गुमला। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देश पर डीडीसी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को दिलाए जाने वाले छात्रवृत्ति योजनांतर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आईटीडीए भवन के सभागार में आयोजित इस बैठक में बैंकवार विद्यार्थियों के खातों का लंबित एनपीसीआई मैपिंग, तथा 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति हेतु नया खाता खोलने आदि विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि गुमला जिलांतर्गत सरकारी एवं सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 01 से 10 तक में अध्ययनरत अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान हेतु प्राप्त सूची कुल 75271 में से कुल 69043 छात्र-छात्राओं का एनपीसीआई मैपिंग की जांच में 27927 विद्यार्थियों का एनपीसीआई मैपिंग नहीं पाया गया, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान नहीं किया जा सका है। इसके साथ ही कई विद्यार्थियों के खाता संख्या अप्राप्त होने के कारण भी छात्रवृत्ति राशि भुगतान की प्रक्रिया लंबित है। इसपर उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को वैसे सभी विद्यार्थियों जिनकी एनपीसीआई मैपिंग नहीं हुई है, की सूची पुन: सभी बैंकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने बैंकों द्वारा छात्रवृत्ति भुगतान हेतु बेहद धीमी गति से किए जाने वाले कार्यों तथा बैंको द्वारा छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों में रूची नहीं लिए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए बैंको को अपने कार्य प्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया। बैठक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों द्वारा बैंक आॅफ इंडिया द्वारा छात्रवृत्ति भुगतान, एनपीसीआई मैपिंग एवं खाता खोलने आदि कार्यों में सहयोग नहीं किए जाने की समस्या से उप विकास आयुक्त को अवगत कराया गया। इसके साथ ही रायडीह प्रखंडांतर्गत नवागढ़ा बैंक आॅफ इंडिया के शाखा प्रबंधक द्वारा ग्राहकों से बुरा बर्ताव किए जाने की भी शिकायत की गई। इसपर उप विकास आयुक्त ने कार्य प्रणाली में सुधार करने अन्यथा संबंधित बैंकों के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों से उनके बैंकों में सुदूरवर्ति एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों के साथ विनम्रतापूर्वक उनका सहयोग करने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों के नए खाता खोले जाने की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सभी बैंकों को प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 12 बजे तक 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों के नए खाता खोलने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, परियोजना निदेशक आईटीडीए इंदु गुप्ता, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, डीपीओ यूआईडी सैफुल्लाह, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी गुमला/ सिसई/ घाघरा/ पालकोट/ बसिया/ कामडारा/ रायडीह/ चैनपुर/ डुमरी/ जारी, बैंक समन्वयक बैंक आॅफ इंडिया गुमला/ बैंक आॅफ बड़ौदा गुमला/ कैनरा बैंक गुमला सहित अन्य उपस्थित थे।
कोडरमा। उपायुक्त आदित्य रंजन जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये आम-जनों की समस्याओं से अवगत हुए। सभी के शिकायतों को बारी-बारी से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जनता दरबार में आंगनबाड़ी केंद्र चैनपुर मंधौतीमहुआ कोड संख्या-122 में सेविका पद की नियुक्ति को लेकर अनिमियता बरतने की शिकायत उपायुक्त के जनता दरबार में प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने आवेदन के माध्यम से बताया है कि अवैध तरीके से सेविका पद पर अंजु कुमारी को नियुक्त कर दिया। योग्यता एवं मेधासूची को ताख पर रख कर नियुक्ति किया गया है। प्राप्त आवेदन के आलोक में उपायुक्त महोदय ने उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर त्वरित जांच प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिये। उत्क्रमित उच्च विद्यालय पोखरडीहा प्रखंड सतगावां के प्रभारी द्वारा कक्षा 9वीं एवं 10वीं के बच्चों से नामांकन शुल्क, पंजीयन शुल्क, प्रैक्टिकल शुल्क, परीक्षा शुल्क एवं फार्म भरने का शुल्क निर्धारित शुल्क से कई गुना ज्यादा वसूली करने की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्त्ता द्वारा बताया गया है कि विद्यालय के प्रभारी का आचरन गलत है और उनके द्वारा मुझे मानसिक रूप प्रताड़ित किया जाता है। शिकायतकर्त्ता ने उपायुक्त से गुहार लगायी है कि इन परिस्थितियों में मेरे साथ कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसका अविलंब निराकरण करें। उपायुक्त ने जीआरसी को निर्देश दिया कि जांच टीम के द्वारा स्कूल का स्थलीय जांच करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त पेंशन, आवास, राशन कार्ड, जमीन विवाद से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त द्वारा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया।
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क के मोहलपहाड़ी गांव के पास एक टाटा मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में नारियल से भरे बोरे लदे थे, लेकिन जब लोग नजदीक पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। नारियल के बोरे के नीचे विस्फोटकों का जखीरा छुपाकर रखा हुआ था। कई पेटी जिलेटिन की छड़े और डेटोनेटर रखे हुए थे।WB 37E 0612 नंबर की यह टाटा मैजिक दुमका से रामपुरहाट की ओर जा रहा था। हालांकि बाद में यह जानकारी हुई कि शिकारीपाड़ा पुलिस को विस्फोटकों से लदे वाहन के जाने की खबर लगी थी और वह इस वाहन का पीछा कर रही थी। वाहन तेज रफ्तार में भाग रहा था और एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका एसडीपीओ नूर मुस्तफा मौके पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी सुशील कुमार भी अपनी टीम के साथ वाहन की जांच में जुटे हुए हैं। फिलहाल विस्फोटक से लदे इस वाहन को शिकारीपाड़ा थाना ले जाया जा रहा है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह विस्फोटक कौन ले जा रहा था। इसे कहां से लाया गया और कहां पहुंचाना था। शिकारीपाड़ा का यह एरिया स्टोन क्रशर चिप्स के उत्पादन का है। जहां कई वैध पत्थर खदान तो हैं साथ ही अवैध तौर पर पत्थर खदान संचालित किए जाते हैं और इन अवैध खदान में अवैध तौर पर लाए विस्फोटकों का इस्तेमाल होता है। पिछले 1 वर्ष में कई ऐसे मौके आए जब अवैध रूप से लाए गए जिलेटिन और डेटोनेटर बरामद किए गए। इस सम्बंध में दुमका SDPO नूर मुस्तफा ने कहा कि सूचना मिली थी कि मैजिक वाहन में लादकर विस्फोटक ले जाया जा रहा है। हम लोग इसकी कई बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं कि यह वैध है या फिर अवैध इसकी जांच की जाएगी। इसके अलावा इसे कहां पहुंचना था, कौन इसमें शामिल हैं, इन सभी बातों की तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर यह विस्फोटक अवैध है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 18 दिसंबर को होने वाले अपने 12वें केंद्रीय महाधिवेशन की तैयारी तेज कर दी है। केंद्रीय समिति ने इसके लिए आवश्यक समितियों का गठन शुरू कर दिया है। समितियों का संयोजक केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को बनाया गया है। झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने इसकी घोषणा की। मोर्चा के संविधान संशोधन समिति में चंपई सोरेन, नलिन सोरेन, विनोद पांडेय, सुदिव्य कुमार सोनू, पंकज मिश्रा, हफीजुल हसन, स्टीफन मरांडी, विजय हांसदा, सुप्रियो भट्टाचार्य, योगेंद्र प्रसाद और जगन्नाथ महतो को शामिल किया गया है। इसी तरह राजनीतिक प्रतिवेदन सह आगामी कार्यक्रम एवं रूपरेखा समिति में चम्पई सोरेन, नलिन सोरेन, मथुरा प्रसाद महतो, सीता सोरेन, विनोद पांडेय, मिथिलेश ठाकुर, सुदिव्य कुमार सोनू, जोबा मांझी, मंगल कालिंदी, स्टीफन मरांडी, शशांक शेखर भोक्ता, सविता महतो, लोबिन हेम्ब्रम, सुप्रियो भट्टाचार्य, दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, बसंत सोरेन और बैद्यनाथ राम को रखा गया है। दोनों समितियों की बैठक एक दिसंबर को मंत्री चम्पई सोरेन के मोरहाबादी स्थित आवास पर होगी। इन्हें सौंपी गई जम्मेवारी : रांची जिला समिति का अध्यक्ष मुश्ताक आलम, उपाध्यक्ष बिरू तिर्की और अश्विनी शर्मा, सचिव हेमलाल मेहता हेमू और कोषाध्यक्ष नितिन अग्रवाल को बनाया गया है। खूंटी जिला समिति के अध्यक्ष जुबेर अहमद होंगे। उपाध्यक्ष मगन मंजीत तिरू, डिकसन पूर्ति, सचिव गुलशन सिंह मुंडा, कोषाध्यक्ष भोलानाथ लाल को बनाया गया है। रामगढ़ जिला समिति के अध्यक्ष विनोद किस्कु, गुमला के भूषण तिर्की, लातेहार के लाल मोतीनाथ शाहदेव और गोड्डा जिला समिति के अध्यक्ष बासुदेव सोरेन बनाये गये हैं। चतरा में पंकज प्रजापति, हजारीबाग में शंभुलाल यादव, बोकारो में हीरालाल मांझी, धनबाद में रमेश टुडू, साहिबगंज में शाहजहां अंसारी, पाकुड़ में श्याम यादव, सिमडेगा में किशोर डांग, पलामू में राजेंद्र कुमार सिन्हा गुड्डू, लोहरदगा में मोजम्मील अहमद, कोडरमा में श्याम किशोर सिंह, जामताड़ा में श्यामलाल हेम्ब्रम, गिरिडीह में संजय सिंह, देवघर में संजय शर्मा, गढ़वा में तनवीर आलम खान, पूर्वी सिंहभूम में रामदास सोरेन और सरायकेला-खरसावां में डॉ शुभेंदु महतो को जिला समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
लोहरदगा। रविवार को लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कुड़ू प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने जन जागरण पदयात्रा का दूसरा चरण ग्राम पंडरा पंचायत से शुरू किया, जिसका ग्राम चेटर मकांदू, हुरहद, जिंगी एवं जोंजरो पहुंचकर समापन हुआ। इस अभियान में जिला प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह जिला प्रभारी शशि भूषण राय, जगदीश साहू, जिला कांग्रेस के वरीय नेता नेसार अहमद एवं प्रखंड प्रभारी सलीम अंसारी विशेष रूप से उपस्थित थे। जन जागरण अभियान को संबोधित करते हुए शशि भूषण राय ने कहा कि केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीना मुहाल हो गया है। लोग इस कमरतोड़ महंगाई से परेशान और बेहाल हैं। मोदी जी महंगाई रोकने के नाम पर केंद्र के सत्ता में काबिज हुए थे, परंतु उनके तमाम वादे झूठे साबित हुए। मोदी जी देश की जनता के साथ वादाखिलाफी किए हैं। सालाना दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा भी इनका झूठा साबित हुआ। केंद्र की मोदी सरकार को आम जनता की परेशानियों से कुछ लेना देना नहीं है। इन्हें तो सिर्फ और सिर्फ अंबानी और अडानी को फायदा पहुंचाने से मतलब है। बीजेपी और उनके नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है। जनता समय पर इन्हें सबक सिखाएगी। इस अभियान में अपनी बात रखते हुए नेसार अहमद ने कहा कि केंद्र सरकार और मोदी जी अंबानी-अडानी की कठपुतली बनकर रह गए हैं। मोदी जी चाय बेचते-बेचते अब देश बेचने पर उतर आए हैं। आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी देश को गढ़ने और बनाने में 70 वर्ष लगा दिया। वहीं इन 7 सालों में मोदी जी ने देश को बर्बाद और बेचने का काम किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश साहू ने कहा कि केंद्र सरकार के अर्थव्यवस्था को सही से संभाल नहीं पाने के कारण देश में अराजकता व्याप्त है। डीजल पेट्रोल और रसोई गैस खाने पीने की चीजों के दामों में प्रतिदिन बढ़ोतरी होती है। इतिहास में अब तक ऐसा नहीं हुआ था। प्रखंड प्रभारी सलीम अंसारी ने कहा कि अच्छे दिन का सपना दिखाने वाले मोदी जी आज महंगाई और बेरोजगारी में चुप रहते हैं। जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया है। किसानों की आय दोगुनी करने के नाम पर तीन कृषि काले कानून एक वर्ष पूर्व इन्होंने बनाया था, जिसका कांग्रेस पार्टी और हमारे नेता राहुल गांधी संसद से सड़क तक इस कानून का विरोध किए और देश के किसानों के साथ खड़े होने का काम किए। देश के जागरूक किसान भाई और आम जनता कंपकंपाती ठंड और तपती धूप में बाल बच्चों के साथ देश की राजधानी में डेरा डाले, जिसका परिणाम हुआ की अहंकारी तानाशाह मोदी सरकार को देश की जनता और किसानों के सामने घुटने टेकने पड़े और मोदी जी को तीनों काला कृषि कानून वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह लोकतंत्र की बड़ी जीत है। इसे भी भारतीय इतिहास में लिखा। सभा को संबोधित करने वालों में प्रखंड अध्यक्ष सदरुल अंसारी, रमेश उरांव प्रभात भगत ललिता उरांव एवं तनवीर गौहर शामिल थे। कार्यक्रम में राकेश कुमार, राजेश लाल, कमरुल इस्लाम, अंसार अहमद, हाशिम अंसारी, साहिल अहमद बॉबी, समसुल अंसारी, अफज़ल अंसारी, संगीता उरांव, सजीव उद्दीन अंसारी, बबलू खान, मोहम्मद इकबाल, मुनीम अंसारी, खुर्शीद खान, मजीद पवरिया, शमी अहमद, इरशाद अंसारी, परवेज अंसारी, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद मोजी बुल्ला, जैनुल अंसारी, मजीद अंसारी, महावीर उरांव, साधना उरांव, सुबोध उरांव, एतवा उरांव, दारोगा उरांव, तैरस तिर्की, सूरज मुंडा, सहाबीर उरांव, मंगरा उरांव, करमा उरांव, चारों उरांव, रोशनी टोप्पो एवं स्वर्णलता देवी उपस्थित थे।
लोहरदगा। रविवार को भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष मनीर उरांव के नेतृत्व में जिला कार्यालय बख्शीडिपा स्थित सभागार में पदाधिकारियों के साथ में बैठक की गई। बैठक में लोहरदगा जिला संगठन प्रभारी मनोज मिश्रा व श्रीचंद प्रजापति पूर्व माटी कला बोर्ड अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी जिला कार्यसमिति एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम को लेकर अलग-अलग कार्यों में अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेवारी सौंपी गई। कार्यक्रम के दौरान मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि वर्तमान झारखंड के सरकार के द्वारा गरीबों के निवाले भी छीने जा रहे हैं।लोहरदगा जिला इसका मुख्य उदाहरण के रूप में है। विगत सितंबर महीने की खाद्यान्न जो राष्ट्रीय खाद्य अधिनियम उपलब्ध कराई जाती है उसका वितरण अभी तक नहीं हो पाई है। यह मौलिक अधिकार है।यह क्षेत्र झारखंड सरकार के वित्त मंत्री व खाद्यान्न मंत्री का है यह बहुत ही चिंतनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि खाद्यान्न मंत्री के क्षेत्र में ऐसी कार्यशैली दिखाई दे रही है तो पूरे प्रदेश में क्या हो रहे होंगे। यह दर्शाता है कि पूरे प्रदेश में प्रत्यक्ष रूप से भ्रष्टाचार व्याप्त है। प्रदेश के प्रत्येक वर्ग आज संघर्ष करने को मजबूर है। युवा विशेष रूप से पूरे प्रदेश में परेशान हैं।जेपीएससी परीक्षा प्रत्यक्ष रूप से भ्रष्टाचार का शिकार हो गया है परंतु सरकार इससे निरस्त करने के बजाय लगातार लाठियां वर्षा रही है एवं धाराएं लगा रही है। या भविष्य में ग्रहण लगाने का कार्य हो रहा है इसे लेकर जनता कभी माफ नहीं करेंगे और हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता लगातार संघर्ष करते रहेंगे। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करनी होगी जिससे कि हमारा भविष्य सुरक्षित रहे।उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रम की सफलता की जिम्मेवारी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ताओं की है जनता की समस्याओं को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता सदैव तत्परता से काम करते रहे हैं। मौके पर राजकिशोर महतो, पूर्व अध्यक्ष, उपाध्यक्ष हर्षनाथ महतो, जिला महामंत्री बालकृष्णा सिंह, राज कुमार वर्मा, अनिल उरांव, सरोज प्रजापति, पशुपति नाथ पारस, सजल कुमार, मनीष शिखर, सुरेश बैठा, प्रदीप कुमार आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी भाजपा लोहरदगा जिला मीडिया प्रभारी पशुपति नाथ पारस ने दी।
गुमला। झारखंड नवनिर्माण दल ( जेएनडी ) के दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रमुख नेताओं की आवश्यक बैठक सह वनभोज कार्यक्रम पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवचंद मांझी की अध्यक्षता में गुमला जिला के सिसई स्थित नागफेनी कोयल नदी तट पर आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित झारखंड नवनिर्माण दल के अध्यक्ष प्रोफेसर रामनारायण भगत व दल के संयोजक विजय सिंह ने कहा की शहीदों व हमारे पूर्वजों की कुर्बानी से मिली इस राज्य को लूट का चरागाह नहीं बनने देंगे । झारखंड नवनिर्माण के लिए दूसरी लड़ाई की तैयारी तेज करने की भी बात नेताओं ने कही । बैठक में राज्य में बड़ी एकता बनाते हुए गांव में ग्राम सभा को व शहर में वार्ड को मजबूत बनाने के लिए अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से तेजी से आगे बढ़ाने, पंचायत चुनाव में संघर्षशील प्रत्याशियों की जीत के लिए काम करने, प्रमंडल के जिला मुख्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ व जनसमस्याओं को लेकर बड़ी जन गोलबंदी के साथ जनवरी 2022 से जन पंचायत आयोजित करने तथा 19 दिसंबर 2021 को रांची में राज्य स्तरीय कैडर कन्वेंशन में भाग लेने तथा झारखंड नवनिर्माण दल द्वारा आयोजित 9 जून 2022 को रांची में आहूत प्रथम कार्यकर्ता सम्मेलन को शानदार बनाने के अलावे कई निर्णय लिए गए। बैठक में एजाज अंसारी, सोमलाल बेसरा, सुरेश भगत, प्रकाश उरांव, आदित्य सिंह, धर्मपाल उराँव, फबयानुस सारस, शिवप्रसाद साहू, ललन साहू, रघुनंदन सिंह, प्रकाश उरांव, शंकर उरांव, पुष्पा उरांव, तारा मिंज, कुसमा मिंज, बिरजिनिया मिंज के अलावे काफी संख्या में झारखंड नवनिर्माण दल के प्रमंडल के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।
गुमला। रायडीह थाना क्षेत्र के मांझाटोली बरियार में भारतीय जनता युवा मोर्चा का बैठक भाजयुमो अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। जिसमें हिमांशु जी ने नई कमिटी का गठन किया, जिसमें अध्यक्ष सर्वेसर्वा हिमांशु गुप्ता, उपाध्यक्ष बालमोहन साहू,सतीश साहू, महामंत्री सुबोध प्रसाद, बालेश्वर सिंह, मंत्री रवि प्रसाद, अनूप बाड़ा, सोसल मीडिया प्रभारी जितेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी मिथलेश कुमार, IT सेल प्रभारी रामकुमार सिंह, कार्यालय मंत्री जीतू बड़ाईक, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार साहू को नियुक्त किया गया। जिसमें जिला IT सेल प्रभारी सह रायडीह प्रभारी सुमित प्रसाद के साथ सभी भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद हुए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse