देश

View All
Published / 2022-11-03 22:42:14
राजस्थान : अश्लील वीडियो बना रहे गिरोह का भंडाफोड़, चार बदमाश गिरफ्तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। इंदौर के पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि राजस्थान के भरतपुर जिले से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रईस, जीशान, यासिब और हारून खान के रूप में हुई है। नौवीं-दसवीं कक्षा तक पढ़े चारों आरोपी भरतपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में गिरोह चला रहे थे। पुलिस आयुक्त ने कहा, गिरोह की सक्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इन बदमाशों ने महज छह महीनों में अलग-अलग आईएमईआई नंबर वाले 1,100 से ज्यादा मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया है। गिरोह ने इन उपकरणों के जरिये वीडियो कॉल करके देश भर के सैकड़ों लोगों के अश्लील वीडियो बनाये हैं। उन्होंने बताया कि वैवाहिक वेबसाइट और सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर गिरोह अपने शिकार खोजता था। पुलिस आयुक्त ने बताया, गिरोह के सदस्य लोगों के मोबाइल नंबर हासिल करने के बाद उन्हें महिलाओं के नाम से वीडियो कॉल करते थे। कॉल के दौरान एक महिला का पहले से बनाया गया अश्लील वीडियो चला दिया जाता था और मोबाइल स्क्रीन को रिकॉर्ड कर लिया जाता था। मिश्रा ने बताया कि मोबाइल स्क्रीन रिकॉर्ड कर तैयार अश्लील वीडियो के आधार पर संबंधित व्यक्ति को धमकी दी जाती थी कि अगर उसने तय रकम नहीं चुकाई तो यह वीडियो उसके परिजनों और परिचितों को भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सितंबर में गिरोह के जाल में फंसे 59 वर्षीय व्यक्ति ने ऐसी धमकियों से प्रताड़ित होकर इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के खिलाफ जांच शुरू की थी। पुलिस आयुक्त के मुताबिक राजस्थान के भरतपुर जिले में ऐसे कई गिरोह काम कर रहे हैं।

Published / 2022-11-03 14:22:32
गुजरात चुनाव 2022 : एक और पांच दिसंबर को मतदान, आठ को मतगणना

एबीएन सेंट्रल डाक। चुनाव आयोग ने गुजरात में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को चुनाव होंगे। जबिक आठ दिसंबर को मतगणना होगी। इस दिन हिमाचल प्रदेश के हुए विधानसभा के चुनाव का भी मतगणना होगी। गुरूवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिसंबर 1 और 5 को मतदान होंगे और 8 दिसंबर को मतगणना होगी। पहले चरण के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 नवंबर और दूसरे के लिए 10 नवंबर को होगा। इस बार आयोग ने राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ज्ञात हो कि विधानसभा की 182 सीटें हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने 99 पर कब्जा जमाकर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायी थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 77 सीटें गयीं। 3,24,422 नये मतदाता पहली बार करेंगे मतदान : मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि गुजरात विधानसभा चुनाव में 3,24,422 नये मतदाता इस बार पहली बार मतदान करेंगे। कुल मतदान केंद्र की संख्या 51,782 है। राज्य में स्थापित मतदान स्थलों में से कम से कम 50% मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि मतदान के बेहतर अनुभव के लिए, 1274 मतदान केंद्रों का प्रबंधन पूरी तरह से महिला और सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा किया जायेगा। 182 मतदान केंद्रो पर मतदाताओं का लोक निर्माण विभाग स्वागत करेगा। पहली बार 33 मतदान केंद्रों की स्थापना और प्रबंधन सबसे कम उम्र के मतदान कर्मचारी करेंगे। हमारा मकसद निष्पक्ष चुनाव हो राजीव कुमार ने कहा कि अगर कोई ईवीएम पर सवाल उठाता है और वो चुनाव जीत जाता है तो सवाल बंद हो जाते हैं। हमारा मकसद निष्पक्ष चुनाव है और चुनाव आयोग आज नहीं बना। हमेशा से ही हमारी निष्पक्षता जगजाहिर रही है। चुनाव आयोग आज तो बना नहीं है ये एक विरासत है। हमारी ड्यूटी यह है कि निष्पक्षता जो पहले से बनी है, उसे हम आगे बढ़ाएं।

Published / 2022-11-02 20:48:21
क्या पूरी होंगी अटकी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं...

एबीएन सोशल डेस्क। नई परियोजनाओं की घोषणाओं के बीच केंद्र सरकार अब दशकों से अटकी परियोजनाओं को चालू वित्त वर्ष के अंत का पूरा करने पर ध्यान दे रही है। ऊर्जा और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की निगरानी करने का जिम्मा नीति आयोग को सौंपा गया था। समझा जाता है कि आयोग ने 5.66 लाख करोड़ रुपये लागत वाली 494 परियोजनाओं को छांटा है जिसे मार्च 2023 तक पूरा किया जाना है। नीति आयोग की आंतरिक रिपोर्ट के अनुसार इनमें 1.92 लाख करोड़ रुपये की 279 सड़क और राजमार्ग परियोजनाएं, 1.11 लाख करोड़ रुपये की पेट्रोलियम परियोजनाएं, करीब एक लाख करोड़ रुपये की रेलवे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर 3.8 लाख करोड़ रुपये का व्यय किया जा चुका है और चालू वित्त वर्ष में इन्हें पूरा करने के लिए 1.8 लाख करोड़ रुपये की और जरूरत आने का अनुमान है। इनमें से कुछ प्रमुख परियोजनाओं में 28,181 करोड़ रुपये की लागत वाली रेलवे की ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, 14,719 करोड़ रुपये की लागत वाली पावरग्रिड कॉरपोरेशन की पूर्वोत्तर पश्चिमोत्तर इंटरकनेक्टर परियोजना, हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 26,264 करोड़ रुपये की लागत वाली विशाख रिफाइनरी आधुनिकीकरण परियोजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं को संबंधित मंत्रालयों द्वारा चालू वित्त वर्ष की शुरुआत में पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 नवंबर को विशाखापत्तनम दौरे के समय विशाख रिफाइनरी के आधुनिकीकरण की आधारशिला रखेंगे। इस साल की शुरूआत में केंद्र ने नीति आयोग को अटकी परियोजनाओं को मिशन मोड में पूरा करना सुनिश्चित कराने का जिम्मा दिया था। विभिन्न मंत्रालयों के साथ विचार-विमर्श के बाद 1,500 में से 494 परियोजनाओं को चालू वित्त वर्ष में पूरा करने के लिए छांटा गया था। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि सरकार की ओर से इन परियोजनाओं की प्रगति पर करीब से नजर रखी जा रही है। इस बीच विभिन्न विभागों और राज्य तथा केंद्र सरकार के मंत्रालयों के बीच सामंजस्य नहीं होने की वजह से कई परियोजनाएं अटकी थीं। जुलाई में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नीति आयोग को लंबित सभी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को चिह्नित करने और उन्हें पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत लाने की संभावना तलाशने के लिए कहा था ताकि इन परियोजनाओं में तेजी लाई जा सके। परियोजनाओं की समीक्षा से पता चला कि रेलवे और कोयला से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति धीमी है। रिपोर्ट में कहा गया कि इन परियोजनाओं को चालू वित्त वर्ष में पूरा करने के लिए व्यापक प्रयास किए जाने की जरूरत है। रेलवे से जुड़ी 50 परियोजनाएं ऐसी थीं जिनकी लागत 55,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। इसी तरह दूरसंचार क्षेत्र से जुड़ी कुछ परियोजनाओं की लागत करीब दोगुनी हो गई। राजमार्ग से जुड़ी 279 परियोजनाओं की लागत में 8,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

Published / 2022-11-02 20:33:58
अप्रैल-सितंबर में 1.48 अरब डॉलर के साथ गेहूं का निर्यात दोगुना

एबीएन सेंट्रल डेस्क। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि अप्रैल से सितंबर तक के बीच में गेहूं का निर्यात दोगुणा होकर करीब 1.48 डॉलर पर पहुंच चुका है। एक साल पहले की समान अवधि में निर्यात 63 करोड़ डॉलर रहा था। हालांकि, सरकार ने मई में गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन कुछ देश, जो अपनी खाद्य सुरक्षा जरुरतों को पूरा करने के लिए गेहूं की मांग करते हैं, उनकी इस जरुरत को पूरा करने के लिए निर्यात करने की अनुमति है। मंत्रालय ने कहा, अप्रैल-सितंबर-2022 में गेहूं का निर्यात बढ़कर 148.7 करोड़ डॉलर का हो गया, जो अप्रैल-सितंबर-2021 में 63 करोड़ डॉलर का हुआ था। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक गेहूं की आपूर्ति गंभीर रूप से बाधित हो गई है। दोनों ही गेहूं के प्रमुख उत्पादक देश हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का निर्यात 25 प्रतिशत बढ़ा। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के उत्पादों का कुल निर्यात अप्रैल-सितंबर, 2022 में बढ़कर 13.77 अरब डॉलर का हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 11.05 अरब डॉलर का हुआ था। वर्ष 2022-23 के लिए, एपीडा द्वारा 23.56 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य निर्धारित किया गया है और छह महीने की अवधि में 13.77 अरब डॉलर का निर्यात पहले ही हासिल कर लिया गया है। इसी तरह, समीक्षाधीन अवधि के दौरान ताजा फलों का निर्यात बढ़कर 31.3 करोड़ डॉलर का हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 30.1 करोड़ डॉलर रहा था। मसूर का निर्यात 13.5 करोड़ डॉलर से बढ़कर 33 करोड़ डॉलर हो गया। बासमती चावल का निर्यात भी अप्रैल-सितंबर, 2022 के दौरान बढ़कर 2.28 अरब का डॉलर हो गया, जो एक साल पहले 1.66 अरब डॉलर का हुआ था। गैर-बासमती चावल का निर्यात आठ प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3.20 अरब डॉलर का दर्ज किया गया। इसी तरह, पॉल्ट्री उत्पादों का निर्यात 83 प्रतिशत बढ़कर 5.7 करोड़ डॉलर का हो गया, जबकि डेयरी उत्पादों का निर्यात 58 प्रतिशत बढ़कर 34.2 करोड़ डॉलर का हो गया।

Published / 2022-11-02 13:44:38
मध्य प्रदेश : सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत, कई गंभीर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। बोलेरो और डंपर की टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। इस घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना देर रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और जांच शुरू कर दी गयी है। जानकारी के मुताबिक, नूराबाद थाना इलाके के नेशनल हाईवे 44 पर बीती रात यह भीषण सड़क हादसा देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी से कुछ लोग ग्वालियर से लौट रहे थे। वही पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गये और इस घटना में मौके पर दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची ने इस घटना में गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज से पहले ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। इस घटना में कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है यह सभी मृतक और घायल व्यक्ति नूराबाद थाना इलाके के बित्तोली गांव के रहने बाले हैं और बीती रात ग्वालियर से वापस अपने घर आ रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने मृतकों के शवों को नूराबाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और जांच जारी है।

Published / 2022-11-01 11:38:25
बढ़ता उत्तरप्रदेश... यूपी में खुला देश का सबसे बड़ा डाटा सेंटर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के सबसे बड़े डाटा सेंटर की सौगात दे दी है। सीएम योगी ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क फाइव स्थित 6500 करोड़ रुपये के निवेश वाले योट्टा डाटा सेंटर के पहले टावर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार और नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने योट्टा कंपनी के साथ अगले पांच से सात वर्षों में 39 हजार करोड़ रुपये के निवेश करने पर अनुबंध भी किया। साथ ही डाटा सेंटर के दो नये टावरों के निमाण की आधारशिला भी रखी गयी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम करीब 4.30 बजे नॉलेज पार्क फाइव स्थित योट्टा डाटा सेंटर पहुंचे और केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स आईटी, कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और मुख्य सचिव डीएस मिश्र की मौजूदगी में डाटा सेंटर का लोकार्पण किया। मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी हीरानंदानी ग्रुप ने बीते साल पहली बार मुंबई से बाहर निकलते हुए उत्तर प्रदेश में डाटा सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया। इनवेस्ट यूपी के अंतर्गत कंपनी ने डाटा सेंटर के लिए ग्रेटर नोएडा को चुना। उन्होंने कहा कि इस डाटा सेंटर में आगामी पांच वर्षों में कुल छह टॉवरों का निर्माण होना है, जिससे करीब 39 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। यह देश का सबसे बड़ा डाटा सेंटर है। डाटा सेंटर लगाने की उपलब्धि ग्रेटर नोएडा के नाम आ गयी है। उन्होंने कह कि डाटा सेंटर क्षेत्र की कई और कंपनियां भी ग्रेटर नोएडा में निवेश की इच्छा जता रही हैं। मुख्यमंत्री ने हीरानंदानी ग्रुप के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि डाटा सेंटर क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा अब और भी बड़ा मुकाम हासिल करेगा। इस डाटा सेंटर के आने से प्रदेश में कंपनियों, शिक्षण संस्थानों, सरकारी एजेंसियों को आसानी से डाटा उपलब्ध हो सकेंगे। उनको अपना डाटा स्टोर रखने के लिए सुरक्षित सर्वर मिल सकेगा। सोशल मीडिया (फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब आदि) प्लेटफॉर्म के ही करोड़ों उपभोक्ता हैं, उनका डाटा सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। इसके अलावा बैंकिंग, व्यापार, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन और आधार आदि का डाटा भी इस डाटा सेंटर में सुरक्षित रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में मोबाइल और इंटरनेट 20 फीसदी उपभोक्ता भारत का है, लेकिन डाटा स्टोरेज के लिए हमें दूसरों के यहां जगह तलाशनी पड़ती थी। उत्तर प्रदेश देश सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है। यहां डाटा स्टोरेज, डाटा एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनियों के लिए अपार संभावनाएं हैं। सीएम योगी ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण का एरिया आईटी उद्योग का प्रमुख केंद्र है। देश-विदेश से अनेक निवेशक यहां निवेश कर रहे हैं। यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर विश्वस्तरीय है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मैनपावर है। तकनीक से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना साकार हो सकती है। मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में देश का सबसे बड़ा डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए हीरानंदानी ग्रुप के फाउंडर निरंजन हीरानंदानी और चेयरमैन दर्शन हीरानंदानी और सीईओ सुनील गुप्ता की सराहना की।

Published / 2022-10-31 22:45:48
महाराष्ट्र : तेज रफ्तार कार ने सात श्रद्धालुओं को कुचला

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कार्तिकी एकादशी के लिए पंढरपुर जा रहे श्रद्धालुओं के बीच उस वक्त हाहाकार मच गया, जब एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर में जहां 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, वहीं कई लोग घायल हो गये। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है।

Published / 2022-10-31 20:20:50
एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार अस्पताल में भर्ती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार को बेचैनी महसूस होने पर सोमवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। राकांपा के महासचिव शिवाजीराव गर्जे ने एक बयान में कहा कि राज्यसभा सदस्य पवार (81) अगले कुछ दिनों तक अस्पताल में रहेंगे और बाद में 3 नवंबर से शुरू होने वाली पार्टी की बैठक में शामिल होंगे। गर्जे ने कहा कि पवार ने बेचैनी की शिकायत की जिसके बाद उन्हें उनके चिकित्सक की सलाह पर ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गर्जे ने कहा, वह तीन दिन तक अस्पताल में रहेंगे और दो नवंबर को उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है। वह पार्टी की तीन नवंबर से शुरू होने वाली दो दिवसीय बैठक में शामिल होंगे। राकांपा पदाधिकारी ने पार्टी नेताओं और कार्यकतार्ओं से अस्पताल में भीड़-भाड़ न करने की अपील की। पवार की पिछले साल अप्रैल में निजी अस्पताल में पित्ताशय की सर्जरी हुई थी। उन्होंने मुंह के अल्सर का उपचार भी कराया था।

Page 171 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse