मध्य प्रदेश। दिल्ली से छत्तीसगढ़ जा रही दुर्ग एक्सप्रेस की चार बोगियों में शुक्रवार को आग लग गई। देखते ही देखते चार बोगियों में धुआं भर गया। मध्य प्रदेश के मुरैना में हेतमपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया है। वहां आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड मौके पर है। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक आग ट्रेन 20848 दुर्ग-उधमपुर एक्सप्रेस में लगी है। ट्रेन दिल्ली से दुर्ग की तरफ जा रही थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई है और आग पर काबू पाने में लगी हुई है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्री समय रहते ट्रेन से बाहर निकल गए। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ट्रेन में आग के कारणों का पता नहीं लग सका है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। खान मंत्रालय ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अपने टिकाऊ विकास लक्ष्यों की दिशा में चुपचाप आगे बढ़ रही है। मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को अपने एक बयान में कहा कि सीआईएल और इसकी अनुषंगी इकाइयां देश के पिछड़े एवं दूरदराज के इलाकों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने और वहां के निवासियों का जीवन-स्तर सुधारने में योदगान दे रही हैं। सीआईएल की एक अनुषंगी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में सौर ऊर्जा मुहैया कराने में मदद कर रही है। इसके अलावा वह पर्यावरण-अनुकूल अन्य सुविधाएं देने और स्थानीय ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी मुहैया करा रही है। ईसीएल पुरुलिया में कोयला खदानों का संचालन करती है। कोयला खनन के क्षेत्र में टिकाऊ विकास में अपनी भूमिका को देखते हुए सीआईएल ने पुरुलिया के नेतुरिया ब्लॉक के 38 गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का फैसला किया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमतों में एक बार फिर से बदलाव किया है। दरअसल, गुरुवार को रेलवे ने कहा कि अब पहले की तरह प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 10 रुपये होगी। बता दें इससे पहले रेलवे प्लेटफॉर्म की टिकट 50 रुपए थी जिसके बाद अब एक बार फिर से रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमतें कम करने का फैसला किया है। बता दें कि मध्य रेलवे ने बुधवार को कोविड प्रतिबंधों में ढील के तौर पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, ठाणे, कल्याण और पनवेल स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत घटा दी है। वहीं अब दूसरी तरफ रेलवे ने ऐलान किया है कि ट्रेनों में पका हुआ भोजन परोसना फिर से शुरू करेंगे। बता दें कि यह सेवा कोरोनावायरस महामारी के कारण बंद कर दी गई थी। रेलवे ने कहा कि उम्मीद की जा रही है कि इस व्यवस्था से यात्रियों को पहले की तरह सुविधा मिलने लगेगी। महामारी के दौरान भोजन न परोसने की वजह से यात्रियों को परेशानी हो रही थी। इसके साथ ही मध्य रेलवे ने कहा है कि कोविड-रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके उपनगरीय ट्रेन के यात्री अब रेलवे की अनारक्षित टिकट प्रणाली (UTS) ऐप के जरिए अपने मोबाइल फोन पर एकल यात्रा और सीजन टिकट बुक कर सकते हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। 26 नवंबर संविधान दिवस के मौके पर संसद के सेंट्रल हॉल में कार्यक्रम का आयोजन होगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समारोह में शामिल होंगे। कोविंद के अलावा संविधान दिवस के मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी संसद के सेंट्रल हॉल में मौजूद रहेंगे। सेंट्रल हॉल में संविधान दिवस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय मंत्री और सांसद भी शरीक होंगे। संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से पूरे देश की जनता से अपने-अपने घर से ही संविधान दिवस के मौके पर राष्ट्रपति कोविंद के साथ संविधान की प्रस्तावना पढ़ने का अनुरोध किया गया है। लोगों से कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील भी की गई है। बता दें कि संविधान दिवस कार्यक्रम (Constitution Day) में देश की जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संसदीय कार्य मंत्रालय ने दो पोर्टल विकसित किए हैं। एक पोर्टल 23 भाषाओं (22 आधिकारिक भाषाओं और एक अंग्रेजी) में संविधान की प्रस्तावना को ऑनलाइन पढ़ने के लिए विकसित किया गया है- mpa.gov.in/constitution-day बता दें कि संसद भवन के सेंट्रल हॉल में संविधान दिवस, आजादी का अमृत महोत्सव के तहत मनाया जा रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव भारत की आजादी के 75वें वर्ष और उसके लोगों, संस्कृति व उपलब्धियों के सुनहरे इतिहास की स्मृति में शुरू की गई पहल है।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज (गुरुवार को) एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट की नींव गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में रखी है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नींव जेवर में राखी। पीएम मोदी ने इस मौके पर देश के लोगों को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब तो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे भी तैयार होने वाला है। उन्होंने कहा कि भूमिपूजन के साथ ही जेवर इंटरनेशनल मैप पर आ गया है। पीएम मोदी ने कहा कि ये एयरपोर्ट विमानों के रखरखाव के लिहाज से भी देश का सबसे बड़ा सेंटर होगा, जहां 40 एकड़ में मेंटिनेंस जैसी सुविधाएं होंगी और देश-विदेश को सर्विस देगी और सैकड़ों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी। इंटरनेशनल एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय बाजारों से सीधे कनेक्ट करेगा। यहां के छोटे किसान सीधे एक्सपोर्ट कर पाएंगे। हमारे खुर्जा के कलाकार, मेरठ की पॉटरी इंडस्ट्री, सहारनपुर का फर्नीचर, आगरा का पेठा सहित पश्चिमी यूपी के एमएसएमई को विदेशों तक पहुंचने में आसानी होगी। पीएम मोदी ने कहा कि हमने हिंडन एयरपोर्ट को यात्रियों के लिए चालू किया। जब एयर कनेक्टिविटी बढ़ती है तो टूरिज्म भी उतना ही फलता फूलता है। उन्होंने कहा कि हम सभी ने देखा कि वो चाहे वैष्णो देवी हो या कोई अन्य जगह एयर कनेक्टिविटी से जुड़ने से वहां पर और विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि देश एक नई ऊंचाई की ओर बढ़ रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिमी यूपी में दंगे कराए गए। उन्होंने कहा कि जिन्ना के अनुयायी गन्ने की मिठास को कुछ लोगों ने कड़वा किया। जेवर के किसानों ने विकास को लेकर बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक एयरपोर्ट ही नहीं है। यूपी के सीएम ने आगे कहा कि पीएम ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना पूरी की। उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लाखों लोगों के रोजगार को एक नई संभावना बनेगी। सीएम योगी ने कहा कि यूपी के 24 करोड़ लोगों की तरफ से वह इसके लिए पीएम मोदी का स्वागत करते है। जेवर इंटरनेशनल एयपोर्ट के शिलान्यास के बाद अब उत्तर प्रदेश 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला पहला राज्य बन गया है। इससे पहले पीएम मोदी ने एयरपोर्ट के इन्फ्रास्ट्रक्चर को समझने की कोशिश की। जेवर एयरपोर्ट में कुल 5 रनवे होंगे, पहले चरण में यहां 2 रनवे बनेंगे। जबकि दूसरे चरण में इसे बढ़ाकर 5 रनवे कर दिया जाएगा। इस एयरपोर्ट को कुल 3300 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इसकी लागत 30 हजार करोड़ के करीब आएगी। जेवर एयरपोर्ट पर दो रनवे तैयार होंगे। नौर्थ रनवे और साउथ रनवे। नॉर्थ रनवे पर ही VVIP टर्मिनल होगा। यानी इस नॉर्थ रनवे से VVIP लोगों के विमान उड़ान भरेंगे। रनवे की लंबाई 4 किलोमीटर से भी ज्यादा है। दोनों रनवे के आसपास कुल 186 विमानों को पार्क करने के लिए स्टैंड मौजूद होंगे। एयरपोर्ट के भीतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रुप में दूसरा विकल्प भी होगा। जिसमें रेलवे स्टेशन शामिल हैं। जहां से आप मेट्रो या हाई स्पीड ट्रेन में सवार होकर करीब के शहरों में जा सकेंगे। मेट्रो स्टेशन के करीब ही हवाई यात्रियों के बैठने के लिए एक अलग से टर्मिनल का इंतजाम होगा। नॉर्थ और साउथ दोनों रनवे के बीच ही एटीसी टावर का निर्माण किया जाएगा तो साथ ही साउथ रनवे की तरफ रेस्क्यू और फायर फाइटिंग सिस्टम की इमारत होगी। एयरपोर्ट के भीतर एक बड़ा सेंट्रल किचन भी तैयार किया जाएगा। साउथ रनवे के दाईं ओर एक तालाब का भी निर्माण होगा जहां बारिश के पानी को जमा करने का इंतजाम होगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाली भारतीय वायु सेना के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, फ्रांस से दो सेकेंड हैंड मिराज 2000 लड़ाकू विमान वायु सेना को मिले हैं, जो कि ग्वालियर एयरबेस पर पहुंच गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। भारत पहुंचे ये दोनों विमान इससे पहले फ्रांस के शक्तिशाली लड़ाकू विमानों के बेड़े में शामिल थे। फ्रांस से भारत पहुंचे दोनों मिराज विमान ट्रेनर वर्जन हैं। सूत्रों के अनुसार भारत पहुंचे इन दोनों विमानों को अब हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड में चल रहे मिराज अपग्रेड प्रोग्राम के तहत नए मानकों पर अपग्रेड किया जाएगा। भारतीय वायुसेना को अब तक 51 मिराज मिल चुके हैं। जिसमें तीन स्क्वाड्रन बने हैं ओर सभी की तैनाती ग्वालियर वासु सेना स्टेशन पर है। फ्रांस की मदद से मिराज का अपग्रेडेशन जारी है। लेकिन कुछ विमानों के क्रैश हो जाने की वजह से कुछ किट बच गए थे जिसे अब इन दोनों विमानों में फिट किया जाएगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देशभर में जहां कोरोना के नए मामलों में गिरावट देखी जा रही हैं। वहीं कई राज्यों में अभी भी कोरोना खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। दरअसल, कर्नाटक के SDM मेडिकल कॉलेज में 66 छात्र कोरोना से संक्रमित पाए गए। जिसे देखते हउए तुरंत प्रशासन ने एक्शन लेते हुए कॉलेज बिल्डिंग के दो हॉस्टल सील कर दिया है। बता दें कि इस कॉलेज में कुल 400 छात्र पढ़ाई करते हैं जिसमें 66 छात्र कोरोना से संक्रमित पाए गए। जानकारी के मुताबिक, अभी तक काॅलेज में 300 छात्रों का टेस्ट हो चुका है और इसमें 66 संक्रमित पाए गए हैं, बता दें कि पिछले दिनों राजस्थान के उदयपुर में एक स्कूल में 11 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे और इससे पहले तेलंगाना में भी एक स्कूल में 28 छात्राएं कोरोना से संक्रमित निकले थे।
नयी दिल्ली। अडानी समूह के मुखिया गौतम अडानी अब एशिया के सबसे दौलतमंद अरबपति बन गये हैं। गौतम अडानी को पहली बार ये सफलता मिली है। दिलचस्प बात ये है कि गौतम अडानी ने भारत के ही मुकेश अंबानी को पछाड़ कर ये उपलब्धि हासिल की है। आपको बता दें कि लंबे समय से मुकेश अंबानी शीर्ष अरबपति बने हुए थे। किसकी कितनी दौलत: ईटी नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक ग्रुप मार्केट कैप के आधार पर गौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पछाड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल किया है। आपको यहां बता दें कि मुकेश अंबानी की एक कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज शेयर बाजार में लिस्टेड है। वहीं, गौतम अडानी की कुल छह कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। हालांकि, दौलत आंकने वाली वेबसाइट ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स ने अरबपतियों की रैंकिंग को अपडेट नहीं किया है। वेबसाइट पर अब भी मुकेश अंबानी एशिया के सबसे दौलतमंद अरबपति बने हुए हैं। मुकेश अंबानी की दौलत 91 बिलियन डॉलर है और वह फिलहाल दुनिया के 12वें सबसे रईस अरबपति हैं। वहीं, गौतम अडानी की दौलत 88.8 बिलियन डॉलर के स्तर पर है। गौतम अडानी की रैंकिंग 13वीं है। ये संभव है कि अगले 24 घंटे में वेबसाइट पर रैंकिंग अपडेट हो जाए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse