एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय ने प्रत्येक वर्ष लाखों लोगों के सड़क दुर्घटनाओं में मारे जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इस वैश्विक समस्या से निपटने के लिए दुनिया को एकजुट होने की आवश्यकता है।
विश्वविद्यालय के यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा केंद्र में हर वर्ष नवंबर के तीसरे रविवार को सड़क दुर्घटनाओं में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए विश्व सड़क यातायात पीड़ित स्मृति दिवस का आयोजन किया जाता है।
इस वर्ष भी स्कूल आफ इंटरनल सिक्योरिटी एंड स्मार्ट पुलिसिंग के अंतर्गत यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा केंद्र ने गुजरात परिसर में एक कैंडल मार्च का आयोजन किया। इस वर्ष सभा को समन्वयक विश्व विजय राय ने संबोधित किया।
इस अवसर पर उल्लेख किया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की ग्लोबल स्टेटस रिपोर्ट 2023 के अनुसार दुनिया भर में हर साल लगभग 11 लाख 90 हजार लोग सड़क दुर्घटनाओं के कारण मरते हैं।
राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार देश में सड़क दुर्घटनाओं के कारण हर वर्ष लगभग एक लाख 70 हजार लोगों की मौत होती है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली लाल किला विस्फोट मामले के संबंध में अपनी जांच के तहत मंगलवार को फरीदाबाद के अल फ्लाह विश्वविद्यालय और उसके प्रवर्तकों तथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ छापेमारी शुरू की।
सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी के दल सुबह से ही दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कई स्थानों पर तलाशी ले रहे हैं। ऐसी जानकारी है कि ईडी इस मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निरोधक कानून के तहत कार्रवाई कर रही है।
एजेंसी इस मामले में वित्तीय और कथित आतंकी वित्तपोषण संबंधों की जांच कर रही है। सूत्रों ने बताया कि तलाशी सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई और विश्वविद्यालय के न्यासियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
अब तक एनआईए ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर आत्मघाती हमलावर डॉ उमर नबी के करीबी सहयोगी हैं। अल फलाह विश्वविद्यालय दिल्ली के निकट हरियाणा में फरीदाबाद जिले के धौज क्षेत्र में स्थित है और यह एक मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा अयोध्या में विकसित किये जा रहे भव्य रामायण पार्क में जल्द ही रावण की 25 फुट ऊंची प्रतिमा लगायी जायेगी। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रतिमा भगवान राम और रावण के बीच युद्ध को दर्शायेगी।
इस पार्क का निर्माण गुप्तार घाट के पास किया जा रहा है।
अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि इस पार्क में भगवान राम, हनुमान, सुग्रीव, विभीषण और अंगद सहित प्रमुख पात्रों की आदमकद प्रतिमाओं के जरिए रामायण के प्रमुख प्रसंगों को प्रदर्शित किया जायेगा। गुप्तार घाट का काफी धार्मिक महत्व है क्योंकि माना जाता है कि इसी स्थान पर भगवान राम ने जल समाधि ली थी।
इस पार्क को रामायण की दिव्यता और भव्यता प्रदर्शित करने के लिहाज से डिजाइन किया गया है। महापौर ने कहा कि इस पार्क के भीतर दूसरा प्रमुख आकर्षण होगा राम दरबार जिसमें भगवान राम, माता सीता और भगवान लक्ष्मण की प्रतिमाएं लगी होंगी।
इसका लक्ष्य आगंतुकों को रामायण के महत्वपूर्ण क्षणों का एक आध्यात्मिक अनुभव कराना है। अधिकारियों ने कहा कि इस परियोजना के जरिए आध्यात्मिकता का सांस्कृतिक पर्यटन के साथ मेल कराने का प्रयास किया जायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गये हैं। बस्तर का सबसे खूंखार नक्सली कमांडर हिड़मा और उसकी पत्नी इस मुठभेड़ में ढेर हो गये हैं। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खात्मे के लिए राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों का एंटी नक्सल आपरेशन जारी है।
मंगलवार की सुबह छह से सात बजे के करीब छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर हुई मुठभेड़ में खूंखार नक्सली माड़वी हिड़मा मारा गया। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले के मारेदुमिल्ली के पास सुबह-सुबह हुई मुठभेड़ में हिड़मा समेत कुल छह नक्सली मारे गये। इस मुठभेड़ में उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का भी ढेर हो गयी।
एक करोड़ का इनामी कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा, जो सुरक्षा बलों पर सशस्त्र हमलों के कई मामलों में वांछित शीर्ष नक्सली कैडरों में से एक था। उसके मारे जाने की पुष्टि के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शीर्ष अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। सूत्रों के अनुसार, हिड़मा का खात्मा सुरक्षा बलों की ओर से तय 30 नवंबर 2025 की समय सीमा से काफी पहले हो गया।
गृह मंत्री अमित शाह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर संतोष व्यक्त किया और इस अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों की सराहना की। उन्होंने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मांदवी हिड़मा के मारे जाने के बाद नक्सली संगठन में कोई नया नेतृत्व उभर न सके और उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
हिड़मा का नाम लंबे समय से नक्सली हिंसा से जुड़ा रहा है। वह सुरक्षा बलों पर हुए कई बड़े और घातक हमलों के पीछे मास्टरमाइंड माना जाता था। उसकी गिरफ्तारी या निष्प्रभावीकरण सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक प्रमुख लक्ष्य था।
सुरक्षा बलों ने एक जटिल और चुनौतीपूर्ण अभियान के तहत हिड़मा को निष्प्रभावी करने में सफलता प्राप्त की है। यह सफलता न केवल खुफिया जानकारी के प्रभावी उपयोग का प्रमाण है, बल्कि जमीनी स्तर पर तैनात जवानों के साहस और दृढ़ संकल्प का भी परिणाम है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के नौगाम पुलिस थाने में शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे भारी विस्फोट हुआ। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक पुलिसकर्मियों समेत 27 लोग घायल हो गये।
धमाके से लगी भीषण आग में वहां खड़े एक दर्जन से अधिक वाहन जल गये। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज सात किलोमीटर दूर राजबाग, पुराना सचिवालय, छानपोरा, सनतनगर, रावलपोरा और पंथा चौक क्षेत्र में भी सुनाई दी।
बताया जाता है कि सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल मामले में हाल ही में जब्त किये गये विस्फोटकों के एक बड़े जखीरे की सैंपलिंग करते समय ये धमाका हुआ है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। जब्त किया विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट और एनपीएस था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क (जयपुर)। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत प्रदेश में स्थापित रूफ टॉप सोलर संयंत्रों की संख्या बुधवार को एक लाख से अधिक हो गयी है। इस योजना में अब तक जयपुर विद्युत वितरण निगम में 33 हजार 922, अजमेर विद्युत वितरण निगम में 32 हजार 957 तथा जोधपुर विद्युत वितरण निगम में 33 हजार 378 रूफ टॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं।
इस प्रकार राज्य में 1 लाख 257 रूफ टॉप सोलर संयंत्र स्थापित किये जा चुके हैं जिनकी क्षमता 408 मेगावॉट है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेश में सौर ऊर्जा को निरंतर बढावा मिला है। इसी का परिणाम है कि रूफ टॉप सोलर लगाने की गति भी तेजी से बढ़ी है।
पीएम सूर्यघर योजना में अधिकतम 3 किलोवाट क्षमता का रूफ टॉप सौर संयंत्र लगाने पर अधिकतम 78 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान करने का प्रावधान है। राज्य में अब तक 86,307 उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर लगाने पर 672 करोड़ रुपए की सब्सिडी बैंक खाते में हस्तांतरित की जा चुकी है। जयपुर डिस्कॉम में 29,585, जोधपुर डिस्कॉम में 28,490 तथा अजमेर डिस्कॉम में 28,232 उपभोक्ताओं को सब्सिडी प्रदान की जा चुकी है।
पीएम सूर्यघर योजना के तहत रूफ टॉप सोलर संयंत्र लगाने के मामले में गुजरात (6,73,554) महाराष्ट्र (3,33,966), उत्तर प्रदेश (2,73,871) तथा केरल (1,59,193) के बाद देश में 5वां अग्रणी राज्य है। विगत समय में प्रदेश में रूफ टॉप सोलर लगाने की ओर उपभोक्ताओं का रूझान तेजी से बढ़ा है। फरवरी, 2024 में जब यह योजना शुरू हुई थी उस माह प्रदेश में इस योजना में मात्र 37 रूफ टॉप सोलर लगाये गये थे। वहीं अब प्रति माह लगने वाले सोलर संयंत्र की संख्या 10 हजार से भी अधिक हो गयी है।
उपभोक्ताओं का रुझान सौर ऊर्जा की और तेजी से बढ़ा है। इस वर्ष अब तक 77 हजार 254 रूफ टॉप सोलर लगाये जा चुके हैं। जनवरी में 4,170, फरवरी में 3,416 मार्च में 5,178, अप्रैल में 5,170, मई में 6,937, जून में 8,219 जुलाई में 10,386 अगस्त में 10,085 सितम्बर में 10,241 अक्टूबर में 9,329 तथा नवम्बर माह में अब तक 4,123 उपभोक्ताओं ने रूफ टॉप सोलर लगाये हैं।
राजस्थान डिस्कॉम्स ने रूफ टॉप सोलर को बढ़ावा देने तथा इसकी स्थापना प्रक्रिया को सुगमता प्रदान करने के लिए कईं नवाचार किए हैं। कार्मिकों के उत्साहवर्धन के लिए प्रति माह रूफ टॉप सोलर चैम्पियन पुरस्कार इसी दिशा में कड़ी है। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी ) जारी कर स्थापना प्रक्रिया को सुगम बनाया गया।
इसके अन्तर्गत आवेदन करते समय उपभोक्ताओं से कोई शुल्क नहीं लेने, प्लांट स्थापित होने के बाद ही सभी तरह के चार्जेज बिजली बिल के माध्यम से लेने, बढ़ी हुई सुरक्षा राशि नहीं लेने, पीएम सूर्य घर योजना में कनेक्शन के आवेदनों के लिए अलग से प्राथमिकता रखने, मीटर परीक्षण शुल्क एवं नेट मीटरिंग एग्रीमेंट आदि की आवश्यकता से उपभोक्ताओं को छूट प्रदान की गयी, जिसका नतीजा रहा कि प्रदेश में रूफ टॉप सोलर लगाने की गति बढ़ी है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत प्रदेश के 11 जिलों में आदर्श सौर ग्राम का चयन किया जा चुका है। यह ग्राम हैं सालासर (चूरू), डाबी (बूंदी), मोर (टोंक), मिश्रोली (झालावाड़), जेठाना (अजमेर), केलवा (राजसमंद), दलोट (प्रतापगढ़), चनाना (झुंझुनू), भावरी (पाली), चौथ का बरवाड़ा (सवाई माधोपुर) तथा बसई नवाब (धौलपुर)। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समितियों द्वारा इन आदर्श सौर ग्रामों के चयन की घोषणा की जा चुकी है। प्रत्येक चयनित आदर्श सौर ग्राम को सामुदायिक सौर गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए एक-एक करोड़ की राशि दी जायेगी।
राज्य में 150 यूनिट प्रति माह निशुल्क बिजली योजना से रूफ टॉप सोलर संयंत्र की स्थापना को और गति मिलेगी। राजस्थान डिस्कॉम्स ने विगत सप्ताह इस योजना की संचालन मार्गदर्शिका जारी कर दी है। इसके अन्तर्गत प्रथम चरण में मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना में रजिस्टर्ड ऐसे उपभोक्ता जिनके पास रूफ टॉप संयंत्र लगाने के लिए घर की छत उपलब्ध है उन्हें 150 यूनिट प्रति माह निशुल्क बिजली योजना के अन्तर्गत रूफ टॉप सोलर लगाने के लिए 17 हजार रूपए की अतिरिक्त सब्सिडी मिलेगी। अब तक लगभग 1 लाख 90 हजार उपभोक्ता इस योजना में रूफ टॉप सोलर लगाने के लिए अपनी सहमति दर्ज करा चुके हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क (नयी दिल्ली)। लाल किले के पास सोमवार शाम हुए धमाके के बाद पुरानी दिल्ली का दिल माने जाने वाला चांदनी चौक और उसके आसपास के इलाके बुधवार को भी सामान्य नहीं हो पाये। सुबह जब दुकानों के शटर खुले तो बाजारों में सिर्फ एक ही चर्चा थी—सोमवार का धमाका। कहीं डर का साया था, तो कहीं लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस की घेराबंदी और फोरेंसिक टीम बुधवार को भी घटनास्थल पर मौजूद रही। लाल किले और गौरी शंकर मंदिर के आसपास बुधवार सुबह माहौल सामान्य नहीं था। मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बेहद कम रही। दुकानें तो खुलीं, लेकिन ग्राहकों का आना-जाना लगभग न के बराबर रहा।
पास के फेरीवाले शेखर ने बताया कि मैं पास ही था जब ब्लास्ट हुआ। जोरदार धमाके के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे। अब तो इलाके में काम ठप है। रोज फेरी लगाने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्हें सैलरी नहीं मिलती, रोज की कमाई पर ही गुजारा होता है।
शेखर ने कहा कि बाजार खुलने के बावजूद ग्राहकों की कमी से कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस घटना में शामिल लोगों को सख्त सजा दे ताकि दोबारा कोई ऐसा हादसा न हो।
दिल्ली गेट के पास मजदूरी करने वाले बिमलेश ने भी अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने कहा, यह इलाका भीड़भाड़ वाला है। लेकिन धमाके के बाद काम पूरी तरह ठप पड़ गया है। रोज की दिहाड़ी रुक गई है, जो सबसे बड़ा नुकसान है।
बाजार के व्यापारी संगठनों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और जल्द से जल्द माहौल सामान्य बनाया जाए, ताकि पुरानी दिल्ली फिर से अपने पुराने रौनक में लौट सके।
एबीएन सेंट्रल डेस्क (नयी दिल्ली)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय महामंत्री के पदों की निर्वाचन प्रक्रिया बुधवार को मुंबई स्थित अभाविप के केन्द्रीय कार्यालय में सम्पन्न हुई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर प्रो (डॉ) रघुराज किशोर तिवारी नवनिर्वाचित तथा राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर डॉ वीरेन्द्र सिंह सोलंकी पुन: निर्वाचित हुए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय महामंत्री के निर्वाचन प्रक्रिया के चुनाव अधिकारी अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद में विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो (डॉ) मासाड़ी बापूराव ने निर्वाचन परिणामों को घोषित करते हुए बताया है कि दोनों पदाधिकारी, उत्तराखंड के देहरादून में 28, 29 तथा 30 नवंबर को आयोजित होने जा रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना कार्यभार संभालेंगे।
प्रो (डॉ) रघुराज किशोर तिवारी मूलत: मध्यप्रदेश के रीवा से हैं। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से कृषि विज्ञान में पीएचडी किया है। वर्ष 1987 से अभाविप के संपर्क में हैं। विद्यार्थी जीवन से कार्यकर्ता रहते हुए कृषि महाविद्यालय, रीवा के निर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष एवं महाकौशल प्रांत के प्रांत मंत्री भी रहे हैं। वर्तमान में कृषि विद्यार्थी कार्य के प्रमुख सलाहकार एवं राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के विशेष निमंत्रित सदस्य हैं। वर्ष 2025-26 के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
वहीं, डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी भी मध्य प्रदेश के इंदौर से हैं। उन्होंने श्री अरबिंदो इंस्टिट्यूट आफ मेडिकल साइंस (एसएआईएमएस), इंदौर से एमबीबीएस किया है। इसी संस्थान में सामुदायिक चिकित्सा की विशेषता के साथ डॉक्टर आफ मेडिसिन में अध्ययनरत हैं। वह वर्ष 2014 से परिषद के संपर्क में है।
पूर्व में महाविद्यालय अध्यक्ष, इंदौर महानगर मंत्री, प्रांत मेडिविजन प्रमुख, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य, मेडिविजन राष्ट्रीय संयोजक, राष्ट्रीय मंत्री आदि दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। आगामी सत्र 2025-26 हेतु राष्ट्रीय महामंत्री के दायित्व पर पुन:र्निवाचित हुए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse