एबीएन डेस्क, रांची। चक्रवाती तूफान "जवाद" के बादल छंटते ही सोमवार को लौहनगरी में ज्यादा ठंड का अहसास हुआ। तापमान में गिरावट तो नहीं आई, लेकिन वातावरण में नमी और पूर्वइया वायु प्रवाह से कनकनी महसूस हुई। मंगलवार से तापमान में गिरावट और हवाएं चलने से ठंड में वृद्धि होगी। घाटशिला में ज्यादा बारिश : मौसम विभाग के मुताबिक, कोल्हान में तूफान के असर से सबसे ज्यादा बारिश घाटशिला में रिकॉर्ड की गई। 24 घंटे में घाटशिला में 15.4 मिमी और चाईबासा में 14.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। जमशेदपुर में 12.4 मिमी, चक्रधरपुर में 12.2 मिमी, नीमडीह में 5.6 मिमी और चांडिल में 5.2 मिमी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बादल छाने से न्यूनतम तापमान में गिरावट कम हुई। पूर्वइया हवाएं चलने से कनकनी का अहसास हुआ। हवा का रुख मंगलवार से बदलने के आसार हैं। उत्तरी हवाएं आने से सर्दी में वृद्धि आएगी। अगले 48 घंटे में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क : तूफान कमजोर होकर पश्चिम बंगाल के समुद्री तट पर खत्म होने के बाद पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। 10 दिसंबर से तापमान में गिरावट के साथ ज्यादा सर्दी का अहसास होगा। उत्तराखंड और उत्तरी भारत में बर्फबारी और भारी वर्षा के प्रभाव से सर्द लहरों के प्रवेश से कनकनी के साथ ठंड बढ़ेगी।
रांची। चुनाव आयोग ने देवघर के डीसी मंजूनाथ भजंत्री को हटाने का आदेश दिया है। चुनाव आयोग ने कहा है कि मंजूनाथ भजंत्री किसी भी चुनाव में बिना चुनाव आयोग की अनुमति के डीसी नहीं रह सकते हैं। कहा कि मंजूनाथ भजंत्री को निशिकांत दुबे की शिकायत पर पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया, पर उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आयोग ने मुख्य सचिव को पत्र भेज कर कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही कहा है कि उन पर अनुशासात्मक कार्रवाई की जाये। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के साथ उनका विवाद चल रहा है। देवघर डीसी ने निशिकांत दुबे पर एक दिन में कई एफआइआर दर्ज कराये थे। उनके खिलाफ भाजपा ने आंदोलन छेड़ रखा था। भाजपा ने आरोप लगाया था कि देवघर डीसी झामुमो के कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।
रांची। एचईसी के कामगारों के आंदोलन को लेकर श्रम विभाग ने मंगलवार को त्रिपक्षीय वार्ता बुलायी है। वार्ता दो बजे से शुरू होगी। इसमें प्रबंधन और यूनियनों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है। एचईसी प्रंबधन ने श्रम विभाग को पत्र लिख कर दो दिसंबर से चल रहे कामगारों के आंदोलन की जानकारी दी थी। प्रबंधन ने कहा था कि प्लांट में औद्योगिक अशांति हो गयी है। औद्योगिक शांति बहाल करने के लिए पहल करने की जरूरत है। श्रम विभाग ने सभी यूनियनों को पत्र भेज कर बैठक में शामिल होने को कहा है। उधर, एचईसी की मान्यता प्राप्त हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने त्रिपक्षीय वार्ता में शामिल नहीं होने की घोषणा की है। यूनियन के महासचिव राणा संग्राम सिंह ने कहा है कि वेतन भुगतान के बाद ही वार्ता होनी चाहिए।
गम्हरिया। सोमवार को गडरिया में रजत कम कार्यालय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में महान शिक्षाविद संविधान निर्माता व स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि मंत्री बाबा डॉ भीमराव अंबेडकर की 66वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर राजद कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। मौके पर प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव, पुर्व जिलाध्यक्ष गाजु साव, प्रवक्ता मुकेश झा, किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर मालाकार, राजीव यादव, श्याम सुंदर यादव, जगन्नाथ मिश्रा, वीडी राय, मिठ्ठू महतो, नागी मार्डी, पुष्पा सिंह, यशोदा गोप, इंदर सिंह आदि उपस्थित थे।
रांची। राजधानी में आज चार कपड़ा कंपनियों के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए सीएम हेमंत सोरेन ओरमांझी के कुल्ही पहुंचे हैं। सीएम हेमंत सोरेन यहां किशोर एक्सपोर्ट्स, द वेस्ट बैंड, श्री गणपति क्रिएशंसा एवं वैलेंसिया एप्परल के औद्योगिक इकाइयों के उद्घाटन और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
लोहरदगा। लोहरदगा की संजना कुमारी ने बहरीन में आयोजित पारा एशियन यूथ गेम में बैडमिंटन में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीत कर लोहरदगा का नाम रोशन किया है। सेना के रिटायर्ड जवान लोहरदगा शास्त्री नगर, ढोड़हा टोली निवासी रतन कुमार और उषा कुमारी की बेटी संजना लोहरदगा के जीटीपीएस में साइंस छात्रा रही है। फिलहाल वह रांची वुमेंस कॉलेज में बीएससी की छात्रा है। संजना दाएं हाथ और पैर से दिव्यांग है। वह लखनऊ के स्पोर्ट्स अकादमी में बैडमिंटन की ट्रेनिंग ले रही थी। जहां से वह दो से छह दिसंबर तक पारा एशियन यूथ गेम में भाग लेने बहरीन गई थी। संजना का कहना है कि वह निरंतर अभ्यास करती रही जिसके कारण यह कामयाबी मिली।
रांची। देशभर में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। झारखंड में भी इसकी संभावना को लेकर सतर्कता बढ़ाने के साथ-साथ तैयारी शुरू कर दी गई है। वहीं रांची के सदर अस्पताल में ओमीक्रोन को लेकर अलग वार्ड बनाया गया है। सदर अस्पताल के डॉ सब्यसाची मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि 200 बेड तैयार कर लिए गए हैं। आईसीयू के अलग से 60 बेड हैं। डॉक्टरों और स्टाफ को ओमीक्रोन को लेकर ट्रेनिंग दी गई है। आॅक्सीजन का स्टॉक तैयार कर लिया गया है। बता दें कि कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। रांची के अस्पतालों में भी वार्ड तैयार करने के साथ-साथ दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त कोविड गाइडलाइन के तहत तैयारियां शुरू कर दी गई है।
नौडीहा बाजार (पलामू)। गुप्त सूचना के आधार पर नौडीहा बाजार थाना सीमावर्ती क्षेत्र के चहलथान के माओवादी सदस्य नान्हु राम ऊर्फ पांचसऊवा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद यादव ने बताया कि गूप्त सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन के अरविंद मुखिया लेवी लेने हेतू सदस्य नान्हु राम एवं नारायण यादव को लेवी वसूली करने चहलथान बटाने नदी के पास रात्रि में भेजनेवाला है। जानकारी मिलने पर पुलिस जवान वहां गये। पुलिस को देखकर दोनों माओवादी सदस्य भागने लगे। पुलिस ने नान्हु राम को पकड़ लिया। वहीं नारायण यादव भागने मे ंसफल हो गया। गिरफ्तार नान्हू छतरपुर थाना क्षेत्र के सुंगरी का रहनेवाला है। पुलिस के पूछने पर माओवादी ने बताया कि माओवादी अरविंद मुखिया के कहने पर लेवी लेने आये थे। साथ ही लोगों के बीच माओवादियों के आने की अफवाह फैलाये थे। एक दिसंबर की रात माओवादी अरविंद मुखिया, मनोहर गंझू व नीतीश जी के कहने पर लकड़ाही व घुजुवा माइंस के स्टाफ को दोनों ने पिटाई की थी। साथ ही क्रशर माइंस को आग लगाने की धमकी देकर लेवी मांगे थे। लेवी लेन चहलथान बटाने नदी पुल के पास आये थे। छापेमारी में थाना प्रभारी के साथ पुलिस अवर निरीक्षक सीताराम मुर्मू, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश पासवान सहित अन्य पुलिस जवान मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse