देश

View All
Published / 2022-11-25 17:21:31
बातचीत से ही हल किया जा सकता है असहमति और विवाद : राजनाथ सिंह

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि मानवता अभी जलवायु परिवर्तन, कोविड-19 महामारी तथा अन्य चुनौतियों का सामना कर रही है और ऐसे में सभी को युद्धों तथा टकरावों के विनाश से दूर रहते हुए इन चुनौतियों से मिलकर निपटने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि विवादों और असहमति का समाधान केवल बातचीत से ही किया जा सकता है। 
श्री सिंह ने शुक्रवार को यहां हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद में अपने संबोधन में कहा, भारत एक स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत का पक्षधर है क्योंकि यह न केवल इस क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए बल्कि व्यापक वैश्विक समुदाय के लिए भी महत्वपूर्ण है। 
रक्षा मंत्री ने वर्ष 2018 में सिंगापुर में शांगरी-ला संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा, प्रधानमंत्री ने कहा था कि भारत एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र का पक्षधर है, जो प्रगति और समृद्धि के साझा प्रयास में हम सभी को एकसाथ रखता है। 
श्री सिंह ने जोर देकर कहा कि विवादों और असहमतियों को हल करने और क्षेत्रीय या वैश्विक व्यवस्था बनाने के लिए बातचीत ही एकमात्र सभ्य तरीका है। उन्होंने हाल ही में बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री के दृढ़ संदेश का हवाला दिया कि युद्ध का युग खत्म हो गया है। उन्होंने कहा, ऐसे समय में जब मानवता जलवायु परिवर्तन, कोविड-19 महामारी और व्यापक अभाव जैसी समस्याओं का सामना कर रही है, यह आवश्यक है कि हम सभी युद्धों और संघर्षों के विनाशकारी प्रलोभन से दूर रहकर, इन विशाल चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करें। 
रक्षा मंत्री ने दोहराया कि भारत का हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में रचनात्मक संबंधों में अपने सहयोगियों के साथ काम करने का हमेशा प्रयास रहा है। उन्होंने नवंबर 2019 में थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के दौरान शुरू की गई इंडो-पैसिफिक ओशियन इनिशिएटिव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सहयोग और भागीदारी इस पहल के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

Published / 2022-11-25 10:35:21
पीएम की सुरक्षा में सेंध... एनएसजी ने मार गिराया गया ड्रोन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे के बीच बड़ी खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स मुताबिक, एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने की तैयारी थी। हालांकि, एनएसजी ने इस साजिश को नाकाम कर दिया है।
कथित तौर पर सुरक्षा एजेंसियों को अहमदाबाद जिले के बावला में एक ड्रोन नजर आया था, यहीं पर प्रधानमंत्री की रैली होनी थी। पीएम की रैली के तहत सुरक्षा कारणों से इस क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया था, जिसके बाद ड्रोन को एनएसजी ने मार गिराया। हालांकि, अभी तक प्रधानमंत्री कार्यालय या पुलिस की ओर से कुछ नहीं कहा गया है। 
रिपोर्ट में कहा गया है कि ड्रोन में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इसे क्यों उड़ाया गया था। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना शाम चार बजकर 30 मिनट पर हुई। इस मामले में एक शख्स को हिरासत में भी लिया गया है। 
निजी फोटोग्राफर ने उड़ाया था ड्रोन

हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि बावला में पीएम के रैली स्थल के पास वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए निजी फोटोग्राफर ने ड्रोन उड़ाया था। जैसे ही सुरक्षा अधिकारियों की नजर ड्रोन पर पड़ी, उन्होंने उसे नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कश कालू भाई, निकुल रमेश भाई परमार व राजेश प्रजापति के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में नो फ्लाई जोन का उल्लंघन करने के चलते प्राथमिकी दर्ज की है।

Published / 2022-11-24 18:07:49
बेटी के कारण बिक रही बिसलेरी!

  • टाटा के साथ डील को लेकर कंपनी का बड़ा बयान 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जानेमाने उद्योगपति रमेश चौहान ने कहा कि वह अपने बोतलबंद पानी के कारोबार ‘बिसलेरी इंटरनेशनल’ को बेचने के लिए खरीदार की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए टाटा कंज्यूमर समेत कई कंपनियों से बातचीत चल रही है। टाटा समूह की कंपनी ने भी शेयर बाजारों को सूचित किया है कि उसकी बिसलेरी इंटरनेशनल से बात चल रही है। देश में बोतलबंद पानी के कारोबार के अगुआ 82 वर्षीय उद्योगपति ने हालांकि टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) के साथ 7,000 करोड़ रुपये में सौदे होने की खबरों का खारिज कर दिया। चौहान ने बिसलेरी को बेचने को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में कहा, हां, हम बेच रहे हैं। समूह की कई संभावित खरीदारों से बात चल रही है। 
उनसे जब यह पूछा गया कि क्या वह टाटा समूह की कंपनी को कारोबार बेच रहे हैं, इस पर चौहान ने कहा, यह सही नहीं है... अभी हमारी बात चल रही है। इस बीच टीपीसीएल ने कहा है कि वह दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए उचित घोषणाएं करेगी। बिसलेरी कारोबार को बेचने के पीछे क्या कारण हैं, जब यह पूछा गया तो चौहान ने कहा कि किसी को तो इसे संभालना होगा।  
दरअसल, उनकी बेटी जयंती की दिलचस्पी कारोबार को संभालने में नहीं है। बिसलेरी इंटरनेशनल के प्रवक्ता ने बाद में बयान में कहा, अभी हमारी बात चल रही है, इससे अधिक जानकारी नहीं दी जा सकती है। चौहान ने तीन दशक पहले अपने सॉफ्ट ड्रिंक कारोबार को अमेरिकी पेय पदार्थ कंपनी कोका-कोला को बेच दिया था। उन्होंने थम्स अप, गोल्ड स्पॉट, सिट्रा, माजा और लिम्का जैसे ब्रांड 1993 में कंपनी को बेच दिए थे। 
चौहान 2016 में फिर से सॉफ्ट ड्रिंक के कारोबार में उतरे लेकिन उनके उत्पाद बिसलेरी पॉप को उतनी सफलता नहीं मिली। बिसलेरी और टीसीपीएल के बीच करार हो जाता है तो बोतलबंद पानी के बाजार में वह अग्रणी कंपनी बन जाएगी। टीपीसीएल का बोतलबंद पानी का ब्रांड हिमालयन पहले से बाजार में मौजूद है।

Published / 2022-11-24 12:12:37
महाराष्ट्र : पालघर में आज सुबह आया भूकंप...कोई हताहत नहीं

एबीएन सेंट्रल डेस्क। महाराष्ट्र के पालघर जिले में गुरुवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये। एक अधिकारी ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गयी।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी के मुताबिक, भूकंप के झटके गुरुवार सुबह 4 बजकर 4 मिनट पर महसूस किये गये। इसका केंद्र दहानू से 24 किमी पूर्व में पांच किमी की गहराई पर था। उन्होंने बताया कि भूकंप से जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। नवंबर 2018 से पालघर के दहानू तालुका में भूकंप के कई झटके महसूस किये गये हैं।

Published / 2022-11-24 10:39:34
देश में कोरोना : नये संक्रमितों के मामलों में आयी बड़ी गिरावट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 408 नये मामले सामने आने से देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,46,70,483 पर पहुंच गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 5,881 रह गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार सुबह जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से पांच और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,30,601 हो गई है। इन पांच मरीजों में वे चार लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। एक मरीज की मौत पिछले 24 घंटे में राजस्थान में हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है, जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 फीसदी हो गई है। बीते 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 165 की कमी दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,34,001 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 219.88 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

Published / 2022-11-24 10:00:58
मेघालय : तुरा में 3.4 तीव्रता के भूकंप के झटके

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मेघालय के तुरा से 37 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में भूकंप के झटके आये हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने कहा कि यहां आज सुबह करीब 03:46 बजे 3.4 तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किया गया। भूकंप की गहराई जमीन से पांच किमी नीचे थी।

Published / 2022-11-23 10:42:44
देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले मात्र 360 नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 360 नये मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,70,075 पर पहुंच गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 6,046 रह गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से पांच और मरीजों के जान गंवाने से मृतक संख्या बढ़कर 5,30,596 हो गई है। इन पांच मरीजों में वे चार लोग शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। जबकि, पांचवीं मौत पिछले 24 घंटे में हरियाण में दर्ज की गई।
अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 6,046 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 163 की कमी दर्ज की गयी है। आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.80 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,41,33,433 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

Published / 2022-11-23 10:29:53
अरुणाचल प्रदेश और महाराष्ट्र के नासिक में आज सुबह लगे 3.8 तीव्रता के भूकंप के झटके

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में आज बुधवार की सुबह अरुणाचल प्रदेश के बसर और महाराष्ट्र के नासिक में भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। महाराष्ट्र के नासिक में बुधवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। भूकंप सुबह 4 बजकर 4 मिनट पर आया, भूकंप की तीव्रता 3.6 थी। 

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किमी भीतर था। वहीं अरुणाचल प्रदेश के बसर से 58 किमी उत्तर-पश्चिम-उत्तर में सुबह करीब 07:01 बजे भूकंप के झटके महसूस किये गये। भूकंप की तीव्रता 3.8 थी और भूकंप की गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी। हालांकि अभी तक अरुणाचल प्रदेश और नासिक से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इससे पहले बुधवार को हिमाचल प्रदेश में रात करीब साढ़े नौ बजे भूकंप के झटके महसूस किये गये थे। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप की गहराई जमीन से 5 किमी नीचे थी और तीव्रता 4.1 दर्ज की गयी।

Page 163 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse