देश

View All
Published / 2025-12-07 21:06:04
यात्रियों को टिकट के पैसे लौटा रहा इंडिगो

610 करोड़ रुपये रिफंड: 6 दिन की अफरा-तफरी के बाद इंडिगो ने यात्रियों को लौटाये पैसे, 3,000 बैग भी किये वापस 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। इंडिगो एयरलाइंस ने 6 दिन तक चली अफरा-तफरी के बाद यात्रियों को बड़ा राहत अपडेट दिया है। एयरलाइन ने पुष्टि की है कि प्रभावित यात्रियों को कुल 610 करोड़ रुपये का रिफंड प्रोसेस कर दिया गया है। 

साथ ही करीब 3,000 गुम हुए बैग भी यात्रियों को वापस सौंप दिये गये हैं। यह कदम उन यात्रियों के लिए बड़ी राहत है, जिन्हें पिछले कुछ दिनों में फ्लाइट कैंसिलेशन और देरी के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।

Published / 2025-12-07 18:46:56
गोवा में झारखंड के तीन युवकों की दम घुटने से मौत

रात के अंधेरे में आग का कहर, झारखंड के तीन युवकों की मौत, दम घुटने से गयी जान 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गोवा के एक नाइट क्लब में शुक्रवार देर रात हुए भीषण आगजनी हादसे में झारखंड के तीन युवकों की मौत हो गयी। इस घटना में कुल 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 

मृतकों में रांची फतेहपुर के दो सगे भाई 24 वर्षीय प्रदीप महतो और 22 वर्षीय विनोद महतो, पिता धनेश्वर महतो, तथा खूंटी जिले के कर्रा, गोविंदपुर निवासी 22 वर्षीय मोहित मुंडा, पिता एतवा मुंडा शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाइट क्लब में अचानक गैस सिलेंडर फटने से आग तेजी से फैल गयी। 

कुछ ही मिनटों में पूरा क्लब धुएं से भर गया और अफरा-तफरी मच गयी। लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन सीमित निकास मार्ग के कारण कई लोग अंदर ही फंस गये। विनोद महतो की मौत दम घुटने से हुई, जबकि प्रदीप और मोहित समेत कई लोग आग की लपटों में झुलस गये। 

हादसे की जानकारी मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया।

Published / 2025-12-06 22:54:58
वैश्विक मंदी में भी ग्रोथ करता है भारत : मोदी

  • जब दुनिया में मंदी की बात होती है तब भारत ग्रोथ की कहानी लिखता है, PM मोदी का विश्व को संदेश

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम में कहा कि भारत आज दुनिया में एक नई पहचान बना रहा है और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय की गुलामी ने भारत के आत्मविश्वास को कमजोर किया था, लेकिन अब देश इस मानसिकता से बाहर निकलकर नये संकल्पों और नई ऊर्जा के साथ प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

भारत गुलामी की मानसिकता से बाहर निकल रहा है : मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोई भी देश आत्मविश्वास के बिना आगे नहीं बढ़ सकता और भारत आज उसी आत्मविश्वास की ताकत पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि गुलामी की मानसिकता भारत के विकसित राष्ट्र बनने की राह में सबसे बड़ी बाधा थी, लेकिन सरकार इस सोच से मुक्त होने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत अब बदलाव की मानसिकता के साथ आगे बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में नया इतिहास लिखा जा रहा है।

स्पेस सेक्टर में सुधार का जिक्र

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने स्पेस सेक्टर में हुए बदलावों का जिक्र किया। हिंदुस्तान टाइम्स समिट में बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले अंतरिक्ष क्षेत्र पूरी तरह सरकारी नियंत्रण में था, लेकिन सरकार ने सुधार करके इसे निजी कंपनियों के लिए खोल दिया। इस फैसले ने अंतरिक्ष अनुसंधान से लेकर सैटेलाइट लॉन्च तक नए अवसरों के द्वार खोले हैं और इसका परिणाम आज साफ दिखाई दे रहा है।

अर्थव्यवस्था पर बोले प्रधानमंत्री

देश की अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में जारी हुए जीडीपी आंकड़े बताते हैं कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूत खिलाड़ी के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरी तिमाही में जीडीपी की वृद्धि दर 8% रही है, जो केवल आंकड़ा नहीं बल्कि भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति का संकेत है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की आर्थिक विकास दर में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब दुनिया मंदी की चर्चा कर रही है, तब भारत विकास की कहानी लिख रहा है। जब दुनिया में भरोसे का संकट है, तब भारत भरोसे का स्तंभ बन रहा है और जब दुनिया विभाजन की ओर बढ़ रही है, तब भारत पुल बनाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल देख रहा देश नहीं, बल्कि दुनिया को दिशा देने वाला राष्ट्र बन चुका है।

बाबा साहेब अंबेडकर को किया याद

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आज बाबा साहेब का महापरिनिर्वाण दिवस है और उनकी सोच और उनके योगदान के बिना भारत का लोकतांत्रिक ढांचा अधूरा होता।

अगले 25 साल होंगे निर्णायक : पीएम मोदी

संदेश के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम उस दौर में खड़े हैं जब 21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा समाप्त हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले 25 साल भारत के लिए निर्णायक होंगे और यह समय है जब भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में सबसे बड़े कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी दिशा स्पष्ट है, हमारी गति निरंतर है और हमारा इरादा-भारत प्रथम है।

Published / 2025-12-05 19:53:12
इन दिनों तकनीकी रूप से संप्रभु बन रहा भारत : पुतिन

  • भारत तकनीकी रूप से संप्रभु बन रहा है : ब्लादिमीर पुतिन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आगे कहा, मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु नीति का पालन कर रहा है और साथ ही बहुत अच्छे परिणाम भी प्राप्त कर रहा है। आज, भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।

प्रधानमंत्री मोदी की मजबूत आर्थिक नीति और मेक इन इंडिया कार्यक्रम जैसी ऐतिहासिक पहल की बदौलत भारत तकनीकी रूप से संप्रभु बन रहा है। भारत का आईटी और फार्मास्युटिकल क्षेत्र दुनिया में अग्रणी स्थान रखता है।

व्लादिमीर पुतिन ने कहा, मैं रूस और भारत के बीच बहुआयामी आर्थिक संबंधों को गहरा करने पर विशेष ध्यान दे रहा हूं। आज की बैठकों के बाद, हमने भारत-रूस आर्थिक सहयोग विकसित करने के लिए एक दस्तावेज को अपनाया। 

रूसी व्यवसाय भारत से वस्तुओं और सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला में खरीदारी बढ़ाने के लिए तैयार हैं। मैं व्यवसायों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि रूस सभी पहलों का समर्थन करेगा।

Published / 2025-12-05 16:25:18
भारत-रूस की मित्रता ध्रुव तारे की तरह : मोदी

  • छात्रों, खिलाड़ियों का आदान-प्रदान बढ़ाएंगे भारत-रूस
  • नये मार्गों पर बढ़ेगा सहयोग, PM मोदी का एलान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली के हैदराबाद हाउस में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज भारत-रूस के 23वें शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। 

उनकी यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब हमारे द्विपक्षीय संबंध कई अहम पड़ावों से गुजर रहे हैं। 25 वर्ष पहले राष्ट्रपति पुतिन ने हमारी सामरिक भागीदारी की नींव रखी थी। उन्होंने इन संबंधों से निरंतर सींचा है। उनके नेतृत्व ने हर परिस्थिति में आपसी संबंधों को नई ऊंचाई दी है। भारत के प्रति गहरी मित्रता और अटूट प्रतिबद्धता के लिए मैं राष्ट्रपति पुतिन का आभार प्रकट करता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत-रूस की मित्रता ध्रुव तारे की तरह बनी रही। हम समय की कसौटी पर हमेशा खरे उतरे हैं। आज हमने इस नींव को और मजबूत करने के लिए सहयोग के सभी पहलुओं पर चर्चा की है। आज हमने 2030 तक के लिए एक आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर सहमति बनायी है। 

इससे हमारा व्यापार और निवेश संतुलित और टिकाऊ बढ़ेगा तथा सहयोग के क्षेत्र में नए आयाम जुड़ेंगे। भारत-रूस व्यापारिक मंच में भी हमें शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह हमारे कारोबारी रिश्तों को नई ताकत देगा। इससे निर्यात, सह-निर्माण और सह-नवाचार के नए दरवाजे भी खुलेंगे।

Published / 2025-12-05 11:48:44
पीएम मोदी ने पुतिन को भेंट की रूसी भाषा में लिखी गीता

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में लिखी भगवद्गीता की प्रति भेंट की। यह भेंट दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान हुई, जिसने भारत-रूस संबंधों में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का नया आयाम जोड़ दिया। 

पीएम मोदी ने कहा कि गीता का ज्ञान और संदेश दुनिया भर में करोड़ों लोगों को प्रेरणा देता है और इसकी शिक्षाएं हर युग में मानवता को सही दिशा दिखाती हैं।

Published / 2025-12-04 22:46:35
भारत के सबसे भरोसेमंद दोस्त रूस के राष्ट्रपति पुतिन का जोरदार स्वागत

  • रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का औपचारिक स्वागत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत किया गया है। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति पुतिन से केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह समेत तमाम रूसी सैन्य अधिकारियों ने मुलाकात की है।  इस दौरान उनके स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये गये।

प्रधानमंत्री आवास में राष्ट्रपति पुतिन का पीएम ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास सात लोक कल्याण मार्ग पहुंच गए हैं। पीएम मोदी ने वहां राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत किया है। रूसी राष्ट्रपति भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। वे 5 दिसंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है : पीएम मोदी

रूसी राष्ट्रपति का स्वागत करने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा- मुझे अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का दिल्ली में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। मैं आज शाम और कल हमारी बैठकों को लेकर आशान्वित हूं। भारत और रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर खरी उतरी है; इससे हमारे लोगों को अपार लाभ हुआ है।

Published / 2025-12-04 22:43:56
जानें पीएम मोदी के खास दोस्त पुतिन के स्वागत में जुटी खास कार की खासियत

  • कौन सी थी वो कार जिसमें राष्ट्रपति पुतिन को बैठाकर ले गए पीएम मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी दो दिवसीय महत्वपूर्ण भारत यात्रा को लेकर राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं। भारत और रूस के बीच गहरे संबंधों को दर्शाते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं पालम एयरपोर्ट पर पहुंचकर अपने खास दोस्त पुतिन का गर्मजोशी से व्यक्तिगत स्वागत किया।

इसके बाद पीएम मोदी टोयोटा फॉर्च्यूनर में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपने साथ बैठाकर एयरपोर्ट से बाहर निकले। कड़ी सुरक्षा के बीच रेड कारपेट पर पुतिन आए तो अपने दोस्त पीएम मोदी को देखते ही पहले हाथ मिलाया और फिर गले लग गए। के ये दो शक्तिशाली देशों की ऐसी जुगलबंदी थी कि दुनिया में सिहरन फैलाने के लिए काफी थी। 

गर्मजोशी से भरी इस मुलाकात के बाद, दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर एयरपोर्ट से आगे के लिए रवाना हुए। पीएम मोदी से मिलने के बाद पुतिन ने भारतीय अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद पुतिन के स्वागत में एयरपोर्ट पर ही नृत्य संगीत का कार्यक्रम हुआ, जिसे देख पुतीन मुस्कुराए और फिर दोनों एक ही गाड़ी में चल दिए।

Page 14 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse