कोडरमा। एआईएलआरएसए के केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर 7 दिसंबर से 9 दिसंबर तक कोडरमा लॉबी में सभी लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट एआई एलआरएसए के बैनर तले त्रिदिवसीय रिले हंगर फास्ट कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलाया जा रहा है। बुधवार को इसकी अध्यक्षता आशुतोष कुमार ने की। मौके पर उपस्थित शाखा सचिव कपींद्र कुमार एवं शाखा सह सचिव एस यादव के साथ सैकड़ों रनिंग स्टाफ धरना पर मौजूद रहे। धरना 7 सूत्री मांगों को लेकर दिया जा रहा है। इनकी मांगों में एनपीएस समाप्त कर फिर से ओपीएस लागू करने, निजी करण व निगमीकरण को रोकने, रात्रि भत्ता सीलिंग 43600 को समाप्त कर अविलंब पूर्व की भांति लागू करने, एएलपी को 820 का वरीयता अभिलंब देने, पायलट का दर्जा अभिलंब देने, प्रत्येक विभाग में रिक्त पड़े पदों को यथाशीघ्र भरने आदि मांगे प्रमुख हैं। आयोजन को सफल बनाने में रंजीत कुमार, रोशन कुमार, सुजीत कुमार, प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, सतीश कुमार, रवि रंजन, मोहम्मद रिजवान, दिनेश कुमार, दिनेश कुमार, संजय कुमार सिंह, उमाशंकर प्रसाद, गौतम कुमार, जुल्फीकार अली, उपेंद्र कुमार यादव, सुधीर कुमार, सुनील कुमार सिंह, विनोद कुमार, अजीत कुमार, नितीश कुमार, आशुतोष कुमार, पंकज कुमार और दिलीप दास का योगदान रहा।
एबीएन डेस्क। रांची जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता अभियान का असर कहें या फिर कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का भय। एक सप्ताह में वैक्सीन लेने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई है। लोगों में वैक्सीन लेने की होड़ मची है। पहले से ज्यादा दूसरे डोज के लिए सेंटर में भीड़ उमड़ रही है। रविवार तक जिले में 13 लाख 56 हजार 870 लोगों ने वैक्सीन का पहला और सात लाख 33 हजार 412 लोगों ने दूसरा डोज लिया था। इसमें 30 नवंबर को जहां 10 हजार 942 लोगों ने वैक्सीन का पहला और दूसरा डोज लिया था। वहीं, पांच दिसंबर को 18 हजार 897 लोगों को वैक्सीन का पहला व दूसरा डोज लिया। सूचना के अनुसार, दिसंबर में सबसे कम वैक्सीनेशन एक दिसंबर को हुआ था। जिले में सिर्फ 4640 लोगों ने वैक्सीन लिया था। वहीं, दो दिसंबर को 6436 और तीन दिसंबर को 7556 लोगों को टीका लगा था। हालांकि वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। फोन करने से वैक्सीन मोबाइल वैन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ मोबाइल पर दूसरे डोज का वैक्सीन लेने के लिए एसएमएस भेजा जा रहा है। बावजूद वैक्सीन का पहला और दूसरा डोज लेने वालों में रविवार तक करीब छह लाख का अंतर है।
एबीएन डेस्क। झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं पर अगले साल से बिल का बोझ बढ़ सकता है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने वित्तीय वर्ष 2022-23 से बिजली की दर में 30 फीसदी तक की वृद्धि का प्रस्ताव दिया है। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (जेएसईआरसी) को भेजे गए इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही जेबीवीएनएल के 40 लाख से उपभोक्ताओं की जेब बर बोझ बढ़ेगा। जानकारी के अनुसार जेबीवीएनएल ने 2022-23 के लिए एनुअल रेवन्यू रिक्यावरमेंट (एआरआर) के साथ बिजली टैरिफ का प्रस्ताव झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (जेएसईआरसी) को भेज दिया है। आयोग में अध्यक्ष के साथ दोनों सदस्यों का पद रिक्त होने के कारण प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई रुकी हुई है। इसी कारण से मौजूदा वित्तीय वर्ष में बिजली की दर में वृ्द्धि नहीं हो सकी। जबकि 20-21 में कोरोना की मार के कारण बिजली की दर में बदलाव नहीं हुआ था। माना जा रहा है कि आयोग में अध्यक्ष और दो सदस्यों के रिक्त पदों पर अगले माह नियुक्ति हो जायेगी और दो वर्षों बाद जेबीवीएनएल के उपभोक्ताओं पर बिजली की बढ़ी हुई दर की मार पड़ेगी। जेबीवीएनएल के अधिकारियों के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं पर कम लेकिन औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की बिजली दर में अपेक्षाकृत अधिक बढ़ोत्तरी होगी। हालांकि जेबीवीएनएल की ओर से अभी उपभोक्ताओं की श्रेणी के आधार पर टैरिफ स्ट्रक्चर आयोग को नहीं भेजा गया है। जानकारी के अनुसार जेबीवीएनएल के घरेलू उपभोक्ताओं की दर कम बढ़ाई जाएगी।
कोडरमा। अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन सदर अस्पताल कोडरमा की बैठक की गयी। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मरीजों का अधिक से अधिक गोल्डेन कार्ड बनायें। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी है, जिसपर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन को प्राथमिकता के आधार पर ज्यादा से ज्यादा करें। सदर अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का ईलाज बेहतर हो इसकी विशेष ध्यान रखें। कोविड के नये केस मिलने पर जांच अभियान में तेजी लायें। सदर अस्पताल में जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध हो इसका ख्याल रखे। कुपोषण उपचार केंद्र में बच्चों का उपचार सही से करें। कुपोषण से शिकार बच्चों का चिन्हित एवं जांच में तेजी लाये। नो कॉस्ट, लो कॉस्ट के आधार पर सभी अस्पताल मॉडल अस्पताल के रुप में विकसित करें। सभी अस्पताल मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने में अपना पूरा प्रयास दें। सरकार द्वारा जारी किये गये कोरोना गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सभी अस्पतालों में हो, यह सुनिश्चित करें। इस मौके पर दंत चिकित्सा प्रभारी डॉ शरद, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, आयुष्मान कॉडिनेटर डॉ अभिजीत, आयुष्मान मित्र एवं अन्य मौजूद थे।
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर निदेशक सैनिक कल्याण निदेशालय ब्रिगेडियर बीजी पाठक (अ.प्रा) ने मुलाकात कर सशस्त्र सेना झंडा दिवस का फ्लैग लगाया। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर देश की सशस्त्र सेनाओं के सभी जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिक-कल्याण के लिए अंशदान भी किया। मौके पर जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल पीके झा (अ.प्रा), स्टेट मैनेजर जवान भवन मेजर रामायण सिंह (अ.प्रा) एवं जिला सैनिक कल्याण निदेशालय के अकाउंटेंट सूबेदार वीके सिंह (अ.प्रा) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
कोडरमा। झुमरीतिलैया के चित्रगुप्त नगर स्थित जयप्रकाश हॉस्पिटल में कोविड का एक भी मरीज का ईलाज नहीं किया गया और 41 लाख का दावा ठोका गया है। बताते चलें कि कोविड के आरंभिक दौर में उक्त अस्पताल का अधिग्रहण जिला प्रशासन के द्वारा डेडिकेटेड कोविड अस्पताल के रूप में किया गया था। आइसीयू, वेंटिलेटर जैसे जरूरी संसाधनों की घोर कमी के उस दौर में उक्त अस्पताल में दो वेंटिलेटर और आइसीयू की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने उक्त अस्पताल का अधिग्रहण तीन माह के लिए किया था। लेकिन अस्पताल प्रबंधन का रवैया असहयोगात्मक होने के कारण यहां एक भी मरीज का इलाज नहीं हो सका। अस्पताल के सारे स्टॉफ भाग खड़े हुए। एकबार गंभीर हालत में एक मरीज को यहां वेंटिलेटर सपोर्ट के लिए लाया गया, लेकिन किसी तरह का इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। बाद में अस्पताल प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई भी की गई। अस्पताल के संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई और दो माह के लिए अस्पताल का लाइसेंस भी सस्पेंड किया गया। अब अस्पताल प्रबंधन ने वर्ष 2020 में कोविड में अस्पताल अधिग्रहण को लेकर 41.74 लाख का दावा ठोंका है। अस्पताल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से 7 अप्रैल 2020 से 30 जून 2020 तक स्टॉफ खर्च का ब्योरा देते हुए राशि भुगतान करने को कहा है। इसमें दवाई खर्च, डॉक्टर व कर्मियों का वेतन, अस्पताल का बैंक लोन का ईएमआइ, मंथली इनकम, इलेक्ट्रिक बिल, डीजल, आक्सीजन सहित अन्य खर्च शामिल है। इधर, प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन के दावा को खारिज कर दिया है। जयप्रकाश हॉस्पिटल के दावा पर जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने कहा है कि अस्पताल द्वारा अधिग्रहण के दौरान असयोगात्मक रवैया अपनाया गया। आपदा प्रबंधन समिति की बैठक एवं सिविल सर्जन के पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि 2 दिसंबर 2020 को संबंधित अस्पताल का निबंधन तक रद्द किया गया। इधर, अस्पताल प्रबंधन द्वारा खर्च का ब्यौरा तो प्रस्तुत किया गया, लेकिन कितने मरीजों का इलाज किया गया, इस संबंध में जानकारी नहीं दी गई। कोविड के पहले फेज में जब स्थिति चिंताजनक थी, तब जिले का एकमात्र निजी अस्पताल होली फैमिली में मरीजों को अच्छी सेवा दी गई। अस्पताल कर्मियों का बेहतर योगदान के कारण सैकड़ों मरीजों की जान तक बचाई गई। लेकिन इस सेवा के बाद भी इस अस्पताल प्रबंधन को कर्मियों व चिकित्सकों के मंथली सैलरी लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक वर्ष बाद डेढ़ करोड़ का भुगतान किया गया है। जबकि शेष राशि का भुगतान उपयोगिता प्रमाण पत्र देने के बाद करने की बात कही गई है।
कोडरमा। सतगावां पुलिस ने अपराध को अंजाम देने की योजना बनाते तीन आरोपियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में सतगांवा थाना क्षेत्र नैयाचक निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ धारो, गलवाती निवासी सचिन कुमार भागलपुर थाना सतगांवा निवासी, बसन्त कुमार के नाम शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल बरामद किया है। उपरोक्त जानकारी डीएसपी संजीव कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि सतगांवा थाना क्षेत्र के भागलपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ आपराधिक तत्व हथियार से लैश होकर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। सूचना के आधार पर एसपी ने सतगांवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने छापामारी कर उपरोक्त तीनों आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। डीएसपी श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में कहा है कि उनका 8-10 लोगों का गिरोह है, जो जंगली क्षेत्रों में शराब, ईंट भट्ठा तथा अन्य व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का काम करता है। डीएसपी ने बताया कि उक्त गिरोह का मुख्य सरगना धर्मेंद्र उर्फ धारो है। इन लोगों का एक संगठित गिरोह है, जिसमे सतगांवा के अलावे बिहार के गोविंदपुर के अपराधी शामिल हैं। गिरोह के लोग सतगांवा के बॉर्डर एरिया के अलावे बिहार के गोविंदपुर, कौआकोल आदि जंगली क्षेत्रों में शराब बनाने वाले, ईंट भट्ठा के संचालक तथा अन्य व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का काम करता है। गिरोह के एक सदस्य चन्दन कुमार कौआकोल में रंगदारी वसूलने का काम करता है। वहीं डीएसपी ने बताया कि गतदिन सतगांवा के ईंट भट्ठा संचालक रौशन कुमार ने 15 लाख रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए थाना में मामला दर्ज करवाया था, उक्त मामले के छानबीन के क्रम में उक्त गिरोह का नाम सामने आया था। उन्होंने बताया कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले को लेकर सतगावां थाना कांड संख्या 116/21 दर्ज कर गिरफ्तार अपराधियों को जेल भेज दिया गया।
बरवाडीह। जिले के पुलिस कप्तान अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरवाडीह पुलिस ने जेजेएमपी संगठन के एक उग्रवादी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सम्बंध में प्रेस वार्ता कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलु लोहरा ने बताया कि पुलिस कप्तान को गुप्त सूचना मिली कि जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के एरिया कमांडर सूरज जी के दस्ता के कुछ सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए खुरा हाई स्कूल के आसपास हथियार लेकर घूम रहे थे। सूचना के आधार पर बरवाडीह एसडीपीओ दिलू लोहार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापामारी की गई। इस टीम में मौजूद सर्किल इंस्पेक्टर सीएस चौधरी एवं थाना प्रभारी श्रीनिवास सिंह के अथक प्रयास से एक जेजेएमपी उग्रवादी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। जबकि कुछ उग्रवादी भागने में सफल रहे। वही गिरफ्तार उग्रवादी विपिन कुमार के पास से एक देसी कट्टा, पांच जिंदा गोली, एक प्लेट, एक खोखा और एक इंसास राइफल का खाली मैगजीन बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी विपिन हथियार सप्लाई का भी काम करता था। वहीं पुलिस अन्य उग्रवादियों के धर पकड़ के लिए भी छापेमारी कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse