देश

View All
Published / 2022-01-27 05:11:48
कोरोना : 24 घंटे में मिले2.86 लाख नए संक्रमित, 573 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार उताव-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। भारत में कल के मुकाबले मामूली वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में 2.86 लाख नए मामले सामने आए हैं। रोजाना संक्रमण दर भी 16.1 प्रतिशत से ऊपर 19.5 प्रतिशत हो गया है। देश में पिछले 24 घंटे में 573 मरीजों की मौत भी कोरोना से हुई है। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 4 लाख 91 हजार 700 हो गई है। राहत की बात ये है कि लगातार तीसरे दिन कोरोना के देश में तीन लाख से कम नए केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी अपडेट के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 306357 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। ऐसे में कोरोना से ठीक होने वालों की कुल संख्या बढ़कर अब 3 करोड़ 76 लाख 77 हजार 328 हो गई है। वहीं, एक्टिव केस भी देश में पिछले 24 घंटे में कम हुए हैं। देश में अब कुल एक्टिव मरीज 2202472 हैं। इस बीच देश में कोरोना वैक्सीन की 163 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी है। कल 22 लाख 35 हजार 267 डोज लगाए गए। साथ ही 14 लाख 62 हजार 261 कोरोना सैंपल के टेस्ट भी बुधवार को किए गए।

Published / 2022-01-26 17:33:14
कल होगा भारत-मध्य एशिया शिखर सम्मेलन, पीएम करेंगे मेजबानी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को वर्चुअल प्रारूप में प्रथम भारत-मध्य एशिया शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। इस दौरान संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने और उभरती क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है। वर्चुअल सम्मेलन में पांच देशों के राष्ट्रपतियों की भागीदारी देखने को मिलेगी, जिनमें कजाखस्तान के काजयम जोमार्त तोकायेव, उज्बेकिस्तान के शावकत मिजियोयेव, ताजिकिस्तान के इमोमाली रहमान, तुकमेनिस्तान के जी बर्डीमुहामेदोव और किर्गिज गणराज्य के सदयर जापारोव शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह भारत और मध्य एशियाई देशों के बीच नेताओं के स्तर पर अपनी तरह का पहला सम्मेलन होगा। यह सम्मेलन, भारत और मध्य एशियाई देशों के नेताओं द्वारा एक व्यापक और टिकाऊ भारत-मध्य एशिया साझेदारी को महत्व देने का प्रतीक है। यह सम्मेलन गणतंत्र दिवस समारोह के एक दिन बाद हो रहा है, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या शासन प्रमुख को शामिल नहीं किया गया। पांच मध्य एशियाई देशों के नेताओं के मुख्य अतिथि होने की संभावना थी, लेकिन देश में कोविड-19 के मामले बढ़ने के चलते गणतंत्र दिवस समारोहों को बगैर मुख्य अतिथि के मनाया गया। विदेश मंत्रालय ने हाल में एक बयान में कहा था कि प्रथम भारत-मध्य एशिया शिखर सम्मेलन मध्य एशियाई देशों के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव का प्रतिबिंब है, जो भारत के "विस्तारित पड़ोस" का हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में इन सभी मध्य एशियाई देशों की ऐतिहासिक यात्रा की थी।

Published / 2022-01-26 17:28:49
कथकली नृत्यांगना मिलेना सलविनी के निधन पर पीएम ने जताया शोक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात कथकली नृत्यांगना मिलेना सलविनी के निधन पर शोक जताया और कहा कि भारतीय संस्कृति के प्रति उनके जज्बे को हमेशा याद रखा जाएगा। मिलेना सलविनी को भारत सरकार ने कला के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए वर्ष 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया था। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, मिलेना सलविनी को भारतीय संस्कृति के प्रति जज्बे के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने कथकली को और लोकप्रिय बनाने के लिए पूरे फ्रांस में कई प्रयास किए। उनके निधन से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ है।

Published / 2022-01-26 14:10:42
73वां गणतंत्र दिवस : भारतीय वायु सेना ने दुनिया को दिखाई ताकत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत आज 26 जनवरी के मौके पर अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर हर साल होने वाली 26 जनवरी की परेड इस बार बेहद खास दिखाई दी। इस समारोह में पहली बार नारी शक्ति के साथ बेटी-बचाओं और बेटी पढ़ाओं की झलक देखने को मिली। वहीं भारत की तीनों सेनाओं में शानदार अपनी शक्ति का प्रदर्शन दिखाया।इस बीच वायुसेना, थल सेना और नौसेना के 75 लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर ने फ्लाईपास्ट किया। जिसकी ताकत पूरे हिंदुस्तान ने देखी। खास बात यह है कि गणतंत्र दिवस के साथ-साथ देश स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ को लेकर आजादी का अमृत महोत्सव भी मना रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना के 75 विमानों ने आकाश में अगल-अलग अंदाज में उड़ान भरी। इस स्पेशल सेलिब्रेशन के लिए अगल-अलग फॉर्मेशन में स्पेशल फ्लाईपास्ट का आयोजन किया गया। इन फॉर्मेशन के जरिए 1971 के युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

Published / 2022-01-26 04:26:16
गणतंत्र दिवस : आईटीबीपी जवानों ने 15000 फीट की ऊंचाई पर लहराया तिरंगा, पीएम ने दी बधाई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गणतंत्र दिवस के मौके पर राजपथ पर आयोजित परेड में देश के विभिन्न राज्यों की झांकियां निकलती हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस के जश्न का नजारा कुछ खास होगा। क्योंकि इस बार गणतंत्र दिवस परेड में कुछ चीजें पहली बार दिखाई देंगी और कुछ परंपराओं में बदलाव दिखाई देंगे। इस खास मौके दिल्ली में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। देश इस बार आजादी के 75 साल भी पूरे कर रहा है। जिसे "आजादी का अमृत महोत्सव" के रूप में मनाया जा रहा है। इसकी झलक भी जश्न में नजर आएगी। आईटीबीपी के जवानों ने 15,000 फीट की ऊंचाई पर गणतंत्र दिवस मनाया : लद्दाख में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के हिमवीर जवानों ने 15,000 फीट की ऊंचाई पर -35 डिग्री सेल्सियस तापमान में भारत का 73वां गणतंत्र दिवस मनाया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमारने पटना में अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पहली बार एयरफोर्स के 75 विमानों का भव्य फ्लाई-पास्ट : इस बार 73वें गणतंत्र दिवस पर पहली बार भारतीय वायु सेना के 75 विमानों का भव्य फ्लाई-पास्ट किया जाएगा।

Published / 2022-01-26 04:08:41
पीएम, रक्षा मंत्री और राष्ट्रपति समेत सभी नेताओं ने देशवासियों को दीं गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने बुधवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद! देश बुधवार को 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हर साल की तरह इस बार भी मुख्य समारोह राजधानी दिल्ली में राजपथ पर आयोजित किया जा रहा है।

Published / 2022-01-26 03:51:28
पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए बोले पीएम- समाज में उनके योगदानों पर गर्व

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और कहा कि पूरा देश उनकी उपलव्धियों से प्रफुल्लित है और समाज में उनके योगदानों पर सभी को गर्व है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाइयां। पूरा देश उनकी उपलब्धियों से गौरवान्वित है और हम सभी को समाज में उनके योगदानों पर गर्व है। सरकार ने मंगलवार को 128 पद्म पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की। इस सूची में 4 पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह और हाल ही में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुए भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। किराना घराने की शास्त्रीय गायिका 88 वर्षीय प्रभा अत्रे और हिंदू धार्मिक पुस्तकों का प्रकाशन करने वाले गीता प्रेस के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम खेमका को भी दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजे जाने की घोषणा हुई।

Published / 2022-01-26 03:01:48
कोरोना : देशभर में कुल मामले चार करोड़ के पार, तीसरी लहर में अब तक 50 लाख हुए संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में कोरोना संकट का दौर लगातार जारी है। इस बीच संक्रमण की रफ्तार भी तेज हो गई है। देश में अब कुल संक्रमितों की संख्या चार करोड़ को पार कर गई है जो कि चिंताजनक है। वहीं तीसरी लहर में कोरोना मरीजों की संख्या भी 50 लाख को पार कर गई है। बता दें भारत संक्रमितों के मामले में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में अभी कुल 7.3 करोड़ मामले हैं। पिछले दो सप्ताह में पूरे तेलंगाना में 2.16 लाख से अधिक लोगों को एहतियाती खुराक मिली है। शहर में, यह आंकड़ा 40,000 से अधिक है, जिसमें 23,000 से अधिक को हैदराबाद के सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में खुराक दी जा रही है।

Page 276 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse