एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन का समय बचा है और सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से राज्य में चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुजरात में लगातार बैक-टू- बैक रैलियां कर रहे हैं। पीएम मोदी रविवार को नेत्रंग में एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी जनसभा में कुछ देरी से पहुंचे। मंच पर अपने संबोधन में उन्होंने जब देरी से आने का कारण बताया तो रैली में मौजूद हर शख्स तालियां बजाने लगा।
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां दो मिनट देरी से पहुंचा हूं क्योंकि मैं दो आदिवासी भाइयों अवि और जय से मिलना चाहता था। अवि नौवीं कक्षा का छात्र है जबकि जय छठी कक्षा में है, उनके माता-पिता की 6 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी, तब एक की उम्र 8 साल और दूसरे की उम्र 2 साल थी, दोनों अपने दम पर जी रहे थे।
पीएम ने कहा कि उनकी कहानी वीडियो के जरिए मेरे संज्ञान में आई और मैंने सीआर पाटिल को कुछ करने के लिए बुलाया। मैं दिल्ली में बैठा था, लेकिन उनके लिए व्यवस्था करने में कामयाब रहा, उनके पास अपना घर, पंखा, कंप्यूटर, टीवी, तमाम सुविधाएं हैं। वहीं बच्चों में एक ने कहा कि वह कलेक्टर बनना चाहता है और दूसरा इंजीनियर बनना चाहता है।
गुजरात रैली में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव दुनिया के अमीर देशों की तुलना में गुजरात को किसी भी मामले में पीछे नहीं रखने के लिए है, आपके आशीर्वाद से मैं बड़ा हुआ, इस मिट्टी ने मुझे बड़ा किया है, आप मेरे शिक्षक हैं। अबकी बार भाजपा की पहले से भी ज्यादा सीटें आयेगी, हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भाग्यशाली हैं कि आप आज इतनी बड़ी संख्या में हमारे सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए मैदान में उतरे हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 291 नये मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,71,853 हो गयी है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 5,123 रह गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, केरल द्वारा संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की सूची में दो और मामले जोड़े जाने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 5,30,614 हो गयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 फीसदी हो गयी है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 140 मामलों की कमी दर्ज की गयी है। देश में अभी तक कुल 4,41,36,116 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि कोविड-19 मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 219.90 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण बिल जरूरी है। उन्होंने सीमित संसाधनों का हवाला देते हुए कहा कि भारत में प्रति मिनट 30 बच्चे पैदा हो रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण विधेयक महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमारे पास सीमित संसाधन हैं। चीन ने जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए वन चाइल्ड (एक बच्चे की नीति) लागू की और विकास किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चीन में प्रति मिनट दस बच्चे पैदा होते हैं और भारत में प्रति मिनट तीस बच्चे पैदा होते हैं। हम चीन का कैसे मुकाबला करेंगे? गिरिराज ने कहा कि रिपोर्ट के मुताबिक चीन की जीडीपी 1978 में भारत से कम थी, उसने वन चाइल्ड पॉलिसी अपनाई और करीब साठ करोड़ जनसंख्या को नियंत्रित कर विकास किया। उन्होंने आगे कहा कि विधेयक को उनकी आस्था और धर्म की परवाह किए बिना सभी के लिए लागू किया जाना चाहिए।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने बिहार के सारण जिले के ग्राम मलखाचक में रविवार को स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित किया। डॉ भागवत ने कहा कि भारत का निर्माण विश्व के कल्याण के लिए हुआ है। हमें विश्व शक्ति बनकर दूसरों पर शासन नहीं करना बल्कि लोगों के दिल में उतरकर समग्र संसार का कल्याण करना है।
डॉ भागवत ने कहा कि आजादी की लड़ाई में लड़ने वाले लोगों के जाति, पंथ, भाषा व प्रांत अलग थे लेकिन उनका उद्देश्य एक था। उनकी लड़ाई भारत को आजाद कराने के लिए थी। उन्होंने एक रहकर देश को आजाद कराया। आज हमें उसी सिद्धांत का प्रकटीकरण करना है। आज देश के लिए मरना नहीं है, लेकिन देश के लिए तिल-तिल जीना ही हमारी सोच होनी चाहिए। हम सभी भारत माता के पुत्र हैं, इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
संघ प्रमुख ने कहा कि ग्राम मलखाचक उनके लिए तीर्थाटन है। यह क्षेत्र सत्ता हस्तांतरण का केंद्र रहा है। भारत कभी गुलाम होने वाला नहीं है। देश के लिए सर्वस्व त्याग करने वाली इस भूमि को नमन करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भारत में अभी भी अंग्रेजी शिक्षा व्यवस्था है जो धीरे-धीरे समाप्त हो रही है।
इसके पूर्व, डॉ भागवत ने शहीद श्री नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और पत्रकार रविन्द्र कुमार की पुस्तक आंदोलन की बिखरी कड़ियां का विमोचन किया। कार्यक्रम में सारण सहित राज्य के कई जिलों से आए लगभग 350 स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। मौके पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल, छपरा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी और महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि 5 अगस्त, 2019 को जो कुछ भी भाजपा ने हमसे छीना है, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) उसे सूद समेत वापस लाएगी। कश्मीर को भारत के साथ इसके संविधान ने जोड़ रखा था, लेकिन भाजपा ने इसे नष्ट कर दिया। यह हिंदुस्तान सिर्फ भाजपा का नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती रविवार को पीडीपी के श्रीनगर स्थित मुख्यालय के बाहर पार्क में पीडीपी की युवा इकाई के एक सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। पीडीपी अध्यक्ष मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर मामले को हल करना ही होगा और जब तक इसे हल नहीं किया जाएगा, तब तक आप चाहे जितनी मर्जी फौज कश्मीर में भेजें, यहां कुछ हासिल नहीं होगा। यहां शांति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त, 2019 के बाद आज पहली बार कश्मीर में पीडीपी की युवा इकाई का कोई सार्वजनिक तौर पर सम्मेलन हुआ है। इस सम्मेलन में पीडीपी की युवा इकाई के अध्यक्ष वहीद परा भी मौजूद थे।
महबूबा मुफ्ती ने सम्मेलन में मौजूद पार्टी कार्यकतार्ओं व अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं खुदा को हाजिर मानकर कहती हूं कि 5 अगस्त, 2019 को भाजपा ने हमसे जो छीना है, हम उसे सूद समेत वापस लाएंगे। उन्होंने कहा कि पीडीपी स्व. मुफ्ती मोहम्मद सईद के दिखाए गए रास्ते पर आगे बढ़ रही है । उन्होंने कश्मीर में अमन बहाली और कश्मीर को पूरी तरह सशक्त बनाने का जो मिशन शुरू किया था उसे पूरा किया जायेगा।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यह हिन्दुस्तान सिर्फ भाजपा का नहीं है। इस देश में करोड़ों की संख्या में मुस्लिम व अन्य लोग भी रहते हैं। जम्मू कश्मीर ने महात्मा गांधी, नेहरू, अबुल कलाम आजाद जैसे नेताओं ने हिन्दुस्तान के साथ हाथ मिलाया था, उसके साथ विलय किया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दुनिया बदल रही है, लोगों को बुनियादी सुविधाओं के साथ अब मोबाइल चाहिए। इसलिए केन्द्र सरकार डिजिटल इंडिया के मिशन को लेकर चला है। इसका उद्देश्य सभी को डिजिटल माध्यम में सशक्त बनाना है। भारत में मोबाइल डाटा दुनिया के देशों से सस्ता है। इसके कारण लोगों को बड़ी मात्रा में रोजगार मिल रहे हैं। देश में चार लाख कॉमन सेंटर इसका उदाहरण है।
रविवार को नरेन्द्र मोदी गुजरात विधानसभा चुनाव में भरुच जिले के नेत्रंग में विजय संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि मोबाइल का उपयोग चिकित्सा के क्षेत्र में होने लगा है, लोग मोबाइल के जरिए शहरों के बड़े चिकित्सकों से घर बैठे इलाज करा रहे हैं। मोदी ने कहा कि अब तो 5जी आ गया है। 4जी और 5जी का अंतर एक साइकिल तो दूसरा विमान के समान है। उन्होंने आदिवासी समाज और उनके विस्तार वाले क्षेत्रों में किए गए कामों को भी गिनाया। उन्होंने देश की प्रथम आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए कांग्रेस की आलोचना की।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी का सम्मान नहीं किया, लेकिन उन्होंने आदिवासी समाज के प्रेरणास्रोत गोविंद गुरु आदि के सम्मान के लिए काम किए। बिरसा मुंडा की जयंती पर देश में जनजाति गौरव दिवस के रूप मनाने का निर्णय किया। मोदी ने कहा कि अंग्रेज के जमाने से आदिवासियों को वन में बांस की खेती करने से रोका जाता था। उन्होंने इस कानून को खत्म कराया, जिससे आदिवासी वनों में बांस की खेती कर आय अर्जित करने में सफल हुए हैं।
जनधन के साथ वन धन खाते खुलवाये
मोदी ने कहा कि उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में जनधन के साथ ही वन धन अकाउंट खुलवाये। इससे जंगलें में पैदा होने वाली 90 चीजों को सरकार अधिकतम मूल्य देकर खरीदती है। कांग्रेस के लोग ठेकेदारी करते थे, भाजपा के लोग सेवा करते हैं।
मातृभाषा में डॉक्टर-इंजीनियरिंग की पढ़ाई
भाजपा के संकल्प पत्र पर मोदी ने कहा कि यह व्यापक और सर्वस्पर्शी है, जो गुजरात को विकसित होने की दिशा में आगे लेकर बढ़ता दिखाई दे रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि संकल्प पत्र इतना स्पष्ट है कि इससे भाजपा और भी अधिक मतों से जीतने जा रही है। मोदी ने कहा कि 75 साल तक कांग्रेस को यह नहीं सुझा कि डॉक्टर और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी देश की मातृभाषा में होनी चाहिए। उन्होंने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों को दौड़ाना शुरू किया है, वहीं भ्रष्टाचार को बिल्कुल बंद कराया है।
देश में तीन करोड़ गरीबों को मिले आवास
पीएम आवास योजना का उल्लेख कर प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले सरकार तय करती थी कि लोगों का घर कैसा होना चाहिए, लेकिन अब जिसे घर में रहना है, वह तय करता है कि उसका घर कैसा होगा। मोदी ने बताया कि अब तक देश में इस योजना के तहत 3 करोड़ घर बन गए, जो फुटपाथ और झोपड़ी में रहते थे, उनका घर बना है। उन्होंने कहा कि गुजरात में 10 लाख पक्के मकान बन गया। 7 लाख लोगों ने दिवाली अपने घर में मनाई। आदिवासी पट्टे में 10 हजार घर बन गए।
कोरोना में तीन साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज
कोरोना महामारी पर मोदी ने कहा कि इतने बड़े देश में इतनी बड़ी महामारी आयी। उन्होंने गरीब के घर का चूल्हा नहीं बुझने दिया। कोई बच्चा भूखा नहीं सोए यह चिंता की। तीन साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज पहुंचाया गया। भरुच में साढ़े आठ लोगों के घर में चूल्हा नहीं बुझने दिया। इसके बाद वैक्सीन की व्यवस्था की और लोगों की जिन्दगी बचाई। भाजपा सरकार ने एक साथ पूरे देश में वैक्सीन पहुंचायी।
दिल्ली से की आदिवासी बच्चे की चिंता
सभा में देर से पहुंचने का कारण बताते हुए नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वे नेत्रंग के दो आदिवासी बच्चों से मिलने गए थे। इनमें एक अभि और दूसरा जय है। अभि कक्षा 6 और जय कक्षा 9 में पढ़ता है। दोनों भाइयों के माता-पिता छह साल पहले गुजर गए थे। आज से 6 साल पहले वे 8 और 2 साल के उम्र के थे। उनकी एक वीडियो मैंने देखी। इसके बाद सीआर पाटील को फोन कर इन बच्चों की चिंता करने की कही। उनके लिए घर बनवा दिए, पंखा, कम्प्यूटर आदि सभी सहूलियत दिलाई। आज जब उन बच्चों से मिला तो एक ने कहा कि उसे कलक्टर बनना है तो दूसरे ने कहा कि उसे इंजीनियर बनना है। इन बच्चों के हौसले को देख उन्हें खुशी मिलती है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। फिल्म स्टार सह भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती की कार बांकुड़ा जिले के बिष्णुपुर के केरानीपाड़ा में शनिवार की रात को दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हालांकि मिथुन चक्रवर्ती सुरक्षित हैं। हादसे के वक्त वह कार में थे। सूत्रों के अनुसार बिष्णुपुर से आसनसोल जाते समय भाजपा के बांकुड़ा जिले के पर्यवेक्षक अनुपम मलिक की कार और उसके पीछे एक सुरक्षा गार्ड की कार से मिथुन चक्रवर्ती की कार टकरा गयी।
टक्कर से वाहन के आगे और पीछे के दोनों हिस्से क्षतिग्रस्त हो गये हैं। पिछले चार दिनों से जिलों का दौरा कर रहे मिथुन चक्रवर्ती की आज टीएमसी के हैवीवेट नेता अनुब्रत मंडल के गढ़ बीरभूम में सभा है। एक चश्मदीद ने बताया कि मिथुन चक्रवर्ती के काफिले के सामने लॉरी के आने पर काफिले के वाहन अचानक रूक गये। वे आपस में टकरा गये। उस कार में मिथुन चक्रवर्ती थी, लेकिन उन्हें चोट नहीं लगी है।
बता दें कि अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती पंचायत चुनाव के प्रचार के लिए बंगाल में हैं और वह जिले से जिले की यात्रा कर रहे हैं। वह पुरुलिया, बांकुड़ा समेत कई जिलों में पहले ही बैठकें कर चुके हैं। शनिवार को आसनसोल में बैठक हुई थी।
घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शी रवींद्रनाथ दास ने कहा, मैंने एक काफिले को दूर से जाते देखा। लेकिन, कुछ दूर चलने के बाद काफिला रूक गया। मुझे दूर से गड़बड़ी दिखायी दे रही है। तभी मैं भागा। काफिले की कारों के आपस में टकराने से हादसा हो गया, जो वाहन सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ। उसमें मिथुन चक्रवर्ती थे। टक्कर से उनकी कार का अगला क्षतिग्रस्त हो गया। इस बीच, जब मैं पहुंचा, तो इलाके में पहले से ही भीड़ थी। उनके अंगरक्षक भीड़ को संभालने लगे। मिथुन चक्रवर्ती को चोट नहीं आययी है। वह स्वस्थ हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 343 नये मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,71,562 हो गई है, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 5,263 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में संक्रमण से चार और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 5,30,612 हो गई है। इन चार मरीजों में वे तीन मरीज भी शामिल हैं, जिनका नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन: मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़ा है।
24 घंटे में एक मरीज की मौत महाराष्ट्र में हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 5,263 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है, जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 फीसदी हो गई है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 132 मामलों की कमी दर्ज की गई है।
देश में अभी तक कुल 4,41,35,216 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 219.90 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse