एबीएन डेस्क। केंद्र सरकार ने सामान्य दूरसंचार नेटवर्क के साथ ही इंटरनेट के जरिए विदेश से की जाने वाली कॉल, सैटेलाइट फोन कॉल, कॉन्फ्रेंस कॉल और संदेशों को कम-से-कम दो साल के लिए सुरक्षित (स्टोर) रखने को अनिवार्य कर दिया है। दूरसंचार विभाग की तरफ से जारी एक परिपत्र में दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय कॉल एवं संदेशों को अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखने के बारे में आदेश जारी किया गया है। दूरसंचार विभाग ने यह कदम गत दिसंबर में एकीकृत लाइसेंस में किए गए संशोधन के बाद उठाया है जिसमें कॉल डेटा रिकॉर्ड के अलावा इंटरनेट ब्योरे को दो साल के लिए सुरक्षित रखना अनिवार्य किया गया था। पहले यह प्रावधान सिर्फ एक साल के लिए ही लागू था। एकीकृत लाइसेंस धारक कंपनियों में भारती एयरटेल, रिलायंस जियो, वोडाफोन जियो, BSNL हैं। वे अपने ग्राहकों को सैटेलाइट फोन सेवाओं को छोड़कर सभी तरह की दूरसंचार सेवाएं प्रदान करती हैं। गत शुक्रवार को विभाग की तरफ से जारी इस परिपत्र के मुताबिक, लाइसेंसधारक कंपनियों को कॉल डेटा रिकॉर्ड, आईपी रिकॉर्ड और सभी वाणिज्यिक रिकॉर्ड कम-से-कम दो साल के लिए स्टोर करने होंगे ताकि सरकार सुरक्षा कारणों से उनकी जांच कर सकें। दो साल की अवधि पूरा होने के बाद कंपनियां इस आंकड़े को नष्ट कर सकती हैं, बशर्ते कि किसी खास मामले में कोई निर्देश न दिया गया हो। एकीकृत लाइसेंस संबंधी प्रावधानों में किए गए बदलाव टाटा कम्युनिकेशंस, सिस्को वेबेक्स, एटीएंडटी ग्लोबल नेटवर्क पर भी लागू होंगे जिन्होंने इन लाइसेंसों को खरीदा है।
एबीएन डेस्क। जिला चुनाव अफसर-कम-डिप्टी कमिश्नर रामवीर ने बताया कि भारतीय चुनाव कमीशन की तरफ से जारी हिदायतों के अंतर्गत ही राजनीतिक पार्टियां और उम्मीदवार वीडियो डिजिटल वैनों द्वारा प्रचार करें जिसकी मंजूरी राज्य स्तर पर मुख्य चुनाव अफसर पंजाब और जिला स्तर पर जिला चुनाव अफसर से लाज़िमी तौर पर लें। उन्होंने कहा कि कोविड पाबंदियों के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियों की तरफ से चुनाव प्रचार के लिए वीडियो या डिजिटल वैनों का प्रयोग किया जा रहा है, जिसके लिए यह लाजिमी है कि कोई भी सियासी पार्टी और उम्मीदवार बिना अग्रिम मंजूरी (प्री-सर्टीफिकेशन) से प्रचार के लिए वैनों का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि जिले के समूह विधान सभा हलकों के रिटर्निंग अफसरों को हिदायत जारी कर दी गई है कि यदि किसी की तरफ से आदर्श चुनाव संहिता दौरान नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। जिला चुनाव अफसर ने कहा कि यदि किसी वैन को डिजिटल वैन चुनाव प्रचार वजह प्रयोग में लाया जाता है तो उस वैन के मालिक को मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत सबंधित ट्रांसपोर्ट नोडल अफसर से सर्टीफिकेट लेना लाजिमी होगा। वीडियो वैन प्रचार करने से पहले राज स्तरीय/जिला स्तरीय एमसीएमसी से प्रिय सर्टीफिकेशन भी लाजिमी है। यदि राजनीतिक पार्टियां इन वीडियो वैन का प्रयोग अपने प्रोग्राम और नीतियों का प्रचार करके वोटें मांगने के लिए प्रयोग करती है, इसका खर्च पार्टी के खातो में पाया जाएगा, जिसको भारतीय चुनाव कमीशन को मतदान उपरांत भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रचार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली वैनों रूट बारे भी स्थानीय प्रशासन और जिला चुनाव अफसर को सूचना देना लाजिमी है। जिक्रयोग्य है कि यह वीडियो वैन सुबह 8 से लेकर रात 8 बजे तक ही प्रचार कर सकतीं हैं और यह वैन किसी भी रैलियों और रोड शो के लिए नहीं इस्तेमाल की जा सकती। भारत चुनाव कमीशन की हिदायतों अनुसार कोविड-19 के बढ़ते मामलों को मद्देनजर रखते हुए सभी राजनीतिक पार्टियों और उम्मीदवारों को हिदायतें दीं गई हैं कि उन सभी की तरफ से प्रचार करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनना आदि सेहत सावधानियों का पालना यकीनी किया जाए।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में 2,34,281 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 4.10 करोड़ से अधिक हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। सुबह 8 बजे जारी आकंड़ों के मुताबिक 24 घंटे के दौरान 893 संक्रमितों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 4,94,091 हो गई। मंत्रालय ने कहा कि देश में उपचाराधीन रोगियों की संख्या में 1,19,396 की कमी आई है और अब इनकी तादाद 18,84,937 हो गई है, जो संक्रमितों की कुल संख्या का 4.59 प्रतिशत है। संक्रमण से उबरने की दर 93.89 प्रतिशत है। मंत्रालय के अनुसार देश में दैनिक संक्रमण दर 14.50 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 16.40 प्रतिशत रही। आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से उबरने वाले लोगों की कुल संख्या 3,87,13,494 हो गई है जबकि covid-19 मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। मंत्रालय के अनुसार भारत में अब तक संक्रमित मिले लोगों की कुल संख्या 4,10,92,522 हो गई है। इस बीच, भारत में अब तक कोविड रोधी टीके की 165.70 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
एबीएन डेस्क। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल में धनबाद-गया रेल खंड पर रविवार को यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि निचितपुर-तेतुलमारी स्टेशनों के बीच रेलवे ने नाै घंटे का पॉवर ब्लाक लिया है। ऐसे में हावड़ा से दिल्ली रेल मार्ग पर चलने वाली कई ट्रेन के परिचालन में बदलाव किया गया है। इस रूट की कई ट्रेन रद्द कर दी गईं हैं। वहीं कई के रूट में बदलाव किया गया है। रेलवे ने रविवार को धनबाद होकर चलने वाली छह पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। धनबाद-गोमो रेलखंड के निचितपुर-तेतुलमारी स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 284/19-21 पर ROB कार्य के लिए रविवार को पॉवर ब्लॉक लिया गया है। सुबह 8.30 बजे से संध्या 5.30 बजे तक 9 घंटे के लिए ट्रैफिक/पावर ब्लॉक लिया गया है, जिसका रेल यातायात पर असर पड़ेगा। इसके फलस्वरूप ब्लॉक अवधि में ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। नौ घंटे तक ट्रेन नहीं चलने से हजारों यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रेलवे ने जिन छह पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया है, उनमें अधिकतर प्रतिदिन झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की ओर जाती हैं। हजारों की संख्या में यात्री इनसे सफर करते हैं। ट्रेन रद्द होने से ऐसे यात्रियों को दूसरे विकल्प तलाशने होंगे। पूर्वा एक्सप्रेस और लालकुआं हावड़ा एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन होने से भी यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।
एबीएन डेस्क। जम्मू-कश्मीर में बीते 12 घंटे में लश्कर और जैश के पांच पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ दो जगह चल रही थी और 12 घंटे में पांच आतंकियों की मौत के साथ खत्म हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई को कश्मीर के आईजीपी ने बताया कि मारे गए आतंकियों में जैश कमांडर और आतंकी जाहिद वानी और पाकिस्तान के दहशतगर्द शामिल हैं। बीते रोज घाटी के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम इस ऑपरेशन को अंजाम दे रही थीं। पुलिस को जिले के नियारा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। बडगाम में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ :उधर, मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में भी आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग न सकें, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए। इस ऑपरेशन को सेना की 53-आरआर(राष्ट्रीय राइफल्स) बडगाम पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम अंजाम दे रही थीं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। 1 फरवरी को संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। इस दिन आपके किचन के बजट पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है, क्योंकि 1 फरवरी को ही एलपीजी के नए रेट जारी होंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल का भाव 90 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है, ऐसे में एलपीजी सिलेंडर के रेट में बढ़ोतरी हो सकती है, वैसे यह भी संभव है कि 5 राज्यों में हो रहे चुनाव को देखते हुए हो सकता है घरेलू एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को राहत जारी रहे। चुनाव बाद लग सकता है जोर का झटका : अक्टूबर से अब तक नॉन-सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वहीं पेट्रोल-डीजल के रेट भी स्थिर हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड समेत 5 राज्यों में विधान सभा चुनाव हो रहे हैं। 10 फरवरी से 7 मार्च तक वोटिंग है और रिजल्ट 10 मार्च को आएंगे। ऐसे में बहुत कम संभावना है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ें। कामर्शियल सिलेंडर के रेट में कुछ बदलाव हो सकता है। कच्चे तेल के दाम में लगी आग से होने वाले नुकसान की भरपाई चुनाव बाद हो सकती है। जानकारों के मुताबिक पेट्रोल-डीजल के रेट में 5 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है तो एलपीजी सिलेंडर 100 रुपये तक महंगे हो सकते हैं। बता दें सितंबर 2021 से जनवरी 2022 के बीच एलपीजी घरेलू सिलेंडर केवल 15 रुपये महंगा हुआ। एक सितंबर 2021 को दिल्ली में गैर-सब्सिडी वाला 14.2 किलो का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 884.50 रुपये था, 6 अक्टूबर को 15 रुपये बढ़कर 899.50 रुपये का हो गया। 6 अक्टूबर के बाद इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ, हालांकि इस दौरान कच्चे तेल के दाम में काफी उछाल आ चुका है। गर जनवरी 2021 से जनवरी 2022 की तुलना करें तो तब से लेकर अब तक घरेलू गैस सिलेंडर 205.5 रुपये महंगा हो चुका है। पिछले साल फरवरी में तो सिलेंडर के दाम तीन बार में बढ़कर 694 रुपये से 794 रुपये पर पहुंच गया। चार दिन बाद एक मार्च को 25 रुपये और बढ़कर 819 रुपये पर पहुंच गया। इसके बाद पश्चिम बंगाल चुनाव को देखते हुए 10 रुपये सस्ता हुआ और 1 जून तक 809 रुपये पर टिका रहा। इसके बाद जुलाई, अगस्त और सितंबर में भी दाम बढ़ाए गए।
टीम एबीएन, लोहरदगा/रांची।कांग्रेस के कद्दावर नेता और राज्य की पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में गीताश्री उरांव ने पार्टी की नीतियों और आदिवासी हितों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। फोन पर एबीएन से अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए गीताश्री उरांव ने कहा कि झारखंड के लोगों के साथ अन्याय सिर्फ इसलिए नहीं सह सकती क्योंकि वह राष्ट्रीय पार्टी में हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के क्षेत्रीय भाषा को लेकर कांग्रेस का स्टैंड सही नहीं है। मगही, मैथिली और भोजपुरी जैसी भाषाओं को लेकर गीताश्री उरांव का स्टैंड पार्टी के स्टैंड से अलग था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। मणिपुर में पहली मालगाड़ी के पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि इससे राज्य के व्यापार और संपर्क को बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि वहां से सामान देश के हर कोने तक पहुंच सकेगा। चुनावी राज्य मणिपुर में 27 जनवरी को मणिपुर के रानी गाइदिन्ल्यू स्टेशन पर एक मालगाड़ी पहुंची। कुछ दिनों पहले ही असम के सिलचर से एक सवारी गाड़ी मणिपुर के वंगाईचुंगपाऊ पहुंची थी। मणिपुर में 27 फरवरी और तीन मार्च को दो चरणों में मतदान होना है।प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के एक ट्वीट को टैग करते हुए कहा, पूर्वोत्तर का कायापलट जारी है। मणिपुर में संपर्क का विस्तार होगा और व्यापार को बल मिलेगा। राज्य के अच्छे उत्पाद अब देश के हर कोने तक पहुंचेंगे। रेड्डी ने अपने ट्वीट के साथ स्टेशन पर पहुंच रही एक मालगाड़ी का वीडियो भी साझा किया। साथ ही उन्होंने कहा, मणिपुर और पूरे पूर्वोत्तर के लिए ऐतिहासिक दिन। देश की आजादी के 75 वर्षों के बाद पहली मालगाड़ी रानी गाइदिन्ल्यू रेलवे स्टेशन पहुंची। नरेंद्र मोदी की सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में अवसंरचना, संपर्क और आर्थिक समृद्धि बढ़ाने को प्रतिबद्ध है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसी महीने हवाई सर्वेक्षण के जरिए मणिपुर में जिरिबाम -इंफाल नयी लाइन परियोजना का जायजा लिया था। इस परियोजना में देश की सबसे लंबी सुरंग शामिल है, जो गुवाहाटी एवं इंफाल को जोड़ेगी। वैष्णव ने कहा कि पूर्वोत्तर में विभिन्न रेल परियोजनाओं के लिए इस वर्ष 7000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वैष्णव ने शनिवार को मणिपुर पहुंची मालगाड़ी की एक तस्वीर ट्वीट करते हुए कहा, जो प्रतिबद्धता जताई थी, उस पर खरा उतरते हुए। इसके साथ ही उन्होंने पांच जनवरी के अपने ही एक ट्वीट को टैग किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जल्द ही इस महीने के अंत तक काइमई रोड रेलवे स्टेशन तक मालगाड़ी पहुंचेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse