देश

View All
Published / 2021-10-06 04:52:14
आम आदमी को झटका, बढ़े रसोई गैस सिलिंडर के दाम

एबीएन डेस्क। तेल कंपनियां हर महीने एलपीजी सिलिंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। हर राज्य में टैक्स अलग-अलग होता है और इसके हिसाब से एलपीजी के दामों में अंतर होता है। देश की ऑइल मार्केटिंग कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में 15 रुपये का इजाफा कर दिया है। वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ। दो महीनों से कम समय में चौथी हुआ महंगा :यह दो महीनों से कम समय में लगातार चौथी वृद्धि है। गैर सब्सिडी वाला सिलिंडर एक सितंबर को 25 रुपये महंगा हुआ था। सब्सिडी वाले एलपीजी की कीमत में नवीनतम वृद्धि से एक जनवरी से अब तक प्रति सिलिंडर 205 रुपये महंगा हो गया है। इतना हुआ 14.2 किलो वाले सिलिंडर का दाम : दिल्ली और मुंबई में 14.2 किलोग्राम वाला गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलिंडर 884.5 रुपये से बढ़कर 899.50 रुपये का हो गया है। पटना में अब एलपीजी सिलिंडर के लिए 1000 में से केवल दो रुपये कम चुकाने पड़ेंगे। कोलकाता में 926 रुपये और चेन्नई में 14.2 किलो वाला एलपीजी सिलिंडर 915.50 रुपये में मिलेगा। एक अक्तूबर को बढ़े थे 19 किलो वाले कामर्शियल के दाम : इससे पहले एक अक्तूबर को दिल्ली में 19 किलो वाले कामर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत 1693 रुपये से बढ़कर 1736.50 रुपये हो गई थी। कोलकाता में इसका दाम 1805.5 रुपये, मुंबई में 1685 रुपये और चेन्नई में 1867.5 रुपये का हो गया था। मालूम हो कि उससे पहले सितंबर में यह 75 रुपये महंगा हुआ था। सरकार देती है गैस सिलिंडर पर सब्सिडी मौजूदा समय में सरकार कुछ ग्राहकों को एक वर्ष में 14.2 किलोग्राम के 12 सिलिंडरों पर सब्सिडी प्रदान करती है। अगर ग्राहक इससे ज्यादा सिलिंडर लेना चाहते है, तो वे उन्हें बाजार मूल्य पर खरीदते हैं। गैस सिलिंडर की कीमत हर महीने बदलती है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं।

Published / 2021-10-03 09:42:31
भवानीपुर से भारी मतों से जीतीं ममता बनर्जी, प्रियंका टिबरेवाल ने मानी हार

एबीएन डेस्क। पश्चिम बंगाल की हाईप्रोफाइल सीट भवानीपुर से राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारी मतों से जीत हासिल की है। ममता बनर्जी ने प्रतिद्वंदी भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल को 58,832 मतों से हरा दिया है। वहीं प्रियंका टिबरेवाल ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। वहीं इस जीत पर ममता बनर्जी ने कहा कि मैंने निर्वाचन क्षेत्र के हर वार्ड में जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि यहां लगभग 46 फीसदी लोग गैर-बंगाली हैं। उन सभी ने मुझे वोट दिया है। पश्चिम बंगाल के लोग भबनीपुर देख रहे हैं, जिसने मुझे प्रेरित किया है। भारी मतों से जीतीं ममता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद जीत की घोषणा करते हुए कहा कि मैंने भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव 58,832 मतों के अंतर से जीता है और निर्वाचन क्षेत्र के हर वार्ड में जीत दर्ज की है।उन्होंने कहा कि यहां लगभग 46 फीसदी लोग गैर-बंगाली हैं। उन सभी ने मुझे वोट दिया है। पश्चिम बंगाल के लोग भबनीपुर देख रहे हैं, जिसने मुझे प्रेरित किया है। हमारी पार्टी के खिलाफ हुआ था षडयंत्र: ममता उन्होंने कहा कि जब बंगाल का चुनाव शुरू हुआ था तब से हमारी पार्टी के खिलाफ बहुत षडयंत्र हुआ था। केंद्र सरकार ने षड़यंत्र करके हमलोगों को हटाने का बंदोबस्त किया था, लेकिन मैं जनता की आभारी हूं कि जनता ने हमें जिताया। मैंने खुद चुनाव लड़ा था लेकिन अभी वो मामला न्यायालय में है।

Published / 2021-10-02 16:01:45
मेरी शान तिरंगा है... लेह में फहराया गया दुनिया का सबसे बड़ा खादी राष्ट्रीय ध्वज

एबीएन डेस्क। लेह में विश्व का सबसे बड़ा खादी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया है। लद्दाख के उपराज्यपाल आरके माथुर ने इसका उद्घाटन किया। मौके पर सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे भी मौजूद थे। बता दें कि 225 फीट लंबे और 150 फीट चौड़े खादी के इस राष्ट्रीय ध्वज का वजन एक हजार किलो है। जिसे सेना के 57 इंजीनियर रेजीमेंट ने तैयार किया है। इंजीनियर रेजिमेंट के 150 जवान 2000 फीट की ऊंचाई पर ले गये। इसे फहराने के लिए इंजीनियर रेजिमेंट के 150 जवान अपने कंधे पर तिरंगा उठाकर जमीन से 2000 फीट की ऊंचाई पर ले गये। जवानों को चोटी पर पहुंचने में दो घंटे लगे। इसका वीडियो सामने आया है। आज ही पहली बार लद्दाख से सटी सीमा पर भारत ने के9-वज्र तोपें तैनात की हैं। यह सेल्फ-प्रोपेल्ड हॉवित्जर तोप 50 किलोमीटर दूर तक लक्ष्य पर निशाना साधने में सक्षम है। चीन के साथ 1 साल से ज्यादा समय से बने गतिरोध के चलते इसे सीमा पर तैनात किया गया है। बॉर्डर पर के9 वज्र को ऊंचाई वाले इलाकों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका सफल परीक्षण भी हो चुका है। इसे आर्मी की सभी रेजीमेंट में शामिल किया जायेगा, जिससे सेना की ताकत बढ़ेगी।

Published / 2021-09-30 17:18:15
विपरीत विचारधाराओं के बावजूद आपसी विश्वास लोकतंत्र की बहुत बड़ी ताकत : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपरीत विचारधाराओं के बावजूद आपसी विश्वास लोकतंत्र की बहुत बड़ी ताकत है। राजस्थान के बांसवाड़ा, सिरोही, हनुमानगढ़ और दौसा जिलों में चार नए चिकित्सा महाविद्यालयों की आधारशिला और पेट्रोरसायन प्रौद्योगिकी संस्थान के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से राज्य के विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं की मांग के जवाब में प्रधानमंत्री ने यह बात कही। साथ ही मोदी ने उनपर विश्वास जताने के लिए मुख्यमंत्री का शुक्रिया भी किया। मोदी ने कहा, अभी जब मैं राजस्थान के मुख्यमंत्री जी को सुन रहा था। तो उन्होंने एक लंबी सूची कामों की बता दी। मैं राजस्थान के मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करता हूं कि उनका मुझपर इतना भरोसा है। लोकतंत्र में यही बहुत बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गहलोत की राजनीतिक विचारधारा और पार्टी अलग है लेकिन इसके बावजूद उन्हे मुझपर भरोसा है और उसी के कारण आज उन्होनें दिल खोलकर के बहुत सी बातें रखी हैं। उन्होंने कहा, ये दोस्ती, ये विश्वास, ये भरोसा.. ये लोकतंत्र की बहुत बड़ी ताकत है। इससे पहले अपने संबोधन में गहलोत ने प्रधानमंत्री के समक्ष राज्य के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं की शुरुआत करने की मांग की। उन्होंने बताया कि राजस्थान ऐसा राज्य बनेगा, जहां 33 जिलों में 30 चिकित्सा महाविद्यालय बनने जा रहे हैं। इनमें से 15 अस्पतालों का संचालन शुरू हो गया है जबकि 15 चिकित्सा महाविद्यालय 2023 तक आरंभ हो जाएंगे। इनमें से चार चिकित्सा महाविद्यालयों का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को किया। गहलोत ने प्रधानमंत्री मोदी से राज्य के अति पिछड़े तीन जिलों जालोर, प्रतापगढ़ एवं राजसमंद में भी चिकित्सा महाविद्यालय मंजूर करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे राजस्थान के हर जिले में चिकित्सा महाविद्यालय खुलने का इतिहास बनेगा। उन्होंने केंद्र व राज्य के संयुक्त उपक्रम वाली दवा निर्माता कंपनी आरडीपीएल को भी पुनर्जीवित करने की मांग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को स्वच्छ भारत मिशन-शहरी और कायाकल्प एवं शहरी सुधार के लिए अटल मिशन के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। PMO ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप स्वच्छ भारत मिशन और अटल मिशन को सभी शहरों को कचरा मुक्त करने और जल संरक्षण के लक्ष्य् को हासिल करने के लिए तैयार किया गया है। इस अवसर पर आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के शहरी विकास मंत्री भी मौजूद रहेंगे। PMO ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और अटल मिशन भारत में तेजी से शहरीकरण की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान करने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ने का संकेत देने के साथ-साथ सतत विकास लक्ष्य 2030 की उपलब्धि में योगदान करने में भी मददगार होंगे। स्वच्छ भारत मिशन सभी शहरों को कचरा मुक्त बनाने और अटल मिशन के अंतर्गत आने वाले शहरों के अलावा अन्य सभी शहरों में धूसर और काले पानी के प्रबंधन को सुनिश्चित करने, सभी शहरी स्थानीय निकायों को शौच से मुक्त और एक लाख से कम जनसंख्या वाले को शौच से मुक्त करने की परिकल्पना करता है, जिससे शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित स्वच्छता के लक्ष्य् को पूरा किया जा सके। पीएमओ ने कहा कि अटल मिशन के दूसरे चरण का लक्ष्य लगभग 2.64 करोड़ सीवर कनेक्शन प्रदान करके लगभग 2.68 करोड़ नल कनेक्शन और 500 अमृत शहरों में सीवरेज और सेप्टेज का शत-प्रतिशत कवरेज करते हुए लगभग 4,700 शहरी स्थानीय निकायों में सभी घरों में पेयजल की आपूर्ति का शत-प्रतिशत कवरेज प्रदान करना है। पीएमओ के मुताबिक इससे शहरी क्षेत्रों में 10.5 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ होगा।

Published / 2021-09-28 08:15:12
सौगात : पीएम मोदी आज पेश करेंगे 35 नई फसलों की वेरायटी, किसानों से भी करेंगे बात

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के किसानों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वे आज 35 नई फसलों की वेरायटी को देश को समर्पित करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी सुबह 11 बजे किसानों से भी बात करेंगे और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस टॉलरेंस रायपुर के नए परिसर का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी कृषि विश्वविद्यालयों को ग्रीन कैंपस अवार्ड भी वितरित करेंगे। वहीं इस विषय पर पीएमओ ने जानकारी देते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और कुपोषण की दोहरी चुनौतियों से निपटने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा विशेष लक्षणों वाली फसल की किस्में विकसित की गई हैं। इन फसलों में मुरझाई और बंध्यता मोजेक प्रतिरोधी अरहर, सोयाबीन की जल्दी पकने वाली किस्म, चावल की रोग प्रतिरोधी किस्में, गेहूं की जैव-फोर्टिफाइड किस्में, बाजरा, मक्का और चना, क्विनोआ, पंखों वाला बीन और फैबा शामिल हैं। बता दें कि रायपुर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस टॉलरेंस की स्थापना जैविक तनाव में बुनियादी और रणनीतिक अनुसंधान करने, मानव संसाधन विकसित करने और नीति सहायता प्रदान करने के लिए की गई है। पीएमओ ने कहा कि संस्थान ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 से पीजी पाठ्यक्रम शुरू किया है। ग्रीन कैंपस अवार्ड्स का उल्लेख करते हुए पीएमओ ने कहा कि यह राज्य और केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालयों को ऐसी प्रथाओं को विकसित करने या अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए शुरू किया गया है जो उनके परिसरों को और अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाएगा और छात्रों को स्वच्छ भारत मिशन में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में आने वाले त्यौहारों में कोरोना से निपटने पर चर्चा की जा सकती है।

Published / 2021-09-28 08:11:57
कोलकाता हाई कोर्ट ने बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली पर लगाया फाइन

एबीएन डेस्क। कोलकाता उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली पर जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने गांगुली के साथ ही बंगाल सरकार और उसके आवास निगम पर भी जुर्माना लगाया गया है। यह मामला गलत तरह से जमीन आवंटन का है। जिस वजह से पूर्व भारतीय कप्तान पर हाईकोर्ट ने 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि बंगाल सरकार और आवास निगम पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना ठोका है। पूर्व भारतीय कप्तान की योजना न्यू टाउन एरिया में स्कूल स्थापित करने की है।

Published / 2021-09-27 12:03:04
किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे खोला, टिकैत बोले- सफल रहा हमारा भारत बंद

रांची (एबीएन)। किसानों के भारत बंद का असर विशेष रूप से हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखा। विभिन्न जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने राजमार्गों और प्रमुख सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। कई स्थानों पर वे रेल की पटरियों पर भी बैठ गए जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि देश का ज्यादा हिस्सा इससे प्रभावित नहीं दिखा, उत्तर भारत में ट्रेनों के रद्द होने या देरी से चलने और सीमा पार आवाजाही को रोकने वाले बड़े पैमाने पर यातायात जाम के कारण लोगों को दिक्कत हुई। बंद का अधिकतर असर गुड़गांव, गाजियाबाद और नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में दिखा, जहां से रोजाना हजारों लोग कामकाज के सिलसिले में सीमा पार करते हैं। चार बजते ही सोनीपत में किसानों ने रेलवे ट्रैक खाली कर दिया। किसान सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर बैठे थे। सभी किसान चार बजते ही उठ कर चले गए। किसानों ने कहा कि आज का बंद सफल रहा और आज का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे खोला, इसी के साथ गाजीपुर बॉर्डर को भी खोल दिया गया है। बंद के दौरान जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा भारत बंद सफल रहा और हमें किसानों का पूरा समर्थन मिला। हम सब कुछ सील नहीं कर सकते क्योंकि हमें लोगों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाना है। हम सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन कोई बातचीत नहीं हो रही। कांग्रेस नेता और डीपीसीसी अध्यक्ष अनिल चौधरी गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने इसे गैर राजनीतिक प्रदर्शन बताते हुए उन्हें धरना स्थल से उठने को कहा। भारतीय किसान यूनियन ( भाकियू भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को आतंकी हरकत बताया है। एटा में सोमवार को प्रेसवार्ता कर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि भारत बंद का कोई सहयोग ना करे। इसका विरोध करें। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठन जो आतंकी गतिविधियों में शामिल हैं उनको सरकार दबाने की कोशिश करें। भारत बंद पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये दुख की बात है कि उनके (शहीद भगत सिंह) जन्मदिवस पर किसानों को भारत बंद का आह्वान करना पड़ रहा है। अगर आजाद भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो फिर कहां सुनी जाएगी? मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि जल्द से जल्द उनकी मांगे मानें। कुंडली बॉर्डर पर कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर जारी आंदोलन में शामिल पंजाब के एक और किसान की मौत हो गई है। शुरूआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। मृतक की पहचान पंजाब के जिला जालंधर के गांव खेला के रहने वाले बघेल राम (55) के तौर पर हुई है, जो कुंडली बॉर्डर पर जारी आंदोलन में शामिल होने आए थे।

Published / 2021-09-26 08:12:42
जम्मू-कश्मीर : बांदीपुरा में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा जिले में सुरक्षा बलों के साथ रविवार को हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। वहीं घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने उत्तरी कश्मीर में बांदीपुरा के वटनीरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान तब मुठभेड़ शुरू हो गयी, जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

Page 314 of 329

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse