देश

View All
Published / 2022-04-17 17:50:59
कश्मीर मुद्दा : पीएम मोदी को पाकिस्तान से आया खत, जानें अंदरूनी बातें...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से एक पत्र लिखा गया है। पाकिस्तान ने एक बार फिर से कश्मीर के मुद्दे को उठाया है। शरीफ ने अपने पत्र में इस्लामाबाद को भारत के साथ शांतिपूर्ण और सहयोगात्मक संबंधों का पक्षधर बताया।पाकिस्तान ने एक बार फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाया है। पाकिस्तान पीएम की ओर से पीएम मोदी को भेजे गए पत्र में शरीफ ने लिखा कि पाकिस्तान भारत के साथ शांतिपूर्ण और सहयोगी संबंध चाहता है। पाकिस्तान ने के बार फिर से कश्मीर राग अलापते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर सहित सभी बकाया विवादों का शांतिपूर्ण समाधान आवश्यक है। शरीफ ने अपने पत्र में इस्लामाबाद को भारत के साथ शांतिपूर्ण और सहयोगात्मक संबंधों का पक्षधर बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पाकिस्तान नए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बधाई संदेश भेजे जाने के बाद पाकिस्तान की पीएम शहबाज शरीफ की ओर से एक पत्र आया है। वहीं कहा जा रहा है कि दो दिन पहले एक पत्र लिखकर पीएम ने पाकिस्तान के नए पीएम को बधाई दी थी। जिसमें उन्होंने शाहबाज शरीफ को मुबारकबाद देने के साथ आतंकवाद के खिलाफ कार्यवाई के लिए भी प्रेरित किया था।इससे पहले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के ठीक बाद शहबाज शरीफ को अपने बधाई संदेश में पीएम मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाने पर मियां मुहम्मद शहबाज शरीफ को बधाई। भारत आतंक मुक्त क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहता है ताकि हम अपनी विकास चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित कर सकें। अपने लोगों की भलाई और समृद्धि सुनिश्चित कर सकें। ये बधाई संदेश पीएम ने ट्वीट के जरिए दिया था।पाकिस्तान में नेशनल असेंबली में पीटीआई सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के बाद इमरान सरकार गिर गई। जिसके बाद शहबाज शरीफ पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री बने। पीएम मोदी ने जिस दिन शहबाज ने शपथ ली थी उसी दिन उन्हें बधाई दी। इसके बाद शरीफ ने अपने पत्र में जम्मू-कश्मीर समेत अन्य मुद्दों के समाधान की भी मांग की।

Published / 2022-04-17 14:14:57
असम : भीषण सड़क हादसे में पांच की मौत, पीएम ने जताया शोक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। असम के विश्वनाथ जिले में एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा गोहपुर के निकट उस समय हुआ, जब बिहू टीम के कुछ सदस्य मध्य रात्रि के आसपास अपने कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर समारोह से घर लौट रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि चालक के नियंत्रण खोने से वाहन पलट गया जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान संजय बसुमतारी (17), कोलीमन बसुमतारी (21), बोनार्ली बोरो (15), बुद्धिमोती बोरो (14) और राधिका दैमारी (15) के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा कि पांच अन्य घायल हो गए और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रथम दृष्टया जांच में दुर्घटना का कारण वाहन की तेज गति लग रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि पूरी जांच के बाद ही की जा सकती है। अधिकारी ने बताया कि वाहन में लगभग 20 लोग सवार थे और चालक हादसे के बाद तुरंत मौके से फरार हो गया और उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि असम के विश्वनाथ जिले में सड़क दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत से दुखी हूं। जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। मुख्यमंत्री सरमा ने ट्वीट किया कि कुछ लोग एक बिहू समारोह से घर लौट रहे थे। प्रशासन से स्थिति की निगरानी करने और घायलों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए कहा है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

Published / 2022-04-17 05:09:12
दिल्ली : शोभायात्रा पर हुए पथराव और तोड़फोड़ में कई पुलिसकर्मी घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती पर निकाले गए जुलूस में पथराव के बाद हिंसा भड़क गई जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि पथराव हुआ और कुछ वाहनों में आग लगा दी गई। दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और जहांगीरपुरी तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। अस्थाना ने ट्वीट किया, वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्र में बने रहने और कानून-व्यवस्था की स्थिति की बारीकी से निगरानी करने तथा गश्त करने के लिए कहा गया है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया पर अफवाहों और फर्जी खबरों पर ध्यान न दें। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, यह एक पारंपरिक जुलूस था और पुलिस कर्मी सुरक्षा में तैनात थे। हालांकि, कुशल सिनेमा हॉल के पास जुलूस पहुंचते ही दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। उन्होंने बताया कि हिंसा को रोकने की कोशिश में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा के बाद पुलिस आयुक्त और विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) से बात की तथा सभी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों को भी जुलूस के दौरान हुई हिंसा से अवगत कराया। सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को आवश्यक निर्देश दिया है और स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शांति सुनिश्चित करना केंद्र की जिम्मेदारी है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मैं लोगों से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं।

Published / 2022-04-16 17:20:10
बंगाल उपचुनाव : शत्रुघ्न सिन्हा भारी मतों से चुनाव जीते

एबीएन सेंट्रल डेस्क। चार राज्यों में हुए लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के हाथ खाली रहे जबकि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों पर कब्जा जमाया है। बिहार में वीआईपी विधायक की मौत के बाद बोचहां विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में राजद ने बाजी मार ली है। पश्चिम बंगाल की ओसनसोल लोकसभा सीट से शत्रुघ्न सिन्हा ने भारी जीत दर्ज की है। बालीगंज विधानसभा सीट से टीएमसी के प्रत्याशी बाबुल सुप्रियो 19904 वोटों जीत दर्ज की। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस की यशोदा वर्मा ने जीत दर्ज की है। वहीं महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तरी सीट से कांग्रेस की जयश्री ने जीत हासिल की है। पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने करीब दो लाख मतों से चुनाव जीत लिया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी की अग्निमित्रा पॉल को 2 लाख से ज्यादा मतों से शिकस्त दी है। बालीगंज विधानसभा सीट से टीएमसी के प्रत्याशी बाबुल सुप्रियो 19904 वोटों जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटम प्रतिद्वंदी सीपीआईएम की प्रत्याशी एवं नसीरुद्दीन शाह की भतीजी सायरा शाह को हरा दिया है।

Published / 2022-04-16 11:15:30
फिर टेंशन दे रहा कोरोना... दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती संक्रमितों में 27% बच्चे

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना एक बार फिर से चिंता बढ़ा रहा है। खासतौर पर इस बार कोरोना संक्रमण की शुरुआत स्कूलों से हो रही है। राजधानी दिल्ली व एनसीआर के स्कूलों में आए दिन बच्चे संक्रमित हो रहे हैं। इस बीच चौंकाने वाली खबर यह है कि, दिल्ली में भर्ती करोना मरीजों में 27 प्रतिशत बच्चे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के अस्पतालों में फिलहाल 51 मरीज हैं, इनमें से कम से कम 14 बच्चे हैं। कलावती सरन चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में 12 और इंद्रप्रस्थ अपोलो व मधुकर रेनबो चिल्ड्रेन हॉस्पिटल एक-एक मरीज भर्ती है। बच्चों में गंभीर बीमारी का कारण नहीं बनता कोरोना : कलावती सरन चिल्ड्रन हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ श्रीकांत बसु ने बताया कि, कोरोना संक्रमण के कारण भर्ती बच्चों में पहले से कोई बीमारी है। उन्होंने कहा कि, आम तौर पर बच्चें में कोरोना कोई गंभीर बीमारी का कारण नहीं बनता है। ज्यादातर बच्चे घर से ही ठीक हो जाते हैं। दिल्ली में सामने आए 366 नए मामले : दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या फिर से बढ़ना शुरू हो गई है। शुक्रवार को यहां 366 नए कोरोना मरीज आए। वहीं गुरुवार को यहां 325 मामले सामने आए थे, जो 27 फरवरी के बाद 47 दिनों में सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट फिर से 3.95 प्रतिशत पहुंच गया है। एनसीआर में 24 और बच्चे संक्रमित : एनसीआर के स्कूलों में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को गाजियाबाद और नोएडा के स्कूलों में 24 और बच्चे संक्रमित मिले हैं। नोएडा में 16 बच्चे संक्रमित मिले। कुल आंकड़ों को देखा जाए तो अब तक 44 बच्चे कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। 167 सक्रिय मरीजों में 26.3 प्रतिशत बच्चे हैं। एनसीआर में देश के 64 फीसदी संक्रमित ; देश के संक्रमितों में से 64 फीसदी मरीज एनसीआर में हैं। देश में 949 व्यक्ति संक्रमित पाए गए, जिसमें से 614 एनसीआर के हैं। इसमें सर्वाधिक 366 दिल्ली, दूसरे नंबर पर गुरुग्राम के 150, नोएडा में 43 व फरीदाबाद में 21 संक्रमित मिले हैं।

Published / 2022-04-16 11:00:11
एयर इंडिया : निपुण अग्रवाल समेत कई को चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने दी अहम जिम्मेदारी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। 69 साल बाद फिर से टाटा की झोली में आई एयर इंडिया में अधिग्रहण के बाद से ही आए दिन कोई-कोई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। टाटा समूह एयर इंडिया को फायदे की कंपनी बनाने के लिए हर कोशिश कर रही है। इस बीच खबर आई है कि एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एयरलाइन के टॉप मैनेजमें में बड़ा फेरबदल किया है। इन्हें दी गई नई जिम्मेदारी : चेयरमैन चंद्रशेखरन ने मैनेजमेंट में बदलाव करते हुए टाटा संस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष निपुण अग्रवाल को चीफ कमर्शियल ऑफिसर बनाया गया है और वह मीनाक्षी मलिक की जगह लेंगे। इसके अलावा एक और बड़ा बदलाव करते हुए 2012 से 2021 तक टाटा स्टील में एचआर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने वाले सुरेश दत्त त्रिपाठी को एयर इंडिया एयरलाइन में चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर नियुक्त किया गया है। त्रिपाठी अब एयर इंडिया में अमृता शरण का स्थान लेंगे। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। चेयरमैन के दो सलाहकार नियुक्त : कंपनी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, मीनाक्षी मलिक और अमृता शरण को एयर इंडिया के चेयरमैन चंद्रशेखरन का सलाहकार नियुक्त किया गया है। वहीं रिपोर्ट में कहा गया है कि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में अपनी सेवाएं दे चुके सत्या रामास्वामी को शुक्रवार को एयर इंडिया में चीफ डिजिटल एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चंद्रशेखरन ने कही बड़ी बात : इसके अलावा बदलाव के क्रम में राजेश डोगरा को एयर इंडिया में हेड ऑफ कस्टमर एक्स्पीरियंस एंड ग्राउंड हैंडलिंग के रूप में नियुक्त किया गया था। एन चंद्रशेखरन ने अपने आदेश में कहा कि नियुक्त किए गए नए अधिकारी फंक्शनल और डिपार्टमेंट हेड के रूप में अपनी शक्तियों का पूरा प्रयोग कर सकेंग। हम उन्हें उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

Published / 2022-04-16 10:51:35
अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन की छत से छलांग लगाने वाली पंजाब की युवती की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। नौकरी छूटने से निराश एक दिव्यांग (मूक-बधिर) युवती अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर आत्महत्या करने के लिए चढ़ गई। मेट्रो स्टेशन पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने 40 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी। इसी बीच "देवदूत" बनकर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवान मौके पर पहुंच गए और कंबल तानकर युवती को उसमें ले लिया, लेकिन घटना में युवती को गंभीर चोटें आईं। इससे करीब 14 घंटे तक जीटीबी अस्पताल में संघर्ष करने के बाद उसकी मौत हो गई। युवती का नाम दिया है और वह पंजाब के होशियारपुर की रहने वाली है। अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर तैनात सीआइएसएफ के हेड कांस्टेबल नरेश बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर जा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक युवती स्टेशन के प्लेटफार्म दो की दीवार (स्टेशन के बाहर की ओर)पर खड़ी है। आसपास के लोग उसे उतरने के लिए आवाज लगा रहे हैं। उन्होंने इसकी सूचना शिफ्ट इंचार्ज एसआइ हीराराम समेत स्टेशन से जुड़े अन्य लोगों को दी। तत्काल सभी हरकत में आ गए। सीआइएसएफ जवानों ने भी युवती को दीवार से उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने कुछ नहीं सुना। उन्हें अहसास हुआ कि युवती सुन नहीं पा रही। फिर उन्होंने इशारे से उसे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं मानी। इसी दौरान कुछ जवानों ने सजगता दिखाते हुए तत्काल कंबल का इंतजाम किया और दीवार के नीचे पांच-छह लोग कंबल को फैलाकर खड़े हो गए। युवती ने जैसे ही दीवार से छलांग लगाई, जवानों ने तत्काल कंबल युवती की तरफ कर दिया। इससे युवती उस कंबल पर गिर गई, लेकिन गिरते वक्त जोरदार झटके से युवती जमीन से भी टकरा गई। उपचार कर रहे डाक्टरों का कहना है कि युवती के शरीर में कई जगह हड्डियां टूट गई थीं, अंदरूनी अंगों में खून का रिसाव हो गया था। इसकी वजह से उसकी मौत हो गई।

Published / 2022-04-15 17:53:05
पार्टी के डिजिटल सदस्यता कार्ड से सुशोभित हुईं सोनिया गांधी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस ने अपने डिजिटल सदस्यता कार्ड अभियान के तहत पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को शुक्रवार को डिजिटल कार्ड उपलब्ध कराया। पार्टी ने डिजिटल सदस्यता अभियान एक नवंबर 2021 को आरंभ किया था और इसके तहत पहला पंजीकृत डिजिटल कार्ड पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को दिया गया था। पार्टी ने इस अभियान के अंत में आज श्रीमती गांधी को सदस्यता डिजिटल कार्ड सौंपा। पार्टी ने कहा कि डिजिटल सदस्यता अभियान के तहत उसने देश के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लगभग सभी बूथों पर 2.6 करोड़ सदस्यों को डिजिटल कार्ड अभियान से जोड़ा है। इस डिजिटल सदस्यता के लिए उन्हीं लोगों को पात्र माना गया है जिनकी सदस्यता को किसी अधिकृत सदस्य ने सत्यापित किया है। यह सदस्यता अभियान मोबाइल फोन में कांग्रेस सदस्यता ऐप के जरिए संचालित किया गया। इस एप के जरिए नामांकित होने वाले हर व्यक्ति को सारी प्रक्रियों का पालन करने के बाद डिजिटल आईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाता है और इसकी प्रमाणिकता क्यूआर कोडित होती है। इस प्रक्रिया के तहत सदस्यों को डिजिटल कार्ड देने के लिए देश के कोने-कोने में सदस्यों को नामांकित करने के लिए पार्टी द्वारा अनुमोदित पांच लाख से अधिक नामांकनकर्ताओं का एक नेटवर्क तैयार किया गया जिन्होंने घर-घर जाकर इस अभियान को सफल बनाया। कांग्रेस डेटा एनालिटिक्स विभाग के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा, जब से हमने अभियान शुरू किया है तभी से मुख्य ध्यान सदस्यता की संख्या बढ़ाने की बजाय गुणवत्ता पर ज्यादा रहा है। जिस सदस्य को यह कार्ड दिया गया उसकी तीन स्तरों वोटर आईडी, फोटो और फोन नंबर के आधार पर ठीक से पहचान की गई और पूरी तरह सत्यापित होने के बाद उसे यह कार्ड जारी किया गया। इस कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ सत्यापित नामांकनकर्ता ही कर सकता है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी के 135 साल के इतिहास में पहली बार डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू किया है और इस कार्ड का इस्तेमाल पार्टी के आंतरिक और सांगठनिक चुनावों के साथ-साथ संगठन को मजबूत बनाने के लिए भी किया जाएगा।

Page 243 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse