देश

View All
Published / 2022-03-22 13:33:41
पेट्रोलियम के दाम पर लगा "लॉकडाउन" हट गया : राहुल गांधी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना करने वाली कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर आज मंगलवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और कटाक्ष किया कि अब ईंधन के दाम पर लगा लॉकडाउन हट गया है तथा सरकार कीमतों का लगातार विकास करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया, गैस, डीजल और पेट्रोल के दामों पर लगा लॉकडाउन हट गया है। अब सरकार लगातार कीमतों का विकास करेगी। महंगाई की महामारी के बारे में प्रधानमंत्री जी से पूछिए, तो वह कहेंगे कि थाली बजाओ। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, महा-महंगाई, भाजपा लाई! अब गैस सिलेंडर पर 50 रुपये बढ़ा। गैस सिलेंडर-दिल्ली व मुंबई में 949.50 रुपये, लखनऊ में 987.50 रुपये, कोलकाता में 976 रुपये और चेन्नई में 965.50 रुपये। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, लोग कह रहे हैं, कोई लौटा दे वो सच्चे-सस्ते दिन, नहीं चाहिए (नरेंद्र) मोदी जी के अच्छे दिन सुरजेवाला ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, भाजपा की जीत के साथ मोदी जी के महंगे दिन वापस आ गए हैं। भाजपा को जीत का आराम मिलते ही फिर महंगाई ने जनता का जीना हराम कर दिया है। उत्तर प्रदेश में अमित शाह जी ने कहा था कि चुनाव जिताओ और होली पर मुफ़्त गैस सिलेंडर पाओ। मुफ्त तो दिए नहीं, अब महंगे दे रहे हैं। आज 80 पैसे बढ़ी पेट्रोल और डीजल की कीमत : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को 80 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। वहीं घरेलू रसोई गैस के दाम 50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ गए हैं। मूल्य वृद्धि के बाद, दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 96.21 रुपये प्रति लीटर होगी, जो पहले 95.41 रुपये थी। जबकि डीजल की कीमत 86.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 87.47 रुपये हो गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में बिना सब्सिडी वाले, 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर 949.50 रुपये कर दी गई है।

Published / 2022-03-22 13:26:07
28 को गोवा के सीएम पद की शपथ लेंगे प्रमोद सावंत, पीएम भी होंगे शामिल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गोवा के मनोनीत मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत 28 मार्च को शपथ लेने जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। बीजेपी ने गोवा में एक बार फिर प्रमोद सावंत पर भरोसा जताया है और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है। गोवा के मनोनीत मुख्यमंत्री सावंत 28 मार्च को शपथ लेने जा रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि शपथ समारोह 28 मार्च को सुबह 11 बजे पणजी के पास डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। सावंत ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी। सोमवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों नरेंद्र सिंह तोमर और एल मुरुगन की मौजूदगी में सावंत को अपना नेता चुना गया था। सावंत ने 2019 में मनोहर पर्रिकर की मृत्यु के बाद गोवा की बागडोर संभाली थी। सावंत के मुताबिक, समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा-शासित सात राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। भाजपा गोवा के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई को पहले ही 25 विधायकों का समर्थन पत्र सौंप चुकी है। पिल्लई ने पार्टी को तटीय राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। मनोनीत मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इससे पहले सोमवार को कहा कि उनके नेतृत्व में गठित होने वाली नई सरकार पूर्ण पारदर्शिता के साथ काम करेगी और स्वयंपूर्ण गोवा 2.0 के मिशन को आगे बढ़ाएगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम का विस्तार है। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद पत्रकारों से बात करते हुए सावंत ने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य सरकार का ध्यान पर्याप्त बुनियादी ढांचे और मानव विकास पर होगा। वह दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी निवर्तमान सरकार ने स्वयंपूर्ण गोवा 1.0 को सफलतापूर्वक लागू किया है और इसके दूसरे संस्करण को और भी अधिक बल के साथ क्रियान्वित किया जाएगा। सावंत ने कहा कि कार्यक्रम के तहत, राज्य सरकार के एक अधिकारी को स्वयंपूर्ण मित्र नियुक्त करेगी जो एक पंचायत या नगरपालिका का दौरा करेगा, लोगों के साथ बातचीत करेगा अलग-अलग विभागों के साथ समन्वय करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्षित आबादी तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह उन गैर-भाजपा विधायकों को साथ लेकर चलेंगे जिन्होंने नई सरकार को अपना समर्थन दिया है। भाजपा को क्षेत्रीय संगठन एमजीपी से समर्थन मिला है, जिसके दो विधायक हैं। तीन निर्दलीय विधायकों ने भी भगवा दल को समर्थन दिया है, जिसके बाद 40 सदस्यीय विधानसभा में उसे 25 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है। भाजपा ने खुद 20 सीटें जीती हैं और वह बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने से एक सीट से चूक गई है। इस तरह देश के सबसे छोटे राज्य में सरकार बनाने के लिए बीजेपी का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया। यह लगातार तीसरी बार है, जब बीजेपी राज्य में सरकार बना रही है।

Published / 2022-03-22 13:13:48
सीबीआई, ईडी, अन्य एजेंसियां केंद्र सरकार की सबसे बड़ी सहयोगी : शत्रुघ्न सिन्हा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता शत्रुघ्न सिन्हा का मानना है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसियां स्वभाव से निरंकुश भाजपा नीत केंद्र सरकार की सबसे बड़ी सहयोगी हैं। अभिनेता से नेता बने पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे हैं। वह दशकों तक भाजपा में रहने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने कहा कि उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ निजी मतभेद नहीं है लेकिन राजनीतिक मतभेदों के निकट भविष्य में हल होने की संभावना नहीं है। अपनी साफगोई के लिए प्रशंसकों के बीच "शॉटगन" के नाम से मशहूर सिन्हा कांग्रेस छोड़ने की वजहों पर सीधे जवाब देने से बचते रहे। उन्होंने कहा, कई बार सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए आपको एक नयी दिशा लेनी होती है। सिन्हा ने विरोधियों द्वारा उन्हें दिए गए "बाहरी" के तमगे को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि वह किसी अन्य बंगाली के मुकाबले कम बंगाली नहीं हैं। सिन्हा ने एक साक्षात्कार में कहा, राजनीतिक अवसरवादिता को समझे बिना वे (भाजपा) ऐसे आरोप लगा रहे हैं। मुझे लगता है कि यह दिवंगत अटल बिहार वाजपेयी द्वारा बनायी पार्टी नहीं रही और यह एक निरंकुश संगठन बन गया है। वह अपने राजनीतिक विरोधियों से हिसाब चुकता करने के लिए सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब सहयोगी नहीं रहे क्योंकि उनमें से ज्यादातर ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन छोड़ दिया है। इसलिए ये केंद्रीय एजेंसियां उसकी सबसे बड़ी सहयोगी हैं, राजा से ज्यादा ईमानदार हैं। उन्हें जनता की सेवा करने का मौका देने के लिए मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी का आभार जताते हुए सिन्हा ने कहा, मेरे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कोई निजी मतभेद नहीं हैं। मतभेद पूरी तरह से राजनीतिक हैं...अगर हम राजनीतिक मतभेद सुलझा पाते तो मैं आज टीएमसी के साथ नहीं होता। कांग्रेस की आलोचना के लहजे में सिन्हा (76) ने कहा कि उन्हें पार्टी में शामिल करने के समय काफी वादे किए गए थे जो पूरे नहीं किए गए। सिन्हा ने कहा, कांग्रेस संकट के दौर से गुजर रही है और मुझे लगता है कि यह उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का सही वक्त नहीं है। मैं और कोई भ्रम पैदा नहीं करना चाहता। कई बार सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए आपको एक नई दिशा लेनी होती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा को हराने के लिए विपक्ष से हाथ मिलाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि ममता ऐसे किसी मोर्चे की अगुवाई करने के लिए सबसे उपयुक्त हैं। सिन्हा का 12 अप्रैल को होने वाले आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को अग्निमित्र पॉल से मुकाबला होगा। मतगणना 16 अप्रैल को होगी।

Published / 2022-03-22 09:48:43
टीएमसी नेता की हत्‍या के बाद फूंक डाले 40 घर, 10 लोग जिंदा जले, भाजपा का हंगामा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। बंगाल एक बार फिर जल उठा है। तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख की हत्या के बाद बीती रात कुछ लोगों ने बीरभूम के रामपुरहाट थाना क्षेत्र के बोगतुई गांव में करीब एक दर्जन घरों में आग लगा दी। आग में झुलसने 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं अन्य 38 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। इस अग्नि कांड में चालीस घरों को आग के हवाले किया गया, जो कि अब पूरी तरह से खाक हो गए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामपुरहाट शहर के बाहरी इलाके में स्थित बोगतुई गांव में घरों से अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि, दमकल विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि घटनास्थल से 10 जले हुए शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि बरशाल गांव के पंचायत उप प्रमुख एवं तृणमूल कांग्रेस के नेता भादु शेख का शव सोमवार को इलाके में मिला था। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। ममता के मंत्री घटनास्थल को रवाना : स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर रामपुरहाट हत्याकांड की पूरी जानकारी लेने के लिए मंत्री फिरहाद हकीम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मौके पर जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम कार्यालय के निर्देश पर सीआईडी टीम मौके पर पहुंची हुई है। इस मामले की जांच को तीन सदस्यीय एसआईटी टीम गठित की गई है।

Published / 2022-03-21 15:48:20
यूपी : शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी को लेकर लखनऊ दफ्तर में जोरदार बैठक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राजधानी लखनऊ के प्रदेश पार्टी कार्यालय पर करीब 1 घंटे तक बैठक चली। बैठक से निकलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 25 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी को लेकर आज (सोमवार) बैठक सम्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि संगठन से पूरे राज्य के लोगों को आना है। उत्तर प्रदेश 2022 विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद बीजेपी में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर गहन मंथन चल रहा है सोमवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पुष्कर सिंह धामी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाए जाने की बधाई दी। शपथ में हजारों लोग आएंगे : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजधानी लखनऊ के प्रदेश पार्टी कार्यालय पर करीब 1 घंटे तक बैठक चली। बैठक से निकलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 25 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी को लेकर आज (सोमवार) बैठक सम्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि संगठन से पूरे राज्य के लोगों को आना है। 25 तारीख को राज्य के सभी मंदिरों में प्रातकाल प्रदेश के कल्याण के लिए पूजा पाठ करना है। साथ ही शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी जिम्मेदारियां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दी गई हैं। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में लोग आएंगे। राज्य के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शपथ ग्रहण मौजूद रहेंगे। पुष्कर सिंह धामी को दी बधाई : पुष्कर सिंह धामी को दोबारा मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि धामी जी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत की सरकार बनी हैष एक अच्छे कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपनी यात्रा शुरू की और आज अच्छा नेतृत्व कर रहे हैं। स्वतंत्र देव ने कहा कि उत्तराखंड का नेतृत्व और गरीबों की सेवा का संकल्प लेकर वो मुख्यमंत्री बने थे। उसी का ही परिणाम रहा कि जनता ने दोबारा आशीर्वाद दिया और प्रदेश के अंदर सरकार बनी। 25 को होगा शपथ ग्रहण समारोह : प्रदेश की 270 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर बीजेपी गठबंधन द्वारा विजय पताका फहराने के बाद मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए 25 मार्च की तारीख फिक्स हुई है। प्रदेश के कार्यवाहक सीएम योगी आदित्यनाथ दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री व नेता मौजूद रहेंगे।

Published / 2022-03-21 09:00:32
उड़ती फ्लाइट से निकलने लगा धुंआ, पाकिस्तान बना मददगार, जानें कैसे...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली से दोहा जा रही कतर एयरवेज की फ्लाइट में सोमवार को बड़ा हादसा होते बचा। उड़ान के दौरान इस फ्लाइट में अचानक से धुंआ निकलने लगा, जिसके बाद इसे पाकिस्तान के कराची एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। इस विमान में 100 यात्री सवार थे, आपात स्थिति में विमान उतारकर सभी यात्रियों की जान बचाई गई। कार्गो होल्ड से अचानक निकलने लगा धुंआ : जानकारी के मुताबिक, कतर एयरवेज की क्यूआर 579 फ्लाइट ने दिल्ली से दोहा के लिए उड़ान भरी थी। इस दौरान विमान के कार्गो होल्ड से अचानक से धुंआ निकलने लगा। इसके बाद इस उड़ान को पाकिस्तान के लिए मोड़ दिया गया और वहां पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। पाकिस्तान के कराची एयरपोर्ट पर विमान को खाली करा लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि, विमान की जांच की जा रही है। दूसरी फ्लाइट से भेजे जाएंगे यात्री : वहीं कतर एयरवेज की ओर से इस घटना पर बयान जारी किया गया। एयरवेज की ओर से कहा गया है कि विमान की जांच की जा रही है। साथ ही यात्रियों को दोहा ले जाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था भी की जा रही है। एयरवेज की ओर से असुविधा के लिए यात्रियों से क्षमा मांगी गई है।

Published / 2022-03-21 08:57:28
देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 1549 नए संक्रमित, सक्रिय मरीज मात्र 25 हजार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। एक तरफ चीन के साथ पूरे यूरोप में कोरोना फिर से दस्तक दे रहा है तो भारत में यह वायरस दम तोड़ता नजर आ रहा है। सोमवार को जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में यहां सिर्फ 1549 नए मामले सामने आए हैं। जबकि, एक दिन पहले 1761 मामले दर्ज किए गए थे। इसी तरह मौतों की संख्या में भी बड़ी गिरावट हुई है। 24 घंटे में कोरोना से मरने वालों की संख्या 31 दर्ज की गई है, जो रविवार को 127 थी। सक्रिय मरीजों की संख्या भी घटी : देश में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या में भी बड़ी गिरावट आई है। रविवार तक देश में 26,240 मरीज थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को इनकी संख्या घटकर 25,106 पहुंच गई। बीते 24 घंटे में 2,652 लोग ठीक होकर अपने घर वापस लौट गए।

Published / 2022-03-21 04:09:40
20 दिन बाद वापस लौटा यूक्रेन में मृत भारतीय छात्र का शव

एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन में चल रहे युद्ध में भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा ज्ञानगोदर की मौत हो गई थी। उसके बाद से ही नवीन के परिजन शव को भारत लाने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद रविवार को नवीन का शव बेंगलुरू पहुंच गया। गौर करने वाली बात है कि नवीन की मृत्यु 1 मार्च को हुई थी, ऐसे में तकरीबन 20 दिन बाद नवीन का शव भारत वापस आया है।

Page 253 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse