कोडरमा। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में उपाध्यक्ष सारिका सिन्हा के आदर्श कॉलोनी स्थित आवास में भारत रत्न पूर्व राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की 137 वी जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महासभा की जिला अध्यक्ष प्रीति सहाय एवं अन्य सदस्यों द्वारा पूर्व राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की फोटो पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया गया। जयंती कार्यक्रम में महासभा के द्वारा माता पिता का साया उठ चुके दो अनाथ बच्चियों जो चंदवारा प्रखंड के रामपुर गांव के निवासी कंचन कुमारी एवं तिलैया बस्ती निवासी सिमरन कुमारी को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए उनका हौसला अफजाई किया गया। अध्यक्ष प्रीति सहाय ने कहा कि आज देश को पूर्व राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद के आदर्शों पर चलने की जरूरत है। हम समाज में रह रहे गरीबों और वंचितों को मदद कर देश की आजादी के लिए मर मिटने वाले वीर शहीदों की आत्मा को असली श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में समाज में रह रहे वैसे बच्चे जिनके ऊपर से माता पिता का साया छूट चुका हो वैसे बच्चे एक संपन्न समाज में कभी अनाथ नहीं हो सकते। हम सभी का सामाजिक व नैतिक जिम्मेदारी है कि उन बच्चों को हौसला अफजाई कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए मदद दे। आज दो असहाय बच्चियों को महासभा आर्थिक मदद करते हुए काफी गौरवान्वित महसूस कर रही है। कार्यक्रम में सचिव शशि सिन्हा, रानी श्रीवास्तव, अंजना श्रीवास्तव, सुनैना सिन्हा, ज्योति सिन्हा, मानसी श्रीवास्तव, दिव्या सिन्हा, कृष्णा कुमार, अमित कुमार, विक्की कुमार आदि उपस्थित हुए।
गुमला। शुक्रवार को आक्सफैम इंडिया संस्था के बैनर तले स्थानीय कार्तिक उरांव महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक जागरूकता अभियान सह सेमिनार का आयोजन किया गया। मौके पर संस्था के जिला संयोजक राजश्री दास के नेतृत्व में कॉलेज के पॉलिटिकल साइंस के छात्राओं के बीच महिला सशक्तिकरण तथा उनके अधिकार और हितों की जानकारी को लेकर जागरूकता अभियान चलाते हुए उन्हें इस बात की जानकारी दी गई कि आज के दौर में हमारे देश की महिलाएं भी किसी क्षेत्र में कम नहीं है। किंतु इसके बावजूद देश की महिलाएं और लड़कियों के बीच विभिन्न प्रकार की योजनाएं और अन्य जानकारियों का अभाव होता है, जिसकी वजह से वह स्वयं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने से वंचित रह जाते हैं। मौके पर कॉलेज के छात्र छात्राओं को यह बताया गया कि वर्तमान में भारत सरकार के द्वारा एक बिल प्रस्तुत किया गया है, जिसके तहत देश में लड़कियों की विवाह हेतु न्यूनतम आयु सीमा 21 वर्ष निर्धारित करने की बात कही गई है। हमें निश्चित रूप से ऐसे ही योजनाओं का जो सरकार महिला स्वाबलंबी और सशक्तिकरण को लेकर लाती है, उसका स्वागत करना चाहिए। निश्चित रूप से लड़कियां जब 18 वर्ष की होती है, वह शारीरिक और मानसिक रूप से विवाह के योग्य नहीं ठहराई जा सकती। क्योंकि उनका यह समय उनके जीवन को संवारने का और अच्छी शिक्षा ग्रहण करने का साथ ही साथ स्वयं को रोजगार से जोड़ने का एक समय होता है। अत: हमारी संस्था 21 वर्ष की न्यूनतम आयु सीमा का निर्धारण करने को लेकर इस योजना स्वागत करता है। उपस्थित छात्र छात्राओं ने सभी वक्ताओं के द्वारा कही गई बातों को ध्यान पूर्वक सुनने के पश्चात यह संकल्प लिया कि वह आने वाले दिनों में स्वयं को स्वावलंबी और सशक्त बनाकर हमारे देश के वैभव को बढ़ाने का कार्य नित्य नए दिन करते रहेंगे। मौके पर उपस्थित छात्र छात्राओं ने श्वेत पट्टिका पर हस्ताक्षर करते हुए अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। इस तरह के कार्यक्रम गुमला और सिसई प्रखंड में भी की जा रही है। ये तीन दिवसीय कार्यक्रम है जिसमे कॉलेज के छात्र, तेजस्विनी ग्रुप, समुदाय के लोगो के साथ किया जायेगा। मौके पर कॉलेज के लगभग 250 छात्र और छात्राएं, संस्था के रोहित कुमार साह,ू खुशमंती देवी, हीरामणि देवी, असिस्टेंट प्रोफेसर अजित कुमार हंसदा और प्रोफेसर डॉ संजय इत्यादि उपस्थित थे।
गुमला। परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम के बाहर स्थित परमवीर के प्रतिमा स्थल पर जिला प्रशासन ने शहादत दिवस का आयोजन किया। शहादत दिवस कार्यक्रम में उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्रानाथ भादुड़ी सहित अन्य पदाधिकारियों/ कर्मियों द्वारा परमवीर अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की गयी। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने लांस नायक को स्मरण करते हुए कहा कि सन 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया था। दुश्मन से हुई भिड़न्त में गोलियां खाने के बावजूद वे युद्ध भूमि पर डंटे रहे और दुश्मनों का खात्मा कर वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके शहादत को भुलाया नहीं जा सकता। उनके अदम्य साहस को याद कर हम जिलावासियों को अपने दिलों में आज राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना जगाने का संकल्प लेने की आवश्यकता है। शहादत दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ.एहतेशाम वकारिब ने वीर सपूत लांस नायक परमवीर अल्बर्ट एक्का को नमन करते हुए कहा कि 1971 में भारत-पाकिस्तान की युद्ध के दौरान अलबर्ट एक्का और उनकी बटालियन के साथियों ने दुश्मनों से लोहा लेते हुए 65 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था। आज हमें उनकी जीवनी से प्रेरणा लेने की जरूरत है। शहादत दिवस के अवसर पर प्रतिमा स्थल पर उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डॉ.एहतेशाम वकारिब, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्रानाथ भादुड़ी, सेवानिवृत सैन्य अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।
कोडरमा। आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न पंचायत भवनों, नगर परिषद् झुमरी तिलैया, नगर पंचायत कोडरमा व डोमचांच में शिविर आयोजित किया गया। इन शिविरों में आमजनों की भीड़ उमड़ रही है। सतगावां प्रखंड के खुट्टा पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में बीडीओ वैद्यनाथ उरांव ने ग्रामीणों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की। कहा कि सरकार आपकी हर समस्या से रूबरू होने आपके द्वार पहुंची है। सरकार की मंशा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पंचायत तक पहुंचाना है। इस कार्यक्रम में आपकी समस्याओं का समाधान करने का आॅन द स्पॉट प्रयास किया जा रहा है। कुछ समस्याओं जिनका निष्पादन आॅन द स्पॉट संभव नहीं है, उसे सप्ताह भर में निष्पादित कर दिया जाएगा। समस्याओं का निष्पादन ससमय हो और ज्यादा से ज्यादा लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए जिला स्तर से आयोजित सभी आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के शिविरों की नियमित मानीटरिंग हो रही है। जिला प्रशासन योजना की आहर्ता रखने वाले लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर प्रतिबद्ध है। आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन सतगावां प्रखंड के खुट्टा पंचायत, डोमचांच प्रखंड के कुंडीधनवार पंचायत, चंदवारा प्रखंड के मदनगुंडी पंचायत व जयनगर प्रखंड के खरियोडीह पंचायत के साथ-साथ नगर परिषद झुमरी तिलैया, नगर पंचायत कोडरमा/डोमचांच के वार्ड संख्या-13 में किया गया। आपके अधिकार- आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में जेएसएलपीएस, मनरेगा, खाद्य आपूर्ति, सेवा की गारंटी, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, गव्य एवं पशुपालन आदि विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त किये गए। जिन्हें क्रमवार आहर्ता अनुरूप निष्पादित किए जायेंगे। 4 दिसंबर को आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन कोडरमा प्रखंड के पथलडीहा पंचायत, मरकच्चो प्रखंड को चोपनाडीह पंचायत, सतगावां प्रखंड के समलडीह पंचायत, डोमचांच प्रखंड के धरगांव पंचायत, नगर परिषद् झुमरी तिलैया, नगर पंचायत कोडरमा/डोमचांच के वार्ड संख्या-14 में किया जाएगा।
रांची। होंडा सिटी जैसे लग्जरी कार के अंदर से 86 किलो गांजा बरामद की गई। कार में अंकित नंबर जाली निकला। वहीं कार में सवार लोग वहां से भाग निकलने में कामयाब रहे। यह कार रांची टाटा रोड पर नामकुम पुलिस ने पकड़ा। पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। रांची पुलिस कप्तान सुरेंद्र झा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को यह कामयाबी मिली। नशे के सौदागरों द्वारा बेखौफ नशीली पदार्थों की तस्करी की जा रही है। गुजरे कुछ माह में केवल राजधानी में कई थानों की पुलिस ने गांजा पकड़ा। असली सौदागर को खोज निकालने में और इसके नेटवर्क को भेद पाने में पुलिस नाकाम है।
रांची (एबीएन राज्य ब्यूरो)। झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जितनी बेसब्री आम लोगों की है, उतना ही शासन तंत्र सुस्त दिख रहा है। पहले तो कहा जा रहा था कि 2022 के जनवरी में पंचायत चुनाव होंगे और इसकी अधिसूचना दिसंबर में जारी हो जाएगी। लेकिन, लगता है कि दिसंबर में अधिसूचना जारी होने अथवा जनवरी-फरवरी में चुनाव होने की संभावना पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। दरअसल, झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि अब पंचायत चुनाव नए वोटर लिस्ट पर होंगे और वोटर लिस्ट का प्रकाशन 5 जनवरी 2022 को होगा। साफ है कि निर्वाचन आयोग के इस नये आदेश से गांवों की सरकार बनने की उम्मीद लगाए लोगों को अब मार्च महीने तक इंतजार करना पड़ेगा। झारखंड पंचायत चुनाव मार्च में होने की संभावना के पीछे का एक बड़ा कारण यह भी है कि अब वोटर लिस्ट के प्रकाशन होने के बाद वार्ड स्तर पर नए वोटर लिस्ट बनेगी। इसमें एक से डेढ़ महीने तक का समय लग जाएगा। मार्च महीने में पंचायत चुनाव टलने की संभावना के साथ जिलों में भी तैयारियों की रफ्तार अब धीमी हो गई है। बताते चलें कि राज्य निर्वाचन आयुक्त ने 26 नवंबर को वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जिला प्रशासन को यह निर्देश दिया था कि पंचायत चुनाव हेतु वोटर लिस्ट वही होगी, जो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधान सभा निर्वाचन के लिए तैयार की जाएगी। इस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार उस समय विधानसभा निर्वाचन के लिए दी गई मतदाता सूची प्रयोग में लाई जाएगी। गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोजन द्वारा वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है, जिसका अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2022 को निर्धारित किया गया है। इससे पहले राज्य प्रशासन से लेकर आम लोग यही मान रहे थे कि पंचायत चुनाव की अधिसूचना दिसंबर में जारी हो जाएगी और जनवरी में चुनाव हो जाएंगे। परन्तु अब चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के बाद तमाम कयासों पर विराम लग गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अब नए वोटर लिस्ट पर होगा। 5 जनवरी 2022 को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जिसमें नए वोटर जोड़े जाएंगे। उसके बाद नए तरीके से वार्डवार मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसमें करीब एक महीने का समय लग सकता है। ऐसे में इसके बाद भी चुनाव होने की संभावना है। इन प्रक्रियाओं में समय लगेगा इसलिए मार्च 2022 में झारखंड पंचायत चुनाव होने की संभावना है।
रांची। चक्रवाती तूफान जवाद का असर झारखंड पर भी पड़ने की संभावना जतायी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मौसम विभाग के मुताबिक मध्य बंगाल की खाड़ी में जवाद तूफान के विकसित होने की संभावना है। यह तूफान शनिवार को ओड़िशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों तक पहुंच सकता है। इसकी वजह से 3 दिसंबर को झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 4 से 6 दिसंबर तक ज्यादातर हिस्सों में बारिश के आसार है। इस बीच रांची रेल मंडल ने कई ट्रेनों को रद्द करना का फैसला लिया है। 3 दिसंबर - ट्रेन संख्या - 13351 धनबाद-एलप्पी एक्सप्रेस - धनबाद से रद्द रहेगी। इसे लेकर 3 दिसंबर - ट्रेन संख्या - 12876 आनंद विहार टर्मिनल - पुरी एक्सप्रेस - आनंद विहार टर्मिनल से रद्द रहेगी, 3 दिसंबर - ट्रेन संख्या - 18451, हटिया-पुरी एक्सप्रेस - हटिया से रद्द रहेगी, 3 दिसंबर - ट्रेन संख्या - 18452, पुरी-हटिया एक्सप्रेस - पुरी से रद्द रहेगी, 3 दिसंबर - ट्रेन संख्या - 18637, हटिया-बेंगलुरू कैंट एक्सप्रेस - हटिया से रद्द रहेगी। फिलहाल Ranchi Rail Division ने पांच ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। आने वाले तूफान जवाद का नामकरण सऊदी अरब ने किया है। अरबी में जवाद का अर्थ होता है उदार या दयालु। अब देखना है कि यह तूफान जनजीवन को किस हद तक प्रभावित करता है। हालाकि प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी किया जा चुका है। इस तूफान की वजह से बारिश के कारण झारखंड में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जतायी गई है।
रांची। झारखंड में चक्रवात तूफान जवाद के लिए अलर्ट जारी नहीं हुआ है लेकिन इसका असर राज्य में देखने को मिलेगा। 4 और 5 दिसंबर को राज्य के दक्षिण, मध्य और उत्तर-पूर्व इलाकों में हल्की-मध्य बारिश होगी। आईएमडी रांची निदेशक अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार से जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा जैसे दक्षिणी हिस्से प्रभावित होंगे। साथ ही 4 और 5 दिसंबर को, दक्षिण, मध्य और उत्तर-पूर्व (जामताड़ा और धनबाद) झारखंड में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। उत्तरी और एनडब्ल्यू भागों पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। केवल आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तटीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्से प्रभावित होंगे। बता दें कि संभावित चक्रवाती तूफान जवाद की आशंका को लेकर की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 से 6 दिसंबर तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse