नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाक प्रशिक्षित दो आतंकवादियों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यह जानकारी दी। स्पेशल सेल ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों के पास से हथियार एवं विस्फोटक बरामद हुए हैं। दिल्ली पुलिस के उपायुक्त प्रमोद कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कई राज्यों में पुलिस का ऑपरेशन चला है, जिसके बाद इस आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली, यूपी और राजस्थान से इन छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के विशेष आयुक्त नीरज ठाकुर ने बताया कि कुल छह लोग गिरफ्तार हुए हैं। इनमें से दो लोग अभी पाकिस्तान में ट्रेनिंग लेकर लौटे हैं। खुफिया विभाग की तरफ से इनपुट मिला था कि आतंकी अलग-अलग राज्यों में छिपे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह इस ऑपरेशन के तहत कई राज्यों में छापा मारा। सबसे पहले समीर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दिल्ली से दो आतंकी गिरफ्तार हुए और यूपी एटीएस की मदद से तीन लोग यूपी से गिरफ्तार हुए दो आरोपी पाकिस्तान गए थे, जहां उन्हें फायरिंग करने और विस्फोटक बनाने का प्रशिक्षण मिला। इनके साथ दर्जन भर बांग्लादेशी लोग भी प्रशिक्षण के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि बॉर्डर पार से दो अलग-अलग टीम बनाई गई थी। पहली टीम को दाऊद इब्राहिम का भाई अनीस इब्राहिम ऑपरेट कर रहा था। वह इस ऑपरेशन के लिए फंड मुहैया करवा रहे थे। दूसरी टीम का काम मेजर सिटी की जगह को चिन्हित करना था, जहां विस्फोट किया जा सके। इनमें नवरात्र एवं दीवाली के आसपास ब्लास्ट करने की साजिश थी। पाकिस्तान में मिले प्रशिक्षण को लेकर अहम जानकारी दी है जिसके बारे में केंद्रीय एजेंसी को अवगत करवाया गया है। विस्फोटक को भीड़ वाली जगह पर किया जाना था जबकि हथियार से कई बड़े लोगों की हत्या करने की साजिश थी। दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र आदि जगह पर ब्लास्ट करने की साजिश थी।
अमरावती। महाराष्ट्र के वर्धा नदी में नाव के पलटने से 11 लोगों की डूबने की सूचना है। खबर के मुताबिक 3 शव बरामद किए जा चुके हैं। बाकी अन्य 8 लोगों की तलाश जारी है।
एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 एवं 25 सितंबर को अमेरिका की यात्रा पर जाएंगे, जिसमें वह अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेताओं के साथ चतुष्कोणीय (quad) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के साथ ही संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक अधिवेशन को भी संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार की सुबह जानकारी दी कि पीएम मोदी 24 सितंबर को वाशिंगटन में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन, जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और अमेरिका के राष्ट्रपति जोसेफ आर बिडेन के साथ चतुष्कोणीय ढांचे (क्वाडिर्लेटेरेल फ्रेमवर्क) के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में 12 मार्च को वर्चुअल प्रकार से हुई क्वाड शिखर बैठक के बाद प्रगति की समीक्षा की जाएगी और समान हितों के क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार इस बैठक में कोरोना को नियंत्रित करने के प्रयासों और क्वाड टीकाकरण पहल की समीक्षा की जाएगी। क्वाड नेता स्वतंत्र, मुक्त एवं समावेशी हिन्द प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए अपने समान दृष्टिकोण पर विचार मंथन करेंगे। इसके अलावा महत्वपूर्ण एवं नयी उभरती प्रौद्योगिकी, कनेक्टिविटी एवं अवसंरचना, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा, मानवीय सहायता, आपदा राहत, जलवायु परिवर्तन एवं शिक्षा जैसे समसामयिक वैश्विक मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें अधिवेशन को संबोधित करेंगे। इस वर्ष महासभा में आम चर्चा की थीम कोविड महामारी से उबरने की आशा के साथ एक लचीले प्रतिरोध का निर्माण, सतत पुनर्निर्माण, पृथ्वी की जरूरतों का ख्याल रखना, लोगों के अधिकारों का सम्मान करना और संयुक्त राष्ट्र को पुनर्जीवित करना है।
अहमदाबाद। भूपेंद्र पटेल गुजरात के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए हैं। प्रदेश भाजपा मुख्यालय कमलम में अपराह्न तीन बजे हुई भाजपा विधायकों की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस बात की घोषणा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने की। फिलहाल भूपेंद्र पटेल राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे है, जहां वह सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। खबरों के मुताबिक, विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भूपेंद्र पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर मुहर लगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव ने कहा, हम शाम 6 बजे राजभवन जाएंगे। गुजरात के नए सीएम की नियुक्ति के संबंध में हम राज्यपाल से मिलेंगे। पटेल के विधायक दल का नेता चुने जाने पर गृहमंत्री अमित शाह ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, भूपेंद्र पटेल को पटेल विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन व आपके नेतृत्व में प्रदेश की अनवरत विकास यात्रा को नई ऊर्जा व गति मिलेगी और गुजरात सुशासन व जनकल्याण में निरंतर अग्रणी बना रहेगा। पटेल के सीएम चुने जाने के बाद विजय रुपाणी में मीडिया से बात करते हुए कहा है कि भूपेंद्र पटेल सक्षम हैं। हमें विश्वास है कि भाजपा उनके नेतृत्व में राज्य में आगामी चुनाव जीतेगी। वहीं भाजपा प्रवक्ता यमल व्यास का कहना है कि पटेल आगामी चुनाव में संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे और पार्टी को आगे ले जाएंगे। भूपेंद्र पटेल घाटलोदिया विधानसभा सीट से विधायक हैं। पटेल अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके अलावा वह अहमदाबाद म्यूनसिपल कार्पोरेशन के चेयरमैन भी रह चुके हैं। घाटलोडिया सीट से आनंदीबेन पटेल विधानसभा चुनाव लड़ती रही हैं। भूपेंद्र पटेल को आनंदी बेन पटेल का समर्थक माना जाता है। आनंदी बेन अभी यूपी की राज्यपाल हैं। पटेल अहमदाबाद के शिलाज इलाके में रहते हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। पटेल समुदाय में भी इनकी अच्छी पकड़ है। वहीं 2017 के चुनाव में अच्छे वोटों से जीत दर्ज की थी। विधानसभा चुनाव में भूपेंद्र पटेल 1 लाख 17 हजार वोटों से जीते थे। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर और जोशी को नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। वे आज सुबह गुजरात पहुंचे और राज्य भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल और पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ कई बैठकें कीं। उनका नाम कई अन्य लोगों में सबसे आगे था। गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और राज्य के कृषि मंत्री आर सी फालदू, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और मनसुख मंडाविया सभी पटेल समुदाय से हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शनिवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। अगले साल 2022 में गुजरात समेत यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर बीजेपी अभी से अपनी रणनीति तैयार करने में लगी हुई है। रूपाणी ने विधानसभा चुनावों से 15 महीने पहले इस्तीफा दिया है। विधानसभा की 182 सीटों के लिए चुनाव दिसंबर 2022 में होने हैं। रूपाणी (65) कोरोना वायरस महामारी के दौरान भाजपा शासित राज्यों में पद छोड़ने वाले चौथे मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने दिसंबर 2017 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
एबीएन डेस्क। शनिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी का आभार व्यक्त करता हूं। विजय रुपाणी ने शनिवार को ही राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी राज्यपाल के पास गए थे। गुजरात में अगले साल दिसंबर 2022 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसके पहले विजय रुपाणी का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया जाना काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, अब नए नेतृत्व के साथ बीजेपी गुजरात में अगला चुनाव लड़ने जा रही है। पिछले कुछ महीनों से आम आदमी पार्टी भी राज्य में बीजेपी को कड़ी टक्कर दे रही है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर समेत कई मुद्दों को पार्टी ने जोर-शोर से उठाते हुए रुपाणी सरकार को घेरा है, जबकि कांग्रेस ने भी पिछले गुजरात चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बाद से ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी लगातार गुजरात में सक्रिय होकर मुद्दों को उठाते रहे हैं। विजय रुपाणी के बाद नया सीएम कौन बनेगा, इसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। बता दें कि कुछ सालों को छोड़कर साल 1995 से ही गुजरात में ज्यादतर बीजेपी की सरकार रही है।
एबीएन डेस्क। केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने राजस्थान के बाड़मेर के गंधव-बाखासर खंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-925 पर बने इमरजेंसी लैंडिंग फील्ड (ईएलएफ) का उद्घाटन किया। भारतीय वायुसेना के एक विमान में दोनो मंत्रियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर कृत्रिम आपातकालीन लैंडिग की। एनएच-925 भारत का पहला राष्ट्रीय राजमार्ग है जिसका इस्तेमाल वायुसेना के विमानों को आपात स्थिति में उतारने के लिए किया जाएगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने भारतीय वायु सेना के लिए आपातकालीन स्थिति में विमान उतारने के वास्ते एनएच-925ए के सट्टा-गंधव खंड के तीन किलोमीटर के हिस्से पर इस आपातकालीन पट्टी का निर्माण किया है। अक्टूबर 2017 में, भारतीय वायुसेना के लड़ाकू एवं परिवहन विमानों ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मॉक लैंडिंग की थी ताकि यह दिखाया जा सके कि ऐसे राजमार्गों का उपयोग वायुसेना के विमानों द्वारा आपात स्थिति में उतरने के लिए किया जा सकता है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे, जोकि एक राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं है, उत्तर प्रदेश सरकार के तहत आता है। यह पट्टी भारतमाला परियोजना के तहत गगरिया-बखासर और सट्टा-गंधव खंड के नव विकसित टू-लेन पेव्ड शोल्डर का हिस्सा है, जिसकी कुल लंबाई 196.97 किलोमीटर है और इसकी लागत 765.52 करोड़ रुपये है। पेव्ड शोल्डर उस भाग को कहा जाता है, जो राजमार्ग के उस हिस्से के पास हो जहां से वाहन नियमित रूप से गुजरते हैं । यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बाड़मेर और जालौर जिलों के गांवों के बीच सम्पर्क में सुधार करेगी। इसके पश्चिमी सीमा क्षेत्र में स्थित होने से भारतीय सेना को निगरानी करने में मदद के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी। ऐसा पहली बार हुआ कि भारतीय वायु सेना (आईएएफ) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग का इस्तेमाल आपात स्थिति में विमान उतारने के लिए किया जाएगा
एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री मोदी आज टोक्यो पैरालंपिक में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने पीएम मोदी से पैरालंपिक के अनुभव भी साझा किए। हाल ही में संपन्न हुए इऩ खेलों में भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने कमाल करते हुए 19 पदक जीते जिनमें पांच स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। पैरालंपिक खेलों में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हैं। पीएम ने इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से अपने आवास पर मुलाकात की थी। टोक्यो पैरालंपिक में जिन खिलाड़ियों ने पदक जीते उनमें अवनि लेखरा, सिंहराज अडाना, सुमित अंतिल, मनीष नरवाल, प्रमोद भगत, कृष्णा नागर, भाविना पटेल, निषाद कुमार देवेंद्र झाझरिया, योगेश कथुनिया, मरियप्पन थंगवेलु, प्रवीण कुमार, सुहास यतिराज, सुंदर सिंह गुर्जर, शरद कुमार, हरविंदर सिंह और मनोज सरकार शामिल हैं। भारत की तरफ से टोक्यो पैरालंपिक में 54 सदस्यीय दल ने भाग लिया जिसने 9 स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश की।
गुवाहाटी। ब्रह्मपुत्र नदी में बुधवार को दो मशीन बोट आपस में टकरा गईं। घटना में बोट पर सवार कई यात्री लापता हो गए हैं। घटना उस समय हुई, जब माजुली से जोरहाट के निमाटीघाट जा रही एक बोट, निमाटीघाट से माजुली आ रही दूसरी बोट से टकरा गई। हादसे के बाद पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, असम में नाव दुर्घटना से दुखी हूं। यात्रियों को बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मैं सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं। वहीं केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने हादसे को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए अपने मंत्रालय को बचाव अभियान में हर संभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने अमस के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा से बात की और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। इससे पहले जोरहाट के एडिशनल डीसी दामोदर बर्मन ने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी में जो नाव दुर्घटना हुई है उसमें 40 लोगों को बचा लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। नदी के किनारे के मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों मशीन बोट में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित 100 से अधिक यात्री सवार थे। मशीन बोट में यात्रियों के अलावा कुछ चार पहिया और दो पहिया वाहन भी सवार थे। अंतर्देशीय जल परिवहन अधिकारी के पास लापता यात्रियों के बारे में कोई आंकड़ा मौजूद नहीं है। उन्होंने केवल इतना कहा कि घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने नदी में गिरे लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse