देश

View All
Published / 2021-06-21 14:58:46
कोरोना : लगातार दूसरे साल अमरनाथ यात्रा रद, केवल आनलाइन दर्शन

एबीएन डेस्क, रांची। इस साल पवित्र अमरनाथ यात्रा नहीं होगी। कोरोना की वजह से इसे रद्द कर दिया गया है। यह यात्रा 28 जून से शुरू होकर 22 अगस्त तक चलनी थी। कोरोना के हालात सामान्य होने पर श्राइन बोर्ड ने इसकी तारीखें तय की थीं। 1 अप्रैल से यात्रा के लिए एडवांस रजिस्ट्रेशन भी किए जा रहे थे। इसके बाद देश में संक्रमण की दूसरी लहर आ गई। हालांकि, श्रद्धालु बाबा बफार्नी के आनलाइन दर्शन कर पाएंगे। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि कोरोना को देखते हुए इस साल अमरनाथ यात्रा रद्द करने का फैसला लिया गया है। कोरोना की वजह से 2020 में भी यह यात्रा रद्द कर दी गई थी। इसके अलावा 2019 में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 के हटने के बाद सुरक्षा कारणों की वजह से यात्रा को बीच में ही रोक दिया गया था। इस कारण कई श्रद्धालु बाबा बफार्नी के दर्शन नहीं कर सके थे। अमरनाथ की यात्रा सबसे कठिन तीर्थ यात्राओं में से एक है। कश्मीर के बालटाल और पहलगाम से यह यात्रा शुरू होती है। ये तीर्थ अनंतनाग जिले में स्थित है। अमरनाथ की गुफा में बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग बनता है। यहां पहुंचने का रास्ता चुनौतियों से भरा है। प्रतिकूल मौसम, लैंडस्लाइड, आक्सीजन की कमी जैसी समस्याओं के बावजूद लाखों भक्त यहां पहुंचते हैं। शिवजी के इस तीर्थ का इतिहास हजारों साल पुराना है। यहां स्थित शिवलिंग पर लगातार बर्फ की बूंदें टपकती रहती हैं, जिससे 10-12 फीट ऊंचा शिवलिंग निर्मित होता है। गुफा में शिवलिंग के साथ ही श्रीगणेश, पार्वती और भैरव के हिमखंड भी निर्मित होते हैं।

Published / 2021-06-20 17:05:39
असम : आतंकियों संग पुलिस की भीषण मुठभेड़, दो आतंकी ढेर

एबीएन डेस्क, रांची। असम में रविवार को एक बार फिर असम के कार्बी आंगलोंग जिले में UPRF के आतंकियों संग पुलिस की भीषण मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। असम में यूनाइटेड पीपुल्स रिवॉल्यूशनरी फ्रंट (UPRF) की गैरकानूनी गतिविधियां लगातार जारी हैं और उनका पुलिस संग मुठभेड़ का सिलसिला भी नहीं थमा है। बताया गया है कि रुक -रुक कर अभी भी गोलीबारी हो रही है। ऐसे में पूरे इलाके में पुलिस अब भी सक्रिय है और ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस की तरफ से ट्वीट कर इस बात का जानकारी में लिखा है- असम पुलिस ने दो UPRF के आतंकियों को ढेर कर दिया है। उनके पास से दो एके 47 रायफल भी बरामद की गई है। इलाके में अभी भी रुक रुक कर फायरिंग हो रही है।

Published / 2021-06-19 14:43:14
...कोरोना से लड़ते-लड़ते अनंत यात्रा पर ‘भाग गये’ उड़न सिख मिल्खा

एबीएन डेस्क, रांची। पाकिस्तान के गोविंदपुरा में जन्मे उड़न सिख मिल्खा सिंह शनिवार को अपनी अनंत यात्रा पर रवाना हो गये। जीवन में हर कठिनाई को पार कर मिल्खा सिंह ने वो पहचान बनाई कि दुनिया उनकी मुरीद बन गयी। कोरोना जैसी नामुराद बीमारी ने उनका जीवन बेशक छीन लिया, लेकिन वे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। चंडीगढ़ में शनिवार शाम जब उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई तो पूरा चंडीगढ़ अपने हीरो को सलामी देने उमड़ पड़ा। शाम लगभग साढ़े पांच बजे पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह की फोटो को सीने से लगाकर मिल्खा सिंह पंचतत्व में विलीन हो गये। इससे पहले केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू और पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक वीके सिंह बदनौर सेक्टर 25 के श्मशान घाट पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। मिल्खा सिंह के अंतिम दर्शन करने पहुंचे पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह सेक्टर-8 स्थित मिल्खा सिंह के आवास पर करीब 5 मिनट बैठे। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने एक दिन के राजकीय शोक और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पटियाला में मिल्खा सिंह के नाम पर एक चेयर स्थापित करने का एलान किया। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता महान धावक मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके निवास स्थल पर पहुंचे थे। शाम चार बजे मिल्खा सिंह के पार्थिव शरीर को फूलों से सजी गाड़ी में रखा गया था। इससे पहले पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल अपने परिवार के साथ मिल्खा सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह पूरे पंजाब और देश के लिए दुख की घड़ी है। बादल ने कहा कि वह यही कामना करते हैं कि देश की हर मां मिल्खा सिंह जैसे पुत्र को जन्म दे।

Published / 2021-06-18 15:50:24
प. बंगाल : भू-स्खलन में झारखंड के 2 श्रमिकों की मौत, 5 घायल

सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल में जारी बारिश के दौरान कलिम्पोंग से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित भालूखोला में हुए भू-स्खलन में एक रेल परियोजना में काम कर रहे 2 श्रमिकों की मौत हो गयी। 5 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक दोनों मजदूर झारखंड के रहने वाले थे। सभी श्रमिक झारखंड और बिहार के रहने वाले थे। बंगाल को सिक्किम से जोड़ने वाली परियोजना में काम के दौरान गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे उत्तर बंगाल में यह हादसा हुआ। पिछले कुछ दिनों से सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल की पहाड़ियों पर लगातार बारिश हो रही है। मानसून के दौरान हो रही बारिश में भी इस परियोजना पर जोर-शोर से काम चल रहा था। इसी दौरान गुरुवार रात रंगपा और मल्ली के बीच टनल नंबर 10 में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। तभी अचानक भू-स्खलन हो गया। 7 लोग मलबा में दब गये। घटना के बाद तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। एक बड़ी चट्टान के नीचे दबने से दो श्रमिकों की मौत हो गयी, जबकि 5 लोगों को बचा लिया गया। इनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। घायलों को इलाज के लिए सिलीगुड़ी लाया गया है। फिलहाल अब काम बंद है। रेलवे ने घटना पर खेद जताया है। झारखंड के सुफल हेम्ब्रम, सुकेश्वर सिंह, ठाकुर दास, अशोक सिंह और बिहार के छपरा जिला के कुंदन सिंह हादसे में घायल हो गये। सुफल हेम्ब्रम और ठाकुर दास को एनबीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पश्चिम बंगाल के सेवक से सिक्किम में रंगपो तक नयी रेलवे लाइन हिमालयी राज्य को देश के रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी। दूसरी ओर, राज्य के पूर्व मंत्री व सिलीगुड़ी नगर निगम के प्रशासनिक बोर्ड के चेयरमैन गौतम देव ने घटना पर खेद जताते हुए कहा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेल मंत्री रहने के दौरान इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी थी। श्री देव ने इस प्रोजेक्ट को महत्वाकांक्षी परियोजना बताते हुए कहा कि इसके पूरा होने से बंगाल व सिक्किम समेत पूरे देश को लाभ होगा।

Published / 2021-06-06 10:40:43
AIIMS में बच्चों पर जारी है कोवैक्सीन का ट्रायल

एबीएन डेस्क। कोरोना की दूसरी लहर के बाद इसकी तीसरी लहर के आने की भी आशंका जताई गई है और अगर ऐसा होता है तो यह सबसे ज्यादा बच्चों को प्रभावित करेगी। इसी बात पर ध्यान देते हुए पटना के एम्स अस्पताल में बच्चों पर कोवैक्सीन का ट्रायल चल रहा है। पटना के एम्स में सात और बच्चों को कोवैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। इससे पहले 3 जून को तीन बच्चों को पहली डोज़ दी गई थी। कोवैक्सीन की पहली डोज इन 7 बच्चों को देने के साथ ही अब पटना में कुल 10 बच्चों को वैक्सीन की पहला डोज़ दी जा चुकी है। इन सभी बच्चों को वैक्सीन की अगली डोज 28 दिनों के बाद लगाई जाएगी। पटना एम्स की मानें तो उनका टारगेट है कि कुल सौ बच्चों के ऊपर कोवैक्सीन का ट्रायल किया जाए।

Published / 2021-06-05 14:19:35
केरल से आगे बढ़ा मानसून, अगले 48 घंटों में इन राज्यों में हो सकती है बारिश

एबीएन डेस्क। दक्षिण पश्चिम मानसून अरब सागर के मध्य हिस्सों, पूरे तटीय कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तर सुदूर कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों, तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों, मध्य बंगाल की खाड़ी के और इलाकों तथा पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों की ओर अग्रसर है। महाराष्ट्र, कर्नाटक समेत पूर्वोत्तर में बारिश की संभावना भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान मानसून के मध्य अरब सागर के और इलाकों, महाराष्ट्र के और इलाकों, कर्नाटक के बाकी हिस्सों, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, मध्य एवं पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तथा पूर्वोत्तर भारत की ओर आगे बढ़ने का अनुमान है। विभाग की ओर से बयान मुताबिक निचले स्तर की दक्षिण-पश्चिमी हवाओं में मजबूती के कारण, अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में पांच, छह और आठ जून को, असम और मेघालय में पांच से नौ जून तक तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर पांच से सात जून के बीच भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में भी हो सकती है बारिश दक्षिण महाराष्ट्र से दक्षिण केरल तट तक समुद्र तट पर हवा का कम दबाव होने और निचले क्षोभमंडल स्तरों में पश्चिमी हवा के मजबूत होने के कारण अगले 24 घंटों के दौरान केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। राष्ट्रीय मौसम ब्यूरो ने यह भी बताया कि एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और उससे सटे हरियाणा के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित है, जिसकी धुरी के साथ 5.8 किमी की ऊंचाई पर कम दवाब का क्षेत्र बन रहा है। जो समुद्र तल से 72 डिग्री पूर्वी अक्षांश और 26 डिग्री उत्तरी देशांतर में स्थित था। इसके अलावा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा और इससे सटे उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर बना रहा है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं के साथ अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं, साथ ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आठ और नौ जून को 25-35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Published / 2021-06-02 16:56:00
मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में लड़कियों के लिए 33 % सीटें होंगी रिजर्व

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेटियों के लिए स्पेशल तोहफे का एलान किया है। अब सरकारी नौकरी में आरक्षण की तर्ज पर मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन में भी लड़कियों को 33 परसेंट आरक्षण होगा। सीएम ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर यह एलान किया। प्रस्तावित विधेयक के प्रस्तुतिकरण बैठक में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से अभियंत्रण विश्वविद्यालय और चिकित्सा विश्वविद्यालय स्थापित करने के संबंध में प्रस्तावित विधेयक का प्रस्तुतिकरण दिया गया। विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘द बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी एक्ट-2021’ और पावर एंड फंक्शन ऑफ़ यूनिवर्सिटीज, जुरिडिक्शन एवं अन्य प्रॉविजन’ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

Published / 2021-05-28 16:01:38
ओडिशा, बंगाल और झारखंड के लिए 1000 करोड़ की मदद का एलान

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि पीएम मोदी ने चक्रवात से प्रभावित लोगों के साथ पूरी एकजुटता व्यक्त की और आपदा के दौरान अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति दुख जताया। पीएम ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और गंभीर घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का एलान किया। पीएमओ ने कहा कि केंद्र सरकार चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी दल तैनात करेगी जो राज्यों का दौरा करेगा। इसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री ने ओडिशा, बंगाल और झारखंड को आश्वस्त किया है कि इस संकट के समय में केंद्र उनके साथ है। पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने तत्काल राहत गतिविधियों के लिए एक हजार करोड़ रुपये की वित्तीय मदद का एलान किया है। इसमें से ओडिशा को 500 करोड़ रुपये तुरंत दिए जाएंगे। इसके अलावा बाकी 500 करोड़ रुपये पश्चिम बंगाल और झारखंड को वहां तूफान की वजह से हुए नुकसान के आधार पर दिए जाएंगे। सुवेंदु अधिकारी के नाम पर भड़कीं ममता बनर्जी वहीं, इस बैठक में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को भी आमंत्रण दिया गया तो बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भड़क गईं। सूत्रों के अनुसार बैठक में बनर्जी और राज्य के मुख्य सचिव 30 मिनट लेट पहुंचे। सीएम ने वहां पहुंचते ही यास से हुए नुकसान को लेकर कुछ कागजात सौंपे और कहा कि दूसरी बैठकें चल रही हैं, मुझे वहां जाना है।

Page 321 of 329

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse