देश

View All
Published / 2021-12-12 03:39:42
J&K: अवंतीपोरा में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी किया ढेर

एबीएन डेस्क। कश्मीर के अवंतीपोरा के बरागाम इलाके में रविवार सुबह सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मार गिराया गया। कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ अभी जारी है। IGP कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि जारी मुठभेड़ में एक आतंकवादी को सुरक्षाबलों के द्वारा मार गिराया गया है। सुरक्षाबलों के द्वारा इलाके की घेराबंदी की गई है।

Published / 2021-12-11 17:04:02
तेजप्रताप मुंह पर कंट्रोल नहीं रखा तो बहुत बुरा होगा अंजाम : साधु यादव

एबीएन डेस्क। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की रेचल से शादी से नाराज होकर टिप्पणी करने वाले मामा साधु यादव को तेजस्वी के बड़े भाई तेजप्रताप ने जमकर खरीखोटी सुनाई है। साधु यादव ने भी तेजप्रताप समेत लालू परिवार पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर बोलने पर कंट्रोल नहीं रखा, तो अंजाम बहुत बुरा होगा। साधु यादव ने शनिवार को एएनआई के साथ बातचीत के दौरान कहा कि इन लोगों को जहां भी शादी करनी हो करे, मुझे कोई ऐतराज नहीं है। लेकिन अपनी गलती दूसरों पर मढ़ना छोड़ दे। साधु यादव ने लालू परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 10-12 सालों से इन लोगों ने मुझे मानसिक तौर पर काफी प्रताड़ित किया है। जबकि इनकी काली करतूतों को सारा देश जानता है। बता दें कि तेजप्रताप यादव ने शनिवार को अपने ट्वीट में साधु यादव का नाम नहीं लिया है, लेकिन दी गई चेतावनी का इशारा मामा साधु यादव की ओर ही है। तेजप्रताप ने अपने ट्वीट में भोजपुरी में लिखा है - हम बिहार आ रहे हैं, सबक सिखा देंगे। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अगर आप बड़े - बुजुर्ग हैं तो अपनी मर्यादा में रहें। आपको अपनी मर्यादा पार करने की कोई जरूरत नहीं है। दूसरी ओर तेजप्रताप द्वारा बनाये गए संगठन छात्र जनशक्ति परिषद ने शनिवार को साधु यादव के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

Published / 2021-12-11 05:50:57
चिंताजनक : ओमिक्रॉन संकट के बीच मिले कोरोना के 7,992 नए मरीज, 24 घंटे में 393 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 7,992 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कोरोना वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या 3,46,682,736 हो गई है तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 93,277 हो गई है, जो 559 दिनों में सबसे कम है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 393 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,75,128 हो गई। देश में लगातार 44 दिन से संक्रमण के दैनिक मामलों की संख्या 15,000 से नीचे है। देश में अभी तक कुल 3,41,14,331 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 131.99 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

Published / 2021-12-10 15:15:02
ओमिक्रॉन : देश में तेजी से बढ़ रहे मामले, महाराष्ट्र में आज सामने आये सात केस

एबीएन सेंट्रल डेस्क। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन का के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 7 नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में 7 नए ओमिक्रॉन मामलों की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में ही तीन केस सामने आए हैं। मुंबई के धारावी से भी एक मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में ओमिक्रॉन के 4 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, भारत में ओमीक्रोन स्वरूप के अब तक 32 मामले सामने आ चुके हैं। राजस्थान में नौ, गुजरात में तीन, महाराष्ट्र में 17, कर्नाटक में दो और दिल्ली में एक व्यक्ति में इस संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, अब तक ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित मरीजों में मुख्य रूप से हल्के लक्षण देखे गए हैं। सरकार के मुताबिक विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने यह रेखांकित किया है कि टीकाकरण दर में वृद्धि के साथ विश्व स्तर पर लोक स्वास्थ्य और सामाजिक उपायों का अनुपालन कम हो रहा है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि सरकार को अभी तक कोविड-19 के खिलाफ बच्चों को टीका देने के लिए टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) से कोई सिफारिश नहीं मिली है। देश में 86.2 प्रतिशत वयस्कों को कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक मिल चुकी है, 53.5 प्रतिशत को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। देश के 19 जिलों में कोविड-19 की साप्ताहिक संक्रमण दर पांच से 10 प्रतिशत के बीच है जबकि तीन राज्यों के आठ जिलों में यह दर 10 प्रतिशत से अधिक है।

Published / 2021-12-10 12:26:20
जम्मू-कश्मीर : बांदीपोरा में पुलिस टीम पर आतंकियों का हमला, दो पुलिसकर्मी घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में 2 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार हमले के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आंतकियों के साथ मुठभेड़ जारी है।

Published / 2021-12-10 08:30:32
अलविदा जांबाज जनरल..नम आंखों से बेटियों ने दी विदाई...17 तोपें और 800 जवान देंगे आखिरी सलामी

एबीएन डेस्क। देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा और उन्हें 17 तोपों की सलामी दी जाएगी। अंतिम संस्कार के दौरान सशस्त्र सेनाओं के विभिन्न रैंकों के कुल 800 सैन्यकर्मी मौजूद रहेंगे। जनरल रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत तथा 11 अन्य सैनिकों की बुधवार को तमिलनाडु में कुन्नूर के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। गुरुवार को कन्नूर से यहां लाए जाने के बाद जनरल रावत के पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान तीन काम राजमार्ग पर लोगों के दर्शनार्थ रखा गया है। सेना और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा आम लोग जनरल रावत को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सेना, नौसेना और वायु सेना के ब्रिगेडियर स्तर के 12 अधिकारी जनरल रावत के पार्थिव शरीर के पास निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं। उनकी अंतिम यात्रा तीन कामराज मार्ग से दोपहर 2 बजे दिल्ली छावनी स्थित बरार स्क्वायर शमशान के लिए रवाना होगी। अंतिम यात्रा के लिए सेना, नौसेना और वायु सेना के दो-दो लेफ्टिनेंट जनरल स्तर के अधिकारी राष्ट्रीय ध्वजवाहक बनाए गए हैं। जनरल रावत की अंतिम यात्रा में सेना, नौसेना और वायु सेना के सभी रैंक के कुल 99 अधिकारी तथा तीनों सेनाओं के बैंड के 33 सदस्य आगे-आगे चलेंगे। तीनों सेनाओं के सभी रैंकों के 99 अधिकारी पीछे से एस्कॉर्ट करेंगे। अंतिम संस्कार के दौरान सशस्त्र सेनाओं के कुल 800 अधिकारी तथा जवान मौजूद रहेंगे। पहले से निश्चित प्रोटोकॉल के तहत जनरल रावत को 17 तोपों की सलामी दी जाएगी। अभी सिर्फ तीन शवों की हुई पहचान : बता दें कि तमिलनाडु में बुधवार को हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और 10 अन्य रक्षा कर्मियों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक मात्र ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह ही जीवित हैं जो इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद पूरा देश में शोक में डूब गया। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि अभी तक केवल जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एल एस लिद्दर के पार्थिव शरीरों की पहचान की जा सकी है। उन्होंने कहा कि केवल पहचान किए गए पार्थिव शरीर ही बुधवार को दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को सौंपे जाएंगे। बाकी पार्थिव शरीरों को सेना के बेस हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखा जाएगा।

Published / 2021-12-09 17:11:35
पीएम मोदी ने दी देश के पहले सीडीएस रावत को श्रद्धांजलि

एबीएन सेंट्रल डेस्क। तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत का पार्थिव शरीर आज दिल्ली लाया गया। बिपिन रावत के साथ-साथ इस हादसे में जान गंवाने वालीं उनकी पत्नी मधुलिका और 11 अन्य लोगों का पार्थिव शरीर भी दिल्ली पहुंच चुका है। पीएम मोदी पालम एयरबेस पहुंच चुके हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली के पालम एयरबेस पहुंच कर सैनिकों के परिजनों से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक एनएसए अजित डोभाल ने भी सैनिकों के परिजनों से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर समेत चार शवों की पहचान कर ली गई है। भारतीय वायु सेना के C-130J सुपर हरक्यूलिस परिवहन विमान में 13 शवों को सुलूर से दिल्ली लाया गया है। जनरल रावत का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा और अन्य दिवंगत सैन्य कर्मियों का भी उचित सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि बुधवार को बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और 11 अन्य लोगों का निधन तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में हुआ था। भारतीय वायुसेना ने बताया कि तमिलनाडु में कुन्नूर के पास जनरल रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वायुसेना और अन्य अधिकारियों ने बताया था कि संभवत: आसमान में कोहरा छाये होने के चलते हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें उस पर सवार 13 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि जीवित बचे एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु के संबंध में बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीनों सेनाओं के एक दल ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। जनरल रावत ने अपनी पत्नी और 12 अन्य लोगों के साथ सुलुर से एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर से पूर्वाह्न 11 बजकर 48 मिनट पर वेलिंगटन के लिए उड़ान भरी थी, जिसे दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर वेलिंगटन में उतरना था। सुलूर वायु यातायात नियंत्रक का 12 बजकर 8 मिनट पर हेलीकॉप्टर से संपर्क खो गया। बाद में कुन्नूर के पास जंगल में स्थानीय लोगों ने आग लगी देखी। मौके पर जाकर उन्होंने हेलीकॉप्टर को आग की लपटों से घिरा देखा जिसके बाद स्थानीय प्रशासन का एक बचाव दल वहां पहुंचा। हेलीकॉप्टर में से लोगों को निकालकर यथाशीघ्र वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया था। इस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार कुल 14 लोगों में से 13 की मृत्यु हो गयी, जिनमें सीडीएस जनरल रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत भी शामिल हैं। अन्य मृतकों में सीडीएस के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर लखविंदर सिंह लिड्डर, सीडीएस के सैन्य सलाहकार एवं स्टाफ अफसर लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर प्रतीक सिंह चौहान, स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप सिंह, जूनियर वारंट अधिकारी राणा प्रताप दास, जूनियर अधिकारी अरक्कल प्रदीप, हवलदार सतपाल, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेन्द्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार और लांस नायक वीर साई तेजा शामिल थे।हेलीकॉप्टर हादसे में अकेले जीवित बचे भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के पिता कर्नल (सेवानिवृत्त) केपी सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि उनके बेटे वरूण को तमिलनाडु के वेलिंगटन स्थित सैन्य अस्पताल से बेंगलुरु के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है।

Published / 2021-12-09 14:59:49
लालू के लाल तेजस्वी ने राजश्री संग लिये सात फेरे

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज अपनी होने वाली दुल्हनिया राजश्री के साथ शादी के बंधन में बंध गये। आज उनकी सगाई और शादी की सारी रस्म भी पूरी हुई। तेजस्वी यादव की राजश्री के साथ सगाई दक्षिणी दिल्ली के सैनिक फार्म स्थित मीसा भारती के फार्महाउस पर हुई। इसके लिए फार्महाउस को सजाया गया था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए थे। दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। इस शादी में राजद के कुछ बड़े नेताओं को भी निमंत्रण मिला था। तेजस्वी की पत्नी राजश्री हरियाणा की रहने वाली हैं और यह लालू परिवार में होने वाली पहली अंतरजातीय शादी है। जिस लड़की से तेजस्वी की शादी हुई वह उनकी दोस्त है। दोनों नई दिल्ली स्थित आरके पुरम दिल्ली पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। लड़की परिवार के साथ दिल्ली स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रहती है। बताया जा रहा है कि राजश्री पहले एयर होस्टेस भी रह चुकी हैं। उधर, तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने भी ट्वीट के जरिए शादी की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कल ट्वीट कर कहा था कि भाई के सिर पर सेहरा है सजने वाला, खुशियों से गुलजार घर का आंगन है होने वाला। शादी समारोह में कौन-कौन पहुंच रहा है अभी कोई जानकारी निकलकर सामने नहीं आई है। लेकिन कई ऐसे लोग हैं जो पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि इस मौके पर परिवार से जुड़े सभी खास लोग आ गए हैं। लालू-राबड़ी की सभी सातों बेटियां और दामाद दिल्ली पहुंच चुके हैं।

Page 301 of 329

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse