिति दर्ज करा ली। 23 से 25 नवंबर तक चार राज्यों में नक्सलियों में बुलाया था बंद नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने 23 से 25 नवंबर तक चार राज्य झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बंद बुलाया था। चार दिनों के अंतराल में नक्सलियों की ओर से दूसरी बार बंद बुलाया गया था। इसके पहले 20 नवंबर को बुलाये बंद के दौरान झारखंड में नक्सलियों ने लातेहार और चक्रधरपुर में रेल की पटरियां उड़ा दी थी। सुरक्षा बलों की चौकसी और सतर्कता की बदौलत नक्सलियों के इस बंद के दौरान आम तौर पर विधि व्यवस्था कायम रही। हालांकि, आज फिर बंद खत्म होने के दूसरे दिन घटना को अंजाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है।
रांची। आज (गुरुवार) से झारखंड हाई कोर्ट, रांची में दस दिनों का योग स्वास्थ्य प्रबंधन शिविर का आयोजन स्वामी मुक्तरथ के सान्निध्य में प्रारंभ हुआ है। हाईकोर्ट परिसर में प्रात: 6:30 से 7:30 तक माननीय न्यायमूर्ति अप्रेस कुमार सिंह सहित वरीय न्यायाधीश, रजिस्ट्रार और उच्च न्यायालय के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में योगाचार्य मुक्तरथ जी के निर्देशन में योगाभ्यास किया। श्री मुक्तरथ ने बताया कि कोविड के बुरे वक्त में योग ही व्यक्ति का शक्तिशाली उपाय बन कर उभरा, जो कोरोना से बचाव में लोगों की इम्युनिटी बढ़ायी। कोरोना से ग्रसित हो जाने पर जल्द ठीक होने में सहायक सिद्ध हुआ और कोरोना से मुक्त होने के बाद उसके साईड इफेक्ट को दूर करने में तथा स्फूर्ति लाने में शक्तिशाली साधन साबित हुआ। न्यायिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए माननीय न्यायमूर्ति अप्रेस कुमार सिंह ने अपने स्वयं के अनुभव को साझा करते हुए योग के महत्ता को बताये। उन्होंने कहा योग न्याय व्यवस्था में आप को सहयोग करेगा क्योंकि प्राणायाम, ध्यान और सूक्ष्म यौगिक क्रिया (पवन मुक्तासन भाग-1) मन और मष्तिस्क पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है। यह क्रिया दिन भर आपको चुस्त और दुरुस्त रखेगा तथा तरोताजा बनाये रखता है। जस्टिस अप्रेस सिंह ने कहा कि मैं अपने फ्रोजन सोल्डर के दर्द से काफी परेशान था जो मुक्तरथ जी के निर्देशन में मात्र पंद्रह दिनों में ठीक हो गया साथ ही योग करके दिन भर मैं तरोताजा अनुभव करता हूं जो जिम या अन्य व्यायाम से नहीं आ पाता है। जिम से शरीर को मजबूती जरूर मिलती है पर मन का हल्कापन या शरीर की लोच क्षमता योग से ही आती है। योग का दूसरा पक्ष यह है कि इसका प्रभाव इंडोक्राइन ग्लैंड पर जबर्दस्त रूप से पड़ता है जिससे थायराईड,पट्यूटरी, प्रोस्टेट या अन्य ग्रंथियां स्वस्थ बनी रहती है। उन्होंने कहा, मैं विगत चार महीने से मुक्तरथ जी के सानिध्य में योग का अभ्यास कर रहा हूं। मैं खुद के अनुभव को आप के बीच साझा किया है। भस्त्रिका प्राणायाम से मुझे साइनस में बहुत लाभ मिला, वहीं नाड़ीशोधन मन को स्फूर्त रखने में बहुत मददगार साबित हुआ। पवनमुक्तासन शरीर के ग्लैंड को समाप्त करने, जोड़ों में लचीलापन लाने और ब्लॉकेज को खोलने में बहुत शक्तिशाली है। योग कक्षा का संचालन रजनीश कुमार और अवनीश कुमार ने किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse