एबीएन डेस्क। भारत की स्वर सम्राज्ञनी और भारतरत्न लता मंगेशकर को कोरोना संक्रमित होने के बाद मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबर आई थी। डॉक्टरों ने लता मंगेशकर की तबीयत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनको कोरोना के साथ-साथ निमोनिया भी है। लता मंगेशकर को शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ई-टाइम्स ने लता मंगेशकर के डॉक्टर के हवाले लिखा कि गायिका अभी भी आईसीयू में हैं। ब्रीच कैंडी अस्पताल के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ प्रतीत समदानी, जो पिछले कुछ सालों से लता मंगेशकर की देखभाल कर रहे हैं, ने बताया है कि लता मंगेशकर को शनिवार की रात भर्ती कराया गया था और वे भी निमोनिया से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा डॉक्टर उनकी काफी देखभाल कर रहे हैं। डॉक्टर के मुताबिक भारत रत्न लता मंगेशकर की तबीयत ठीक है लेकिन किसी को भी उनसे मिलने की इजाजत नहीं है। लता की छोटी बहन, उषा मंगेशकर ने कहा कि हम दीदी को देखने नहीं जा सकते क्योंकि यह कोरोना का भी मामला है। देशभर में लोग लता मंगेशकर के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार लता मंगेशकर पिछले दो सालों से घर से बाहर नहीं निकली है। साल 2019 में उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद सिंगर करीब 28 दिन तक अस्पताल में भर्ती रही थीं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद से लता घर से बाहर नहीं निकली. अब सवाल है कि इतनी सावधानी बरतने के बाद लता मंगेशकर कैसे कोरोना से संक्रमित हो गई।
एबीएन डेस्क। रांची-नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में पके हुए भोजन के साथ खानपान सेवा को दोबारा बहाल किया जाएगा। इसको लेकर रेलवे बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है। पूर्व में लॉकडाउन व कोविड की स्थिति के दौरान अस्थायी तौर पर पेंट्रीकार में पके हुए भोजन की सेवा को बंद कर दिया गया था। अब निर्देश मिलने के बाद ट्रेन संख्या 20939 रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में 15 जनवरी से पके हुए भोजन के साथ खानपान सुविधा बहाल होगी। वर्तमान में रेडी टू इट भोजन इस ट्रेन में सप्लाई की जा रही थी। अब यात्रियों को ताजा व गर्म खाना ट्रेन में मिलेगा। इसके अलावा 17 जनवरी से ट्रेन संख्या 20840 नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में यह सुविधा चालू होगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी बुधवार को तमिलनाडु को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। देश में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 11 मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन भी मौजूद रहेंगे। पीएमओ के बयान के मुताबिक, पिछले सात वर्षों में एमबीबीएस की सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। बयान के मुताबिक, सात वर्षों के दौरान एमबीबीएस सीटों में 79.60 प्रतिशत (51,348 सीटों से 92,222 सीटों तक) और पीजी सीटों की संख्या में 80.70 प्रतिशत (31,185 सीटों से 56,374 सीटों तक) की वृद्धि हुई है। 2014 से पहले कुल मेडिकल सीटें लगभग 82,500 थीं। और पिछले सात सालों में करीब 80 फीसदी यानी 66,000 सीटें बढ़ी हैं। मेडिकल कॉलेजों (सरकारी और निजी दोनों) की कुल संख्या 387 से बढ़कर 596 हो गई है, जो लगभग 54 प्रतिशत की छलांग है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के हालात बिगड़ते हुए नज़र आ रहे हैं इसे देखते हुए केजरीवाल सरकार ने कई सख्त कदम उठाए है। बता दें कि आज से दिल्ली में निजी दफ्तर पूरी तरह से बंद रहेंगे और कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। इसके साथ ही रेस्टोरेंट और बार आदि भी बंद रहेंगे, हालांकि होम डिलीवरी सेवा चालू रहेगी। वहीं इन सब के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने जानकारी दी है कि सोमवार को 19,000 से अधिक नए कोरोना मामले दर्ज किए गए, जो रविवार की तुलना में थोड़ा कम है। इसी के साथ स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पीक पहले ही आ चुकी है, या एक या दो दिन में आ जाएगी। यह (पीक) इस सप्ताह जरूर आ जाएगी। उसके बाद मामलों में कमी देखने को मिलनी चाहिए। लेकिन यह संभव है कि हम एक और कर्फ्यू लागू कर सकते हैं, बस लोगों को यह याद दिलाने के लिए कि वे अपने सुरक्षा में कोई कमी ना करें। सत्येंद्र जैन ने बताया कि लगभग 20,000 दैनिक मामलों दर्ज होने के बावजूद, अस्पताल में केवल 2,000 लोग ही भर्ती हैं, जबकि कोविड-19 रोगियों के लिए 12,000 बेड खाली हैं। आखिरी लहर में, जब शहर में एक दिन में 20,000 मामले दर्ज हो रहे थे, कम से कम 12,000-13,000 मरीज अस्पताल में भर्ती थे। साथ ही उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने की संख्या अब छह गुना कम है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली में कोरोना का कहर लगातार जारी है जिसके चलते डीडीएमए ने राजधानी में कुछ और पाबंदियां लगाई हैं। इसके तहत आज से दिल्ली में निजी दफ्तर पूरी तरह से बंद रहेंगे और कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। इसके साथ ही रेस्टोरेंट और बार आदि भी बंद रहेंगे, हालांकि होम डिलीवरी सेवा चालू रहेगी। डीडीएमए की नई गाइडलाइन : दिल्ली विकास प्राधिकरण ने नया आदेश जारी करते हुए बताया है कि दिल्ली के वो सभी निजी दफ्तर जो गैर-जरूरी सेवाओं से जुड़े हैं वह पूरी तरह से बंद रहेंगे। वहां का काम वर्क फ्रॉम होम के नियम के तहत होगा। जो दफ्तर जरूरी सेवाओं से जुड़े हैं सिर्फ वही खुले रहेंगे।सभी रेस्टोरेंट और बार भी आज से बंद रहेंगे। इसका मतलब है कि यहां आकर बैठकर खाना नहीं खाया जा सकेगा। हालांकि रेस्टोरेंट को यह इजाजत रहेगी कि वह होम डिलीवरी और टेक अवे की सेवाएं उपलब्ध कराते रहें। अगर कोई शख्स नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो वह आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 के सेक्शन 51-60 और आईपीसी की धारा 188 का दोषी होगा और इन्हीं धाराओं के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
एबीएन डेस्क। पार्श्व गायिका लता मंगेशकर कोरोना संक्रमित हो गई हैं। लता को ब्रिच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी भतीजी रचना ने यह जानकारी दी है। रचना ने बताया कि लता मंगेशकर में कोरोना संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि वह ठीक हैं। उम्र को देखते हुए एहतियाती कारणों से लता को आईसीयू में रखा गया है। उन्होंने कहा, कृपया हमारी निजता का सम्मान करें और दीदी की अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना करें। बता दें कि सुर साम्राज्ञी भारत रत्न लता मंगेशकर 92 वर्ष की हैं। उनको 2001 में भारत रत्न से विभूषित किया गया था। उन्हें भारत का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान से कला के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान के लिए दिया गया था।
एबीएन डेस्क। कोरोना के नए वैरिएंट ने जहां एक तरफ दुनिया को चिंता में डाल दिया है, तो दूसरी तरफ थोड़ी राहत वाली खबर भी सामने आई है। कोरोना वैक्सीन बनाने वाली कंपनी फाइजर का दावा है कि मार्च तक वह ओमिक्रॉन वैरिएंट से निपटने के लिए टीका तैयार कर लेगी। फार्मा कंपनी फाइजर के सीईओ अलबर्ट बौर्ला ने बताया कि कंपनी पहले से ही कोविड-19 वैक्सीन का निर्माण कर रही है, लेकिन अब ओमिक्रॉन के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में कंपनी नए वैरिएंट के लिए भी वैक्सीन तैयार कर रही है। उम्मीद है कि मार्च तक इसके लिए टीका उपलब्ध होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस बात का पता नहीं है कि वैक्सीन की जरूरत होगी भी या नहीं। डबल डोज और बूस्टर के बेहतर परिणाम : दवा निर्माता कंपनी के सीईओ बौर्ला ने कहा कि मौजूदा समय में लोगों को वैक्सीन की दो खुराक के अलावा एक बूस्टर डोज भी दिया जा रहा है। इसके बेहतर परिणाम देखने को मिल रहे हैं। यह नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के खिलाफ भी सुरक्षा प्रदान कर रहा है। हालांकि, ओमिक्रॉन पर केंद्रित टीका संक्रमण पर सीधे असर करेगा और नए स्ट्रेन के खिलाफ और बेहतर सुरक्षा प्रदान करेगा। वायरस से आगे निकलने की कोशिश : दवा निर्माता मॉर्डेना के सीईओ स्टीफन ने बताया कि हमें कोरोना वायरस से आगे निकलने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कंपनी एक बूस्टर डोज तैयार कर रही है, जो 2022 के अंत तक तैयार हो जाएगा। यह ओमिक्रॉन के साथ कोरोना के आने वाले सभी वैरिएंट के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करेगा।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है। पिछले चार दिनों से नए संक्रमण की वृद्धि दर में गिरावट का रुझान है। रविवार और सोमवार को यह 12.5 फीसदी पर स्थिर रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि दूसरे देशों के अनुभवों के आधार पर यह संभावना है कि आने वाले दिनों में धीरे-धीरे आंकड़ों में स्थिरता आएगी, लेकिन नए मामलों की संख्या बढ़ेगी। आठ से दस दिनों के बाद नए संक्रमणों में वास्तविक कमी का रुझान नजर आ सकता है। देश में 28 दिसंबर को कोरोना के दैनिक संक्रमण न्यूनतम स्तर पर थे और उस दिन 6358 नए मामले दर्ज किए गए थे। लेकिन, 29 को यह बढ़कर 9195 हुए और इसमें 45 फीसदी की वृद्धि हुई। 30 को नए संक्रमण 13154 दर्ज किए गए, जो 29 दिसंबर की तुलना में 43 फीसदी बढ़े। 31 दिसंबर को 28, 1 जनवरी को 36, 2 जनवरी को 21, 3 जनवरी को 22.5, 4 जनवरी को 10, 5 जनवरी को 55 तथा छह जनवरी को रिकॉर्ड 56.5 फीसदी दैनिक संक्रमण बढ़ा। तब नए संक्रमण 58097 से बढ़कर 90928 हो गए थे। यह तीसरी लहर में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 7 जनवरी को नए संक्रमण में 29 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है, क्योंकि संक्रमण 90928 से बढ़कर 117100 हो गए। 8 जनवरी को यह 141986 हो गए और वृद्धि 21 फीसदी की रही। जबकि 9 जनवरी को नए संक्रमण 159632 तथा 10 जनवरी को 179723 रहे। दोनों दिन वृद्धि दर 12.5 फीसदी के करीब रही।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse