एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना संक्रमण के चलते पूरे देशभर में बंद किए गए स्कूलों को एक बार फिर से खोला जा रहा है दिल्ली में जहां आज 14 फरवरी से नर्सरी से लेकर 8वीं कक्षा तक के स्कूल खुल गए है वहीं इस बीच ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में स्कूल खोलने का एलान किया है। सोमवार को जारी आदेश के मुताबिक 16 फरवरी 2022 से पश्चिम बंगाल में सभी प्राथमिक और हाई स्कूलों को खोल दिया जाएगा, हालांकि नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। नए आदेशों के अनुसार, स्कूल खोलने को लेकर स्कूल एजुकेशन विभाग अलग से एक एसओपी जारी करेगा। ये भी कहा गया है कि मास्क, फिज़िकल डिस्टेंसिंग, स्वास्थ्य और सफाई से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से हर वक्त पालन किया जाए। बता दें कि पिछले महीने 31 जनवरी को ममता बनर्जी की सरकार ने 3 फरवरी से स्कूल और कॉलेज खोलने का फैसला किया था। सरकार ने तब कक्षा 8 से 12वीं तक के छात्रों को स्कूल जाने की अनुमति दी थी, जबकि बाकी छात्रों को ऑनलाइन क्लासेस ही लेने को कहा गया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पंजाब में विधान सभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे राजनीतिक पार्टियों द्वारा चुनाव प्रचार को लेकर गतिविधियां तेज की जा रही है। इसी के चलते आज बीजेपी सांसद हेमा मालिनी पंजाब दौरे पर आ रही थी परंतु कुछ कारणों की वजह से यह कार्यक्रम रद्द हो गया है। बता दें कि 30 स्टार प्रचारक की सूची में हेमा मालिनी का भी नाम था। हेमा मालिनी ने आज अमृतसर सहित कई जगहों पर चुनाव प्रचार करना था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को कहा कि केंद्रीय बजट के केंद्र में देश के आम आदमी को रखा गया है। मुंडा ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा केंद्रीय बजट 2022-23 पर आयोजित एक परिचर्चा में कहा कि आजादी का 75 वें वर्ष के उत्सव में भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। यह साल उत्सव के साथ संकल्प तय करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में अगले पांच वर्ष के साथ 25 वर्ष के विकास की रूप रेखा है। 100 साल का आजाद भारत कैसा होगा, इसकी स्पष्ट झांकी है। उन्होंने कहा कि भारत एक परिवार है,एक जन है इस द्दष्टि से सोचने का अवसर है। आज पहली बार इस देश मे देश के प्रत्येक नागरिक की चिंता और उसे विकास की मुख्यधारा में सहभागी बनाया गया है। यह सरकार आलोचनाओं में न पड़ते हुए नए भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बजट में हर परिवार, हर व्यक्ति को पार्ट ऑफ इकॉनमी बनाया गया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास इसी मूलमंत्र की अभिव्यक्ति है। प्रधानमंत्री ने स्वयं के साथ देश की जनता को प्रतिबध्दता से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि देश में अब एकांगी नहीं समग्रता में सोच विकसित हुआ है। देश को ऐसी व्यवस्था से जोड़ा जा रहा जो स्व शासित भी हो और स्व चालित भी। अंतिम व्यक्ति उसकी हिस्से की सुविधा पहुचे। सभी जरूरतें स्वाभाविक रूप से उपलब्ध हो। मुंडा ने प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना और डिजिटल इंडिया पर बोलते हुए कहा कि इससे विकास समावेशी स्थायी और त्वरित होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की अप्रत्याशित चुनौतियों मे भारत की नई पहचान विश्व में बनी। विकसित देशों के साथ भारत ने दुनिया को कोविड टीका बनाकर देश की क्षमता को स्थापित किया। यह सब मोदी जी के कुशल नेतृत्व से ही संभव हुआ।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा संस ने तुर्किश एयरलाइंस के पूर्व चेयरमैन इल्कर आयसी को एअर इंडिया का नया एमडी और सीइओ बनाया है। कंपनी के बोर्ड की आज हुई मीटिंग में यह फैसला किया गया। वे एक अप्रैल से अपनी जिम्मेदारी को संभालेंगे। बोर्ड की मीटिंग में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन भी शामिल हुए थे। बोर्ड ने उचित विचार-विमर्श के बाद उनके नाम को मंजूरी दी। उनकी जॉइनिंग के लिए अभी सभी रेगुलेटरी से मंजूरी लेना बाकी है। टाटा ग्रुप ने एअर इंडिया की 100% हिस्सेदारी 18,300 करोड़ रुपए में खरीदी थी। 27 जनवरी को यह डील पूरी हुई और उस दिन से टाटा संस इसका मालिक हो गया। इस्तांबुल में पैदा हुए आयसी : आयसी का जन्म 1971 में इस्तांबुल में हुआ था। 51 वर्षीय आयसी, तुर्की की बिल्केंट यूनिवर्सिटी के पॉलिटिकल साइंस और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट के 1994 बैच के पूर्व छात्र हैं। 1995 में उन्होंने इंग्लैंड की लीड्स यूनिवर्सिटी में पॉलिटिक साइंस पर एक रिसर्च प्रोजेक्ट किया था। 1997 में उन्होंने इस्तांबुल की मरमारा यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशंस मास्टर प्रोग्राम पूरा किया। टाटा ग्रुप से जुड़ने पर खुश हूं : आयसी आयसी ने कहा, "मैं लीडिंग आइकॉनिक एयरलाइंस को लीड करने और टाटा ग्रुप से जुड़ने के लिए काफी खुश हूं। हम एअर इंडिया की मजबूत विरासत का उपयोग करेंगे और दुनिया में इसे बेस्ट एयरलाइंस बनाने की कोशिश करेंगे।" द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, आयसी टर्किश फुटबॉल फेडरेशन, टर्किश एयरलाइंस स्पोर्ट्स क्लब और ळऋऋ स्पोर्टिफ एनोनिम सिरकेटी के बोर्ड मेंबर हैं। वह कनाडाई तुर्की बिजनेस काउंसिल और यूएस-तुर्की बिजनेस काउंसिल के सदस्य भी हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओडिशा में पिछले 24 घंटे में एक शिशु समेत कोविड-19 के 22 और मरीजों की मौत हो गयी है तथा 1,148 लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। संक्रमण की दैनिक दर 1.82 प्रतिशत दर्ज की गयी, जो पांच जनवरी के बाद से पहली बार दो प्रतिशत से कम है। संक्रमण के मामले चार जनवरी के बाद से सबसे कम हैं। राज्य में शुक्रवार को कोविड-19 के 1,539 मामले आए थे और 24 लोगों की मौत हुई थी। इस महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों में गंजाम जिले की चार माह की लड़की और बालासोर के आठ मरीज हैं। मृतकों की संख्या बढ़कर 8,884 हो गयी है। अभी तक अन्य बीमारियों के कारण कोविड-19 के 53 अन्य मरीजों की मौत भी हो चुकी है। एक बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अभी कोविड-19 के 12,330 मरीज उपचाराधीन हैं, जिनमें से 2,355 खुर्दा में हैं, जो येलो जोन है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 का पता लगाने के लिए 63,037 नमूनों की जांच की गयी है। राज्य में इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 12,77,262 हो गयी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। इस साल पेश किए गए आम बजट में रक्षा क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधानों को इस क्षेत्र के दिग्गजों ने काफी बेहतर बताया है। उनके अनुसार 68 फीसदी फंड का घरेलू उद्योग के आधुनिकीकरण के लिए आवंटन करने और रक्षा अनुसंधान के लिए सरकारी फंडिंग का प्रावधान करने से देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने में खासी मदद मिलेगी। देश अपने सशस्त्र बलों को हथियार प्रणालियां उपलब्ध कराने में आत्मनिर्भर बनेगा और रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। रक्षा क्षेत्र के लिए बजटीय प्रावधानों को लेकर अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अध्यक्ष आशीष राजवंशी ने कहा कि वित्त मंत्री ने रक्षा क्षेत्र में घरेलू उद्योग के लिए पूंजीगत खरीद बजट का 68 फीसदी आवंटन निर्धारित किया है। यह पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी अधिक है। यह एक स्वागत योग्य कदम है, इससे निवेश आएगा। बता दें कि अडानी समूह ने रक्षा क्षेत्र में कुछ साल पहले प्रवेश किया था और वह देश के रक्षा बलों के लिए कई परियोजनाओं पर काम कर रहा है। छोटे और मध्यम उद्योगों में भी उत्साह : बजट में घरेलू रक्षा उद्योग के लिए राशि आवंटन में बढ़ोतरी का एलान किए जाने से देश के छोटे और मध्यम उद्योग भी खुश हैं। इससे उन्हें अधिक अवसरों के प्राप्त होने की उम्मीद है। नागपुर की जेएसआर डायनैमिक्स के चेयरमैन एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) एसबी देव कहते हैं कि यह घरेलू उद्योग को अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे हमारी जैसी कंपनियों को इस क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मदद करने में बड़ी सहायता प्राप्त होगी। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन आरके त्यागी का कहना है कि बजट से रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया के माहौल को और बढ़ावा मिला है। उद्योग देख सकते हैं कि उन्हें ऊपर ले जाने में मदद करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, रक्षा विशेषज्ञ और पूर्व रक्षा प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा कहते हैं कि यह आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए किया गया सबसे बड़ा प्रयास है। यह बजट निश्चित तौर पर भारतीय नौसेना के लिए बहुत शानदार साबित होने वाला है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने 14 फरवरी को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को फिलहाल के लिए रोक दिया है। बता दें कि अन्ना हजारो को महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार की नई शराब नीति रास नहीं आई थी और उन्होंने इसके खिलाफ मोर्चा खोलने की घोषणा की थी। अन्ना ने कहा ऐलान किया था कि वह सुपरमार्केट और वॉक-इन स्टोर के जरिए शराब बेचने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले के खिलाफ 14 फरवरी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे। राज्य सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह निर्णय पर आगे बढ़ने से पहले नागरिकों के विचारों पर विचार करेगी। हजारे ने राज्य के अहमदनगर जिले में अपने पैतृक गांव रालेगण सिद्धि में एक "ग्राम सभा" के बाद कहा कि मैंने ग्रामीणों को सूचित किया कि सरकार ने कैबिनेट के फैसले को नागरिकों के सामने उनके सुझावों और आपत्तियों के लिए रखने का फैसला किया है और उनकी मंजूरी के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसलिए, मैंने कल की भूख हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया है। बातचीत के दौरान हजारे ने यह भी टिप्पणी की कि शराब हमारे राज्य की संस्कृति नहीं है। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में सुपरमार्केट और आस-पड़ोस की दुकानों में शराब की बिक्री की अनुमति दी गई है। इसके लिए राज्य मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पास किया। ठाकरे सरकार के इस फैसले को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में जमकर घमासान मचा हुआ है। बीजेपी ने भी इस फैसले की आलोचना की थी। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार ने शराबबंदी वापस ले ली है। उन्होंने महाराष्ट्र को "मद्य-राष्ट्र" बनाने का भी आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महा विकास आघाड़ी सरकार ने महामारी के दो साल के दौरान लोगों की मदद नहीं की, लेकिन इसकी प्राथमिकता शराब की बिक्री को बढ़ावा देना है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर रविवार को केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में इस कारण आत्महत्या की घटनाओं में 60 फीसदी वृद्धि हुई है। सुश्री वाड्रा ने अपने ट्वीट में कहा, पिछले छह वर्षों में बेरोजगारी के कारण आत्महत्या की घटनाओं में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2018 और 2020 के बीच बेरोजगारी की वजह से प्रतिदिन औसतन 12 लोगों ने आत्महत्या की। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया- आप कब तक असली मुद्दों को दरकिनार करेंगे। बेराजगार युवा परेशानी में हैं।असली मुद्दे पर बात करें। कांग्रेस पार्टी केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर आरोप लगाती रही है कि वह देश में बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे को हल करने में विफल रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse