देश

View All
Published / 2022-08-31 14:13:27
सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का निधन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का निधन हो गया है। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया, सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का शनिवार 27 अगस्त 2022 को इटली स्थित उनके घर पर निधन हो गया। अंतिम संस्कार कल हुआ। सोनिया गांधी मेडिकल चेकअप के लिए इस समय विदेश में हैं। उनके साथ उनके पुत्र राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी गए हैं।

Published / 2022-08-31 11:11:01
पीड़ित नौकरानी ने खोला सीमा पात्रा की पोल : जरा सी गलती पर वो मुझे मारती रहती थी...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। नौकरानी पर अत्याचार करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सीमा पात्रा को आदिवासी घरेलू सहायिका सुनीता (29) को प्रताड़ित करने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है वहीं गिरफ्तारी के बाद तिलमिलाई सीमा पात्रा ने खुद को बेकसूर बताते हुए इसे राजनीति से प्रेरित आरोप बताया है। दरअसल, गिरफ्तारी के बाद आरोपी सीमा पात्रा ने कहा कि ये झूठे और राजनीति से प्रेरित आरोप हैं। मुझे फंसाया गया है। अपनी घरेलू सहायिका को प्रताड़ित करने के आरोप में निलंबित भाजपा नेता और पूर्व-IAS अधिकारी की पत्नी सीमा पात्रा को आज गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस बीच पीड़िता नौकरानी सुनीता ने कहा कि जब काम में कोई गलती हो जाती थी तब वो मुझे मारती थी। मैं यहां 2019 से रह रही हूं। इससे पहले दिल्ली में रहती थी।

Published / 2022-08-31 08:38:57
दिल्ली : अब बंद हो जायेंगे शराब के निजी ठेके, खुलेंगी 300 सरकारी दुकानें

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय राजधानी में शराब की निजी दुकानों की जगह अब दिल्ली सरकार के 300 से अधिक विक्रय केंद्र लेंगे। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आबकारी नीति 2021-22 की जगह अब पुरानी व्यवस्था बहाल हो रही है और यह बदलाव बृहस्पतिवार से प्रभाव में आयेगा। दिल्ली में करीब 250 निजी शराब विक्रेताओं के ठेके अभी संचालित हो रहे हैं जिन्हें अब वापस ली जा चुकी आबकारी नीति 2021-22 के तहत लाइसेंस दिए गए थे। आबकारी अधिकारियों ने कहा कि अधिक ठेकों के खुलने से सितंबर के पहले हफ्ते से शराब की आपूर्ति में सुधार आयेगा। दिल्ली के एक वरिष्ठ आबकारी अधिकारी ने कहा, अभी करीब 250 निजी ठेके हैं जिनका स्थान 300 से अधिक सरकारी विक्रय केंद्र लेंगे। आने वाले दिनों में ठेकों की संख्या बढ़ेगी क्योंकि दिल्ली सरकार की 500 ऐसी दुकान खोलने की योजना है। आबकारी विभाग का एक मोबाइल ऐप भी सितंबर से शुरू हो जायेगा जिसमें उपभोक्ताओं को उनके आसपास ठेकों की जगह और उनके खुलने एवं बंद होने के समय की जानकारी दी जायेगी।

Published / 2022-08-30 18:54:31
कांग्रेस को झटके पर झटका... गुलाम नबी आजाद के समर्थन में 64 नेताओं ने दिया इस्तीफा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस से अपना दशकों पुराना रिश्ता खत्म कर दिया है। अपने पत्र में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए। गुलाम नबी अब खुद की पार्टी तैयार करने वाला हैं। ऐसे में जिस दिन उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़ा तो उनके साथ जम्मू-कश्मीर के कई पूर्व विधायक और मंत्रियों ने भी पार्टी को झटका देते हुए अपना इस्तीफा दे दिया। वहीं अब गुलाम नबी आजाद के पार्टी के जाने के बाद जम्मू कश्मीर में कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। गुलाम नबी आजाद के समर्थन में पूर्व डिप्टी सीएम तारा चंद सहित जम्मू-कश्मीर के 64 कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में पूर्व उप मुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व मंत्री माजिद वानी, घारू चौधरी, मनोहर लाल शर्मा, पूर्व विधायक बलवान सिंह, जम्मू कश्मीर कांग्रेस के सचिव नरिंदर शर्मा और महासचिव गौरव मगोत्रा का नाम शामिल हैं। कांग्रेस आलाकमान की कार्यशैली से लंबे वक्त से खफा चल रहे गुलाम नबी आजाद ने आखिरकार पिछले हफ्ते पार्टी के सभी पदों से अपना इस्तीफा दे दिया था। आजाद कांग्रेस के नाराज नेताओं के जी-23 गुट के हिस्सा थे। जो पार्टी के अंदर लगातार कई बदलाव की मांग करते आ रहे थे। वहीं गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफा देने के बाद ऐलान किया कि वह जम्मू कश्मीर में नई पार्टी का गठन करेंगे और विधानसभा चुनाव में लड़ेंगे। साथ ही कहा था कि वे भाजपा में शामिल नहीं होंगे।

Published / 2022-08-30 18:35:19
18-56 साल के लोगों में बस 12% लोगों ने ही लिया है बूस्टर डोज

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में 18-56 साल के उम्र वर्ग के 77 करोड़ पात्र लोगों में से अबतक करीब 12 फीसद ने कोविड-19 टीके की एहतियाती खुराक ली है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इनके अलावा 60 साल या उससे अधिक उम्र के 16.80 करोड़ लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अग्रिम मोर्चा कर्मियों में 35 फीसद को एहतियाती खुराक दी गयी है। 18-59 वर्ष आयु वर्ग में 8 प्रतिशत का टीकाकरण आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अबतक 15.66 करोड़ एहतियाती खुराक दी गयी है, जिनमें से 10.39 करोड़ खुराक कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव शुरू किये जाने के बाद 15 जुलाई से अबतक दी गयी है। उनके मुताबिक 14 जुलाई तक 18-59 साल उम्रवर्ग के 64,89,99,721 पात्र लोगों में से आठ फीसद को एहतियाती खुराक दी गयी थी। उनके अनुसार 15 जुलाई को शुरू हुए अभियान के तहत राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों ने 9,28,598 विशेष टीकाकरण शिविर लगाये। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर 4,259, बस स्टेशनों पर 9,183, हवाई अड्डों पर 370, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 1,16,675, धार्मिक स्थलों के मार्ग में 3,522 तथा अन्य स्थानों पर 7,94,589 शिविर लगाये गये। उनका कहना है कि 15 जुलाई से कोविशील्ड की 10,16,78,376, कोवैक्सीन की 1,68,14,771 तथा कोर्बेवैक्स की 85,03,008 खुराक दी गयी। 92 फीसद पूर्ण टीककरण हो चुका : सरकार ने 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर मुफ्त एहतियाती खुराक लगाने के लिए 15 जुलाई को 75 दिनों का एक विशेष अभियान शुरू किया था। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के अनुसार देश की वयस्क जनसंख्या में 98 फीसद को कोविड-19 की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है जबकि 92 फीसद पूर्ण टीककरण हो चुका है।

Published / 2022-08-29 16:30:20
पार्टी से इस्तीफे के बाद खुले आजाद- कांग्रेस का गर्त में जाना तय...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस के पूर्व नेता पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद पिछले शुक्रवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को उन्होंने अपने इस्तीफे को लेकर बात करते हुए कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को जमकर लताड़ा। अपने इस्तीफे पर बात करते हुए उन्होंने कहा, उन्होंने खुद से पार्टी नहीं छोड़ा है, घरवाले (कांग्रेस) ने उन्हें मजबूर किया था। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके चापलूसों ने प्रधानमंत्री मोदी की कांग्रेस मुक्त भारत का सपना पूरा करने में भरपूर सहयोग किया है। एक समय की देश की सबसे पार्टी आज अपने अस्तित्व के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा क्या हो गया कि अब कांग्रेस अस्तित्वविहीन हो गई है? उन्होंने आगे राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पुरे लोकसभा में मोदी जी से गले मिले और अब उसे स्वीकार नहीं करते हैं। उन्होंने कांग्रेस की बर्बादी का ठीकरा राहुल गांधी पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के चपलूसों की उन्न्नति दिन प्रतिदिन हो रही है और कांग्रेस के अनुभवी नेताओं को दरकिनार किया जाता रहा। ऐसे में पार्टी का गर्त में जाना तो तय है। आजाद ने बताया कि 2001 गुजरात दंगा के समय गुजरात के तत्कालीन सीएम, वर्तमान पीएम मोदी का फोन आया था। उन्होंने फोन पर ट्रेन में हुए अमानवीय घटना के बारे में बताया था, किसी का पैर और हाथ नहीं मिल रहे थे। इस घटना पर हम फुट कर रोये थे। और अब जब हम दुबारा मिले थे तो गुजरात की घटना को याद करके रोये थे। पर मेरी मानवीयता उन्हें (कांग्रेस) को पसंद नहीं आई। उन्होंने मुझे और कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता को दरकिनार करने में लग गये।

Published / 2022-08-29 16:21:25
पाकिस्तान में बाढ़ से तबाही पर पीएम मोदी ने जताया दुख

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वह पाकिस्तान में बाढ़ से हुई तबाही को देखकर दुखी हैं। उन्होंने पड़ोसी देश में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई। पाकिस्तान में आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या सोमवार को 1,100 के करीब पहुंच गई। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार ने संकट से निपटने के लिए सहायता की अपील की है। बाढ़ से देश की लगभग 3 करोड़ 30 लाख आबादी विस्थापित हुई है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, पाकिस्तान में बाढ़ से हुई तबाही को देखकर दुख हुआ। हम पीड़ितों, घायलों और इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद करते हैं। पाकिस्तान में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए मुख्य संगठन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सोमवार को जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार बाढ़ के चलते कम से कम 1,061 लोगों की मौत हुई है और 1,575 लोग घायल हुए हैं। वहीं आर्थिक संकट से जूझ रही प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सरकार की अपील के बाद अंतरराष्ट्रीय सहायता पहुंचने लगी है। बाढ़ की विभीषिका का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि 3।3 करोड़ लोगों को यानी देश की कुल आबादी के करीब सातवें हिस्सा को विस्थापित होना पड़ा है।

Published / 2022-08-29 16:20:54
लद्दाख सीमा पर बाज नहीं आ रही चीनी सेना, एलएसी पर भारतीय चरवाहों को रोका

एबीएन सेंट्रल डेस्क। लद्दाख में भारत और चीन के बीच विवाद जारी है। अब एलएसी के पास देमचोक में चीनी सैनिकों के भारतीय चरवाहों को रोकने का मामला सामने आया है। ये मामला 21 अगस्त का बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना देमचोक के पास मौजूद चरागाह की है। इसके बाद भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच 26 अगस्त को इस मामले को लेकर बैठक भी हुई थी। दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई बैठक में ही मामले को सुलझा लिया गया है। भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में विवाद की शुरूआत अप्रैल-मई 2020 में हुई थी। इसके बाद गलवान में 15 जून को भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसमें भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। चीन को भी इस झड़प में भारी नुकसान पहुंचा था। हालांकि, काफी दिन बाद चीन ने चार सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकार की है। इस हिंसक झड़प के बाद से पूर्वी लद्दाख में सीमा पर दोनों देशों ने जवानों की तैनाती में इजाफा किया। दोनों ओर से करीब 50-50 हजार सैनिक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा भारी संख्या में हथियारों की भी तैनाती की गई। हालांकि, कई दौर की बातचीत के बाद पिछले साल दोनों देशों ने पैंगोंग और गोगरा से अपनी सेनाओं को वापस ले लिया था। अप्रैल 2020 के बाद पूर्वी लद्दाख में कई स्थानों पर वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के चीन की कार्रवाइयों की वजह से भारत के साथ उसके संबंध अपने सबसे निचले स्तर पर हैं। ग्राउंड फोर्स के बीच कई समझौतों और मौजूदा व्यवस्था के बावजूद, 15 कोर कमांडर स्तर की वार्ता और राजनयिक व राजनीतिक स्तर पर बातचीत के बाद भी, न तो इस तरह की घुसपैठ को टाला जा सका और न ही उन्हें पूरी तरह से सुलझाया जा सका। भारत ने एलएसी के साथ-साथ अंदरूनी इलाकों में चीनी कार्रवाईयों का प्रभावी ढंग से जवाब दिया है। नतीजतन, दोनों पक्षों से इन इलाकों में 50,000 से अधिक सैनिकों को तैनात किया है। इस तनातनी के कारण, उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात हमारे रक्षा बलों के भरण-पोषण पर अत्यधिक खर्च होता है। तुलनात्मक रूप से चीन भी अपनी आवश्यकताओं के लिए बड़ा खर्च कर रहा है।

Page 197 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse