एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अक्टूबर को स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 की शुरुआत करेंगे। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी के अनुसार स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 अपशिष्ट और अवजल प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करेगा। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद (एनएआरईडीसीओ) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 प्रेरक होगा और देश में बदलाव लाएगा। मिश्रा ने कहा, दो बड़े कार्यक्रमों की शुरुआत होने वाली है। प्रधानमंत्री एक अक्टूबर को स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 की शुरुआत करेंगे। इस मिशन के क्रियान्वयन से पिछले सात वर्षों में शहरों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। एक अन्य अभियान अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) के बारे में मिश्रा ने कहा कि इसका उद्देश्य हर घर में पानी की आपूर्ति करना है। मिश्रा ने बताया कि शहरों में पानी सुरक्षित बनाने के लिए इस मिशन का विस्तार किया जाएगा। जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 को भी प्रधानमंत्री एक अक्टूबर को शुरू करेंगे। मिश्रा ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में पिछले सात वर्षों में मंत्रालय की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए पांच अक्टूबर को दिल्ली में एक कार्यक्रम आजादी का अमृत महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
एबीएन डेस्क। भारत में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच बुधवार को बड़ी राहत की खबर आई है। दरअसल, 186 दिनों बाद आज देश में सक्रिय मरीजों की संख्या सबसे कम आई है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 26,964 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 383 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 34,167 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं। जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या कम होकर आज 3,01,989 पहुंच गई जो कि 186 दिनों में सबसे कम है। देश में कुल मृतकों की संख्या की बात करें तो यह 4,45,768 हो गई है और अब तक कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या 3,27,83,741 हो गई है। मंगलवार को आए थे 26,115 तो सोमवार को 30,256 नए मामले : स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार को देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 26,115 नए मामले सामने आए थे जबकि 252 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, 34,469 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट गए थे। वहीं सोमवार की बात करें तो पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 30,256 नए मामले सामने आए थे जबकि 295 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, 43,938 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट गए थे। जबकि कल एक्टिव मरीजों की संख्या 3,18,181 थी। स्वस्थ होने की दर 97.77 फीसदी: स्वास्थ्य मंत्रालय : स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामले कुल संक्रमितों की संख्या का 0.90 फीसदी है, जो कि मार्च 2020 के बाद सबसे कम है। आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे की अवधि में सक्रिय मरीजों की संख्या में 7,586 की कमी दर्ज की गई है। जबकि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 97.77 फीसदी दर्ज की गई है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 82 करोड़ के पार : भारत में कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन अभियान लगातार जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 82,65,15,754 हो गया है। केरल में 15 हजार से अधिक कोरोना के मामले आए : केरल में कोरोना सक्रमण से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। इस बीच मंगलवार को राज्य में पिछले 24 घंटे में 15,768 नए मामले दर्ज किए गए जबकि इस खतरनाक बीमारी से 214 लोगों की जान गई। जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 45 लाख 39 हजार 953 और मृतकों की संख्या बढ़कर 23,897 हो गई। बता दें कि कोरोना संक्रमण के मामले में केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक रहा है। देश भर से दर्ज हो रहे कुल मामलों का लगभग 60 फीसदी हिस्सा केरल से सामने आ रहा है।
एबीएन डेस्क। वायुसेना के अगले सेना अध्यक्ष एयर मार्शल वीआर चौधरी होंगे। वह 30 सितंबर को कार्यभार संभालेंगे। दरअसल, 30 सितंबर को एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया सेवानिवृत्त हो जाएंगे। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी की गई। रक्षा मंत्रालय ने किया एलान : रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, भारत सरकार ने एयर मार्शल वीआर चौधरी को अगला वायुसेना प्रमुख बनाने का फैसला किया है। वीआर चौधरी इस वक्त वायु सेना के उप-प्रमुख हैं। वर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया 30 सितंबर 2021 को अपने पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। जून 2021 में बने थे वायु सेना के उप-प्रमुख : बता दें कि एयर मार्शल वीआर चौधरी का पूरा नाम विवेक राम चौधरी है। वह जून 2021 में एयर मार्शल हरजीत सिंह अरोड़ा के सेवानिवृत्त होने के बाद वायु सेना के उप-प्रमुख बने थे। इससे पहले उन्होंने भारतीय वायुसेना के वेस्टर्न एयर कमांड में बतौर कमांडर-इन-चीफ सेवाएं दी थीं। वह संवेदनशील इलाकों में शामिल लद्दाख सेक्टर समेत उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में तैनात रह चुके हैं।
एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। वह इस दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र में भाग लेने के साथ-साथ अन्य देश के नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी के अलावा इस अहम बैठक में भाग लेने के लिए 100 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी अमेरिका आ रहे हैं। ये हैं पीएम मोदी के कार्यक्रम : पीएम मोदी 22 सितंबर को वाशिंगटन डीसी पहुंचेंगे और अगली सुबह वह अमेरिका के शीर्ष सीईओ से मुलाकात करेंगे। ऐप्पल प्रमुख टिम कुक के साथ एक बैठक भी कार्ड पर है। हालांकि, अधिकारियों ने बैठक के विवरण की पुष्टि नहीं की और समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि कार्यक्रम अभी भी तैयार ही किया जा रहा है। अमेरिका के शीर्ष व्यवसायियों के साथ बैक-टू-बैक बैठकों के बाद 23 सितंबर को पीएम मोदी अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री उसी दिन ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और जापानी समकक्ष योशीहिदे सुगा से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी 24 सितंबर को राष्ट्रपति बाइडन से करेंगे मुलाकात : पीएम मोदी 24 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ पहली प्रत्यक्ष द्विपक्षीय बैठक करेंगे और वाशिंगटन में पहले इन-पर्सन क्वाड लीडर्स समिट में भाग लेंगे। पीएम मोदी के दौरे के दौरान डिनर का भी आयोजन किया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि ब्रिटेन के प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन की यात्रा भी पीएम मोदी की वाशिंगटन यात्रा के साथ मेल खा रही है और दोनों के मिलने की संभावना है। 24 सितंबर की शाम को, पीएम मोदी न्यूयॉर्क के लिए रवाना होंगे, जहां अगले दिन वह संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण देंगे। ताकत से ताकत की ओर जाने का अवसर होगा: बाइडन- वहीं पीएम मोदी की इस यात्रा को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि शुक्रवार को पीएम मोदी के साथ यह पहली इन-पर्सन मीटिंग होगी। भारत के साथ हमारी वैश्विक साझेदारी के दृष्टिकोण से स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक संबंध को बनाए रखने के लिए एक साथ काम करके यह वास्तव में ताकत से ताकत की ओर जाने का अवसर होगा। बाइडन प्रशासन की तरफ से जारी बयान में कहा कि पीएम मोदी और जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता में आतंकवाद के खतरे और अफगानिस्तान की स्थिति के बारे में बात करने का अवसर मिलेगा कि हम आतंकवाद जैसे दुश्मन से लड़ने के लिए एक साथ कैसे काम कर सकते हैं। आगे कहा कि अमेरिका और भारत के बीच संबंध सिर्फ सरकार से सरकार के रिश्ते से ज्यादा गहरे हैं, यह वास्तव में दो लोगों के बीच का रिश्ता है। मोदी, बाइडन की द्विपक्षीय बैठक से भारत-अमेरिका संबंध में मजबूती आएगी : व्हाइट हाउस वहीं व्हाइट हाउस ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच 24 सितंबर को होने वाली पहली द्विपक्षीय बैठक से दोनों देशों के बीच संबंध को और मजबूती मिलेगी और क्वाड समूह को नयी गति देने में मदद मिलेगी। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया, ‘बैठक के दौरान दोनों नेता अपने लोगों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों के बीच गहरे संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसने सात दशकों से अधिक समय तक अमेरिका और भारत के बीच विशेष बंधन को मजबूती दी है। अधिकारी ने बताया कि बाइडन-हैरिस प्रशासन ने स्वतंत्र और मुक्त हिंद-प्रशांत को बनाए रखने में मिलकर काम करने, कोविड-19 महामारी को समाप्त करने के लिए प्रयासों का नेतृत्व करके और जलवायु संकट को दूर करने के लिए ठोस कार्रवाई करके भारत के साथ अपनी साझेदारी को बढ़ाया है।
चंडीगढ़। चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को पंजाब के नए सीएम के तौर पर शपथ ले ली. इसके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने भी मंत्री पद की शपथ ली राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मौजूद राहुल गांधी और पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने चन्नी को शपथ लेने पर बधाई दी। माना जा रहा है कि सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओम प्रकाश सोनी राज्य के उप मुख्यमंत्री हो सकते हैं। चरणजीत सिंह पंजाब के पहले दलित नेता हैं, जो राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। चन्नी को रविवार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने ट्वीट कर ये जानकारी दी थी। प्रदेश में 30 प्रतिशत से अधिक दलित आबादी है। इससे पहले पंजाब कांग्रेस में लगातार विवाद के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अमरिंदर सिंह ने कहा था कि विधायकों की बार-बार बैठक बुलाए जाने से उन्होंने अपमानित महसूस किया, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। बताते चलें कि चन्नी दलित सिख (रामदसिया सिख) समुदाय से आते हैं और अमरिंदर सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। वह रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह इस क्षेत्र से साल 2007 में पहली बार विधायक बने और इसके बाद लगातार जीत दर्ज की। वह शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन के शासनकाल के दौरान साल 2015-16 में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे।
एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ लंबी बैठक की और कहा कि उन्हें इस बात पर आश्चर्य है कि विकास का ²ष्टिकोण होने के बाद भी नौकरशाह उन्हें अमलीजामा पहनाने में पिछड़ क्यों जाते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में एक बड़े फेरबदल के कुछ महीनों बाद यह बैठक हुई जो चार घंटे से अधिक समय तक चली। सूत्रों के मुताबिक कई सचिवों ने विभिन्न नीतिगत मामलों पर अपना ²ष्टकोण साझा किया तथा शासन में सुधार एवं जमीनी स्तर पर योजनाओं एवं कार्यक्रमों को उतारने के बारे में सुझाव दिए। सूत्रों के अनुसार सचिवों की बातें सुनने के बाद मोदी ने कहा कि यह काबिलेतारीफ है कि उन सभी के पास ²ष्टिकोण तो है लेकिन इस बात पर आश्चर्य है कि उस ²ष्टिकोण को अमलीजामा क्यों नहीं पहनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने सचिवों से कहा कि उन्हें अपने विभाग के सचिव के रूप में बर्ताव करने के बजाय अपनी अपनी टीमों के नेता के रूप में काम करना चाहिए। सूत्रों के अनुसार कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के बाद प्रधानमंत्री मंत्रियों एवं शीर्ष अधिकारियों के साथ उनमें नई ऊर्जा भरने तथा सरकार के कामकाज में उत्साह का संचार करने के लिए बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सचिवों के साथ यह बैठक उसी का हिस्सा था। सूत्रों का कहना है कि कुछ नौकरशाह महसूस करते हैं कि यह बैठक मंत्रिपरिषद के बाद अब नौकरशाही में फेरबदल का संकेत हो सकती है।
एबीएन डेस्क। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को एयरलाइंस कंपनियों व यात्रियों को बड़ी राहत दी है। अब 85 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ हवाई सफर हो सकेगा। मंत्रालय की ओर से यह छूट कोरोना केस में आई कमी के बाद दी गई है। बता दें, पहले यह क्षमता 72.5 प्रतिशत थी, जिसे बढ़ाकर 85 प्रतिशत किया गया है। दरअसल, कोरोना मामलों को देखते हुए मंत्रालय की ओर से 12 अगस्त आदेश जारी किया गया था। इसके तहत 72.5 प्रतिशत क्षमता के साथ ही हवाई यात्रा की अनुमति दी गई थी। मंत्रालय का कहना है कि नया संशोधन अग्रिम आदेश तक लागू रहेगा। धीरे-धीरे बढ़ाई गई यात्री क्षमता : देश में जब कोरोना मामले चरम पर थे। तब हवाई यात्रा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बाद यात्री क्षमता को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया गया। पिछले साल मंत्रालय ने 33 प्रतिशत क्षमता के साथ ही फ्लाइट के संचालन की अनुमति दी थी। इस साल एक जून से पांच जुलाई तक इस क्षमता को 50 प्रतिशत किया गया। इसके बाद पांच जुलाई से 12 अगस्त तक बढ़ाकर 65 प्रतिशत किया गया। नया आदेश लागू होने से पहले यात्री क्षमता 72.5 प्रतिशत थी।
नई दिल्ली। कांग्रेस हाई कमान ने कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस्तीफा मांगा है। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि कांग्रेस आलाकमान ने 40 विधायकों की पंजाब कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाने की मांग को स्वीकार कर लिया है। बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ कुछ दिन से पार्टी में बगावत के सुर बुलंद हो रहे थे। नवजोत सिंह सिद्धू से भी कैप्टन अमरिंदर सिंह की तनातनी चल रही है। दोनों के रिश्ते कभी बेहतर नजर नहीं आए। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट करके बताया कि पंजाब कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज शाम 5 बजे होगी। बैठक में दो पर्यवेक्षक अजय माकन और हरीश राय चौधरी भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि कांग्रेस के 77 विधायक हैं, जिसमें से 40 विधायक कैप्टन अमरिंदर सिंह से नाराज चल रहे हैं। नाराज विधायक नवजोत सिंह सिद्धू के खेमे के बताए जा रहे हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse