देश

View All
Published / 2022-04-03 09:07:44
मौसम की मार... कहीं भारी बारिश तो कहीं लू की चेतावनी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के कई राज्यों में मार्च के महीने में ही लोगों को जून-जुलाई जैसी गर्मी का एहसास होने लगा। 121 साल के बाद सबसे गर्म मार्च देखा गया। अप्रैल में पारा और ऊपर चढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि कुछ राज्य ऐसे भी हैं जहां लगातार तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में चलेगी भीषण लू : बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है। विदर्भ और गुजरात में भी पारा ऊपर चढ़ेगा। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी। इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी : मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं अगले पांच दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का कारण बनेंगी। दो से चार अप्रैल के बीच पश्चिम बंगाल के उत्तरी इलाके और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। तीन से चार अप्रैल को मेघालय में भी भारी वर्षा की संभावना है। 121 सालों में मार्च सबसे अधिक गर्म : मौसम विभाग के मुताबिक 121 सालों में मार्च इस बार सबसे गरम रहा, वहीं 1908 के बाद सबसे कम बारिश मार्च में दर्ज हुई। मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के अभाव में उत्तर भारत में इस दौरान असामान्य रूप से पारा तपा और कम बारिश हुई। दक्षिण भारत का मौसम तंत्र भी इस कारण प्रभावित हुआ। पूरे देश में इस बार मार्च का औसत अधिकतम तापमान 33.10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो पिछले 121 साल में सर्वाधिक था।

Published / 2022-04-03 08:41:05
शराब से योगी सरकार ने बढ़ाई रिकॉर्ड 6 हजार करोड़ कमाई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी राजस्व में 31 मार्च को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में 06 हजार करोड़ रुपए से अधिक का इजाफा हुआ है। आबकारी विभाग की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 में 31 मार्च तक सरकार को 36,208.44 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। यह राशि पिछले साल की तुलना में 20.45 प्रतिशत अधिक (6147 करोड़ रुपए) है। गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में राज्य सरकार को 30,061.44 करोड़ रुपए का आबकारी राजस्व प्राप्त हुआ था। आबकारी विभाग अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय भूसरेड्डी ने कहा कि विभाग ने अपने वादे के मुताबिक लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कोरोना की लगातार तीन लहरों में लंबे समय तक चले लॉकडाउन और रात्रिकालीन कर्फ्यू के बावजूद हासिल हुई है।

Published / 2022-04-03 08:34:40
देश-दुनिया के पर्यटकों-श्रद्धालुओं की काशी पर नजर : योगी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लोकार्पण के पश्चात यहां पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। आज काशी पर देश-दुनिया की नजर है। सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए योगी ने शनिवार शाम कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप वाराणसी क्षेत्र में विकास एवं निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला प्रशासन एवं कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय से निर्धारित समय में पूर्ण गुणवत्ता के साथ सभी विकास कार्यों को पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के कोरोना प्रबंधन की सराहना देश एवं विश्व में हुई है। अब स्कूल-कॉलेज खुल चुके हैं। इसलिए 15 से 17 आयु वर्ग के बच्चों के वैक्सीनेशन कार्य के लक्ष्य को अभियान चलाकर पूर्ण किया जाए। आज से प्रदेशव्यापी संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान आरम्भ हो गया है, जिसके अन्तर्गत स्वच्छता, साफ-सफाई एवं फॉगिंग की व्यवस्था प्रभावी तरीके से लगातार की जाए। नमामि गंगे परियोजना के कार्यों को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। योगी ने कहा कि प्रदेश में 01 अप्रैल से एमएसपी के तहत गेहूं खरीद का कार्य प्रारम्भ हो गया है। गेहूं क्रय केंद्रों को पूरी तरह प्रभावी रखा जाए और क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो। उन्होने कहा कि चार अप्रैल से स्कूल चलो अभियान संचालित किया जाएगा। कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विद्यालयों को गोद लें। सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में भी सुशासन, सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व की भांति ही भ्रष्टाचार, अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सायं काल एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग बढ़ायी जाए। मिशन शक्ति कार्यक्रम को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाए। पुलिस थानों में आम आदमी के साथ सद्व्यवहार किया जाए। पुलिस को जनता के साथ अच्छा व्यवहार प्रदर्शित करना होगा।

Published / 2022-04-03 08:22:23
उल्का पिंड समझते रहे लोग और धू-धू कर जलता रहा चीनी रॉकेट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में रात के अंधेरे में एक रहस्यमयी रोशनी दिखाई दी। यह नजारा आसमान में दिखा, लोगों का कहना है कि उन्होंने कई चमकीली रेखाएं देखीं। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि यह उल्का पिंडों की बारिश हो सकती है या फिर यह गिरता हुआ सैटेलाइट है। इस रहस्यमयी रोशनी को लोगों ने अपने कैमरे में भी कैद किया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। हालांकि, वैज्ञानिकों का दावा है कि ये चीनी रॉकेट के अंश थे। दरअसल, महाराष्ट्र के नागपुर, चंद्रपुर, अकोला व जलगांव के अलावा मध्य प्रदेश के इंदौर, खरगौन, झाबुआ में कई जिलों में लोगों ने रात को आसमान में रहस्यमयी रोशनी देखने का दावा किया। इसके बाद लोगों में अफवाह फैल गई कि यह उल्का पिंडों की बारिश है या फिर गिरता हुआ सैटेलाइट। हालांकि, अमेरिकी वैज्ञानिक जोनाथन मैकडॉवल ने ट्वीट कर बताया कि यह चीन का रॉकेट चेंग झेन 3बी था। धरती पर फिर से दाखिल हो रहा चीनी रॉकेट : अमेरिकी वैज्ञानिक ने बताया कि चीनी रॉकेट धरती के वातावरण में फिर से दाखिल हो रहा था। इसे पिछले साल फरवरी में छोड़ा गया था। वापस धरती की तरफ गिरते हुए इसके कुछ हिस्से वातावरण में संपर्क में आने से जल उठे थे। उन्होंने कहा कि मेरे अनुसार, ये चमकीली रेखाएं उसी के जलने से पैदा हुई थीं। नहीं हुआ कोई नुकसान : येओला के तहसीलदार प्रमोद हिले ने बताया कि रात करीब 8 बजे आसमान में एक उल्कापिंड दिखाई दे रहा था। मैंने इसे खुद देखा। इसकी दिशा उत्तर से पूर्व की ओर थी। यह चार भागों में बंट गया। उन्हाेंने कहा कि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है और डरने की कोई बात नहीं है।

Published / 2022-04-03 07:29:11
डीजल-पेट्रोल की कीमतों में निरन्तर वृद्धि से जनता त्रस्त

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में पिछले कुछ दिनों से ईंधन के बढ़ते दामों से लोग परेशान हो गये हैं। आज रविवार को भी पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गयी है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 103 रुपये 41 पैसे प्रति लीटर हो गये जबकि डीजल 94 रुपये 67 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल की दरों में प्रति लीटर 84 पैसे की वृद्धि की गयी जिससे यहां अब इसकी कीमत 118.41रुपये हो गयी। इसी तरह डीजल के दाम प्रति लीटर 85 पैसे बढ़ाये गये। यहां अब इसकी 102.64 रुपये प्रति लीटर हो गयी। अब बात करें कोलकाता की तो यहां पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 84 पैसे जबकि डीजल 80 प्रति लीटर बढ़ाये गये। इस तरह यहां पेट्रोल 113.03 रुपये और डीजल 97.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहे हैं। चेन्नई में पेट्रोल 108.96 रुपये प्रति लीटर (75 पैसे की वृद्धि) और डीजल 99.04 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। देशभर में ईंधन की दरों में वृद्धि की गई है। लेकिन स्थानीय कर प्रावधानों के अनुरूप अलग-अलग राज्यों में यह दर अलग-अलग है। 22 मार्च को साढ़े चार महीने के लंबे अंतराल बाद दरों में बदलाव किया गया था, लेकिन इसके बाद से कीमतों में यह 11वीं वृद्धि है।

Published / 2022-04-02 18:01:11
1990 के बाद पहली बार… राज्यसभा में भी नम्बर 1 हुई भाजपा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा यानी भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कुछ वर्षों में न केवल लोकसभा में अपनी मजबूती का लगातार प्रदर्शन किया है, बल्कि वह राज्यसभा में भी लगातार बढ़ी है और उसने 1990 के बाद पहली बार एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। पार्टी के सदस्यों की संख्या राज्यसभा में 100 के पार चली गई है। हालांकि अभी भी बहुमत नहीं है। बहुमत के लिए किसी पार्टी को राज्यसभा में 123 सदस्यों की जरूरत होती है। असम, त्रिपुरा और नागालैंड की चारों राज्यसभा सीटें जीतने के बाद राज्यसभा में बीजेपी सदस्यों की संख्या बढ़कर 101 हो गई है। 2014 में बीजेपी के पास थे 55 सदस्य : राज्यसभा की वेबसाइट पर सीटों की नयी संख्या अभी भले ही अधिसूचित नहीं हुई है, लेकिन ताजा चुनाव के बाद भाजपा के उच्च सदन में कुल सांसदों की संख्या 100 के पार है। उसके पास पहले ही 97 सीटें थीं। गौरतलब है कि भाजपा की सीटें वर्ष 2014 में 55 थीं यानी पिछले सात साल में इसमें करीब 100 फीसदी इजाफा हुआ है। बीजेपी ने दो सीटें असम के राज्यसभा चुनाव से जीती हैं, जहां उसने एक सीट कांग्रेस से झटक ली। बीजेपी ने कांग्रेस औऱ एआईयूडीएफ के कुछ विधायकों के समर्थन से दूसरी सीट पर भी जीत पक्की की। 1988 में कांग्रेस के पास थे 108 सदस्य : इससे पहले 1988 में कांग्रेस के पास सर्वाधिक 108 सदस्य थे, लेकिन तब से उसकी ताकत लगातार कम हुई है। कांग्रेस केंद्र में सरकार के साथ कई राज्यों में सत्ता गंवा चुकी है। हालांकि बीजेपी की सीटें आने वाले समय में कुछ कम हो सकती है, क्योंकि 52 सीटों पर चुनाव होना है, क्योंकि आने वाले वक्त में आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान और झारखंड जैसे राज्यों में चुनाव होना है, जहां विपक्ष शासित सरकारें हैं। लगातार बढ़ रही भाजपा : अगर राज्यसभा की 13 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की बात करें तो बीजेपी ने जहां पंजाब में एक सीट गंवाई, लेकिन उसे पूर्वोत्तर के तीन राज्यों से 1-1 सीट के साथ हिमाचल प्रदेश की सभी सीटें उसकी झोली में आईं। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सभी पांच सीटें जीती हैं। हालांकि बीजेपी अभी भी राज्यसभा में अपने बलबूते बहुमत से काफी दूर है। बीजेपी को वर्ष 2014 के बाद 2019 के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में लोकसभा में प्रचंड बहुमत मिला था। पिछले कुछ सालों में बीजेपी ने ज्यादातर राज्यों में अपनी सत्ता बरकरार रखी है या स्थिति में सुधार किया है। सियासी नजरिए से आज के समय में बहुत बड़ी उपलब्धि है।

Published / 2022-04-02 15:38:52
बंगाल : उपचुनाव में मिथुन दा की छोटी बहन के "शत्रु" बने बिहारी बाबू

एबीएन सेंट्रल डेस्क। 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान पश्चिम बंगाल में अपने प्रचार अभियान के लगभग एक साल के अंतराल के बाद बॉलीवुड स्टार और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने शनिवार को फिर से प्रचार किया। उन्होंने आसनसोल के निवासियों से लोकसभा क्षेत्र में आगामी उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार अग्निमित्र पॉल को वोट देने की अपील की। भाजपा के स्टार प्रचारक ने एक वीडियो संदेश में आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट के विधायक पॉल को अपनी छोटो बोन (छोटी बहन) बताया और कहा कि कुछ अन्य लोगों के विपरीत फैशन डिजाइनर से राजनेता बनी अग्नि हमेशा उनके संपर्क में रही हैं। मिथुन बोले, अग्नि मेरी छोटी बहन : मिथुन ने कहा, अग्नि मेरी छोटी बहन है। मैं अपने जीवन की यात्रा में कई लोगों से मिला हूं, लेकिन उन सभी ने संपर्क तोड़ दिया है जब उन्हां मेरी मदद की जरूरत नहीं थी। लेकिन अग्नि अलग हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब वह मेरे बारे में पूछताछ नहीं करती। वह हर स्थिति में मेरे साथ रही है। मिथुन ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि अगर वह अपने लोगों के लिए इतनी मददगार है, तो कल्पना कीजिए कि वह आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के निवासियों की मदद कैसे करेंगी, जो अपने परिवार से कम नहीं हैं। अपने दशकों लंबे करियर में सैकड़ों फिल्मों में अभिनय करने वाले मिथुन को हाल ही में द कश्मीर फाइल्स में एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखे थे। पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि मिथुन दा ने गर्मी और उमस का सामना करते हुए पिछले साल के विधानसभा चुनावों में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था और राज्य का व्यापक दौरा किया था। शत्रुघ्न सिन्हा से है मुकाबला : भट्टाचार्ट ने कहा, कुछ स्वास्थ्य मुद्दों के कारण वह पिछले कुछ महीनों में ज्यादा सक्रिय नहीं थे। वह राज्य में टीएमसी कुशासन को भी समाप्त करना चाहते हैं। इसके अलावा एक बड़े भाई ने लोगों से अपनी बहन को वोट देने का आग्रह किया। हम उनकी अपील से खुश हैं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा क्षेत्र दोनों में हार जाएगी, जहां 12 अप्रैल को उपचुनाव होने हैं और चक्रवर्ती की अपील ज्यादा असर नहीं दिखाएगी। टीएमसी की ओर से अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ अग्निमित्र पॉल मैदान में खड़ी हैं।

Published / 2022-04-02 10:13:45
श्रीलंका को 40,000 टन चावल भेज रहा भारत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पड़ोसी देश श्रीलंका पिछले कुछ समय से महंगाई और गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। विदेशी मुद्रा भंडार लगभग समाप्त हो जाने और कई देशों के कर्ज से दबे पड़ोसी देश के ऊपर दिवालिया होने का संकट उत्पन्न हो गया है। श्रीलंका को इस संकट से उबारने के लिए कई देश आगे आए हैं लेकिन भारत इसमें सबसे अधिक भूमिका निभा रहा है। भूखमरी को खत्म करने के लिए भारत ने श्रीलंका के लिए 40000 टन चावल का सप्लाई किया है।

Page 248 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse