नई दिल्ली। कोरोना का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस पर काबू पाने के लिए केंद्र सरकार ने अहम फैसला लिया है। एक मई से 18 साल से ऊपर की उम्र वाले सभी लोगों को वैक्सीन की डोज दी जायेगी। पीएम मोदी ने एक बैठक के बाद यह अहम फैसला लिया है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल से सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि देश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में कोरोना वैक्सीन की डोज रिकॉर्ड स्तर पर दी जा रही है। हम वैक्सीनेशन की गति और बढ़ाएंगे। वैक्सीन की कीमत चुकानी होगी या नहीं इसपर फैसला जल्द : 18 साल से ज्यादा के उम्र के लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाने को लेकर सरकार की तरफ से कहा गया है कि इसले लेकर जल्द ही प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी दी जायेगी। इन लोगों को वैक्सीन के लिए कीमत चुकानी होगी या नहीं इसपर सरकार जल्द ही जानकारी साझा करेगी। हाल के दिनों में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने यह मांग की थी कि कोरोना वैक्सीन की तय उम्र सीमा को कम किया जाए। ऐसे में सरकार ने यह अहम फैसला लिया है। अब तक 45 साल से ऊपर की उम्र वालों को ही वैक्सीन की खुराक दी जा रही थी, लेकिन अब 18 साल से ज्यादा की उम्र वालों को भी एक मई को वैक्सीन दी जाएगी। वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों को अपना आधार कार्ड लेकर जाना होगा जिसके बाद उन्हें वैक्सीन की डोज दी जायेगी।
एबीएन डेस्क। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया है। वह कोरोना पॉजिटिव हैं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल एम्स के डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। सोमवार को तबीयत खराब होने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि सिंह को हल्का बुखार है और जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। फिलहाल वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं। पिछले साल नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद 87 वर्षीय सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। आज देश में कुल 2।73 लाख से अधिक कोरोना के मामले सामने आए हैं। वहीं, 1600 से अधिक मौतें हुई हैं।
एबीएन डेस्क। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र सरकार ने सोमवार रात दस बजे से 26 अप्रैल सुबह पाँच बजे तक राजधानी में लॉकडाउन की घोषणा की है । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में अब जगह नहीं है। स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा जाएं और कोई भयावह त्रासदी का सामना करना पड़े, इससे पहले हमें कड़े कदम उठाने होंगे। उन्होंने उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ मीटिंग में हालात की समीक्षा की जिसके बाद सरकार को लगा कि अब लॉकडाउन जैसा कड़ा कदम उठाना ही होगा। अगर अब सख़्त कदम नहीं उठाये गए तो व्यवस्था चरमरा जाएगी। सभी परिस्थितियों का आंकलन करने के लिए लॉकडाउन का निर्णय लिया गया। उन्होंने दिल्लीवासियों से लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि रात 10 बजे से अगले सोमवार को सुबह पांच बजे तक छह दिन के लिए दिल्ली में लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इस दौरान अनिवार्य सेवाएं जारी रहेंगी। विवाह समारोह में 50 लोग शामिल हो सकेंगे। हमारी गुजारिश है कि लॉकडाउन का पूरा पालन करें, घर से बाहर नहीं निकलें। आपने हर बार मेरी अपील मानी है, पूरी उम्मीद है कि इस बार भी हमारा साथ देंगे। श्री केजरीवाल ने कल कहा था कि उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से फोन पर बात कर दिल्ली में बेड और ऑक्सीजन की कमी की जानकारी दी है और उनसे केंद्र सरकार के अस्पतालों में 10 हजार में से सात हजार बेड कोरोना के लिए सुरक्षित करने की मांग की है, जो अभी केवल 1800 बेड ही सुरक्षित हैं। दिल्ली सरकार अगले दो-तीन दिनों में छह हजार से ज्यादा ऑक्सीजन बेड तैयार कर लेगी। कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज, यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राधा स्वामी सत्संग ब्यास के अलावा कुछ स्कूलों में भी बेड लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने साथ मिल कर कोरोना का सामना करने और कर्फ्यू में सहयोग देने के लिए दिल्लीवासियों के साथ ही कई गैर सरकारी संगठनों, डॉक्टर्स की एनजीओ और धार्मिक संगठन को आगे आकर मदद करने के लिए धन्यवाद दिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के पचपेड़ी नाका के पास स्थित राजधानी अस्पताल में अचानक से आग लग गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। अस्पताल में कोरोना मरीज भर्ती थे। अस्पताल में लगभग 50 मरीज इलाज करा रहे थे। आग लगते ही चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी के बीच अस्पताल से निकालकर मरीजों को तत्काल दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। आग लगने का कारण आईसीयू में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एक मरीज की मौत आग से और दूसरे की मौत आग लगने के बाद ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो जाने के कारण हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई।
एबीएन डेस्क। एक भारत समर्थ भारत के नारे को और मजबूती देने के लिए भारतीय वायुसेना को लगातार समर्थ बनाया जा रहा है। 21 अप्रैल को फ्रांस से छह और राफेल विमान मिलने वाले हैं। एयर चीफ मार्शल राकेश भदौरिया 20 अप्रैल को फ्रांस की यात्रा पर जा रहे हैं। वहां वे इन राफेल विमानों को भारत रवाना करेंगे। वायुसेना प्रमुख भदौरिया 21 अप्रैल को दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के मरिग्नैक-बोर्डो एयरबेस पर इन विमानों को हरी झंडी दिखाएंगे। ये लड़ाकू जेट पश्चिम बंगाल के हासिमारा में दूसरी राफेल स्क्वाड्रन का हिस्सा बनेंगे। भारतीय वायुसेना प्रमुख 23 अप्रैल तक फ्रांस में रहेंगे। ये छह राफेल विमान पहले 28 अप्रैल को भारत के लिए उड़ान भरने वाले थे, लेकिन एयर चीफ मार्शल भदौरिया के यात्रा के आयोजन के बाद इसे एक सप्ताह पहले रख लिया गया। एयर चीफ भदौरिया एक फ्रांसीसी राफेल स्क्वाड्रन का भी निरीक्षण करेंगे। वे फ्रांस के वायुसेना प्रमुख फिलिप लेविने से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे पेरिस में नव-स्थापित अंतरिक्ष कमान का दौरा भी करेंगे। छह और राफेल विमानों के भारत आने के बाद वायु सेना के बेड़े में इनकी संख्या बढ़ जाएगी। इन विमानों के आने बाद वायुसेना 18 विमानों के साथ अंबाला में 117 गोल्डन एरो स्क्वाड्रन को पूरा करने और दो चौथी पीढ़ी के विमानों का दूसरा स्क्वाड्रन शुरू करने में सक्षम होगी। वायु सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उक्त छह राफेल लड़ाकू विमान अंबाला एयरबेस के लिए उड़ान भरेंगे, जहां से इन्हें हासिमारा में दूसरे स्क्वाड्रन के गठन के लिए तैयार किया जाएगा।
रांची। दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू यादव के लिए आज खुशी का दिन है। झारखंड हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। इस मामले में उन्होंने सजा की आधी अवधि पूरी कर ली थी। लेकिन जमानत लेने के लिए उन्हें कई बार कोर्ट में मूव करना पड़ा था। पिछली कई सुनवाई के दौरान सजा की आधी अवधि पूरी नहीं होने के कारण जमानत नहीं मिली थी। लालू यादव को चाईबासा के दो मामले और देवघर के एक मामले में पहले से ही जमानत मिल चुकी है। दुमका मामले में जमानत मिलने के बाद लालू यादव के जेल से बाहर निकलने का रास्ता साफ हो गया है। फिलहाल लालू यादव दिल्ली स्थित एम्स में इलाजरत हैं।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना की दूसरी लहर तेजी से बढ़ रही है और पिछले दो दिनों से देश में कोरोना के दैनिक मामले दो लाख से ज्यादा आ रहे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने चिंता जाहिर की और कहा कि कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और यही कारण है कि अस्पताल में बिस्तरों की संख्या भी तेजी से भर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम सिस्टम को सुधार करने के लिए तैयार हैं और लगातार कोशिश कर रहे हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने आगे कहा कि हमें धैर्य और साहस के साथ काम लेना है। वहीं डॉक्टरों को संबोधित करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि ड़ॉक्टर परिस्थिति के मुताबिक फैसला ले सकते हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार के पास कोरोना को लेकर एक साल का अनुभव है, इसलिए कोरोना की लड़ाई के खिलाफ पहले से ज्यादा तैयार हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि मरीजों और रिश्तेदारों को सकारात्मक माहौल देने की जरूरत है और सावधानी बरतनी की भी जरूरत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि समाज में कोरोना वायरस को लेकर लापरवाही बढ़ी है लेकिन हमें धैर्य और साहस के साथ काम करते जाना है।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में 1.84 लाख नये मामले दर्ज किए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 1,84,372 नये मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 38 लाख 73 हजार 825 हो गयी है। वहीं इस दाैरान 82,339 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,23,36,036 मरीज कोरोना मुक्त भी हो चुके हैं। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 13 लाख को पार कर 13,65,704 हो गये हैं। इसी अवधि में 1027 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,72,085 हो गयी है। देश में रिकवरी दर घटकर 88.92 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 9.84 प्रतिशत हो गयी है, जबकि मृत्युदर घटकर 1.24 फीसदी रह गयी है। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 28,307 बढ़कर 5,94,585 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 31,624 और मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 28,66,097 पहुंच गयी है जबकि 281 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 58,526 हो गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse