एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत ने चीन को भारत की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि लाइन आफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर भेजे गए हजारों सैनिकों और हथियारों की वापसी लंबे समय तक नहीं हो पाएगी। सैनिकों को वापस बुलाए जाने पर सहमति नहीं : एक मीडिया कॉन्क्लेव में जनरल रावत ने गुरुवार को कहा कि परमाणु शक्ति संपन्न दो पड़ोसियों के बीच सीमा विवाद को सुलझाने की कोशिशों में विश्वास की कमी और संदेह बाधा बनी हुई है। पिछले महीने दोनों देशों के बीच सैन्य स्तर की बातचीत गतिरोध के साथ खत्म हुई, क्योंकि दोनों देश इस बात पर सहमत नहीं हुए कि सीमा से कैसे सैनिकों को वापस बुलाया जाना है। किसी भी दुस्साहस का जवाब देने को तैयार : पिछले साल से ही एलएसी पर तनाव के बीच दोनों देश सीमा पर सैनिकों के साथ हथियार भी बढ़ाने में जुटे हुए हैं। जनरल रावत ने कहा कि भारत सीमा पर और समुद्र में किसी भी दुस्साहस से निपटने के लिए तैयार है। चीनी (एलएसी के पास) गांव बसा रहे हैं और भविष्य में इनका इस्तेमाल फौजियों के ठिकाने के रूप में हो सकता है। दोनों देशों के बीच तनातनी के बाद चीन ने यह कदम उठाया है। सीडीएस रावत ने अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के भारत पर संभावित असर को लेकर भी चिंता जाहिर की और कहा कि जम्मू-कश्मीर में इसके जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देने की कोशिश हो सकती है। जनरल रावत ने कहा कि शत्रुतापूर्ण रवैया रखने वाले चीन और तालिबान के साथ पाकिस्तान से जुड़े सुरक्षा मुद्दों ने भारतीय सेना के लिए उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं के साथ थिएटर कमांड पुनर्गठित करना जरूरी बना दिया है।
राजस्थान। एक बड़ी खबर सामने आ रही है। एक बस और टैंकर ट्रेलर में भीषण टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर से यात्रियों से भरी बस में आग लग गई। जिसमें 12 लोग जिंदा जल गए। जानकारी के अनुसार, टैंकर से टक्कर के बाद बस में आग लग गई थी और यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। हालांकि पुलिस ने अभी तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है, लेकिन मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक बस में हादसे के समय करीब 25 लोग सवार थे। 10 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है लेकिन अभी भी बस में और लोगों के फंसे होने की आशंका जाहिर की जा रही है। फिलहाल भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना राजस्थान के बाड़मेर-जोधपुर हाईवे की है।
एबीएन डेस्क। 65 साल सेवाएं देने के बाद अब पानीपत शुगर मिल को चलाने वाले रेलवे के भाप इंजन अपने आखिरी सफर पर चल दिए हैं। आठ नवंबर से पानीपत शुगर मिल का नया पिराई सत्र शुरू होना है। इस सत्र के खत्म होते ही गांव डाहर में बनी शुगर मिल शुरू हो जाएगी और पुरानी मिल को बंद कर दिया जाएगा। नये शुगर मिलों में इस तरह के भाप इंजन नहीं लगाए जाते हैं। पानीपत के पुराने शुगर मिल की पिराई क्षमता अभी 18 हजार क्विंटल प्रतिदिन की है, लेकिन नये शुगर मिल की पिराई क्षमता 50 क्विंटल रोजाना की होगी और उसको 75 हजार क्विंटल तक बढ़ाया भी जा सकता है। पानीपत शुगर मिल के 65वें पिराई सत्र का 8 नवंबर को सहकारिता मंत्री बनवारी लाल शुभारंभ करेंगे। रेलवे के लिए भाप के इंजन बेशक बीते दिनों की बात हो गई है, लेकिन पानीपत की शुगर मिल रेलवे के भाप इंजनों का इतिहास अभी तक संजोये हुए थी। 1956 में मिल की स्थापना के समय रेलवे के दो भाप इंजनों को खरीद कर लगाया गया था। दोनो भाप इंजन 350-350 हॉर्स पॉवर (एचपी) के है। इन भाप इंजनों की मदद से मिल में बड़े रोलर चलते है और रोलरों द्वारा गन्ने का रस निकाला जाता है। इन दोनों भाप इंजनों द्वारा शुगर मिल में इस साल लगातार 65वें वर्ष गन्ने का रस निकाला जाएगा। हरियाणा ही नहीं देश व एशिया के किसी अन्य शुगर मिल में इस तरह के भाप इंजन नहीं है। बता दें कि यमुनानगर के प्राइवेट शुगर मिल में पहले इस तरह के भाप इंजन होते थे, लेकिन 12-13 वर्ष पहले उनको बंद किया जा चुका है। पहले रेलवे के भाप इंजनों को चलाने के लिए कोयले का इस्तेमाल होता था, लेकिन अब गन्ने की सुखी खोई को जलाया जाता है। उससे जो स्टीम बनती है, उससे रोलर चलाए जाते हैं। इन इंजनों के चलाने व रखरखाव में ज्यादा खर्च आता है। हर इंजन के लिये एक मेकेनिक व सहायक की जरूरत पड़ती है। वहीं गर्मी के मौसम में तो 48-50 डिग्री के तापमान में काम करना मुश्किल होता है, लेकिन तमाम परेशानियों व ज्यादा खर्च होने के बावजूद भी पानीपत शुगर मिल में ये दोनों भाप इंजन इतिहास रच रहे है। अब दोनों ही अपने अंतिम सफर की ओर निकल पड़े हैं। पानीपत शुगर मिल के एमडी नवदीप सिंह ने बताया कि एशिया की किसी भी शुगर मिल में अब इस तरह के भाप इंजन नहीं हैं। इनको चलाने व रखरखाव पर ज्यादा खर्च होता है और न ही अब इनके स्पेयर पार्ट्स मिलते हैं। इसलिये जिन पुराने शुगर मिलों में पहले इस तरह के भाप इंजन होते थे तो उन्होंने अपने शुगर मिलों को मोडिफाई करके इनको दशकों पहले ही बंद कर दिया है। एमडी ने बताया कि पानीपत शुगर मिल में ये दोनो भाप इंजन इतिहास संजोये हुए हैं। इसलिये इन भाप इंजनों को पानीपत के गांव डाहर में बन रहे नये शुगर मिल में यादगार के तौर पर रखा जाएगा। इन दोनों भाप इंजनों सहित पुराने शुगर मिल की एक डाक्यूमेंटरी फिल्म भी बनाई जाएगी ताकि भविष्य में यादगार जिंदा रह सके।
सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सली क्षेत्र में तैनात सुकमा में सीआरपीएफ जवान ने अपने ही साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसमें तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई और वहीं 5 घायलों में से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ये घटना रात करीब एक बजे सुकमा जिले के मरइगुड़ा थाना क्षेत्र के लिगम पल्ली सीआरपीएफ 50 बटालियन कैंप में हुई। घायल 5 जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गोली चलाने वाला जवान रात को ड्यूटी पर तैनात था। अभी तक ये साफ नहीं हो सका है कि उसने ऐसा क्यों किया? मगर प्रारंभिक जानकारी में जवानों के बीच विवाद की बात सामने आई है। घटना में घायल हुए 5 जवानों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जिसमें से एक ने इलाज के वक्त दम तोड़ दिया। घटना में घायल जवानों के नाम धनंजय कुमार सिंह, राजीव मंडल, धर्मात्मा कुमार और मलय रंजन महाराणा है। सीआरपीएफ के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जवान द्वारा साथियों पर गोली चलाने का यह पहला मामला नहीं है, इसके पहले भी ऐसे मामले सामने आते रहे हैं।
एबीएन पॉलिटिकल डेस्क। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को होगी। जिसकी शुरुआत रविवार सुबह होगी। यह बैठक दोपहर तीन बजे समाप्त होगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकारिणी के देशभर के सदस्यों को पार्टी को बेहतर बनाने का मंत्र देंगे। भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह बैठक कोरोना के चलते करीब डेढ़ साल बाद प्रत्यक्ष रूप से हो रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में हाल ही में कुछ राज्यों में हुए उपचुनाव में पार्टी को लगे आघात को देखते हुए पांच राज्यों के आगामी उपचुनाव के लिए नई रणनीति पर विचार होने की संभावना है। यह एक दिनी बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भाषण से शुरू होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समापन भाषण के साथ समाप्त होगी। बैठक में पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में पार्टी के मसलों को लेकर भी नए सिरे से विचार होगा। एक भाजपा नेता ने कहा कि बैठक में सभी महत्वपूर्ण मसलों पर विचार होगा। पार्टी कोविड महामारी से निपटने में केंद्र सरकार की कामयाबी को लेकर उसकी तारीफ में प्रस्ताव भी पारित कर सकती है। टीकाकरण अभियान व देश के विकास के लिए पीएम मोदी की पहल व उनकी सफल विदेश यात्रा को लेकर भी पार्टी प्रशंसा करेगी। बैठक में देश की आर्थिक गतिविधियों में जबर्दस्त उछाल, रेकॉर्ड जीएसटी कलेक्शन को लेकर भी चर्चा होगी। पार्टी ने राज्य इकाइयों को भेजे पत्र में कहा है कि कोविड-19 प्रोटोकॉल के मद्देनजर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, राज्य महासचिव (संगठन) और उससे संबंधित राज्य के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अपने-अपने राज्य पार्टी कार्यालयों से वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल होंगे। वहीं राष्ट्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य दिल्ली के नेता सात नवंबर को एनडीएमसी कंवेंशन सेंटर में प्रत्यक्ष रूप से बैठक में भाग लेंगे। बैठक के एजेंडे में आगामी विधानसभा चुनावों और अन्य सामयिक मुद्दों पर चर्चा शामिल है। 2022 में कुल सात राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं। पांच राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में ही चुनाव होंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव साल के अंत तक होंगे। पंजाब को छोड़ इन सभी राज्यों में भाजपा सत्ता में है।
एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाने की अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए दिवाली के अवसर पर गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में जवानों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जवान उनका परिवार हैं और वे अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने आए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे जवानों ने हमेशा ही दुश्मनों को माकूल जवाब दिया है। सैनिकों ने नौशेरा में दुश्मन की हर साजिश को नाकाम किया है। सर्जिकल स्ट्राइक में भी नौशेरा ने वीरता दिखाई थी। पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भर हो रहा है। वहीं पीएम मोदी ने राजौरी जिले के नौशेरा में पहुंचने पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। जवानों से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने उनका हालचाल जाना और उनको उत्साहित किया। वहीं जवानों ने खुशी जाहिर की कि पीएम मोदी उनके साथ दिवाली मनाने आए हैं। बता दें कि पीएम मोदी ने साल 2014 में जब से प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली है, वे हमेशा ही जवानों संग ही दिवाली मनाते आ रहे हैं। इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर दिवाली पर देशवाशियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं, मेरी कामना है कि यह प्रकाश पर्व आप सभी के जीवन में सुख, संपन्नता और सौभाग्य लेकर आए।
एबीएन डेस्क। बिहार विधानसभा उपचुनाव में दोनों सीटों (कुशेश्वरस्थान और तारापुर) पर राजद को मिली हार के बाद पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बुधवार की शाम दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जाता है कि लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से उन्हें दिल्ली ले जाया गया है। लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी दिल्ली रवाना हुये हैं। लालू प्रसाद यादव ने दिल्ली जाने से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि तबीयत खराब है इसलिए वह दिल्ली जा रहे हैं। वहीं राबड़ी देवी, मीसा भारती और तेजस्वी यादव कुछ भी बोलने से परहेज करते रहे। मिली जानकारी के अनुसार लालू यादव अपने परिवार के संग बुधवार की शाम एयर इंडिया की 7:15 की फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुये हैं। बताया जाता है कि लालू के साथ उनके परिवार के 12 सदस्य भी साथ गए हैं। आरजेडी नेताओं की ओर से बताया जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव तबीयत सही नहीं होने की वजह से बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। हालांकि, बिहार के राजनीतिक गलियारे में लालू के दिल्ली रवानगी को उपचुनाव में आरजेडी को मिली हार से भी जोड़ा जा रहा है। बता दें, लालू प्रसाद यादव 10 दिन पहले बिहार उपचुनाव में शिरकत करने के लिए पटना पहुंचे थे। बिहार पहुंचते ही लालू प्रसाद यादव ने पुराने अंदाज में चुनावी सभाओं को संबोधित किया और कड़े तेवर में जमकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भी हमला किया। लेकिन, 2 नवंबर को आए चुनाव परिणाम में आरजेडी को दरभंगा के कुशेश्वरस्थान और मुंगेर के तारापुर दोनों जगह हार मिली।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले डाफी बाई पास के समीप एक पिकअप अचानक से अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे की चपेट में आने से चार महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं, 19 से अधिक लोगों के जख्मी होने की खबर है। इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी जख्मियों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि ड्राइविंग के दौरान अचानक चालक की आंख लग गई और इसी क्रम में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के दौरान पिकअप पर मजदूर सवार थे, जो बरेली से दाऊ नगर औरंगाबाद की ओर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक ये सभी मंगलवार को बरेली से निकले थे और ये लोग रोड बनाने का काम करते थे। साथ ही बताया गया कि पिकअप पर कुल नौ परिवारों के 25 लोग सवार थे। ये लोग दिवाली और छठ पर्व मनाने के लिए किराए के पिकअप से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर को झपकी आने के कारण पिकअप डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। चीख-पुकार मची तो आसपास के लोग व राहगीर वहां पहुंच गए और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची लंका थाना पुलिस ने घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने चार महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान पिकअप पर मजदूर सवार थे, जो बरेली से दाऊ नगर औरंगाबाद की ओर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक ये सभी मंगलवार को बरेली से निकले थे और ये लोग रोड बनाने का काम करते थे। साथ ही बताया गया कि पिकअप पर कुल नौ परिवारों के 25 लोग सवार थे। ये लोग दिवाली और छठ पर्व मनाने के लिए किराए के पिकअप से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर को झपकी आने के कारण पिकअप डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। चीख-पुकार मची तो आसपास के लोग व राहगीर वहां पहुंच गए और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची लंका थाना पुलिस ने घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने चार महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बिहार के औरंगाबाद जिले की लीलावती (20), रूपा (17), अंशु (21) और कौशल्या (22) की मौत हो गई है। ये लोग बरेली में सड़क बनाने का काम करते थे और दिवाली और छठ मनाने के लिए बिहार जा रहे थे। इसी क्रम में बुधवार को वाराणसी में ये घटना घट गई। एसीपी प्रवीण कुमार ने बताया यह घटना सुबह 10 बजे के दौरान पेश आई। वहीं, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल स्थानीयों की मदद से जख्मियों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि सभी लोग बिहार के औरंगाबाद जिले के बताए जा रहे हैं। अभी तक चार महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, सुमारू मौर्य नाम के एक चश्मदीद ने बताया पिकअप तेज रफ्तार में आ रही थी और अचानक डिवाइडर से जाकर टकराई और इसके बाद पलट गयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse