एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली स्थित "सदैव अटैल" जाकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा, राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने भी "भारत रत्न" वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। "सदैव अटल" वाजपेयी का स्मारक है। साल 2018 में आज ही के दिन दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में वाजपेयी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वाजपेयी को 2015 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ आज राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित "एट होम" रिसेप्शन में शामिल हुए। मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत कंटेनर उत्पादन के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र पर विचार-विमर्श और सुविधा के लिए आज दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों सर्बांद सोनोवाल, अश्विनी वैष्णव और मनसुख मंडाविया के बीच एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना चाहती हैं, जहां कोई भूखा नहीं रहे, जहां कोई महिला असुरक्षित महसूस नहीं करे और जहां कोई दमनकारी ताकत लोगों को बांटने का काम नहीं करे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक के बाद एक ट्वीट करते हुये ममता ने कहा कि भारतीयों को देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की गरिमा को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने ट्वीट में कहा, भारत के लिये मेरा एक सपना है, मैं एक ऐसे देश का निर्माण करना चाहती हूं, जहां कोई भूखा नहीं रहे, जहां कोई महिला स्वयं को असुरक्षित महसूस नहीं करे, जहां प्रत्येक बच्चे को शिक्षा मिले, जहां सबके साथ समान व्यवहार हो और जहां कोई दमनकारी ताकत लोगों को बांटने का काम नहीं करे। लोगों से देश के लिये उनके सपनों के बारे में पूछते हुये ममता ने कहा, इस महान देश के लोगों से मेरा वादा है कि अपने सपनों के भारत के लिए मैं हर रोज प्रयास करूंगी। ममता ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर देश को स्वतंत्रता के वास्तविक सार के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा, हम, भारत के लोगों को अपनी पवित्र विरासत को सुरक्षित रखना चाहिए और अपने लोकतांत्रिक मूल्यों तथा लोगों के अधिकारों की गरिमा को बनाए रखना चाहिए। कोलकाता के रेड रोड पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में आज तिरंगा फहराया। स्वतंत्रता दिवस पर लगभग दो घंटे तक चले रंगारंग समारोह में पश्चिम बंगाल पुलिस के विभिन्न विभागों और कोलकाता पुलिस ने परेड में हिस्सा लिया। इसके अलावा विभिन्न स्कूल के विद्यार्थियों ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया। ममता ने 12 पुलिस अधिकारियों को उनकी सेवा के लिए पदक देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मणिपुर में भूस्खलन में जान गंवाने वाले पश्चिम बंगाल के 21 लोगों के परिजन को अनुग्रह राशि भी दी। उन्हें राज्य सरकार में नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंपे गये। परेड में सरकार की लक्ष्मी भंडार, दुआरे राशन, स्वास्थ्य साथी, कन्याश्री, कृषक बंधु और सबुज साथी योजनाओं की झांकियां भी शामिल हुईं। इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के लिखे गीतों को भी बजाया गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमेन और जान-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के परिवार को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है। मुंबई पुलिस के अनुसार रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर धमकी भरे आठ फोन कॉल किए गए। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि उनके पूरे परिवार को तीन घंटे के भीतर खत्म कर दिया जायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को कहा कि भारत को काफी संघर्ष के बाद आजादी मिली और उसे आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। देश की आजादी की 75वीं सालगिरह पर महाराष्ट्र के नागपुर शहर में स्थित संघ मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद भागवत ने वहां आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विश्व को शांति का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि आज गर्व और संकल्प का दिन है। देश को बहुत संघर्ष के बाद आजादी मिली। उसे आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। भागवत ने यह भी कहा कि लोगों को नहीं पूछना चाहिए कि देश और समाज उन्हें क्या देता है, बल्कि यह सोचना चाहिए कि वे देश को क्या दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब हम धर्म का पालन करके ही कर सकते हैं इसलिए ध्वज के केंद्र में धर्म चक्र है। इन बातों को समझकर हमें परिश्रम करना चाहिए। हमें ये नहीं सोचना चाहिए कि मुझे क्या मिलेगा। मैं अपने देश को क्या दे रहा हूं इसका विचार करके ही हमें अपना जीवन जीने की आवश्यकता है। राष्ट्र ध्वज के शीर्षस्थ रंग को हम केसरिया रंग कहते हैं जो त्याग, कर्म, प्रकाश और ज्ञान का रंग है। हम पवित्र बनेंगे, हमारा मन विकारों से ग्रस्त नहीं होगा इसलिए दूसरा रंग सफेद है। सभी प्रकार की समृद्धि का हरा रंग लक्ष्मी जी का प्रतीक है। संघ मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में आरएसएस के कुछ स्वयंसेवक और प्रचारक मौजूद थे। आरएसएस ने स्वतंत्रता दिवस पर रेशमबाग क्षेत्र स्थित डॉ हेडगेवार स्मारक समिति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया है, जिसमें नागपुर महानगर के सह संघचालक श्रीधर गाडगे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आरएसएस के स्वयंसेवक शाम पांच बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में पथ संचलन (मार्च पास्ट) भी करेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 14,917 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,42,68,381 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,17,508 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 32 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,27,069 हो गई। इन 32 मामलों में वे चार लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने संक्रमण से जान गंवाने वालों की सूची में डाले हैं। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर घटकर 1,17,508 पर पहुंच गई है, जो कुल मामलों का 0.27 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 647 की वृद्धि दर्ज की गई। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 7.52 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 4.65 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.54 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,36,23,804 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 208.25 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने अमेरिका को एक अधिक समावेशी और मजबूत राष्ट्र बनाया है और आने वाले वर्षों में वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि भारतीय-अमेरिकियों सहित दुनिया भर के लोग, भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, संयुक्त राज्य अमेरिका अपनी लोकतांत्रिक यात्रा को सम्मान देने के लिए भारत के लोगों में शामिल हुआ है। साथ ही कहा कि अमेरिका भारत के लोगों के साथ महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के दिखाए मार्ग पर चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इस साल भारत और अमेरिका भी राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। भारत-अमेरिका को अपरिहार्य साझेदार बताते हुए बाइडन ने आगे कहा कि उनकी रणनीतिक साझेदारी कानून के शासन के प्रति साझा प्रतिबद्धता और मानव स्वतंत्रता और गरिमा को बढ़ावा देने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि हमारी साझेदारी हमारे लोगों के बीच गहरे बंधन से और मजबूत हुई है। संयुक्त राज्य अमेरिका में जीवंत भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने हमें एक अधिक नवीन, समावेशी और मजबूत राष्ट्र बनाया है। एंटनी ब्लिंकेन ने भारत के लोगों को दी शुभकामनाएं : अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने भी 76वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं और 75 साल के राजनयिक संबंधों को "सार्थक" बताया। साथ ही कहा कि हमारी रणनीतिक साझेदारी जलवायु से लेकर व्यापार तक जीवंत है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि, दो महान लोकतंत्रों के रूप में हमारी साझेदारी हमारे लोगों की सुरक्षा और समृद्धि और वैश्विक भलाई में योगदान देना जारी रखेगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार को कम तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है। हालांकि इन झटकों से घबराकर लोग अपने घरों के बाहर निकल आए। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में और उसके आसपास सुबह सात बजकर 10 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। विभाग ने बताया कि भूकंप का केंद्र चंबा जिले में जमीन से 10 किलोमीटर की गहरायी में स्थित था और भूकंप की तीव्रता 2.5 मापी गई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse