देश

View All
Published / 2022-07-25 04:28:16
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर टकरायीं दो डबल-डेकर बस, 8 की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बाराबंकी में सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब सड़क किनारे खड़ी एक डबल डेकर बस में पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी डबल डेकर बस जा घुसी। घायलों में तीन लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। उन्हें लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं। हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, दोनों डबल-डेकर बसें बिहार के सीतामढ़ी और सुपौल से दिल्ली जा रही थीं। एक डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी दूसरी तेज रफ्तार बस पीछे से आई और बस में घुस गई। हादसे में एक बस के परखच्चे उड़ गए। बस में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। एएसपी मनोज पाण्डेय सहित पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। संबंधित अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

Published / 2022-07-24 17:15:19
पार्थ चटर्जी और टीएमसी के खिलाफ सड़कों पर लगे चोर धरो, जेल भरो के नारे

एबीएन सेंट्रल डेस्क। बंगाल की तृणमूल सरकार के नेताओं के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोपों और एक के बाद एक खुलासे को लेकर राज्य भर में विपक्ष पार्टियां- वाम फ्रंट और भाजपा मौजूदा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आईं हैं। चोर धरो, जेल भरो के स्लोगन के साथ एक ओर जहां वाम फ्रंट राज्य भर में जगह-जगह मौजूदा सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहा है, वहीं भाजपा भी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आई है। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के पानागढ़ बाजार जीटी रोड चौमाथे पर सड़क अवरोध कर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं ने पुलिस के सामने ही सड़क पर जाम लगाकर कर विरोध जताया। भाजपा कार्यकर्ता सिर पर कुमड़ा रखकर तथा पार्थ चटर्जी की तस्वीर पर 2000के नोट का माला पहनाकर अपना रोष व्यक्त कर रहे थे। भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने गिरफ्तार मंत्री को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने भ्रष्ट नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की। बंगाल के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के बाद से ही शनिवार से ही पूरे राज्य भर में विरोधी राजनीतिक दलों के द्वारा भ्रष्टाचार में लिप्त सत्तासीन पार्टी के और नेताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन शुरू हो गया है। इतना ही नहीं इन नेताओं को तुरंत उनके पदों से बर्खास्त करने की भी मांग उठने लगी है। पश्चिम पूर्व बर्दवान के साथ ही बीरभूम जिले में शनिवार शाम से ही विभिन्न शहरों और ग्रामीण अंचल में तृणमूल सरकार के खिलाफ तथा भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन शुरू हो गया है।

Published / 2022-07-24 17:04:23
नड्डा से कांग्रेस की शिकायत : भाजपा प्रवक्ता ने सोनिया गांधी को कहे अपशब्द

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रेम शुक्ला द्वारा सोनिया गांधी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से रविवार को माफी मांगने के लिए कहा। कांग्रेस ने ऐसा दोबारा होने पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। भाजपा प्रमुख नड्डा को लिखे पत्र में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस 23 जुलाई को एक राष्ट्रीय समाचार चैनल पर चर्चा के दौरान शुक्ला द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराती है। रमेश ने कहा कि संस्कृति के बारे में बात करने वाले भाजपा के शीर्ष नेताओं और प्रवक्ताओं ने देश की महिलाओं खासतौर से एक राष्ट्रीय पार्टी की 75 वर्षीय अध्यक्ष के खिलाफ बार-बार आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा, विपक्ष के नेताओं के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करना भाजपा की महिला विरोधी सोच को दिखाता है। ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणियों के कारण देश की राजनीति का स्तर नीचे गिर रहा है। रमेश ने नड्डा को लिखे अपने पत्र में कहा कि महिलाओं का सम्मान करना वैदिक काल से ही भारत की महान परंपरा रही है और इसलिए सत्तारूढ़ भाजपा से राजनीति में शालीनता और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की उम्मीद की जाती है लेकिन पार्टी ने अपनी भाषा और व्यवहार से बार-बार निराश किया है। कांग्रेस नेता ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी जी और आपसे (नड्डा) हमारी अपील है कि आप अपनी पार्टी नेताओं की शर्मनाक और अभद्र टिप्पणियों के लिए देश की महिलाओं से माफी मांगें और साथ ही अपने प्रवक्ताओं तथा नेताओं को राजनीति की प्रतिष्ठा को नुकसान न पहुंचाने और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से दूर रहने के लिए भी कहें। उन्होंने कहा, हमारी अध्यक्ष या किसी अन्य नेता के लिए अनुचित भाषा का बार-बार इस्तेमाल करने से हम मानहानि का मुकदमा जैसे कानूनी कदम उठाने के लिए विवश हो जाएंगे। इससे पहले एक बयान में रमेश ने कहा कि शुक्ला की टिप्पणियों से भाजपा का महिला विरोधी चेहरा दिखाई दिया है। रमेश ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की आपत्तिजनक भाषा दिखाती है कि भाजपा न तो महिलाओं का सम्मान करती है और न ही वह राजनीति में शालीनता में यकीन रखती है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब भाजपा के किसी नेता ने महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश जानता है कि प्रधानमंत्री मोदी समेत भाजपा के कई नेताओं ने देश की सम्मानित महिलाओं और खासतौर से विपक्षी नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। रमेश ने कहा, जब प्रधानमंत्री जैसे उच्च पद पर आसीन व्यक्ति पद की गरिमा कम करता है तो उनकी पार्टी के प्रवक्ता स्वाभाविक तौर पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने अभी तक अपने अनुचित शब्दों के लिए माफी नहीं मांगी है। इस तरह की अपमानजनक और शर्मनाक टिप्पणियों के कारण देश की राजनीति का स्तर लगातार गिर रहा है।

Published / 2022-07-24 16:37:44
मिशन 2024 में जुटी भाजपा, भाजपा शासित सीएम-डिप्टी सीएम संग पीएम की बैठक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी अभी से 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से "मिशन 2024" में जुट गई है। इसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ रविवार को भाजपा मुख्यालय पर बैठक की। इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। सूत्रों ने कहा कि 18 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने केंद्र प्रायोजित सभी कल्याणकारी योजनाओं और प्रमुख कार्यक्रमों के 100 प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने पर विचार-विमर्श किया। इन राज्यों में भाजपा अपने दम पर या अन्य दलों के साथ गठबंधन में सत्ता में है। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा शामिल हुए। बैठक में नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मौजूद थे। बैठक में महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस और बिहार से तारकिशोर प्रसाद तथा रेणु देवी सहित कई उपमुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

Published / 2022-07-24 15:17:42
लद्दाख सेक्टर में फिर उकसा रहा चीन, LAC पर दिखे चीनी फाइटर जेट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूर्वी लद्दाख में चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। चीन एलएसी पर लगातार उकसावे की कार्रवाई कर रहा है। लद्दाख सेक्टर में रविवार को एलएसी पर चीनी फाइटर जेट देखे गए। पिछले कुछ हफ्तों से चीनी एयरक्राफ्ट की मौजूदगी एलएसी पर देखी गई है। शीर्ष सरकारी सूत्रों ने आजतक को बताया कि चीनी वायु सेना के लड़ाकू विमान पूर्वी लद्दाख सेक्टर में एलएसी के बहुत करीब उड़ान भर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि चीनी गतिविधि पर भारतीय वायुसेना बारीकी से नजर रख रही है। चीनी लड़ाकू विमानों से किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए भारतीय सेना की ओर से पूरी तैनाती और तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कोर कमांडर स्तर पर 16 दौर की शांति वार्ता के बाद भी चीनी वायु सेना द्वारा उकसावे की कार्रवाई जारी है। शीर्ष सरकारी सूत्रों ने बताया कि चीनी वायु सेना की ओर से हवाई गतिविधि का दुस्साहस पिछले महीने शुरू हुआ था। जून के अंतिम सप्ताह में चीनी विमान पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय चौकियों के बहुत करीब आ गए थे। इसके बाद भारतीय वायु सेना (IAF) ने इस पर ऐतराज जताया और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पर्याप्त उपकरणों की तैनाती कर दी।

Published / 2022-07-24 14:44:13
"अरिसा-पीठा" खिलाकर मुर्मू के भाई-भाभी मुंह मीठा कराएंगे, सिर्फ चार घरेलू सदस्य करेंगे शिरकत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह की पूरी तैयारियां हो गई हैं। सोमवार सुबह सवा बजे संसद भवन के केंद्रीय सभागार में शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में उनके परिवार की ओर से उनके छोटे भाई और उनकी भाभी के अलावा बेटी और दामाद शिरकत करने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। द्रौपदी मुर्मू के भाई ने अमर उजाला डॉट कॉम से बातचीत में बताया कि वह अपनी बहन का मुंह मीठा कराने के लिए ओडिशा की ट्रेडिशनल मिठाई "अरिसा-पीठा" भी लेकर आए हैं। वो कहते हैं कि यह मिठाई उनकी बहन को पसंद भी है। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण की गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के मुताबिक सोमवार दिन में सवा दस बजे से संसद भवन के केंद्रीय सभागार में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन शुरू किया जायेगा। इस समारोह में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, लोकसभा के अध्यक्ष समेत केंद्र सरकार के सभी मंत्री और देश के अलग-अलग राज्यों के राज्यपाल समेत मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा देश में राजनयिक मिशन के प्रमुख और सांसदों के साथ साथ सेना और अर्धसैनिक बलों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी संसद भवन के केंद्रीय सभागार में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह के बाद 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। उसके बाद राष्ट्रपति का अभिभाषण शुरू होगा। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए द्रौपदी मुर्मू के परिवार से चार लोग दिल्ली पहुंच चुके हैं। इसमें उनके साथ रहने वाले छोटे भाई तारिणीसेन टूडू और उनकी पत्नी सुकरी टूडू समेत द्रौपदी मुर्मू की बेटी इतिश्री और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के दामाद भी शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा होंगे। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाई तारिणी सेन ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्था प्रोटोकॉल के तहत ही होती है, इसलिए वह अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ ही इसमें शिरकत कर रहे हैं। उनका कहना है कि गांव के लोगों ने दीदी के लिए खूब सारी शुभकामनाएं और ढेर सारा प्यार देने के लिए कहा है। वह उनसे मिलकर गांव के लोगों के बधाई संदेश उन तक जरूर पहुंचाएंगे। तारिणी सेन के मुताबिक अपनी बहन के वह और उनकी पत्नी उड़ीसा की ट्रेडिशनल मिठाई "अरिसा-पीठा" लेकर आ रहे हैं। उनकी दीदी को यह मिठाई पसंद भी है और खास मौकों पर इस मिठाई को शगुन के तौर पर खिलाया भी जाता है। उनका कहना है इसके अलावा उनकी पत्नी, दीदी के लिए कुछ और गिफ्ट भी लेकर आ रही हैं हालांकि यह कोई महंगे गिफ्ट नहीं हैं। बल्कि उनकी पसंद की ही कुछ चीजें ही इसमें शामिल हैं।

Published / 2022-07-24 14:26:17
राष्ट्र के नाम अंतिम संबोधन में बोले रामनाथ कोविंद- भारत का लोकतंत्र सभी को मौका देता है

एबीएन सेंट्रल डेस्क। निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को राष्ट्रपति भवन से अपना अंतिम राष्ट्र के नाम संबोधन दिया। उन्होंने सभी देशवासियों का आभार जताया है। कार्यकाल के दौरान सभी का सहयोग मिला। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि सैनिकों में देशप्रेम की अद्भुत भावना होती है। निष्ठावान आम नागरिक ही वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि मैं देश के लिए कुछ करना चाहता था। कार्यकाल के दौरान प्रतिभावान लोगों से मिला हूं। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि कानपुर देहात जिले के परौंख गांव के अति साधारण परिवार में पला-बढ़ा रामनाथ कोविन्द आज आप सभी देशवासियों को संबोधित कर रहा है, इसके लिए मैं अपने देश की जीवंत लोकतांत्रिक व्यवस्था की शक्ति को शत-शत नमन करता हूं। राष्ट्रपति के कार्यकाल के दौरान अपने पैतृक गांव का दौरा करना और अपने कानपुर के विद्यालय में वयोवृद्ध शिक्षकों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेना मेरे जीवन के सबसे यादगार पलों में हमेशा शामिल रहेंगे। रामनाथ कोविंद ने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहना भारतीय संस्कृति की विशेषता है। मैं युवा पीढ़ी से यह अनुरोध करूंगा कि अपने गांव या नगर तथा अपने विद्यालयों तथा शिक्षकों से जुड़े रहने की इस परंपरा को आगे बढ़ाते रहें। उन्नीसवीं शताब्दी के दौरान पूरे देश में पराधीनता के विरुद्ध अनेक विद्रोह हुए। देशवासियों में नयी आशा का संचार करने वाले ऐसे विद्रोहों के अधिकांश नायकों के नाम भुला दिए गए थे। अब उनकी वीर-गाथाओं को आदर सहित याद किया जा रहा है। कोविंद ने कहा कि तिलक और गोखले से लेकर भगत सिंह और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस तक; जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और श्यामा प्रसाद मुकर्जी से लेकर सरोजिनी नायडू और कमलादेवी चट्टोपाध्याय तक ऐसी अनेक विभूतियों का केवल एक ही लक्ष्य के लिए तत्पर होना, मानवता के इतिहास में अन्यत्र नहीं देखा गया है। निवर्तमान राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान सभा में पूरे देश का प्रतिनिधित्व करने वाले अनेक महानुभावों में हंसाबेन मेहता, दुर्गाबाई देशमुख, राजकुमारी अमृत कौर तथा सुचेता कृपलानी सहित 15 महिलाएं भी शामिल थीं। संविधान सभा के सदस्यों के अमूल्य योगदान से निर्मित भारत का संविधान, हमारा प्रकाश-स्तम्भ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों और हमारे आधुनिक राष्ट्र-निर्माताओं ने अपने कठिन परिश्रम और सेवा भावना के द्वारा न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को चरितार्थ किया था। हमें केवल उनके पदचिह्नों पर चलना है और आगे बढ़ते रहना है। कोविंद ने कहा, 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने के लिए हमारा देश सक्षम हो रहा है, यह मेरा दृढ़ विश्वास है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के पांच वर्षों के दौरान, मैंने अपनी पूरी योग्यता से अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। मैं डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद, डॉ एस राधाकृष्णन और डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम जैसी महान विभूतियों का उत्तराधिकारी होने के नाते बहुत सचेत रहा हूं। कोविंद ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का संकट हमारी धरती के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। हमें अपने बच्चों की खातिर अपने पर्यावरण, अपनी जमीन, हवा और पानी का संरक्षण करना है। मैं सभी देशवासियों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। भारत माता को सादर नमन करते हुए मैं आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना करता हूं।

Published / 2022-07-24 08:26:09
दिल्ली में मिला मंकीपॉक्स का पहला मरीज

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली में मंकीपॉक्स के पहले मरीज की पुष्टि हुई है। पश्चिमी दिल्ली का रहने वाला 32 साल का शख्स इस बीमारी से पीड़ित मिली है। उसमें 15 दिन से बुखार और मनकीपॉक्स के लक्षण थे। दो दिन पहले ही उसे लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित ने कोई विदेश यात्रा नहीं की है। इससे पहले देश में मंकीपॉक्स के तीन मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले शुक्रवार को मंकीपॉक्स के तीसरे मरीज की पुष्टि हुई थी। 35 साल का शख्स इस महीने की शुरुआत में संयुक्त अरब अमीरात से केरल आया था। इसपर केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा था कि मलप्पुरम का मूल निवासी छह जुलाई को केरल आया था। उसका मंजेरी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उसकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है। मंत्री ने यह भी बताया था कि जो लोग मरीज के कॉन्टैक्ट में आए थे उनपर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Page 217 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse