एबीएन सेंट्रल डेस्क। सात दिसंबर से चल रहे संसद के शीतकालीन सत्र का आज 5वां कार्य दिवस है। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे से जारी है। केंद्र सरकार इस सत्र के दौरान कम से कम 16 नए विधेयकों को पारित करने पर विचार कर रही है। समान नागरिक संहिता तैयार करने के लिए एक पैनल बनाने का प्रयास करने वाला एक विवादास्पद प्राइवेट मेंबर बिल शुक्रवार को राज्यसभा में पेश किया गया। वहीं लोकसभा में भारत-चीन सीमा मुद्दे और कर्नाटक-महाराष्ट्र विवाद पर हंगामा भी हुआ।
लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दुख की बात है कि संसद में कुछ लोग देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से जलते हैं। भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है लेकिन विपक्ष को इससे दिक्कत है। भारत के विकास पर सभी को गर्व होना चाहिए लेकिन कुछ लोग इसे मजाक के रूप में लेते हैं।
भारतीय रुपया हर मुद्रा के मुकाबले मजबूत : वित्त मंत्री सीतारमण ने आगे कहा कि भारतीय रुपया हर मुद्रा के मुकाबले मजबूत हुआ है। रिजर्व बैंक ने विदेशी मुद्रा भंडार का उपयोग किया है कि उसे यह सुनिश्चित करने के लिए बाजार में हस्तक्षेप करना है कि डॉलर-रुपये में उतार-चढ़ाव बहुत अधिक न हो।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अहमदाबाद में रोड शो किया। रोड शो के दौरान लोगों ने पीएम मोदी का अभिवादन किया। वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा के भूपेंद्र पटेल का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को है।
पीएम मोदी इस समारोह शिरकत करने के लिए अहमदाबाद पहुंचे हैं। भूपेंद्र पटेल सोमवार को लगातार दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे। समारोह में भाजपा के नेतृत्व वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। पार्टी नेता भूपेंद्र पटेल 20 अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 173 नये मामले सामने आने से देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,74,822 हो गयी, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,913 रह गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, केरल द्वारा संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की सूची में तीन और नाम जोड़े जाने तथा महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में मौत का एक और मामला सामने आने के बाद देश में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 5,30,658 हो गई है।
अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,913 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 134 की कमी दर्ज की गयी है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.80 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 4,41,40,251 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 219.97 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश की समृद्धि से पर्यटन को जोड़ा और कहा कि ताकतवर देशों को दुनिया जानना और समझना चाहती है। उन्होंने कहा की 21वीं सदी का भारत विश्व पटल पर नई छवि बना रहा है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह जरूरी है कि देश में इज ऑफ ट्रैवल को बढ़ाया जाये।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज मोपा (गोवा) में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस एयरपोर्ट का नाम गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पारिकर पर रखा गया है। एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा, एयर कनेक्टिविटी, डिजिटल कनेक्टिविटी, मोबाइल कनेक्टिविटी, रेलवे कनेक्टिविटी और एयर कनेक्टिविटी सभी क्षेत्रों पर एक साथ ध्यान दिया जा रहा है। इसी के चलते देश में पर्यटन क्षेत्र लगातार विस्तार ले रहा है और करोड़ों की संख्या में देश और दुनिया से पर्यटक भ्रमण कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ऐतिहासिक धरोहरों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। देश के तीर्थ और धरोहरों की यात्रा के लिए विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एविएशन बाजार बन गया है। 2014 से पहले हवाई यात्रा को लग्जरी माना गया था। तब की सरकारों ने मध्यमवर्ग और निम्न वर्ग की आकांक्षाओं को समझा नहीं। इसी के चलते पिछली सरकारें एयरपोर्ट के विकास से बचती रहीं।
उन्होंने कहा कि मनोहर एयरपोर्ट की परिकल्पना भी अटल जी की सरकार के दौरान की गई थी। विकास की डबल इंजन सरकार ने सभी प्रक्रियाओं को पूरा कर 6 साल पहले इसकी आधारशिला रखी। आज गोवा में यह दूसरा एयरपोर्ट न केवल पर्यटन बल्कि कार्गो सुविधाओं को भी विस्तार देगा। इसके अलावा गोवा में 2014 के बाद से सड़क संपर्क में 10 हजार करोड़ से अधिक का निवेश हुआ है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश को शॉर्टकट नहीं, बल्कि सतत विकास की आवश्यकता है। पीएम मोदी ने कुछ राजनीतिक दलों पर देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले करदाताओं का धन भ्रष्टाचार एवं वोट बैंक की राजनीति में नष्ट हो जाता था।
प्रधानमंत्री ने यहां 75,000 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले आठ वर्ष में भारत में बुनियादी ढांचे के विकास में मानवीय पहलू शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत सभी राज्यों की एकजुट ताकत एवं प्रगति से एक वास्तविकता बन सकता है। जब विकास के प्रति हमारा दृष्टिकोण संकीर्ण होता है तो अवसर भी सीमित होते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमने पिछले 8 साल में सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास के साथ मानसिकता और दृष्टिकोण को बदला है।
उन्होंने कहा कि नागपुर में शुरू की गई परियोजनाओं ने विकास के समग्र दृष्टिकोण को पेश किया है। प्रधानमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे "शार्टकट" राजनीति करने, करदाताओं का पैसा लूटने और झूठे वादों के जरिए सत्ता हासिल करने वाले नेताओं से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट राजनीति से देश का विकास नहीं हो सकता। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों को ऐसे नेताओं एवं दलों को बेनकाब करना चाहिए। मेरा सभी नेताओं से आग्रह है कि वे शॉर्टकट राजनीति के बजाय सतत विकास पर ध्यान दें। आप सतत विकास के साथ चुनाव जीत सकते हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 249 नये मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,74,439 हो गयी, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 4,228 रह गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से मौत के मामले बढ़कर 5,30,653 हो गये हैं। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया, जबकि संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में छह नाम और जोड़े।
अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 4,228 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 16 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.80 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,41,39,558 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 219.96 खुराक दी जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गयी थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को शुक्रवार को जन्मदिन की बधाई दी। कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी शुक्रवार को 76 साल की हो गईं। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर, 1946 को इटली के वेनेटो में हुआ था। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से विवाह के बाद उन्होंने 1970 में इटली की नागरिकता त्याग कर भारतीय नागरिकता हासिल कर ली थी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को बंपर जीत हासिल हुई है। भाजपा ने 155 से ज्यादा सीटों के साथ बढ़त हासिल की है। गुजरात में भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह इस समारोह में शामिल होंगे। भाजपा 1995 से राज्य में कोई विधानसभा चुनाव नहीं हारी है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भाजपा बहुमत बनाये हुए हैं।
हार्दिक पटेल, पुर्णेश मोदी और कई अन्य चर्चित चेहरे भी आगे हैं। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी खम्भालिया विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। आप सोमनाथ, व्यारा, जामनगर (उत्तर) और कुछ अन्य सीटों पर आगे है। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना राज्य के 37 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में गुरुवार 8 बजे सुबह शुरू हुई।
गुजरात में बहुमत के लिए कुल 182 सीट में से किसी भी पार्टी को 92 का आंकड़ा छूना होगा। चुनाव बाद के सर्वेक्षणों में भाजपा के आसान जीत दर्ज करने और लगातार सातवीं बार राज्य में सरकार बनाने का पूर्वानुमान लगाया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पार्टी के लिए तुरुप का इक्का थे और सत्तारूढ़ दल ने सत्ता विरोधी लहर के मुकाबले के लिए ब्रांड मोदी पर भरोसा किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse