एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोटशिला और राजाबेड़ा स्टेशनों के बीच रेल अवसंरचना से जुड़े कार्य के चलते गुरुवार को 8 घंटे रेलवे ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इस कारण इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इसके चलते पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस समेत चार ट्रेनें बुधवार को रद्द रहेंगी। वहीं, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को रूट बदलकर या नियंत्रित कर चलाया जायेगा। रेलवे के मुताबिक 11 अगस्त को धनबाद से खुलने वाली 13351 धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस को 320 मिनट तक पुनर्निर्धारित किया जाएगा। 10 अगस्त को चलने वाली पुरी-नई दिल्ली (12801) पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग वाया पुरुलिया, अनाराए, भोजूडीह, खानूडीह, नेसुबो गोमो के रास्ते चलाया जायेगा। वहीं, झारग्राम-धनबाद-झारग्राम (18019/20) मेमू एक्सप्रेस का बोकारो स्टील में ही किया जायेगा। नई दिल्ली से 10 अगस्त को चलने वावली नई दिल्ली-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को 60 मिनट तक नियंत्रित करके चलाया जायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय ध्वज भारत के अतीत के गौरव, वर्तमान की प्रतिबद्धता और भविष्य के सपनों का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि यह देश की एकता, अखंडता और विविधता का प्रतीक है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सूरत में एक तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए पीएम ने यह बात कही। उन्होंने कहा, हमारा राष्ट्रीय ध्वज अपने आप में देश के कपड़ा उद्योग, खादी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। सूरत ने आत्मनिर्भर भारत की जमीन तैयार करने की दिशा में हमेशा काम किया है। पीएम ने कहा, स्वतंत्रता आंदोलन में गुजरात ने बापू के रूप में नेतृत्व दिया और देश को सरदार पटेल जैसा लौहपुरुष दिया जिन्होंने "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" की नींव रखी। बारदोली आंदोलन और दांडी यात्रा से निकले संदेशों ने पूरे देश को एकजुट किया। हमारे योद्धाओं ने तिरंगे में देश का भविष्य और इसके सपने देखे थे और किसी भी हाल में इसे झुकने नहीं दिया। पीएम ने कहा, आज आजादी के 75 साल बाद जब हम नए भारत की यात्रा आरंभ कर रहे हैं, तिरंगा एक बार फिर देश की एकता और चेतना का प्रतिनिधित्व कर रहा है। केंद्र ने राज्यों से कहा, घरों पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों का उत्साह बढ़ाएं : केंद्र ने राज्यों से कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों का उत्साह बढ़ाएं। साथ ही एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत राज्य अपने यहां भोजन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करें। लाभार्थियों के तिरंगा खरीदने के लिए नहीं दिया गया कोई आदेश : सरकार ने स्पष्ट किया है कि राशन की दुकानों पर लाभार्थियों को राशन देने से पूर्व तिरंगा खरीदने के कोई आदेश नहीं दिए हैं। तिरंगा खरीदने की अनिवार्यता की शिकायतों पर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। साथ आदेश जारी कर फेयर प्राइस शॉप को मनमानी न करने की हिदायत दी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जानकारी के अनुसार राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में दो दहशतगर्द मारे गए हैं। जबकि दो जवान भी घायल हो गए हैं। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजौरी के दारहाल इलाके के परगल में सेना के कैंप फेंस को किसी ने पार करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं। जिसमें दो आतंकी मार गिराए गए। ADGP मुकेश सिंह ने बताया कि दारहल थाने से 6 किलोमीटर दूर तक अतिरिक्त दल भेजे गए हैं। 2 आतंकवादी मारे गए और सेना के 2 जवान घायल हुए हैं। इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में बुधवार को पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया। सुरक्षा बलों ने शहर में सर्कुलर रोड पर तहाब क्रॉसिंग के पास 25-30 किग्रा आईडीडी बरामद कर लिया। एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया, पुलवामा पुलिस को मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। आईईडी को यहां तक पहुंचाने वाले और यहां से आईईडी उठाने के लिए आने वालों की तलाश की जा रही है। हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है। एक दिन पहले यूपी के आजमगढ़ में गिरफ्तार हुआ था आईएस आतंकी : इससे पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने भी आजमगढ़ के मुबारकपुर से इस्लामिक स्टेट के एक आतंकी को गिरफ्तार किया था। आतंकी स्वतंत्रता दिवस पर आईईडी धमाके की योजना बना रहा था। आरोपी सहाबुद्दीन के खिलाफ लखनऊ में आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। ऊधमपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच बढ़ाई : इस बीच सुरक्षा बलों ने ऊधमपुर-कटरा रेलवे लिंक और ऊधमपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी है। स्वतंत्रता दिवस से पहले स्पेशल डॉग स्क्वाएड, जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है। यात्रियों की तलाशी और उनसे पूछताछ की जा रही है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा फिर से कोरोना संक्रमित हो गई हैं। इसकी जानकारी उन्होंने ट्विटर के माध्यम से दी है। उन्होंने बताया कि उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह आइसोलेशन में हैं और सभी प्रोटोकॉल का ध्यान रख रही हैं। बता दें, प्रियंका गांधी को दूसरी बार कोरोना हुआ है। इससे पहले भी तीन जून को प्रियंका गांधी व उनकी मां सोनिया गांधी कोरोना की चपेट में आ गईं थीं। देश में आज 16,047 मामले : वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में आज कोरोना के 16,047 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 19,539 लोग पिछले 24 घंटे में कोरोना से ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में अब कोरोना के सक्रिय मामले 1,28,261 पहुंच गए हैं। वहीं संक्रमण दर 4.94 प्रतिशत है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुहर्रम के मौके पर पैगंबर मोहम्मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया। गौरतलब है कि इस्लामिक कैलेंडर का पहला महीना मुहर्रम का होता है। मुहर्रम के 10वें दिन को आशुरा का दिन कहा जाता है। इसी दिन करबला की लड़ाई में इमाम हुसैन और उनके साथी शहीद हुए थे। इस वजह से मुहर्रम का पूरा महीना गम का महीना माना जाता है। मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आज का दिन हजरत इमाम हुसैन के बलिदान को याद करने का है। सच्चाई के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और अन्याय के खिलाफ उनके संघर्ष के लिए उन्हें याद किया जाता है। उन्होंने समानता और भाईचारे को बहुत महत्व दिया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 12,751 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,41,74,650 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,31,807 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 42 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,26,772 हो गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,31,807 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.30 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,703 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.51 प्रतिशत है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राज्यों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने के लिए स्पष्ट और समयबद्ध योजना तैयार करनी चाहिए। साथ ही उन्हें व्यापार, पर्यटन और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। राज्यों ने फसल विविधीकरण के लिए केंद्र की मदद मांगी। नीति आयोग की संचालन परिषद की सातवीं बैठक में यहां मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रशासित प्रदेशों के उपराज्यपालों के साथ चर्चा की। 2019 के बाद संचालन परिषद की यह पहली बैठक थी, जिसमें सभी प्रतिभागी एक ही स्थान पर मौजूद थे। आधिकारिक बयान में कहा गया, प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति व्यापक चर्चा के बाद तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इसे लागू करने के लिए सभी हितधारकों को साथ आना होगा और स्पष्ट, समयबद्ध योजना तैयार करनी होगी। बैठक के बाद नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने पर राज्यों के बीच पूरी सहमति दिखी। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्यों के संबंधित विभागों को हर महीने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की प्रगति पर नजर रखनी चाहिए। मोदी ने कहा कि हर राज्य को अपने यहां के व्यापार, पर्यटन और प्रौद्योगिकी को प्रत्येक भारतीय दूतावास के जरिये दुनिया भर में पहुंचाने की कोशिश करनी चाहिए। दुनिया भर में भारत के मिशन के तहत अपने व्यापार, पर्यटन और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यों को आयात घटाने, निर्यात बढ़ाने और हर राज्य में इसके अवसर तलाशने पर ध्यान देना चाहिए। बैठक में 23 राज्यों के मुख्यमंत्री, 3 उप राज्यपाल और 2 प्रशासक तथा केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। बैठक का मुख्य एजेंडा फसल विविधीकरण और दलहन, तिलहन तथा अन्य कृषि जिंसों में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर विचार करना था। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति का क्रियान्वयन तथा शहरी प्रशासन भी एजेंडा में शामिल थे। नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने कहा कि संचालन परिषद की बैठक में फसल विविधीकरण पर सबसे ज्यादा चर्चा की गई। कृषि विशेषज्ञ और नीति आयोग के सदस्य रमेश चंद ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राज्यों को याद दिलाया कि भारत हर साल 1 लाख करोड़ रुपये का खाद्य तेल आयात कर रहा है और आयात पर निर्भरता घटाने की जरूरत है। चंद ने बताया कि सभी राज्यों ने फसल विविधीकरण के लिए अपनी योजना बनाई है, जैसे किसानों को दलहन और तिलहन की खेती बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना। उन्होंने इन फसलों के उत्पादन में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया गया। चंद ने कहा, अधिकतर राज्यों ने तिलहन और दलहन की खेती को तेजी से बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मदद मांगी और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के साथ इन फसलों का ज्यादा न्यूनतम समर्थन मू्ल्य दिए जाने की मांग भी की। संचालन परिषद की बैठक में विदेशी मंत्री एस जयशंकर ने भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता किए जाने के बारे में बताया और यह भी बताया कि राज्य किस तरह इस शिखर बैठक के आयोजन का फायदा उठा सकते हैं। मोदी ने कहा कि इसका ज्यादा से ज्यादा फायदा लेने के लिए राज्यों को जी-20 के लिए समर्पित टीम गठित करनी चाहिए। जयशंकर ने कहा, जी-20 की अध्यक्षता एक बड़ा अवसर और बड़ी जिम्मेदारी है। जी-20 के इतिहास में पहली बार भारत साल भर तक पूरे देश में इसकी बैठकें आयोजित करेगा। कोविड महामारी के बाद नीति आयोग के संचालन परिषद की बैठक दो साल बाद हुई है। वह भी उस समय जब स्वास्थ्य देखभाल, महामारी के प्रबंधन, राजस्व में साझेदारी तथा महंगाई नियंत्रण के मुद्दे पर केंद्र और राज्यों के बीच खींचतान चल रही है। मोदी ने कहा कि सभी राज्यों ने कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में अपनी पूरी क्षमता से महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। नीति आयोग के मुख्य कार्याधिकारी परमेश्वर अय्यर ने कहा कि नीति आयोग केंद्र और राज्यों के बीच विभिन्न समस्याएं सुलझाने के लिए ईमानदार मध्यस्थ की भूमिका में अपने प्रयास और भी बढ़ायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse