देश

View All
Published / 2022-01-16 06:10:39
आजसू में मर्ज हुई ओडिशा की भारतीय मित्र पार्टी

एबीएन डेस्क। आजसू पार्टी ओडिशा पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट गयी है। दलीय आधार पर होने वाले ओडिशा पंचायत चुनाव के लिए आजसू पार्टी व्यापक तैयारी कर रही है। इसी क्रम में आज भारतीय मित्र पार्टी, ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष मिलन चंद्र महतो के नेतृत्व में पूरी ओडिशा इकाई आजसू में मर्ज हो गयी। इसके साथ ही ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला के कई दिग्गज नेताओं ने आज वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में आजसू का दामन थामा। आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि सुंदरगढ़ जिला के लहसिनपारा से मिलन चंद्र महतो, बिसरा से ध्रुव चंद्र महतो एवं निशामनी महतो, तोआंगर पाली से मणि दयाल खलखो, लहसिंपारा से निरंजन होरो, ब्रह्मणितरंग राउरकेला से रामाकांत बेहरा, रवि सिंह, क्योंझर से कुशेश्वर महतो सहित सैकड़ों नेताओं एवं भारतीय मित्र पार्टी के सभी पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता ने आजसू का दामन थामा। आजसू पार्टी में शामिल होते हुए मिलन चंद्र महतो ने कहा कि आजसू पार्टी के नीति-सिद्धांतों तथा केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के कुशल नेतृत्व तथा कार्यक्षमता से प्रभावित होकर उन्होंने ओडिशा इकाई को मर्ज करने का निर्णय लिया। साथ ही उन्होंने कहा कि आपसी सामंजस्य बनाकर हम ओडिशा में आजसू पार्टी को नए मुकाम पर ले जाने को द्दढसंकल्पित हैं। आजसू पार्टी ही एकमात्र पार्टी है, जिसे जनता की जरुरतों की समझ है, लोगों के दु:ख-दर्द का एहसास है। संघर्ष से उपजी हुई पार्टी ही जनता का असल नेतृत्व कर सकती है। आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने सभी का आजसू पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि संघर्षशील एवं लोकप्रिय नेताओं एवं उनके हज़ारों समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से सामाजिक न्याय आंदोलन को और बल मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी ओडिशा पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशी देगी। आजसू पार्टी अपने मुद्दों पर ओडिशा पंचायत चुनाव में जाएगी और उन मुद्दों को लेकर जनता को गोलबंद करेगी। मयूरभंज, क्योंझर, सुंदरगढ़ और जाजपुर जिला में पिछड़ों की आबादी भी बहुत बड़ी है, लेकिन उनकी सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। झारखंड आंदोलन में इस क्षेत्र के लोगों की भूमिका अतुल्य रही है। आजसू पार्टी वृहत झारखंड एवं झारखण्डी मानसिकता वाले इन क्षेत्रों की जनता को वैचारिक रुप से एकजुट करते हुए, जनमत संग्रह करेगी। सभी का परिचय, स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन आजसू पार्टी बुद्धिजीवी मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष मुकुंद चंद्र मेहता ने की।

Published / 2022-01-16 06:05:45
वैक्सीनेशन का एक साल हुआ पूरा, जल्द डाक टिकट जारी करेगा केंद्र

एबीएन डेस्क। आज देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। आज कोरोना वायरस जैसी महामारी के खिलाफ वैक्सीनेशन का साल पूरा हो रहा है। आज के दिन 16 जनवरी 2021 को देश में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाए जाने की शुरूआत हुई थी, उसके बाद से कोरोना टीके दिए जाने का सिलसिला जारी है। अबतक देश में वैक्सीन की 157 करोड़ डोज़ लगाई जा चुकी हैं, लेकिन पूरी आबादी को टीका लगाने का लक्ष्य अब भी दूर है। बता दें, एक साल पहले 138 करोड़ की आबादी को वैक्सीन दिया जाना आसान नहीं था। आज जब कोरोना की तीसरी लहर फैली हुई है, उसमें टीकाकरण गंभीर बीमारी को रोकने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। बड़ी बात यह है कि देश में 8 फीसदी आबादी ऐसी है, जिसे अब तक एक भी टीका नहीं लगा। वहीं, 31 फीसदी आबादी ऐसी है, जिन्हों अब तक दोनों टीके नहीं लगे। इसी सिलसिले में केंद्र सरकार कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान के एक साल पूरे होने पर एक डाक टिकट जारी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। देश में रविवार को टीकाकरण अभियान का एक वर्ष पूरा करने जा रहा है। यह पिछले साल 16 जनवरी से शुरू हुआ था। इस अवसर को चिह्नित करने के लिए एक स्मारक डाक टिकट जारी किया जाएगाभारत रविवार को राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की पहली वर्षगांठ मनाएगा, जिसमें स्वास्थ्य देखभाल और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता वैक्सीन की बुस्टर खुराक प्राप्त करने के लिए पहली कतार में होंगे। टीकाकरण अभियान को बाद में वरिष्ठ नागरिकों और कॉमरेडिटी वाले लोगों के लिए विस्तार दिया गया था। इस समय 15 से 18 साल उम्र के बच्चों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और साठ साल उम्र से अधिक व्यक्तियों को एहतियाती खुराक देने का अभियान 10 जनवरी से शुरू हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया डाक टिकट जारी करेंगे और वर्चुअल तौर पर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। केंद्रीय संचार राज्यमंत्री देवूसिंह चौहान भी भारत बायोटेक के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डॉ कृष्णा एला के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस बीच, भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 156 करोड़ मील का पत्थर पार कर गया है। शनिवार को शाम 7 बजे तक 57 लाख से ज्यादा वैक्सीन खुराक दी जा चुकी थीं। कोविड टीकाकरण के लिए चिन्हित श्रेणियों के लाभार्थियों को अब तक 42 लाख से अधिक एहतियाती खुराक दी जा चुकी हैं। इस बीच, 3 जनवरी को 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत के बाद से उस आयुवर्ग के लगभग 40 प्रतिशत व्यक्तियों को भी टीके की पहली खुराक मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक इस समूह के कुल 3,36,09,191 किशोरों का टीकाकरण किया जा चुका है।

Published / 2022-01-16 04:13:37
छह देशों में ओमिक्रॉन संक्रमण में गिरावट, भारत में लगेगा वक्त

एबीएन डेस्क। तीन महीने बाद दुनिया के छह देशों में ओमिक्रॉन स्वरूप के संक्रमण में यूटर्न देखने को मिलने लगा है। हालांकि भारत में अभी ऐसी स्थिति दिखाई नहीं दी है। जिन देशों में गिरावट दिख रही है उनमें यूके, कनाडा, इटली,आयरलैंड, डेनमार्क और आइसलैंड शामिल हैं। इन देशों में संक्रमण प्रसार का ग्राफ अब नीचे की ओर बढ़ने लगा है। विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में अभी यूटर्न आना बाकी है। चूंकि दूसरे देशों में करीब एक महीने से भी अधिक समय पहले से ओमिक्रॉन के मामले मिलने शुरू हुए थे। ऐसे में कोरोना की तीसरी लहर का पीक भारत में अगले कुछ सप्ताह में ही स्पष्ट हो पाएगा। आंकड़ों के अनुसार देश में अभी कोरोना की तीसरी लहर चल रही है, जिसमें दैनिक संक्रमण दर 16 फीसदी पार चली गई है और साप्ताहिक संक्रमण भी 13 फीसदी पर आई है। बीते तीन दिन से देश में रोजाना दो लाख से अधिक मामले मिल रहे हैं। वहीं सात से 15 जनवरी के बीच देश में 17.50 लाख से भी ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। पांच फीसदी मरीज हो रहे अस्पतालों में भर्ती : प्रो. रिजो बताया कि भारत में अभी पांच फीसदी से भी कम मरीजों को अस्पतालों में भर्ती करने की नौबत आ रही है। हालांकि एक आशंका यह भी कि अगले कुछ दिन में यह दर पांच से 10 फीसदी हो सकती है।  कोरोना और बढ़ने की आशंका : विशेषज्ञ प्रो. रिजो का मानना है कि जहां ओमिक्रॉन की वजह से संक्रमण की नई लहर बीती लहर से ज्यादा असरदार दिखाई दी है। ऐसे में अगर भारत में दूसरी लहर से तुलना करें तो अभी कोरोना का प्रसार और अधिक होने की आशंका है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ब्रिटेन में जब पहली बार ओमिक्रॉन वैरिएंट का पता चला तब वहां करीब छह फीसदी मरीज भर्ती हो रहे थे। कई गुना बढ़ी सक्रिय मरीजों की संख्या ; स्वास्थ्य मंत्रालय की ही एक रिपोर्ट के अनुसार बीते 12 जनवरी तक कई राज्यों में पिछले हफ्ते की तुलना में सक्रिय केस की संख्या कई गुना तक बढ़ गई। उत्तर प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले 14 गुना 3,173 से बढ़कर 44,466 तक पहुंच गए हैं। जबकि पंजाब में 8.65, मध्य प्रदेश में 10.95 और बिहार में 11.27 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Published / 2022-01-16 04:06:49
16 जनवरी को मनाया जाएगा नेशनल स्टार्टअप डे

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलान किया है कि देश में हर साल 16 जनवरी को नेशनल स्टार्टअप डे मनाया जाएगा। शनिवार को पीएम मोदी ने स्टार्टअप उद्यमियों के साथ संवाद के दौरान यह घोषणा की। पीएम मोदी ने कहा, मैं देश के उन सभी स्टार्टअप को, सभी इनोवेटिव युवाओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं, जो स्टार्टअप्स की दुनिया में भारत का झंडा बुलंद कर रहे हैं। स्टार्टअप का यह कल्चर देश के दूर-दराज के इलाके तक पहुंचे, इसके लिए 16 जनवरी को अब नेशनल स्टार्ट अप डे के रूप में मनाने का फैसला किया गया है। स्कूली छात्र करें इन्नोवेशन : पीएम मोदी ने कहा, हमारा प्रयास देश में बचपन से ही छात्रों में इनोवेशन के प्रति आकर्षण पैदा करने और इनोवेशन को संस्थागत रूप देने का है। देश में 9,000 से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स आज बच्चों को स्कूलों में इन्नोवेट करने और नए विचारों पर काम करने का मौका दे रही हैं। क्या होते हैं स्टार्टअप्स? स्टार्टअप कंपनी एक ऐसी कंपनी होती है जिसने अभी कामकाज शुरू किया है। आप अकेले या कुछ लोगों के साथ मिलकर कंपनी की नींव रखते हैं जिसे इनक्युबेशन कहते हैं। यहां पर लोग अपनी-अपनी कुशलता और विशेषज्ञता लेकर आते हैं और नए कारोबारी आइडिया पर मिलकर काम करते हैं। इस तरह की कंपनी के जरिए ग्राहकों को एक यूनिक प्रोडक्ट या सर्विस दी की जाती है।

Published / 2022-01-15 08:02:27
24 घंटे में कोरोना के 2.68 लाख नए केस, 402 मौतें

एबीएन डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के दो लाख 68 हजार 833 नए केस दर्ज हुए हैं। वहीं, 402 लोगों की मौत भी रिकॉर्ड हुईं। इस बीच 1 लाख 22 हजार 684 लोग ठीक भी हुए हैं। फिलहाल देश में संक्रमण दर का बढ़ना बड़ी चिंता का विषय बनता जा रहा है। दरअसल, भारत में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 14.70 फीसदी से बढ़कर अब 16.66 फीसदी पर पहुंच गई है। यानी देश में प्रति 10 हजार टेस्ट्स में 1666 लोग संक्रमित मिल रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक,देश में अब सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 14,17,820 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना से हुईं 402 मौतों के बाद कुल आंकड़ा 4,85,752 पहुंच गया है। देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कल की अपेक्षा शनिवार को संक्रमण दर में करीब दो प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वहीं शुक्रवार से 4631 ज्यादा कोरोना संक्रमित दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को देश में 2,64,202 कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जबकि, आज दो लाख 68 हजार 833 मरीज सामने आए। देश में ओमिक्रॉन के मामलों में भी तेजी से उछाल हो रहा है। शनिवार को यह छह हजार के पार हो गए। जबकि, शुक्रवार को 5,753 मामले सामने आए थे।

Published / 2022-01-15 07:50:58
गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे योगी आदित्यनाथ

एबीएन डेस्क। उत्तर प्रदेश चुनाव के पहले चरण के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी होने लगी है। पहले चरण में पश्चिमी यूपी के 10 जिलों की 58 सीटों पर 10 फरवरी को वोटिंग होनी है।

Published / 2022-01-15 07:32:31
बिहार : नालंदा में 9 की मौत, 3 गंभीर; परिजनों का आरोप- जहरीली शराब से ली जान

एबीएन डेस्क। बिहार की नीतीश सरकार ने राज्य में शराब के सेवन, उत्पादन और बिक्री पर रोक लगाई हुई है। इसके बावजूद राज्य में शराब तस्करी, पीने के मामले रोजाना सामने आते रहते हैं। इतना ही नहीं कई बार जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हो चुकी है। फिर भी लोग सुधर नहीं रहे हैं। ताजा मामला नालंदा का है जहां पांच लोग शराब की वजह से काल के गाल में समा गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दरअसल, नालंदा जिले के सोहसराय थाना इलाके के छोटी पहाड़ी और पहाड़ तल्ली मोहल्ला में संदेहास्पद स्थिति में एक साथ 9 लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर हालत में निजी क्लीनिक में इलाजरत हैं। सभी मृतकों के परिजन शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत की बात बता रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद के बाद सदर डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी मौके पर पहुंच कर परिजन से जानकारी ले रहे हैं। हालांकि अभी तक जहरीली शराब पीने से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मगर स्थानीय लोग भी आस-पास के इलाके में चुलाई शराब बनाने की बात बता रहे हैं। वहीं मानपुर थाना इलाके के हरगावा गांव में भी दो लोगों के शराब पीने की मौत की चर्चा है।

Published / 2022-01-15 06:59:14
अब नेताजी के जन्मदिन से शुरू होगा गणतंत्र दिवस समारोह

एबीएन डेस्क। गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत अब हर साल 24 जनवरी के बजाय 23 जनवरी को शुरू होगी ताकि स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती इसमें शामिल की जा सके। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के रुख के अनकूल है जो भारत के इतिहास और संस्कृति के अहम पहलुओं को मनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने रेखांकित किया कि इससे पहले बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई थी। सूत्रों ने बताया कि अन्य दिवस जो हर साल मनाए जाने का फैसला लिया गया है उनमें 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका स्मरण दिवस, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस (सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती), 15 नवंबर जनजातीय दिवस (बिरसा मुंडा जंयती), 26 नवंबर को संविधान दिवस और 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस (सिखों के 10वें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह के चार साहबजादों की याद में) शामिल हैं।

Page 282 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse