एबीएन सेंट्रल डेस्क। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और इससे सटे पूर्वी-मध्य इलाकों में चक्रवात "असानी" ने गंभीर रूप ले लिया है। रविवार शाम से ये भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर इसके असर को देखते हुए तीनों राज्यों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। भारी बारिश की आशंका है। अगले 24 घंटे भारी गुजरने वाले हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं, उससे लग रहा है कि ये तूफान पूर्वी तट के समानांतर चलेगा और ओडिशा व आंध्र प्रदेश को छूते हुए निकल जाएगा। असानी तूफान रविवार शाम करीब 5:30 बजे बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम की ओर आंध्र प्रदेश और ओडिशा की तरफ बढ़ते हुए गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, अब ये उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ते हुए बंगाल की खाड़ी में मध्य-पश्चिमी और दक्षिण में केंद्रित है। पिछले 6 घंटे से इसकी रफ्तार 25 किमी प्रति घंटे बनी हुई है। IMD के मुताबिक, असानी तूफान पोर्ट ब्लेयर से 730 किमी दूर है। कार निकोबार से 870 किमी, विशाखापटनम से 550 और पुरी से 680 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके 10 मई की रात तक उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश और ओडिशा की तरफ बढ़ने के आसार हैं। प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काइमेट के मुताबिक, कैट-I लेवल का भीषण चक्रवाती तूफान बन चुका असानी 110 किमी प्रति घंटे से अधिक की हवा की गति से भरा हुआ है और 140 किमी प्रति घंटे को छू रहा है। अगले 24 घंटों में इसकी ताकत बढ़ने की संभावना है। मंगलवार सुबह ये अपने चरम पर पहुंच सकता है। हालांकि इसके बहुत भीषण चक्रवात बनने के संकेत नहीं हैं। स्काइमेट ने बताया कि चक्रवात के खतरनाक रूप से आंध्र प्रदेश तट के करीब आने की आशंका है, हालांकि ये सीधे हिट करने से चूक सकता है। 9 से 11 मई के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के इलाकों में तूफानी हवाएं चलने, काफी व्यापक बारिश होने और गरज के साथ बारिश की संभावना है। असानी को लेकर मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि बुधवार को भीषण चक्रवाती तूफान से कमजोर पड़ते हुए गुरुवार तक ये गहरे दबाव में बदल जाएगा। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने भी कहा कि ये चक्रवात पूर्वी तट के समानांतर चलेगा। ओडिशा और आंध्र में अंदर पहुंचने के आसार कम है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा है कि झारखंड की खनन सचिव पूजा सिंघल और उनके पति को उनके बैंक खातों में वेतन के अतिरिक्त 1.43 करोड़ रुपए की भारी मात्रा में नकद राशि मिली थी। ईडी के अनुसार अनियमितता के आरोपों का सामना कर रहीं सिंघल को राज्य के विभिन्न जिलों की जिलाधिकारी के रूप में तैनाती के दौरान यह रकम मिली। ईडी ने रांची में धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत को यह भी बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी सिंघल ने कथित तौर पर अपने निजी खाते से 16.57 लाख रुपये अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) सुमन कुमार के नियंत्रण वाले खाते में स्थानांतरित किए। कुमार को शनिवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना (मनरेगा) के धन के कथित धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कुमार को ईडी ने रांची से गिरफ्तार किया। इससे पहले एजेंसी ने कुमार, सिंघल, उनके व्यवसायी पति अभिषेक झा और अन्य के खिलाफ छह मई को कई शहरों में छापेमारी की थी। विशेष अदालत ने उन्हें 11 मई तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। ईडी झा से पूछताछ कर रही है। ईडी ने कहा कि उसने चार्टर्ड अकाउंटेंट के आवासीय और कार्यालय परिसर से 17.79 करोड़ रुपये से अधिक नकदी जब्त की है। अधिकारियों ने नकदी की गिनती के लिए मशीन की भी सहायता ली और इस कवायद की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। एजेंसी के अनुसार, इन छापों के बाद कुल 19.31 करोड़ रुपये की नकदी जब्त हुई है और जब्ती रांची के एक अन्य स्थान से भी की जा रही है। कुमार की हिरासत का अनुरोध करते हुए एजेंसी ने अदालत से कहा कि सीए उनके घर से जब्त की गई नकदी के स्रोत के बारे में जानकारी दबा रहा था और नकदी के वास्तविक मालिक का खुलासा नहीं कर रहा था। एजेंसी ने आरोप लगाया कि 2000 बैच की आईएएस अधिकारी सिंघल ने 2007-2013 के दौरान तीन जिलों के जिलाधीश के रूप में काम करते हुए अपने बैंक खातों में "नकद" जमा किए गए धन का इस्तेमाल जीवन बीमा योजनाओं की खरीद में किया। ईडी की जांच धन शोधन के एक मामले से संबंधित है, जिसमें झारखंड सरकार के एक पूर्व कनिष्ठ अभियंता राम बिनोद प्रसाद सिन्हा को एजेंसी ने 17 जून, 2020 को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया था। सिन्हा के खिलाफ राज्य सतर्कता ब्यूरो की प्राथमिकी का अध्ययन करने के बाद 2012 में एजेंसी ने उनके खिलाफ पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था। सिन्हा पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की आपराधिक धाराओं के तहत धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार से संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। सिन्हा ने ईडी को बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन को पांच प्रतिशत कमीशन का भुगतान किया। ईडी ने कहा है कि सिंघल के खिलाफ अनियमितताओं के विभिन्न आरोप लगाए गए, जब उन्होंने 2007-2013 के बीच चतरा, खूंटी और पलामू की उपायुक्त/जिलाधिकारी के रूप में कार्य किया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओडिशा के रायगढ़ जिले के दो छात्रावासों में रहने वाले 64 छात्र कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस बीच राज्य में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 71 नए मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 12,88,202 हो गई है। संक्रमण से मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया, लिहाजा मृतकों की कुल संख्या अब भी 9,126 है। उन्होंने कहा कि राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 160 है जबकि 12,78,863 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। छात्रावास की अधिकारी नमिता सामल ने कहा कि कोटलागुडा में अन्वेषा छात्रावास के 40 छात्र कोविड-19 से पीड़ित पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनमें से किसी में भी संक्रमण के लक्षण नहीं हैं और उन्हें अलग रखा गया है। अधिकारी वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी एहतियाती कदम उठा रहे हैं। जिले के 8 अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के छात्र इस छात्रावास में रहते हैं। बिसामकटक प्रखंड में हाटामुनिगुडा सरकारी हाई स्कूल के 20 छात्र भी कोविड पॉजिटिव पाए गए। वे स्कूल के छात्रावास में रहते हैं। जिला कलेक्टर सरोज कुमार मिश्रा ने पुष्टि की कि दो छात्रावासों से 64 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षण के दौरान, 64 छात्रों के नमूने पॉजिटिव पाए गए, लेकिन उनमें कोई लक्षण नहीं दिखा है। सभी छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है, और वे निगरानी में हैं। बता दें कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,451 नए मामले दर्ज हुए हैं और 40 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही देश में अब कोविड-19 के सक्रिय मरीजों की संख्या 20,635 पहुंच गई है। इससे पहले शनिवार को देश में 3,805 नए केस सामने आए थे। इसलिए कल के मुकाबले आज के ताजा मामलों में 9 फीसदी की कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली 40 मौतों में से अकेले केरल से 35 लोग शामिल हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अखिल भारतीय किसान संघ प्रचार-प्रसार कार्यशाला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एसआर ग्रुप आफ इंस्टीटयूशंस लखनऊ उत्तरप्रदेश कॉलेज कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में डॉ मनमोहन वैद्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहकार्यवाह भारतीय किसान संघ अखिल भारतीय महामंत्री माननीय मोहन मोहनी मिश्र, भारतीय किसान संघ अखिल भारतीय संगठन मंत्री माननीय दिनेश कुलकर्णी, कृषि देवता भगवान बलराम के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। डॉ मनमोहन वैद्य ने उद्बोधन में अपने विचार रखे और प्रचार-प्रसार मीडिया के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हमारा विचार लोगों तक पहुंचने का साधन मीडिया ही है। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया समेत अन्य साधन के माध्यम से हमारी बात समाज के बीच में आसानी से पहुंच सकती है। मंच संचालन अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने बताया कि उक्त प्रचार-प्रसार कार्यशाला 2 दिवसीय रहेगी। प्रचार-प्रसार कार्यशाला में 28 प्रान्तों से उपस्थित प्रशिक्षणार्थी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रिंट मीडिया सोशल मीडिया सहित अन्य विषयों की विस्तृत जानकारियां से अवगत कराया जाएगा। देश भर से चिह्नित कार्यकर्ता का प्रशिक्षण से भारतीय किसान संघ के लिए मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में झारखंड प्रदेश के प्रचार प्रसार प्रमुख सह महामंत्री प्रकाश कुमार सिंह ने मौजूद थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर एक पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि का पता चलने के बाद शनिवार को कई राउंड गोलीबारी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ड्रोन पाकिस्तान की ओर लौट गया, लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है कि ड्रोन से कोई सामग्री तो नहीं गिराई गई। जम्मू फ्रंटियर बीएसएफ के उप महानिरीक्षक व जनसंपर्क अधिकारी एसपी संधू ने कहा, पाकिस्तान की ओर से एक ड्रोन को शाम 7.25 बजे अरनिया क्षेत्र में भारतीय क्षेत्र की ओर आते देखा गया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के सतर्क जवानों ने ड्रोन के भारतीय सीमा में घुसने के तुरंत बाद उसे नष्ट करने के लिए करीब आठ राउंड गोलीबारी की, लेकिन वह वापस चला गया। संधू ने कहा कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और यह सुनिश्चित करने के लिए तलाशी अभियान जारी है कि ड्रोन से कोई सामग्री न गिराई गई हो। बीएसएफ ने सांबा जिले के चक फकीरा इलाके में एक भूमिगत सीमा पार सुरंग का पता लगाया था, जिसके तीन दिन बाद यह घटना हुई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ईंधन की कीमतों में नियमित रूप से इजाफा करके देश की जनता का उत्पीड़न कर रही है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़त को लेकर ममता ने यह आरोप लगाया। ममता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस (एलपीजी) और अन्य जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर महान भारतीय लूट (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है। ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, केंद्र सरकार को भारत के लोगों का उत्पीड़न तुरंत बंद करना चाहिए। ईंधन, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बार-बार वृद्धि करके भाजपा वास्तव में एक महान भारतीय लूट (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है। देश के लोगों को बेवकूफ बनाया जा रहा है। घरेलू रसोई गैस की कीमत में शनिवार को 50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई, जो पिछले दो महीनों में की गई दूसरी वृद्धि है। इससे कोलकाता शहर में घरेलू रसोई गैस की कीमत बढ़कर 1,026 रुपये हो गई है। रसोई गैस सिलेंडर की कीमत स्थानीय करों के आधार पर अलग-अलग शहरों में अलग-अलग होती है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूपी के सोनभद्र जिले के रोबेर्त्स्ग में भीषण सड़क दुर्घटना हुआ, जहां कार और हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने नजदीक के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के सिंघीताली गांव के रहने वाले रंजन चौबे बुधवार की रात दिलीप चंद्रवंशी और राजू बैठा के साथ वाराणसी के लिए निकले। वाराणसी पहुंचने से पहले रोबेर्त्स्ग के आगे मधुपुर में उनकी कार की भीषण टक्कर सामने से आ रही हाइवा से हो गई। इसमें दिलीप चंद्रवंशी और राजू बैठा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, रंजन चौबे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस घटनास्थल पहुंची। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा इसके साथ ही दोनों परिवार को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों परिवार के सदस्य उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। स्पाइसजेट की मुंबई-दुर्गापुर उड़ान के दौरान सामने आई घटना को लेकर विमानन नियामक सख्त हो गया है। इस हादसे को एक आंख खोलने वाली घटना करार देते हुए डीजीसीए ने घोषणा की है कि अब विमानों की रात में जांच शुरू की जाएगी। जांच के दौरान अगर विमानों में कमी पाई गई तो वे उड़ान नहीं भर सकेंगे। स्पाइसजेट के 70 विमान जांचे गए : नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के डायरेक्टर जनरल अरुण कुमार ने स्पाइसजेट मामले को लेकर ये निरीक्षण कार्यक्रम शुरू करने का आदेश दिया है। डीजीसीए ने कहा है कि कमजोर या पुराने फ्लीट वाले भारतीय विमानों की अब देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर जांच की जाएगी। इन विमानों की फिटनेस चेक करने के साथ केबिन की जांच तब की जाएगी जब ये रात में हवाई अड्डों पर पार्क होंगे। यहां बता दें कि हादसे के बाद अब तक स्पाइसजेट के बेड़े में शामिल 70 विमानों की जांच की गई है। बड़े पैमाने पर चलेगा निरीक्षण कार्यक्रम : अरुण कुमार ने कहा कि हम इस निरीक्षण कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर करने जा रहे हैं। हमारा विचार है कि पूरे बेड़े की जांच करना और जहां भी जरूरी हो निवारण करना है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय प्रत्येक विमान की अच्छी तरह से जांच करने के लिए अपनी टीमों को भेजेगा। यह टीम आम शिकायतों के आधार पर टूटे हुए हैंड रेस्ट, मील टेबल, खिड़की के शीशे और फटी हुई सीटों की जांच करेगी। वायुमंडलीय विक्षोभ में फंस गया था विमान : गौरतलब है कि एक मई रविवार को स्पाइसजेट के मुंबई-दुर्गापुर के बीच उड़ान भरने वाला विमान हवाईअड्डे पर लैंड करते समय गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ में फंस गया था। इसके चलते विमान में जोरदार झटका लगा और यात्रियों का सामान उनके ऊपर आ गिरा। इस घटना में तीन क्रू मेंबर समेत 17 यात्री घायल हो गए थे। इनमें से दो घायल यात्री फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse