एबीएन डेस्क। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे, लेकिन ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेगी। शिक्षा निदेशालय द्वारा रविवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। दिल्ली में वायु गुणवत्ता आज भी बेहद खराब बनी हुई है। हालांकि, दिन में तेज हवाएं चलने से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की संभावना है। राजधानी में रविवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 382 रहा, जोकि शनिवार को 374 था। बीते सप्ताह दिल्ली में वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंचने और सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद हरकत में आई केजरीवाल सरकार ने 1 सप्ताह के लिए सभी स्कूल बंद कर दिए थे और सभी सरकारी कार्यालयों में 1 सप्ताह के लिए वर्क फ्राम होम लागू करने के आदेश दिए थे। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बीते रविवार को कहा था कि वायु प्रदूषण से निपटने को सरकार द्वारा घोषित आपात कदमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिसूचना के तहत सभी स्कूल, लाइब्रेरी और शिक्षण संस्थान 20 नवंबर तक बंद रहेंगे, सिर्फ वहीं खुलेंगे जहां परीक्षाएं चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय अत्यधिक प्रदूषण को काबू करने के लिए दिल्ली लगाए गए प्रतिबंधों की समीक्षा के लिए सोमवार 22 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। एक अधिकारी ने कहा कि बैठक रविवार को समाप्त होने वाले प्रतिबंधों की समीक्षा के लिए बुलाई गई है। इस बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को काबू करने के लिए बुधवार को 10 निर्देश जारी किए थे, जिनके तहत शहर में अनावश्यक सामग्रियां लाने वाले ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था और अगले आदेश तक सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया था।
उत्तरप्रदेश। जमीन विवाद में एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अजीतमल की चौकी ऊंचा क्षेत्र के गांव गणेश पुर्वा निवासी रामदत्त की मौत के बाद उनके दो पुत्रों जय प्रकाश व सत्य प्रकाश की बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते बीती रात बड़ा भाई जय प्रकाश अपने तीन साथियों के साथ कुल्हाड़ी लेकर छोटे भाई सत्य प्रकाश के घर में घुस आया और कुल्हाड़ी से कई प्रहार कर सत्य प्रकाश की हत्या कर दी। इस घटना की सींचना चश्मदीद बहन मंजू ने पुलिस को दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जय प्रकाश की तलाश में पुलिस को लगा दिया गया है। मामला यूपी के औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र का है।
एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपना खास अंदाज है। बहुत से मौके ऐसे सामने आए हैं जब पीएम मोदी ने लोगों को चौंकाया है। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है। इस तस्वीर में पीएम मोदी, सीएम योगी के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं और टहलते हुए किसी मुद्दे पर गंभीर विचार विमर्श कर रहे हैं। पीएम मोदी डीजीपी-आईजीपी की कॉन्फ्रेंस के तीसरे दिन रविवार सुबह राजभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कंधे पर हाथ रखकर टहलते नजर आए। इस दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी काफी गंभीर दिखे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्विटर पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। वहीं अगर सियासी नजर से देखें तो इन तस्वीरों के बहुत मायने हैं। अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सीएम योगी के कंधे पर हाथ रखकर पीएम मोदी ने कही न कही यह साफ कर दिया कि चुनाव का चेहरा कौन होगा। दूसरा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की जोड़ी अगले चुनाव में एक साथ होगी। तस्वीर देखकर स्पष्ट है कि पीएम मोदी को योगी पर कितना विश्वास है।
एबीएन डेस्क। भारतीय नौ सेना के आज समुंदर का सरताज मिल गया है। दरअसल, विध्वंसक INS विशाखापट्टनम आज नौ सेना के बाड़े में शामिल हो गया है। इसके शामिल होने से भारतीय नौ सेना की ताकत और भी ज्यादा इजाफा हो गया है। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि INS विशाखापट्टनम अपने नाम को सार्थक करते हुए हमारी समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करेगा। उन्होनें कहा कि वह पोत पूरी तरह स्वदेशी है। इसलिए इसमें कोई संदेह नहीं रह जाता कि आने वाले समय में हर अपनी ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की समुद्री जरूरतों को पूरा करेंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह युद्धपोत 163 मीटर लंबा है। उन्होंने बताया कि यह पोत आधुनिकतम तकनीकों से युक्त है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सेंसर और हथियारों के साथ यह युद्धपोत दुनिया के सबसे आधुनिक मिसाइल डिस्ट्रॉयर में से एक होगा। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि इसके निर्माण में प्रयोग किए गए फीचर्स न केवल आज की, बल्कि भविष्य की जरूरतों पर भी खरे उतरने वाले हैं। इसका सेना में शामिल होना भारत की पुरातन और मध्यकालीन समुद्री ताकत और उसके गौरवमयी इतिहास को दर्शाता है। हमारी आत्मनिर्भरता ही दुनिया में पहचान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह युद्धपोत पूरी तरह से स्वदेशी है। इसमें विशेष प्रकार के स्टील का प्रयोग किया गया है। यही आत्मनिर्भरता किसी समय में पूरी दुनिया में हमारी पहचान हुआ करती थी। उन्होंने कहा कि वैश्विक सुरक्षा कारणों, सीमा विवादों और समुद्री गतिरोध के चलते दुनिया भर के देश अपने सैन्य ताकत को आधुनिक और मजबूत बना रहे हैं और हम भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्टें बताती हैं कि अगले एक-दो साल, यानि 2023 तक दुनिया भर में सुरक्षा पर होने वाला खर्च, 2.1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने वाला है। आज हमारे पास पूरा अवसर है, कि हम अपनी क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करें और देश को स्वदेशी शिपबिल्डिंग हब बनाने की ओर आगे बढ़ें।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रेलवे बोर्ड ने रेलगाड़ियों में यात्रियों को पका हुआ भोजन (कुक्ड फूड) परोसना फिर से शुरू करने का आदेश जारी किया है। इस सेवा को कोविड-19 प्रतिबंधों की वजह से बंद कर दिया गया था। रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को एक पत्र में भारतीय रेलवे खानपान एंड पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) को सेवा फिर से शुरू करने को कहा। रेलवे बोर्ड ने यह भी कहा कि यात्रियों को खाने के लिए तैयार (रेडी-टू-ईट) भोजन भी परोसा जाता रहेगा। पत्र में कहा गया है, सामान्य ट्रेन सेवाओं की बहाली, यात्रा करने वाले यात्रियों की आवश्यकताओं और देशभर के भोजनालयों, रेस्तरां, होटलों और ऐसे अन्य स्थानों पर कोविड लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील के मद्देनजर, रेल मंत्रालय द्वारा रेलगाड़ियों में पके हुए भोजन की सेवाओं को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। खाने के लिए तैयार भोजन की सेवा भी जारी रहेगी। इस महीने की शुरूआत में रेलवे ने महामारी के चलते बाधित सामान्य ट्रेन परिचालन को बहाल करने की घोषणा की थी।
एबीएन डेस्क। सिखों के पहले गुरु और सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने किसानों की परेशानियों को बहुत करीब से देखा और महसूस किया है। पीएम मोदी ने कहा कि देश में छोटे किसानों की संख्या 10 करोड़ से भी ज्यादा है। देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने कृषि विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के विशेष अवसर पर मैं उनके पवित्र विचारों और नेक आदर्शों का स्मरण करता हूं। निष्पक्ष, करूणामयी और समावेशी समाज का उनका दृष्टिकोण हमें प्रेरित करता है। दूसरों की सेवा करने पर गुरु नानक जी का जोर भी हमें प्रेरणा देता है। गुरु नानक देव के जन्म के दिन को सिख समुदाय प्रकाश पर्व के तौर पर मनाता है। इस बार उनका 552वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है।
एबीएन डेस्क। भारत के साथ कोविड-19 टीकाकरण प्रमाणपत्रों को परस्पर मान्यता देने पर अब तक 110 देश सहमति जता चुके हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। केंद्र सरकार बाकी देशों के संपर्क में है ताकि दुनिया के सबसे बड़े कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के लाभार्थियों को मान्यता दी जा सके, जिससे शिक्षा, व्यवसाय और पर्यटन उद्देश्यों के लिए यात्रा आसान हो सके। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि फिलहाल 110 देश टीकाकरण प्रमाणपत्रों की पारस्परिक मान्यता पर सहमत हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार कुछ ऐसे देश हैं जिनका भारत के साथ राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त या डब्ल्यूएचओ द्वारा मान्यता प्राप्त टीकों से कराए गए टीकाकरण के प्रमाणपत्रों को पारस्परिक मान्यता देने को लेकर समझौता है। इसी तरह, ऐसे देश भी हैं जिनका फिलहाल भारत के साथ ऐसा कोई समझौता नहीं है, लेकिन वे उन भारतीय नागरिकों को छूट देते हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त या डब्ल्यूएचओ द्वारा मान्यता प्राप्त टीकों से टीकाकरण करा चुके हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ने इस वर्ष 100 से अधिक देशों को कोविड-19 रोधी टीकों की 6.5 करोड़ खुराक का निर्यात किया और आने वाले दिनों में वह अपनी क्षमता में वृद्धि करने के बाद और भी खुराक निर्यात करेगा। दवा क्षेत्र के प्रथम वैश्विक नवाचार शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भारतीय स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र ने जो वैश्विक भरोसा हासिल किया है उसकी वजह से आज देश को दुनिया की फार्मेसी कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की दृष्टि नवोन्मेष के लिए एक ऐसा माहौल विकसित करने पर है जिससे देश, दवाओं की खोज और चिकित्सकीय उपकरणों के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करे। उन्होंने कहा, हमारी नीतियां सभी हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श के आधार पर बन रही हैं।प्रधानमंत्री ने भारत को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की क्षमता वाले वैज्ञानिकों और प्रौद्योगिकी की व्यापक उपलब्धता का हवाला देते हुए कहा कि खोज करने और भारत में निर्माण करने की क्षमता का और भी उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, आज करीब 13 अरब डॉलर के व्यापार अधिशेष तथा 30 लाख लोगों को रोजगार देने वाला फार्मा क्षेत्र देश की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। देश के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में वर्ष 2014 से 12 अरब डॉलर से अधिक विदेशी निवेश आया है। क्षेत्र की क्षमता इससे कहीं अधिक है। उन्होंने इस क्षेत्र में निवेश करने वालों से भारत में निवेश करने का आग्रह भी किया। इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत के दवा उद्योग में नवाचार के उत्कृष्ट परिवेश या माहौल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्राथमिकताओं पर चर्चा करना और रणनीति बनाने के लिए सरकार एवं उद्योग जगत के प्रमुख भारतीय व अंतरराष्ट्रीय हितधारकों, शिक्षाविदों, निवेशकों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाना है। इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान 12 सत्र होंगे और 40 से भी अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता नियामकीय माहौल, नवाचार का वित्त पोषण या धनराशि की व्यवस्था करने, उद्योग-अकादमिक सहयोग और नवाचार संबंधी बुनियादी ढांचागत सुविधाओं सहित कई विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस शिखर सम्मेलन में देश-विदेश के फार्मा या दवा उद्योगों के प्रमुख सदस्य, अधिकारी, निवेशक और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जॉन हॉपकिन्स इंस्टीट्यूट, आईआईएम अहमदाबाद एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शोधकर्ता भाग लेंगे। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse